भिलाई। सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के सामग्री प्रबंधन विभाग द्वारा मानव संसाधन विकास विभाग के सभागार में 21 सितंबर 2021 को भिलाई इस्पात संयंत्र के एंसीलरी विक्रेताओं के लिए जेम प्लेटफॉर्म के व्यावहारिक प्रशिक्षण के लिए एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन कार्यपालक निदेशक (सामग्री प्रबंधन), राकेश ने किया। इस अवसर पर महाप्रबंधक प्रभारी (परचेस), तपन कुमार और महाप्रबंधक प्रभारी (परचेस-मेकेनिकल), के सी मिश्रा भी उपस्थित थे। अमित उपाध्याय, जेम फैसिलिटेटर (छत्तीसगढ़) और मिथिलेश कुमार झा (डिप्टी वीपी इनवॉइस स्मार्ट) को जीईएम और टीआरईडीएस (ट्रेडस्) प्लेटफॉर्म पर ऑनबोर्डिंग के लिए जानकारी साझा करने और समर्थन प्रदान करने के लिए आमंत्रित किया गया था।
अध्यक्ष, बीएआईए, रतन दास गुप्ता और एंसीलरी एसोसिएशन के सदस्यों के साथ-साथ विभिन्न सहायक इकाइयों के साठ से अधिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
विदित हो कि इससे पहले जेम जागरूकता पर एक वेबिनार 4 सितंबर 2021 को बीएसपी और जेम फैसिलिटेटर (छत्तीसगढ़) के एंसीलरी विक्रेताओं के साथ आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में बीएसपी के एंसीलरी विक्रेताओं के लिए व्यावहारिक प्रशिक्षण हेतु कार्यशाला आयोजित करने का अनुरोध किया गया।
उद्घाटन समारोह में संयंत्र के कार्यपालक निदेशक (सामग्री प्रबंधन), राकेश ने जोर देकर कहा कि जेम प्लेटफॉर्म पर ऑनबोर्डिंग समय की मांग है और इसके विभिन्न लाभों के बारे में अवगत कराया और सभी से अनुरोध किया कि वे जल्द से जल्द जेम प्लेटफॉर्म पर आयें। महाप्रबंधक प्रभारी (परचेस), तपन कुमार और महाप्रबंधक प्रभारी (परचेस-मेकेनिकल), के सी मिश्रा ने जेम प्लेटफॉर्म के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला तथा प्लेटफॉर्म की विभिन्न प्रक्रियाओं के बारे में जानकारी दी।
अमित उपाध्याय, जेम फैसिलिटेटर (सीजी) ने विस्तृत जानकारी साझा की और जेम प्लेटफॉर्म का लाइव डेमो दिया। जेम प्लेटफॉर्म में ऑन द स्पॉट पंजीकरण के लिए विक्रेताओं को इंटरनेट कनेक्टिविटी के साथ 10 कंप्यूटर प्रदान किए गए। कस्टम बिडिंग, आरए और कैटलॉग अपलोडिंग पर व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। मिथिलेश झा (डिप्टी वीपी-इनवॉइस स्मार्ट) ने भी टीआरईडीएस (ट्रेडस्) के विभिन्न लाभों को साझा किया और टीआरईडीएस (ट्रेडस्) प्लेटफॉर्म पर ऑनबोर्डिंग की प्रक्रिया की जानकारी दी।
प्रश्नोत्तर सत्र के समापन में, एंसीलरी विक्रेताओं ने सक्रिय रूप से भाग लिया। महाप्रबंधक प्रभारी (परचेस), के सी मिश्रा ने सभी की शंकाओं को दूर किया और जेम प्लेटफॉर्म पर चल रहे विभिन्न अपडेट्स के बारे में जानकारी दी। जेम प्लेटफॉर्म के कुछ परेशानियों को नोट किया गया और यह आश्वासन दिया गया कि इसे जेम अधिकारियों के साथ मिलकर सुलझा लिया जाएगा।
अध्यक्ष बीएआईए, रतन दास गुप्ता ने एंसीलरी उद्योगों की ओर से बीएसपी और सामग्री प्रबंधन विभाग को इस तरह के एक सुचनात्मक कार्यक्रम के आयोजन और उनके एंसीलरी विक्रेताओं को सहायता प्रदान करने के लिए धन्यवाद दिया। उप महाप्रबंधक (विक्रेता विकास प्रकोष्ठ), मनोहर शर्मा ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी सहभागी एंसीलरी उद्योग विक्रेताओं, जेम फैसिलिटेटर और टीआरईडीएस (ट्रेडस्) प्रतिनिधियों को उनकी मदद और समर्थन के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।