Print this page

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का ऐलान, घुमका को तहसील बनाने की घोषणा Featured

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि डोंगरगढ़ मां बम्लेश्वरी की नगरी और हम सब छत्तीगढ़ियों की पहचान है। माता रानी की कृपा से इस क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं आएगी। मुख्यमंत्री ने डोंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र के लोगों की मांग पर घुमका को पूर्ण तहसील बनाए जाने की घोषणा की। उन्होंने डोंगरगढ़ क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, खेल की सुविधा के लिए आवश्यक अधोसंरचनाओं के निर्माण का भरोसा दिलाया। मुख्यमंत्री बघेल 30 सितंबर को अपने निवास कार्यालय में डोंगरगढ़ के विधायक भुवनेश्वर बघेल एवं जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के अध्यक्ष नवाज खान के नेतृत्व में आए डोंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों और समाज प्रमुखों से रूबरू चर्चा कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार की यह कोशिश है कि समाज के सभी वर्ग के लोगों को आगे बढ़ने और तरक्की करने का अवसर मिले। हर परिवार एवं व्यक्ति के आय में वृद्धि हो। लोगों के जीवन स्तर में बदलाव आए। उन्होंने कहा कि पौने तीन साल में सरकार की यह कोशिश सफल रही है। समाज का प्रत्येक वर्ग, प्रत्येक तबका और हर परिवार सरकार की किसी न किसी योजना से लाभान्वित हो रहा है। 

Rate this item
(0 votes)
newscreation