34 करोड़ की लागत से पूरा होगा आवास का सपना- वोरा
दुर्ग। निगम द्वारा 3 वर्ष पहले आवासहीनों का सर्वे किया गया था जिसमें 20 हजार से अधिक परिवारों के आवेदन प्राप्त हुए थे। निगम द्वारा अलग अलग वार्डों में 16 सौ से अधिक मकान बनाए जा रहे हैं जिसमें एक ही स्थान पर सर्वाधिक 638 मकानों वाले स्थल पर विधायक अरुण वोरा ने महापौर धीरज बाकलीवाल के साथ वार्ड क्रमांक 34 सरस्वती नगर में पहुंचकर मोर मकान मोर चिन्हारी योजना के अंतर्गत बन रहे मकानों का निरीक्षण किया। विधायक वोरा ने कहा कि मोर मकान मोर चिन्हारी योजना के अंतर्गत पहले चरण में 1600 से अधिक गरीबों का खुद के आवास का सपना पूरा होगा। योजनान्तर्गत बोरसी में माँ कर्माए गैलेक्सी, फारच्यून हाइट, सुयश बिल्डकान में 486 एवं गणपति विहार साइट में 516 मकान एवं सरस्वती नगर वार्ड 34 में 5 एकड़ भूमि में 638 मकान बनाए जा रहे हैं जिनमें से बोरसी के मकान हितग्राहियों को हस्तांतरित करने के लिए तैयार हैं। सरस्वती नगर के निर्माण कार्य की गति में तेजी लाने का निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि जो मकान बन गए हैं उनमें बिजली पानी सफाई की मूलभूत आवश्यकता सुनिश्चित कर शीघ्रता से आबंटन प्रक्रिया पूर्ण की जाए।
गौरतलब है कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आने के बाद आवासहीनों को मकान देना प्राथमिकता में है राजीव आश्रय योजना के तहत पट्टा नवीनीकरण, नया पट्टा वितरण एवं बने हुए 1 बीएचके फ्लैट निर्माण कार्यों में तेजी लाई गई है।
००००००००००००००