कोरबा। दर्री, सीएसईबी पश्चिम के झाबू, नवागांव राखड़ बांध से एकत्र कर भंडारित कर रखे गए 51 बोरी सेनोस्फियर की जब्ती पुलिस ने की है। मुखबिर की सूचना पर की गई इस कार्यवाही में सेनोस्फियर के संग्रहणकर्ता से गहन पूछताछ भी की जा रही है। प्रकरण के संबंध में दर्री थाना प्रभारी रामेन्द्र सिंह ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के ग्राम झाबू नवागांव के निवासी मोतीदास महंत ने अपने कब्जे में बड़े पैमाने पर सेनोस्फियर रखा है। सूचना पर पुलिस ने मोतीदास के निवास पर दबिश दी और उसके मकान के बगल में बने इंदिरा आवास में भंडारित कर रखे गए 51 बोरी सेनोस्फियर को जब्त किया । इसके संबंध में मोतीदास से आवश्यक जानकारी ली गई, लेकिन कोई वैधानिक दस्तावेज और संतोषप्रद जवाब वह प्रस्तुत नहीं कर सका। सेनोस्फियर को चोरी का होने के संदेह में जब्त कर धारा 41 (1-4), 379 भादवि के तहत मोतीदास महंत के विरूद्ध अपराध पंजीबद्ध किया गया है।