अकलतरा, सक्ती और मालखरौदा जनपद क्षेत्र में होगा चुनाव
2075 पंच, 200 सरपंच 64 जनपद और 7 जिला पंचायत सदस्य मैदान में
तैयारी पूर्ण, मतदान दल रवाना, 765 मतदान केन्द्रो में होगा मतदान
जांजगीर-चांपा। त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव के तीसरे एवं अंतिम चरण का मतदान सोमवार 03 फरवरी को होगा। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी जनक प्रसाद पाठक के मार्गनिर्देशन में सक्ती, अकलतरा और मालखरौदा जनपद पंचायत के 765 मतदान केन्द्रो में मतदान की सभी तैयारी पूर्ण कर ली गई है। निर्धारित स्थानों से मतदान सामग्री का वितरण किया गया। केन्द्रों के लिए मतदान दल रवाना हो गए है। निर्वाचन के लिए 3 फरवरी को सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक मतदान कराया जाएगा।
तीसरे चरण में जांजगीर-चांपा जिले के जनपद पंचायत अकलतरा, मालखरौदा और सक्ती जनपद क्षेत्र के 2075 वार्ड पंच, 200 सरपंच, 64 जनपद सदस्य और 7 जिला पंचायत सदस्यों के निर्वाचन के लिए मतदान व मतदान के पश्चात केन्द्र में ही मतों की गिनती की जाएगी। उक्त तीनांे जनपद पंचायत के अंतर्गत 3124 वार्ड पंचों में से 1048 निर्विरोध चुने गए हैं। 2075 वार्ड पंचों के चुनाव के लिए 4123 प्रत्याशी चुनाव मैदान में है। इसी प्रकार सरपंच के 211 में से 11 पंचायतों में निर्विरोध निर्वाचन की स्थिति है। शेष 200 सरपंच पद के चुनाव के लिए 962 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। जनपद पंचायत सदस्य के कुल 68 पदों में से 4 सदस्यों का निर्विरोध निर्वाचन हुआ है। वहीं 64 सदस्यों के चुनाव के लिए 304 प्रत्याशी अपना भाग्य आजमा रहे हैं। तृतीय चरण में जिला पंचायत सदस्य के 7 पदों के लिए मत डाले जाएंगे। इसके लिए 42 प्रत्याशी चुनाव मैदान में है। तीनों जनपदों के कुल 3,49,787 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग कर सकेंगे। इनमें 1,76,849 पुरूष, 1,72, 603 महिला और 5 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं।