कांग्रेस सरकार बेहतर स्कूली शिक्षा के लिए प्रतिबद्ध- वोरा
दुर्ग। झाड़ू राम देवांगन शासकीय बहुद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के वार्षिकोत्सव में पहुंचे विधायक अरुण वोरा ने छात्रों का उत्साहवर्धन करते हुए अपने संबोधन में प्रदेश की कांग्रेस सरकार की भी जम कर तारीफ की। उन्होंने छात्रों से कहा कि बाल्यकाल ही वो अवस्था है जब हमें खुलकर जीवन जीने का आनंद मिलता है, जीवन में एक सफल इंसान बनने के लिए हम इस सुनहरे पल का आनंद लेने के साथ ही अपनी जिम्मेदारियों का भी अहसास करें। उन्होंने सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार बेहतर स्कूली शिक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश में कांग्रेस सरकार आने के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में सरकार शिक्षा की दिशा में सार्थक कदम उठा रही है। 250 करोड़ से अधिक की लागत से स्मार्ट स्कूल बनाए जा रहे हैं। खेलो छत्तीसगढ़ योजना से पारंपरिक खेलों को प्रोत्साहन दिया जा रहा है। राज्य के इतिहास में पहली बार तीन दिवसीय युवा महोत्सव का सफल आयोजन किया गया था जहां युवाओं ने बढ़ चढ़ कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
उन्होंने स्कूलों के संधारण के लिए डीएमएफ एवं निगम के शिक्षा उपकर की राशि का उपयोग करने का सुझाव देते हुए कलेक्टर से जेआरडी स्कूल के टैगोर भवन का संधारण एवं नवीन शौचालय के निर्माण की मांग की।
०००००००००००००००००००००००००००