भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व भाजपा पार्षद के बीच हुई बातचीत का ऑडियो वायरल
भाजपा से आठ पार्षद जीतकर आए है, फिर भी भाजपा से अध्यक्ष के लिए खड़े प्रत्याशी को मिला था पांच वोट
जांजगीर-चांपा। नगरीय निकाय चुनाव हुए भले ही एक माह हो गया है, लेकिन चांपा नगरपालिका में खासकर अध्यक्ष पद के लिए जिस तरह चुनाव हुआ उसकी चर्चा आज भी जोरों पर है। अध्यक्ष पद के लिए तीन प्रत्याशी मैदान में थे, जिसमें कांग्रेस के जय थवाईत को जीत मिली। लेकिन कांग्रेस के एक अन्य प्रत्याशी और भाजपा प्रत्याशी को मिले वोट से वायरल ऑडियो टेप ने खरीद फरोख्त की कहानी खुद बयां कर दी।
आपकों बता दें कि चांपा नगरपालिका चुनाव में कांग्रेस को 16 और भाजपा को 8 सीटें मिली थी। वहीं दो निर्दलीय और एक जोगी कांग्रेस प्रत्याशी को सफलता मिली थी। इसके बाद अध्यक्ष बनाने को लेकर काफी जोड़-तोड़ हुआ। कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत मिलने के कारण कांग्रेस से अध्यक्ष बनना तय था तो वहीं पूर्व अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने पुनः अध्यक्ष की कुर्सी पर आसीन होने कोई कसर नहीं छोड़ी, लेकिन उनके लिए अपने ही लोग पराए हो गए। यही वजह है कि नगरपालिका चुनाव के तुरंत बाद तय रणनीति के तहत कांग्रेस के कई जीते हुए पार्षद भूमिगत हो गए। अध्यक्ष चुनाव के ऐन पहले एक ऑडियो टेप वायरल हुआ, जिसमें भाजपा के एक वरिष्ठ नेता और जीती हुई भाजपा पार्षद पति के बीच लंबी बातचीत है। इस ऑडियो में पूर्व अध्यक्ष राजेश अग्रवाल के पक्ष में तीन भाजपा पार्षद की खरीद फरोख्त का जिक्र है। इस ऑडियो की पुष्टि तब हो गई, जब अध्यक्ष पद के लिए खड़े भाजपा पार्षद पुरूषोत्तम शर्मा को सिर्फ पांच वोट ही मिला, जबकि नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा के आठ पार्षद जीतकर आए है। हालांकि यह ऑडियो अध्यक्ष चुनाव से पहले वायरल हुआ था तो वहीं इस ऑडियो के संबंध में भाजपा मंडल की व्हाट्सएप गु्रप में लंबी बातचीत चलने की भी खबर है। खास बात यह है कि इस पूरे मामले को लेकर अब तक भाजपा मंडल की ओर से किसी तरह की कार्रवाई सामने नहीं आई है, जबकि इस तरह पार्टी विरोधी कार्य के लिए सख्त कदम उठाया जाना चाहिए।
किसने डुबाई भाजपा की लुटिया
चांपा में पहले ही कांग्रेस और भाजपा के बीच भाईचारे की खबर समय-समय पर आती रही है, लेकिन अभी जो घटनाक्रम हुआ उसने सारी हदें पार कर दी। हम वायरल ऑडियो की पुष्टि नहीं करते, लेकिन ऑडियो को सुनकर कुछ लोगों का कहना है कि ये बातचीत भाजपा के वरिष्ठ नेता नंदकुमार देवांगन और भाजपा के पूर्व पार्षद मंगलदास महंत के बीच की है। लोगों का कहना है कि भाजपा के वरिष्ठ नेता नंदकुमार देवांगन की भाजपा की लुटिया डुबाने अमादा है। यहां तक नंदकुमार देवांगन ने चांपा के भालेराय मैदान में आयोजित पदभार ग्रहण समारोह में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत का स्वागत किया था। सोशल मीडिया में नंदकुमार देवांगन के कांग्रेस प्रवेश करने की खबरें भी आई थी। इस मामले में हमारी टीम ने नंदकुमार देवांगन से भी बात करने की कोशिश की, लेकिन पुराना मामला होने का हवाला दिया।
नहीं चलाता स्मार्टफोन
इस पूरे मामले में जब हमनें भाजपा मंडल अध्यक्ष गणेश श्रीवास से बात की, तो उन्होंने इस पूरे मामले से अनभिज्ञता जाहिर की। उन्होंने कहा कि वो स्मार्ट फोन नहीं चलाते। इस वजह से उन्हें वायरल ऑडियो के संबंध में किसी तरह की जानकारी नहीं है। यदि वाकई भाजपा के कोई नेता पार्टी विरोधी कार्य में लिप्त है तो मामले से पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को अवगत कराया जाएगा। साथ ही उचित कार्रवाई की अनुशंसा की जाएगी।