सूरत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को दावा किया कि उनकी सरकार द्वारा की गई नोटबंदी के कारण मकानों की कीमतों में कमी आई और आकांक्षी युवाओं के लिए किफायती दरों पर अपना मकान खरीदना संभव हो सका। मोदी ने यह भी कहा कि उन्होंने अब तक जितने काम किए हैं, यदि उतने काम पिछली सरकार को करने होते तो उसे ‘‘और 25 साल’’ का वक्त लग गया होता।
प्रधानमंत्री ने यह दावा भी किया कि एनडीए शासन के पिछले चार साल के दौरान उनकी सरकार ने 1.30 करोड़ मकान बनाए हैं जबकि पिछली यूपीए सरकार के शासनकाल में महज 25 लाख मकान बनाए गए। उन्होंने कहा कि पिछले 30 साल से देश में ‘‘त्रिशंकु संसद’’ थी, जिसके कारण प्रगति प्रभावित हुई। उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन चार साल पहले लोगों ने पूर्ण बहुमत देने के लिए वोट किया जिसके बाद देश तेजी से विकास कर रहा है।’’