Print this page

नयी दिल्ली से गौतम गंभीर, चांदनी चौक से विजय गोयल BJP टिकट की दौड़ में आगे Featured

लोकसभा चुनावों में पार्टी की तैयारियों को लेकर भाजपा संसदीय बोर्ड की अहम बैठक आज शाम पार्टी मुख्यालय में होगी। इस बैठक में लोकसभा चुनावों के लिए पार्टी के उम्मीदवारों के चयन, चुनाव प्रचार की रणनीति, नेताओं को चुनावी जिम्मेदारियों के वितरण आदि पर भी चर्चा होगी। सूत्रों ने बताया है कि आज की बैठक में यह भी तय होगा कि उम्मीदवारों के चयन का आधार क्या होगा। इस बारे में भी आज फैसला किये जाने की उम्मीद है कि वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी और डॉ. मुरली मनोहर जोशी लोकसभा चुनाव लड़ेंगे या नहीं। संसदीय बोर्ड की बैठक पार्टी अध्यक्ष अमित शाह की अध्यक्षता में होगी। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री राजनाथ सिंह, वित्त मंत्री अरुण जेटली, विदेश मंत्री सुषमा स्वराज, सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित संसदीय बोर्ड के अन्य सदस्य भाग लेंगे।

बैठक से पहले पार्टी ने भाजपा के सभी सांसदों से अपने कामकाज का ब्यौरा पार्टी को सौंपने के लिए कहा है। पार्टी में इस बात को लेकर राय बन रही है कि मौजूदा सांसदों के बड़ी संख्या में टिकट काटे जाएं ताकि सांसदों के खिलाफ स्थानीय स्तर पर जो माहौल है उसका असर पार्टी के चुनावी प्रदर्शन पर नहीं पड़े। भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं का मानना है कि जब-जब पार्टी ने ज्यादातर सीटों पर प्रत्याशी बदलने के फॉर्मूले को अपनाया है तब-तब पार्टी को बड़ी सफलता हाथ लगी है।
जिन सांसदों को अपने टिकट कटने की भनक लग रही है उन्होंने आला नेताओं के यहां चक्कर लगाना भी शुरू कर दिया है। इधर दिल्ली में भी माना जा रहा है कि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस का मुकाबला करने के लिए भाजपा सातों सीटों पर अपनी रणनीति बदलने में लगी है। अभी तक चांदनी चौक सीट से सांसद और केंद्रीय मंत्री डॉ. हर्षवर्धन को पूर्वी दिल्ली भेजा जा रहा है और पूर्वी दिल्ली के वर्तमान में सांसद महेश गिरी को दिल्ली से बाहर भेजा जा रहा है। राज्यसभा सांसद विजय गोयल को चांदनी चौक सीट से लड़ाये जाने के आसार हैं। सबसे चौंकाने वाला नाम क्रिकेटर गौतम गंभीर का है जोकि नई दिल्ली से भाजपा के प्रत्याशी बनाये जा सकते हैं। उनको मीनाक्षी लेखी की जगह मैदान में उतारा जायेगा। हालांकि लेखी का टिकट काटना आसान नहीं है क्योंकि संसद में उनका प्रदर्शन बहुत बेहतरीन रहा है। गंभीर वित्त मंत्री अरुण जेटली के काफी करीबी माने जाते हैं। इसी तरह पूर्व विधायक रामवीर सिंह विधूड़ी का नाम दक्षिणी दिल्ली सीट से सबसे आगे माना जा रहा है। मनोज तिवारी, प्रवेश वर्मा और उदित राज की उम्मीदवारी पर अभी तक कोई खतरा नजर नहीं आ रहा है।
 
Rate this item
(0 votes)
newscreation

Latest from newscreation