Print this page

वर्ली हिट एंड रन मामले के संदिग्ध मिहिर शाह के विदेश भागने की आशंका

मुंबई के वर्ली इलाके में तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू कार ने एक स्कूटर को टक्कर मार दी थी, जिससे एक महिला की मौत हो गई। कार को मिहिर शाह चला रहा था। पुलिस को शक है कि मिहिर घटना के समय नशे में था। आरोपी अभी फरार है। उसे ढूंढने के लिए लुक आउट सर्कुलर (एलओसी) जारी किया है। वहीं, मिहिर के पिता राजेश और चालक राजेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर मेडिकल के लिए ले जाया गया। आरोपी महाराष्ट्र के पालघर जिले के एक शिवसेना नेता राजेश शाह का बेटा है। राजेश और उनके चालक राजेंद्र सिंह बिजावत को पुलिस के साथ सहयोग न करने के लिए रविवार को गिरफ्तार किया गया और आज उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा। उनके खिलाफ गैर इरादतन हत्या, लापरवाही से गाड़ी चलाने और सबूत नष्ट करने समेत अन्य धाराओं के तहत भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया है। मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों को भी लागू किया गया है।  पुलिस ने बताया कि मिहिर शाह ने बीती रात जुहू के एक बार में शराब पी थी। घर जाते समय उसने चालक से उसे लॉन्ग ड्राइव पर ले जाने को कहा। कार वर्ली आई तो मिहिर ने जोर देकर कहा कि वाहन को वह चलाएगा। इसके बाद तेज रफ्तार कार ने कुछ देर बाद एक दोपहिया वाहन को टक्कर मार दी। दोपहिया वाहन पर कावेरी नखवा और उनके पति प्रदीप नकवा सवार थे। जो वर्ली के कोलीवाड़ा इलाके के निवासी थे। दंपती मछुआरा समुदाय से थे। सुबह जब वे दोपहिया वाहन से काम पर जा रहे थे, तभी बीएमडब्ल्यू कार उनके वाहन से टकरा गई। इसके बाद दोनों हवा में उछल गए। कार का बोनट क्षतिग्रस्त हुआ। इसके बाद कार ने कावेरी को कुचल दिया। फिर आरोपी मौके से फरार हो गए। महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। उनके पति प्रदीप को मामूली चोटें आईं। अधिकारी ने बताया कि राजेश शाह और बिजावत को रविवार को वर्ली पुलिस ने कथित तौर पर दुर्घटना के बाद मिहिर को भगाने में मदद करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। अधिकारी ने कहा, 'मिहिर शाह के देश से भागने की आशंका को देखते हुए मुंबई पुलिस ने रविवार शाम उसके खिलाफ एलओसी जारी किया है। आरोपी की तलाश शुरू कर दी है और उसका पता लगाने के लिए छह टीमों का गठन किया है।' पुलिस को संदेह है कि दुर्घटना के समय मिहिर शराब के नशे में था और उसे घटना से कुछ घंटे पहले यहां जुहू इलाके के एक बार में देखा गया था।

Rate this item
(0 votes)
newscreation

Latest from newscreation