रायसेन।सेन्ट्रल बैंक ऑफ इंडिया द्वारा 02 नवम्बर से 12 नवम्बर तक मनाए जा रहे किसान पखवाड़ा का समापन कार्यक्रम जिला मुख्यालय स्थित खेल स्टेडियम में कलेक्टर श्री उमाशंकर भार्गव के मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर कलेक्टर श्री भार्गव ने सेन्ट्रल बैंक की इस अनूठी पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से किसानों को उनके लिए चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी एक ही स्थान पर मिल जाती है। उन्होंने किसानों से स्वयं आगे आकर योजनाओं का लाभ लेने के लिए कहा।
सेन्ट्रल बैंक के फील्ड जनरल मैनेजर श्री एसडी महुरकर ने बैंक द्वारा किसानों को दी जा रही सुविधाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में सेन्ट्रल बैंक की विभिन्न शाखाओ द्वारा किसानों को वेयर हाउस, हार्वेस्टर, ट्रैक्टर तथा किसान क्रेडिट कार्ड के स्वीकृत ऋणों का वितरण भी किया गया। इस अवसर पर बैंक के क्षेत्रीय प्रबन्धक श्री वीएन सिंह, नाबार्ड के जिला विकास प्रबन्धक श्री नरेश तिजारे, श्री सुनील सोन्हिया, एलडीएम श्री वीवी अय्यर तथा मुख्य प्रबंधक अदिति पवार भी उपस्थित थीं।