मध्यप्रदेश की भोपाल लोकसभा सीट से भाजपा सांसद पज्ञा ठाकुर अपने विवादित बयानों के कारण सुर्खियों में रहती हैं। उन्होंने हाल ही में भाजपा नेताओं के निधन पर कहा था कि विपक्ष मारक शक्ति का प्रयोग कर रहा है। जिसपर उनकी काफी आलोचना हुई थी। इसके बाद खबर आई थी कि उन्हें पार्टी ने नोटिस जारी किया है। अब इस खबर को मध्यप्रदेश भाजपा के मीडिया प्रभारी लोकेंद्र पराशर ने खारिज कर दिया है।
खबर में कहा गया था कि भाजपा की मध्यप्रदेश ईकाई के अध्यक्ष राकेश सिंह ने ठाकुर को चेतावनी दी है कि यदि उन्होंने दोबारा इस तरह का विवादित बयान दिया तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। 26 अगस्त को प्रज्ञा ठाकुर ने एक बार फिर अपने बयान से भाजपा को बैकफुट पर लाकर खड़ा कर दिया था। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल गौर के लिए भोपाल में आयोजित की गई श्रद्धांजलि सभा में उन्होंने कहा कि कांग्रेस भाजपा नेताओं के खिलाफ मारक शक्ति का प्रयोग कर रहा है।
साध्वी ने कहा था, 'एक बार एक महाराज जी ने मुझसे कहा था कि हमारा खराब समय चल रहा है और विपक्ष कुछ कर रहा है। वह भाजपा के खिलाफ मारक शक्ति का प्रयोग कर रहा है। मैं उनकी कही बात को बाद में भूल गई थी लेकिन अब जब मैं अपने वरिष्ठ नेताओं को एक के बाद एक जाते हुए देख रही हूं तो मुझे महाराज जी की बात सोचने पर मजबूर होना पड़ा है कि क्या वह सही थे?'