Print this page

इंदौर में सूर्य की ऊर्जा से वाहन चार्ज करने वाला एक और स्टेशन हुआ शुरू

इंदौर । शहर में इलेक्ट्रिक वाहनों की चार्जिंग के लिए सौर ऊर्जा आधारित पब्लिक इलेक्ट्रिक व्हीकल चार्जिंग स्टेशन खोले जा रहे हैं। शहर का दूसरा इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशन स्नेहलतागंज पुल के पास शुरू किया गया। यहां तीन घंटे में दोपहिया वाहन पूरी तरह चार्ज हो सकेगा। दोपहिया वाहन चार्जिंग में चार यूनिट बिजली खर्च होगी। एआइसीटीएसएल द्वारा शहर में 47 स्थानों को चिह्नित किया गया है, जहां पर इलेक्ट्रिक वाहनों की चार्जिंग के लिए सोलर बेस पब्लिक इलेक्ट्रिक व्हीकल चार्जिंग स्टेशन खोले जाने हैं। पहला स्टेशन वायएन रोड पर खोला जा चुका है। दूसरे स्टेशन का शुभारंभ गुरुवार को महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने किया। यहां प्रति यूनिट चार्जिंग का शुल्क 15 रुपये आएगा। प्रत्येक स्लो चार्जिंग स्टेशन पर एक समय में छह वाहन चार्ज हो सकेंगे। शहर में तैयार किए गए ई-चार्जिंग स्टेशन पर इलेक्ट्रिक दो पहिया वाहन, चार पहिया वाहन एवं इलेक्ट्रिक आटो रिक्शा की चार्जिंग की जा सकती है। फिलहाल शुरू किए सार्वजनिक स्टेशन स्लो चार्जर हैं। इनमें तीन घंटे में दोपहिया वाहन पूर्ण चार्ज हो सकता है। प्रत्येक स्लो चार्जिंग स्टेशन पर एक समय में छह वाहन चार्ज हो सकेंगे। वर्तमान में एआइसीटीएसएल द्वारा 40 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन भी किया जा रहा है, जिनके चार्जिंग हेतु सिलिकान सिटी चौराहा, हवा बंगला चौराहा और राजीव गांधी चौराहा पर 15 इलेक्ट्रिक पाइंट्स उपलब्ध हैं।

एप के माध्यम से मिलेगी चार्जिंग स्टेशन की जानकारी

चार्जिंग स्टेशन की जानकारी मोबाइल एप पल उपलब्ध है। इसके लिए लिए वाहन स्वामी को अपने मोबाइल में ईवीवाय एप गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड करना होगा। चार्जिंग से पहले उपभोक्ताओं को प्री-बुकिंग करके प्रीपेड रिचार्ज करना होगा। इसी आधार पर चार्जिंग स्टेशन का उपयोग कर सकेंगे। शहर में एआइसीटीएसएल द्वारा 47 स्थानों पर सोलर बेस इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशन बनाए जाने हैं। इनमें 37 स्लो चार्जर व 10 फास्ट चार्जर स्टेशन रहेंगे। फिलहाल शहर में स्लो चार्जिंग स्टेशन ही बनाए गए हैं। एक स्लो चार्जिग स्टेशन की लागत 15 लाख रुपये है।

Rate this item
(0 votes)
newscreation

Latest from newscreation