Print this page

पीएम आवास योजना ग्रामीणों की गरिमा की रक्षा करने का कार्य करती है: मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर Featured

By November 22, 2020 143

नई दिल्ली । ‘‘आवास दिवस’’ समारोह के अवसर पर भारत सरकार में ग्रामीण विकास, पंचायत राज, कृषि और किसान कल्‍याण तथा खाद्य प्रसंस्‍करण मंत्री नरेन्‍द्र सिंह तोमर ने वीडियो कॉन्‍फ्रेंस के माध्‍यम से राज्‍यों और केंद्र शासित प्रदेशों के ग्रामीण विकास मंत्रियों तथा अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया। इस सम्मेलन के दौरान केंद्रीय मंत्री ने ग्रामीण परिवारों को मकान उपलब्‍ध कराकर ‘‘सभी के लिए आवास’’ के महान लक्ष्‍य की पूर्ति की दिशा में राज्यों / केंद्रशासित प्रदेशों को उनके योगदान के लिए उन्‍हें बधाई दी। मंत्री तोमर ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना – ग्रामीण (पीएमएवाई-जी) का लक्ष्य केवल लाभार्थियों को केवल मकान उपलब्‍ध कराना ही नहीं है बल्कि उनके मान-सम्‍मान की रक्षा करना भी है। जीवन स्‍तर में इस सुधार से लाभार्थियों के कल्‍याण पर अतिरिक्‍त सकारात्‍मक प्रभाव पड़ता है। उन्होंने कहा कि आवास दिवस/आवास सप्‍ताह किसी योजना की स्‍मृति में मनाया जाने वाला दिन ही नहीं है बल्कि इस योजना से अत्‍यधिक लाभान्वित और इस योजना का फायदा पाने के लिए स्‍थायी प्रतीक्षा सूची (पीडब्‍ल्‍यूएल) में शामिल करोड़ों ग्रामीण परिवारों को जोड़ने वाला दिन भी है। इसके अतिरिक्‍त यह आयोजन सभी हितधारकों के बीच इस योजना के विषय में जागरूकता बढ़ाने का अवसर भी है। कई राज्यों के ग्रामीण विकास मंत्रियों ने 2022 तक 'सभी के लिए आवास उपलब्ध कराने' के लक्ष्य को हासिल करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की, साथ ही इस लक्ष्य की प्राप्ति में सामने आने वाली बाधाओं और समस्याओं पर भी अपने विचार व्यक्त किए। ग्रामीण विकास मंत्रालय में राज्‍य मंत्री साध्‍वी निरंजन ज्‍योति, ग्रामीण विकास विभाग के सचिव नागेन्‍द्र नाथ सिन्‍हा, अपर सचिव (ग्रामीण विकास) सुश्री अल्‍का उपाध्‍याय, उप-महानिदेशक (ग्रामीण आवास) गया प्रसाद और ग्रामीण विकास मंत्रालय के अन्‍य अधिकारी भी इस सम्मलेन में उपस्थित थे। इस अवसर पर सोलह राज्यों के ग्रामीण विकास और पंचायतीराज विभागों के मंत्री तथा राज्यों के सचिव आदि भी उपस्थित थे। प्रधानमंत्री आवास योजना – ग्रामीण (पीएमएवाई-जी) नामक ग्रामीण आवास योजना का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्‍तर प्रदेश के आगरा में 20 नवंबर 2016 को किया था। वर्ष 2022 तक ‘‘सभी के लिए आवास’’ उपलब्‍ध कराने के उद्देश्‍य से लाई गई पीएमएवाई-जी के शुभारंभ की वर्षगांठ मनाने के लिए हर वर्ष 20 नवंबर को ‘‘आवास दिवस’’ के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया था।

Rate this item
(0 votes)
newscreation

Latest from newscreation