Print this page

मुख्यमंत्री केजरीवाल ने बीआईएस की रिपोर्ट को गलत बताया, कहा- यह राजनीति से प्रेरित Featured

By November 18, 2019 228

नई दिल्ली. मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) की रिपोर्ट को ‘गलत और राजनीति से प्रेरित’ बताया। इसके मुताबिक, दिल्ली से लिए पानी के सभी नमूने बीआईएस के मानकों पर खरे नहीं उतरे हैं। भाजपा ने कहा है कि विकास के नाम पर आप सरकार ने दिल्ली के लोगों को सिर्फ जहर पिलाया है। केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान ने शनिवार को 20 शहरों में सर्वे रिपोर्ट जारी की थी। इसमें दिल्ली के अलावा कोलकाता और चेन्नई के नमूने 11 में 10 मानकों पर फेल थे।
चांदनी चौक से भाजपा सांसद डॉ. हर्षवर्धन ने ट्वीट किया- फ्री पानी देने के नाम पर केजरीवाल दिल्ली के लोगों को जहर पिला रहे हैं। 20 शहरों के सर्वे में दिल्ली आखिरी स्थान पर रही। विकास के बड़े-बड़े दावे करने वाली सरकार लोगों को साफ पानी तक उपलब्ध नहीं करा सकी। इस पर केजरी ने जवाब दिया- ''सर, आप एक डॉक्टर हैं। आप जानते हैं कि यह रिपोर्ट गलत है और राजनीति से प्रेरित है। आपके जैसे व्यक्ति को डर्टी पॉलिटिक्स में नहीं फंसना चाहिए।'' केजरीवाल दिल्ली जल बोर्ड के चेयरमैन भी हैं।
‘केजरीवाल सरकार के खिलाफ प्रदर्शन होगा’
सर्वेक्षण के पहले चरण में बीआईएस ने पाया था कि दिल्ली से लिए गए सभी 11 नमूने गुणवत्ता के मानकों पर फेल हैं। दिल्ली के भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने केजरीवाल को दिल्ली में खराब हवा और पानी की गुणवत्ता के लिए दोषी ठहराया। साथ ही उन चीजों पर राजनीति करने से परहेज करने को कहा जो लोगों के जीवन के लिए महत्वपूर्ण हैं। तिवारी ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता जल्द ही दिल्ली में प्रदर्शन करेंगे और पानी का सैंपल जमाकर केजरीवाल को सौंपेंगे। उन्होंने लोगों से भाजपा को टैग कर अपने क्षेत्र में पानी की सप्लाई की डिटेल भेजने के लिए भी कहा है।
191 करोड़ का विमान खरीदे जाने पर केजरीवाल का रूपाणी पर तंज
उधर, गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी पर तंज कसते हुए केजरीवाल ने रविवार को कहा कि उन्होंने खुद के लिए 191 करोड़ रुपए का विमान खरीदा। इसके बजाय सार्वजनिक बसों में महिलाओं को मुफ्त सवारी देते तो अच्छा रहता। हम महिलाओं को पब्लिक ट्रांसपोर्ट में फ्री यात्राएं करा रहे हैं और विपक्ष इस पर शोर मचा रहा है। लोग पूछते हैं कि इसके लिए पैसा कहां से आया। लेकिन मैंने कोई विमान नहीं खरीदा और अपनी बहनों के लिए मुफ्त यात्रा की सुविधा दी।

Rate this item
(0 votes)
newscreation