Print this page

सरकार गठन को लेकर आज दिल्ली में कांग्रेस-राकांपा के बीच चर्चा, मोदी से मिलेंगे पवार Featured

By November 20, 2019 274

मुंबई. महाराष्ट्र में सरकार गठन को लेकर बुधवार को दिल्ली में कांग्रेस और राकांपा नेताओं के बीच मुलाकात होगी। इसमें  राकांपा प्रमुख शरद पवार मौजूद रहेंगे। यह भी जानकारी सामने आई है कि अहमद पटेल, वेणुगोपाल, मल्लिकार्जुन खड़गे, एके एंटनी और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात करेंगे। इस बीच, आज राकांपा प्रमुख शरद पवार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। पवार मोदी से राज्य के किसानों के लिए विशेष पैकेज मांग सकते हैं।
सोनिया मंगलवार को भी पार्टी के खड़गे-एंटनी समेत वरिष्ठ नेताओं के साथ चर्चा की थी। इसके बाद कहा गया कि कांग्रेस और राकांपा महाराष्ट्र में सरकार गठन के लिए न्यूनतम साझा कार्यक्रम को लेकर आगे और बैठकें करेंगी।
कल सरकार गठन को लेकर स्थिति साफ हो जाएगी: राउत
शिवसेना सांसद संजय राउत ने बुधवार को कहा, ''गुरुवार तक सरकार गठन को लेकर स्थिति साफ हो जाएगी। दिसंबर महीने में राज्य में नई सरकार का गठन हो जाएगा। उन्होंने एक बार फिर से भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य में सबसे बड़ी पार्टी भाजपा स्थिर सरकार नहीं दे पा रही है। इसलिए अन्य दलों पर यह जिम्मेदारी आ जाती है कि वे राज्य में एक स्थिर सरकार दे।''
शरद पवार और प्रधानमंत्री मोदी की मुलाकात के बारे में पूछे जाने पर राउत ने कहा- अगर पीएम से कोई नेता मिलता है, तो क्या खिचड़ी ही पकती है? कल अगर उद्धव ठाकरे मोदी से किसानों के मुद्दे पर मिलते हैं तो क्या खिचड़ी पकती है? शरद पवार कृषि क्षेत्र के जानकार व्यक्ति हैं, हमने 2 दिन पहले उनसे आग्रह किया था कि वह राज्य में किसानों की समस्याओं को पीएम मोदी के समक्ष रखें।
उद्धव ने विधायकों को मातोश्री पर बुलाया
शिवसेना विधायक अब्दुल सत्तार ने एक टीवी चैनल से बातचीत में कहा कि उद्धव ठाकरे ने सभी विधायकों को आधार कार्ड के साथ 22 नवंबर को मातोश्री में बुलाया है। सूत्रों की मानें तो सभी विधायकों को पांच दिन के लिए कपड़े लेकर आने को कहा गया है।

Rate this item
(0 votes)
newscreation