Print this page

वैज्ञानिकों को मस्तिष्क में मिला दो मिमी का नया हिस्सा, पार्किंसन के इलाज में मिलेगी मदद Featured

By November 24, 2018 481

हेल्थ. मानव मस्तिष्क में 2 मिलीमीटर आकार के एक नए हिस्से की खोज की गई है। यह खोज करने वाले ऑस्ट्रेलियाई न्यूरोसाइंटिस्ट प्रो. जॉर्ज पेक्सिनोस के मुताबिक इसे ‘एंडोरेस्टिफॉर्म न्यूक्लियस' नाम दिया गया है।
प्रो. पेक्सिनोस और उनकी टीम ने इसकी खोज स्टेनिंग और इमेजिंग तकनीक से की है। दरअसल, मस्तिष्क की संरचना पर नया मैप बनाने के लिए वैज्ञानिक मानव मस्तिष्क की तस्वीरें ले रहे थे, तभी उन्हें यह अलग हिस्सा नजर आया। उन्होंने ‘एंडोरेस्टिफॉर्म न्यूक्लियस' की खोज से जुड़ी जानकारी अपनी किताब ‘ह्यूमन ब्रेन स्टेम’ में दी है।
एंडोरेस्टिफॉर्म नाम देने की वजह
यह हिस्सा उस जगह पाया गया है जहां मस्तिष्क स्पाइनल कॉर्ड से मिलता है। यह छोटा-सा हिस्सा मस्तिष्क के निचले सेरिबेलर पेंडुकल के अंदर है और इसे रेस्टिफॉर्म बॉडी भी कहा जाता है। इसीलिए इसे 'एंडोरेस्टिफॉर्म न्यूक्लियस' नाम दिया गया है।
दिमाग के खास हिस्से में है इसकी लोकेशन
ऑस्ट्रेलिया के न्यूरोसाइंस रिसर्च इंस्टीट्यूट के प्रो. पेक्सिनोस दुनिया के जाने माने ब्रेन कार्टोग्राफर हैं। प्रो. पेक्सिनोस के अनुसार ब्रेन में खोजे गए इस खास हिस्से के कार्य को लेकर अभी शोध जारी है। यह मस्तिष्क के उस हिस्से में पाया गया है जो सूचनाओं के आदान-प्रदान और शरीर का संतुलन बनाने में मदद करता है।
पार्किंसन और मोटर न्यूरॉन बीमारियों के उपचार में मदद
प्रो. पेक्सिनोस का मानना है कि खोज में सामने आया नया हिस्सा पार्किंसन और मोटर न्यूरॉन बीमारियों के इलाज में मदद कर सकता है। पार्किंसन मस्तिष्क से जुड़ी ऐसी बीमारी है जिसमें मरीज के शरीर में कंपन और अकड़न होती है। इससे उसे चलने और शारीरिक संतुलन बनाने में दिक्कत होती है। वहीं मोटर न्यूरॉन डिजीज में ब्रेन से जुड़ी नर्व डैमेज हो जाती हैं। शरीर के अंग धीरे-धीरे काम करना बंद कर देते हैं और व्यक्ति चल-फिर पाने की स्थिति में भी नहीं रह जाता।
दूसरे जानवरों के मस्तिष्क में नहीं है यह हिस्सा
प्रो. पेक्सिनोस के मुताबिक 'एंडोरेस्टिफॉर्म न्यूक्लियस' जैसी कोई भी संरचना बंदरों या दूसरे जानवरों में नहीं पाई गई है। हालांकि प्रो. पेक्सिनोस ने इंसानी प्रजाति के सबसे करीब माने जाने चिम्पांजी के मस्तिष्क का अध्ययन नहीं किया है। अब वे इसके अध्ययन की योजना बना रहे हैं।

Rate this item
(0 votes)
newscreation