Print this page

युजवेंद्र चहल के लायक नहीं है आरसीबी टीम Featured

By November 09, 2020 112

नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग 2020 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम बड़े अरमानों के साथ उतरी थी। विराट एंड कंपनी को उम्मीद थी कि इस बार उनकी कैबिनेट में आईपीएल ट्रॉफी सजेगी। बैंगलोर को लग रहा था कि आईपीएल का वेन्यू बदलने से उनका लक भी बदलेगा और टीम पहली बार आईपीएल चैंपियन बनेगी, हालांकि ऐसा हो नहीं पाया। बैंगलोर की टीम एक बार फिर खाली हाथ लौटी है क्योंकि सनराइजर्स हैदराबाद ने उसे एलिमिनेटर मुकाबले में 6 विकेट से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया। इस हार के बाद रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर फैंस के निशाने पर है। कई फैंस विराट कोहली की कप्तानी को दोष दे रहे हैं, तो कुछ फैंस अब टीम के लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल को टीम छोड़ने की सलाह दे रहे हैं।
 आरसीबी के टूर्नामेंट से बाहर होने के बाद लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल ने ट्वीट कर अगले साल दमदार वापसी का भरोसा जताया। हालांकि उनकी इस बात से कई फैंस सहमत नहीं दिखे। कुछ फैंस ने तो युजवेंद्र चहल को आरसीबी छोड़ने की सलाह दे डाली। एक फैन ने तो यहां तक लिख दिया कि बैंगलोर की टीम युजवेंद्र जैसे चैंपियन खिलाड़ी के लिए नहीं है। वहीं एक फैन ने तो यहां तक लिख दिया कि युजवेंद्र चहल का सही इस्तेमाल विराट कोहली नहीं बल्कि रोहित शर्मा जैसा कप्तान कर सकता है।
आरसीबी की टीम भले ही आईपीएल 2020 के फाइनल में ना पहुंच सकी हो लेकिन युजवेंद्र चहल ने पूरे टूर्नामेंट में जोरदार प्रदर्शन किया। युजवेंद्र चहल आरसीबी के सबसे कामयाब गेंदबाज रहे। उन्होंने 15 मैचों में 21 विकेट झटके। चहल की इकॉनमी रेट भी 7.08 रही और उनका बेस्ट प्रदर्शन 18 रन देकर 3 विकेट रहा। हालांकि चहल का ये चमकदार प्रदर्शन नाकाफी साबित हुआ और टीम आईपीएल 2020 में चौथे स्थान पर रही।

Rate this item
(0 votes)
newscreation