मुम्बई । आईपीएल में खिताबी जीत के बाद मुम्बई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा की नजरें अब ऑस्ट्रेलिया में होने वाली टेस्ट सीरीज पर है। ऐसे में वह दिवाली के बाद नेशनल क्रिकेट अकादमी (एनसीए) जाएंगे और पुनर्वास की प्रक्रिया से गुजरेंगे। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पहला टेस्ट 17 दिसम्बर को एडिलेड ओवल में खेला जाएगा। आईपीएल के दौरान रोहित के बाएं हैमस्ट्रिंग पर चोट लगी थी और इसी से पूरी तरह उभरने के लिए वह एनसीए जाएंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक मुंबई इंडियंस के अन्य खिलाड़ियों के साथ रोहित वापस भारत आएंगे और नियमों के मुताबिक एनसीए जाएंगे जो भारतीय खिलाड़ियों की चोटों से उभरने में मदद करता है। सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि वह दिवाली पर अपने परिवार के साथ रहेंगे और इसके बाद बेंगलुरु के लिए रवाना होंगे। सूत्रों के मुताबिक विराट कोहली के पहले टेस्ट के बाद पितृत्व अवकाश पर जाने के कारण रोहित ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारतीय टेस्ट टीम में भी शामिल होंगे।