ईश्वर दुबे
संपादक - न्यूज़ क्रिएशन
+91 98278-13148
newscreation2017@gmail.com
Shop No f188 first floor akash ganga press complex
Bhilai
एनएमडीसी और सीएमडीसी मिलकर सरायपाली के
हीरा धारित क्षेत्र में करेंगे पूर्वेक्षण का काम
छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल नगरनार में 1200 करोड़ रूपए की आवासीय परियोजना का कार्य करेगी
एनएमडीसी राज्य सरकार को माईनिंग से संबंधित 600 करोड़ रूपए की
बकाया राशि का करेगी भुगतान
रायपुर, 15 नवम्बर 2019

मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने आज यहां अपने निवास कार्यालय में एनएमडीसी के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक श्री एन. बैजेन्द्र कुमार से मुलाकात के दौरान कहा कि एनएमडीसी की माईनिंग लीज जो 30 मार्च 2020 को समाप्त हो रही है उसे राज्य सरकार आगे बढ़ाएगी।
मुख्यमंत्री ने एनएमडीसी से जुड़े विभिन्न विषयों पर श्री कुमार के साथ विचार-विमर्श किया। उन्होंने कहा कि एनएमडीसी और सीएमडीसी महासमुंद जिले के सरायपाली तहसील के हीरा धारित क्षेत्र में पूर्वेक्षण का काम करेगी। चर्चा के दौरान यह भी तय हुआ की छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल द्वारा नगरनार इस्पात संयंत्र परियोजना में लगभग 1200 करोड़ रूपए की लागत से बनने वाली हाऊसिंग परियोजना का निर्माण किया जाएगा। इसी प्रकार छत्तीसगढ़ सरकार को एनएमडीसी द्वारा माईनिंग कार्यों से संबंधित जो राशि दी जानी है, उसके संबंध में भी सहमती बनी है। एनएमडीसी द्वारा खनन से संबंधित 600 करोड़ रूपए की बकाया राशि का भुगतान जल्द ही राज्य सरकार को किया जाएगा।
चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू द्वारा शुरू की गई सार्वजनिक क्षेत्र की नवरत्न कंपनी एनएमडीसी को पूरा सहयोग राज्य सरकार देगी। मुख्यमंत्री ने एनएमडीसी के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक को एनएमडीसी के स्थापना दिवस और हीरक जयंती की शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर वन मंत्री श्री मोहम्मद अकबर, खनिज संसाधन विभाग के विशेष सचिव श्री पी. अन्बलगन और एनएमडीसी के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।