ईश्वर दुबे
संपादक - न्यूज़ क्रिएशन
+91 98278-13148
newscreation2017@gmail.com
Shop No f188 first floor akash ganga press complex
Bhilai
जांजगीर-चांपा. बसपा सुप्रीमो मायावती ने भाजपा और कांग्रेस दोनों पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि दोनों ही दल आरक्षण के विरोधी हैं। एक ने मंडल कमीशन की रिपोर्ट को दबाए रखा और दूसरे ने लागू करने वाली सरकार को ही गिरा दिया। मायावती रविवार को अकलतरा में सभा को संबोधित कर रही थीं।
दो दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ आईं मायावती ने कहा कि किसान, मजदूर, गरीब आज भी परेशान हैं। केंद्र सरकार की नीतियों के कारण गरीबी बढ़ी है। जीएसटी के कारण अर्थव्यवस्था चौपट हो गई है। उन्होंने आरक्षण को लेकर भाजपा-कांग्रेस दोनों को आड़े हाथों लिया।
मायावती ने कहा कि मंडल कमीशन की रिपोर्ट को कांग्रेस ने दबा कर रखा। इसका नुकसान जनता को हो रहा है। कांग्रेस ने मंडल कमीशन की रिपोर्ट को अपने शासन काल में लटकाए रखा, वहीं भाजपा ने रिपोर्ट को लागू करने वाली वीपी सिंह सरकार से समर्थन वापस लेकर गिरा दिया। बसपा ने मंडल कमीशन की रिपोर्ट को लागू देशभर में अभियान चलाया था।
जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) से बसपा के गठबंधन के बाद अजीत जोगी की बहू ऋचा जोगी अकलतरा से बसपा के चिन्ह पर चुनाव लड़ रही हैं। मायावती ने कहा कि बाबा साहेब अंबेडकर को भारत रत्न दिलाने बसपा को दबाव बनाना पड़ा, जिसके बाद उन्हें उपाधि प्रदान की गई।
अकलतरा सीट से पहले भी बसपा के विधायक रह चुके हैं। हालांकि पूर्व में बसपा के विधायक सौरभ सिंह इस बार भाजपा की टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। अकलतरा के अलावा मायावती अंबिकापुर में दो सभाएं करेंगी। एक सभा पीजी कॉलेज मैदान में होगी और दूसरी कला केंद्र मैदान में। दोनों ही इलाके बसपा के वोट बैंक एससी बाहुल्य माने जाते हैं।
16 और 17 नवंबर को जांजगीर और रायपुर में सभा
अकलतरा में सभा के बाद मायावती की दूसरी सभा अंबिकापुर जिला मुख्यालय में है, जहां वे पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में चुनाव प्रचार करेंगी। मायावती इस एक दिवसीय प्रवास के बाद 16 और 17 नवंबर को भी प्रदेश प्रवास पर रहेंगी, इस दौरान वे जांजगीर और रायपुर में पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार करेंगी।