ईश्वर दुबे
संपादक - न्यूज़ क्रिएशन
+91 98278-13148
newscreation2017@gmail.com
Shop No f188 first floor akash ganga press complex
Bhilai
मुख्यमंत्री ने 54.21 करोड़ रुपये के 672 विकास कार्यों का भूमिपूजन और 17.27 करोड़ रुपये के 22 कार्यों का किया लोकार्पण
वाड्रफनगर में उप पंजीयक कार्यालय, रघुनाथनगर एवं बरतीकला में मंगल भवन और महेवा में विद्युत सब स्टेशन की घोषणा
रकसगंडा को पर्यटन केंद्र के रूप में किया जाएगा विकसित, वाड्रफनगर का अधूरा नगर वन पार्क भी होगा पूरा
हमारी सरकार जनजातीय संस्कृति के संरक्षण के साथ दूरस्थ अंचलों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध : मुख्यमंत्री श्री साय
किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये की पूरी आदान सहायता राशि मिलेगी, 21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले किसान भी होंगे लाभान्वित
मुख्यमंत्री ने किया वृद्धजन क्लिनिक का शुभारंभ, मेगा स्वास्थ्य शिविर में 7,259 लोगों को मिला विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं का लाभ
रायपुर नवंबर 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा है कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय संस्कृति और परंपराएं हमारी अमूल्य धरोहर हैं। करमा महोत्सव हमारी लोकआस्था, प्रकृति के प्रति सम्मान और सामाजिक एकजुटता का जीवंत प्रतीक है। हमारी सरकार इन गौरवशाली परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन के साथ प्रदेश के दूरस्थ और जनजातीय अंचलों में विकास की नई संभावनाओं को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा संकल्प है कि विकास का लाभ हर गांव, हर परिवार और समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
मुख्यमंत्री श्री साय आज बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के वाड्रफनगर विकासखंड अंतर्गत रघुनाथनगर के शासकीय हाई स्कूल मैदान में आयोजित करमा महोत्सव को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने जिलेवासियों को 71 करोड़ 48 लाख रुपये की लागत के 694 विकास कार्यों की सौगात दी। इनमें 54 करोड़ 21 लाख रुपये के 672 कार्यों का भूमिपूजन एवं शिलान्यास तथा 17 करोड़ 27 लाख रुपये के 22 कार्यों का लोकार्पण शामिल है। मुख्यमंत्री ने करमा देव को नमन करते हुए क्षेत्रवासियों को करमा महोत्सव की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने क्षेत्र के विकास को नई गति देने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने वाड्रफनगर में उप पंजीयक कार्यालय भवन के निर्माण की घोषणा की। इसके साथ ही ग्राम पंचायत रघुनाथनगर एवं बरतीकला में मंगल भवन निर्माण, ग्राम पंचायत महेवा में विद्युत सब स्टेशन की स्थापना तथा प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण रकसगंडा को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री द्वारा लोकार्पित एवं भूमिपूजन किए गए प्रमुख कार्यों में भगवानपुर से मेंढ़ारी तथा डिण्डो-विमलापुर-नावाडीह सड़क निर्माण, सात नल-जल योजनाएं, रामानुजगंज अस्पताल में डायलिसिस यूनिट, 12 आंगनबाड़ी भवन, राजपुर में एसडीएम कार्यालय भवन तथा चान्दो में तहसील कार्यालय भवन सहित अनेक महत्वपूर्ण विकास कार्य शामिल हैं। इन कार्यों से क्षेत्र में सड़क संपर्क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और प्रशासनिक सुविधाओं का विस्तार होगा।
किसानों की खुशहाली हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि हमारी सरकार किसानों की मेहनत का पूरा सम्मान करती है और उनके आर्थिक सशक्तीकरण के लिए निरंतर निर्णय ले रही है। प्रदेश में किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी की जा रही है। किसानों को धान विक्रय में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए इस वर्ष 360 नए धान खरीदी केंद्र खोले गए हैं।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये की आदान सहायता राशि प्रदान की जाएगी। जिन किसानों की उपज प्रति एकड़ 21 क्विंटल से कम है, उन्हें भी पूरी आदान सहायता राशि मिलेगी। उन्होंने किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार उनके हितों की रक्षा और खेती को लाभकारी बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है।