ईश्वर दुबे
संपादक - न्यूज़ क्रिएशन
+91 98278-13148
newscreation2017@gmail.com
Shop No f188 first floor akash ganga press complex
Bhilai
Google Analytics —— Meta Pixel
रायपुर. राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्री लालबहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर विधानसभा परिसर स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष इन दोनों विभूतियों के चित्र पर राज्यपाल सुश्री अनुसुईया उइके और मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने श्रद्धासुमन अर्पित किए। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत, नेता प्रतिपक्ष श्री धरमलाल कौशिक और संसदीय कार्य मंत्री श्री रविन्द्र चौबे सहित मंत्रिमंडल के सदस्य, सांसद और विधायकों ने भी दोनों विभूतियों को पुष्प अर्पित किए।
रायपुर. राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150 वीं जयंती के अवसर पर विधानसभा परिसर में गांधी जी के व्यक्तिव और कृतित्व पर आधारित छायाचित्र और डाकटिकटों की प्रदर्शनी का राज्यपाल सुश्री अनुसुईया उइके ने शुभारंभ किया। राज्यपाल सुश्री उइके, मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत ने दीप प्रज्ज्वलित किया। नेता प्रतिपक्ष श्री धरमलाल कौशिक और संसदीय कार्य मंत्री श्री रविन्द्र चौबे सहित मंत्रीमंडल के सदस्यगण, सांसद और विधायकगणों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। हिन्दुस्तान उन सभी का है जिनका जन्म तथा लालन-पालन यहां हुआ है और जो अन्य किसी देश को अपना नहीं कह सकते....स्वाधीन भारत हिन्दु राज्य नहीं, भारतीय राज्य होगा, जो किसी धर्म, सम्प्रदाय या वर्ग विशेष के बहुसंख्यक होने पर आधारित नहीं होगा, बल्कि किसी भी धार्मिक भेद-भाव के बिना सभी लोगों के प्रतिनिधियों पर आधारित होगा। इस तरह वसुधैव कुटुम्बकम के विचारों को प्रकट करने वाले महात्मा गांधी जी आज भले ही इस दुनिया में नहीं है, लेकिन उनकी यादें जन-जन में एक देश भक्त, अहिंसा के पुजारी और सत्य की राह पर चलने वाले बापू के रूप में विराजमान है। कुछ इन्हीं अनमोल विचारों से समाहित महात्मा गंाधी जी के जीवन पर आधारित छायाचित्रों एवं डाक टिकटों की दो दिवसीय प्रदर्शनी विधानसभा परिसर में लगाई गई है। महात्मा गांधी जी की 150वीं जयंती के अवसर पर आयोजित इस प्रदर्शनी में गांधी जी के बाल्यकाल सहित सत्याग्रह एवं उनके द्वारा किए गए विभिन्न आंदोलनों, छत्तीसगढ़ सहित देश-विदेश में की गई यात्राओं की झलक है।
रायपुर। महात्मा गांधी की 150 वीं जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लालबहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर आज विधानसभा परिसर स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष सुप्रसिद्ध कबीर भजन गायक पद्मश्री डॉ भारती बंधु ने बापू के प्रिय भजनों की प्रस्तुति दी। उन्होंने साथियों के साथ गांधी जी के प्रिय भजन वैष्णव जन ते तेणे कहिए और रघुपति राघव राजा राम सहित अनेक भजन प्रस्तुत किये।
इस अवसर पर राज्यपाल श्रीमती अनुसुईया उईके, विधानसभा अध्यक्ष डॉ चरणदास महंत, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल नेताप्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक और संसदीय कार्य मंत्री रविन्द्र चौबे सहित मंत्रीमंडल के सदस्यगण, सांसद और विधायकगण उपस्थित थे । राज्यपाल ने इस अवसर डॉ भारती बंधु को शाल और श्रीफ ल भेंट कर सम्मानित किया।
दिनेश सोनी-12.00
०००
राजनांदगांव। अतुल सिन्हा निवासी कौरीनभाठा दीनदयाल कालोनी हाजिर थाना आकर रिपोर्ट दर्ज कराया कि 15 सितंबर की रात्रि रीवागहन स्थित मिनवूल रॉक फाईबर्स लिमिटेड बंद फैक्टी से अज्ञात चोरों द्वारा सिलाई मशीन, आयरन बेंड पाईप 10 नग, आयरन स्पीनर टायर 3 नग, बैरिंग 10 नग, लोहा स्कैब करीबन 100 किग्रा को चोरी कर ले गये है। रिपोर्ट पर थाना लालबाग में अपराध क्रमांक 473/19 धारा 457, 380 भादंवि कायम कर विवेचना किया गया। मामले की पतासाजी हेतु पुलिस कप्तान कमलोचन कश्यप के मार्गदर्शन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यूबीएस चौहान के दिशा-निर्देश एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्याम सुंदर शर्मा के नेतृत्व में थाना प्रभारी लालबाग आशीर्वाद राहटगांवकर के साथ एक विशेष टीम गठित कर शीघ्र मामले का खुलासा करने हेतु निदेर्शित किया गया था। दौरान विवेचना जरिये मुखबीर सूचना मिली कि गांव के ही कुछ व्यक्तियों को अक्सर फैक्ट्री के आसपास संदिग्ध हालत में घुमते हुए देखा गया था, जिनकी भूमिका संदिग्ध लगने पर ग्राम रीवागहन के लेखराम उर्फ लाला देवांगन, टाकेश्वर विश्वकर्मा, नारायण यादव, दुर्गेश यादव सभी निवासी रीवागहन से पूछताछ किया गया। प्राथमिक पूछताछ पर गोल मोल जवाब देते रहे, किन्तु मनोवैज्ञानिक ढंग से पूछताछ करने पर चारों ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिल कर बंद पड़े फैक्ट्री से सिलाई मशीन एवं अन्य लोहे की सामग्री को चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों के निशानदेही पर 3 नग सिलाई मशीन, लोहे के बैंड पाईप, बैरिंग एवं अन्य लोहे की सामग्री जप्त किया गया। आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय से ज्यु. रिमांड पर जेल भेजा गया।
पीने के साफ पानी और प्राथमिक उपचार के भी प्रबंध
राजनांदगांव। शारदीय नवरात्रि के मौके पर डोंगरगढ़ के मां बम्लेश्वरी दर्शन के लिए आने-जाने वाले पदयात्रियों की सुविधा के लिए पदयात्री मार्ग में अंजोरा से लेकर डोंगरगांव तक 41 जगहों पर सेवा केन्द्र खोले गए हैं। सुविधा केन्द्रों में पदयात्रियों के लिए भोजन, नाश्ता, प्राथमिक उपचार और विश्राम के प्रबंध किए गए हैं। इन केन्द्रों में अस्थायी शौचालय भी बनाए गए हैं। पीने के साफ पानी की व्यवस्था की गई है। केन्द्रों में स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्वास्थ्य कर्मचारी और मितानिनों की ड्यूटी लगायी गई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम के पास प्राथमिक उपचार की व्यवस्था है। स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए डस्टबीन सभी इन सुविधा केन्द्रों में रखी गई है। सभी सेवा केन्द्रों में स्थानीय स्तर पर कोटवारों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं या सहायिकाओं की भी ड्यूटी लगाई गई है। पूरे पदयात्री मार्ग के लिए एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड की भी व्यवस्था है।
पदयात्री मार्ग में अंजोरा (बाईपास रोड), देवादा भाटिया पेट्रोल पंप, टेड़ेसरा, ईदांवनी रोड के पास, सोमनी, मनकी, संुदरा, सुंदरा, पार्रीनाला, अग्रवाल पेट्रोल पंप के पास, रायपुर नाका, टेलीफोन एक्सचेंज के पास राजनांदगांव, गौरीनगर मोड़ के पास देसाईबीड़ी, शिव मंदिर के पास रायपुर नाका जीई रोड राजनांदगांव, स्टेशन रोड राजनांदगांव, महारानी लक्ष्मी बाई स्कूल, महारानी लक्ष्मी बाई स्कूल, पुरानी सिविल लाईन अवंति बाई मूर्ति के सामने, बजरंग व्यायाम शाला के बगल राम मंदिर के पीछे, संगम चौक तुलसीपुर, नवागांव के आखरी छोर, बापूटोला, सुकुलदैहान, सुकुलदैहान के बाहर, टेकाहरदी, भानपुरी स्कूल, मुसराकला, मुसराकला, कुसमी शीतला मंदिर प्रांगण, मांडीतराई पंचायत भवन के पास, बेलगांव, ढारा, मोहारा (डोंगरगढ़), बोरतलाब, देवकट्टा, भवानी मंदिर चौक करेला, करेला, नंदई चौक, रानीतराई, सुरगी, छीरपानी प्रांगण डोंगरगढ़ में सेवा केन्द्र लगाए गए हैं।
डोंगरगढ़ मेले में दुकानों में पूजा सामग्री रेट की सूची लगा दी गई है। दुकानों में आग से सुरक्षा के उपकरण लगाए गए हैं। आटो चालकों को ड्रेस और आई कार्ड दिया गया है। आटो में गंतव्य स्थानों के संबंध में रेट लिस्ट लगाई गई है। आटो में लगाई गई रेट लिस्ट में पुलिस कंट्रोल रूम का नंबर 07744-286622 और संबंधित आटो चालक के मोबाईल नंबर अंकित किए गए हैं।
हसौद का मामला
हसौद। पत्नी के बीएड करने की जिद पर नाराज पति ने अपनी पत्नी को चाकू मारकर जख्मी करने वाला आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
हसौद निवासी तेजकुमार यादव पिता रोहित यादव पुणे की ओला कम्पनी में काम करता था। उसकी शादी तीन माह पहले खरौद निवासी पार्वती यादव से हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद तेज कुमार की पुणे में किसी युवती से प्रेम सम्बन्ध की जानकारी पार्वती को हुई , 19 जून को पार्वती के परिजन हसौद पहुंचे और कुछ दिनों के लिए खरौद लेकर आ गए। इसी दौरान पार्वती ने मोबाईल से तेजकुमार को बी एड की पढ़ाई करने की बात कही , इससे तेज कुमार यादव आक्रोशीत हो गये और दोनों के बीच विवाद हो गया। 12 जुलाई को तेजकुमार खरौद पहुँचा और पार्वती को अपने साथ लेकर हसौद वापस लौट आया , और बी एड की पढ़ाई को लेकर झगड़ा करने लगा। 18 जुलाई की रात पार्वती की सास , ससुर व अन्य परिजन खाना खाकर सो गए। रात लगभग 1 बजे पार्वती अपने कमरे में सोई थी। इसी दौरान तेजकुमार यादव चाकु लेकर उसके कमरे में पहुँचा और उस पर चाकू से पेट के पास प्रहार कर दिया। चाकू के प्रहार से पार्वती चीखने लगी और बिच बचाव करने लगी।जिससे उसके गर्दन ,पेट व सिर के पिछले हिस्से में भी चोटें आई थी। पार्वती की चीखने की आवज सुनकर सास , ससुर व ननद उसके कमरे के पास पहुंचे और दरवाजे खटखटाने लगे। दरवाजा खुलते ही उसका पति तेज कुमार यादव वहां से भाग निकला। घटना के बाद पार्वती को ससुराल वालों ने चाम्पा स्थित अस्पताल पहुंचाया , यहँ उसकी गंभीर हालत देखकर डाँक्टरों से उसे बिलासपुर रिफर कर दिया। पार्वती के स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद 8 अगस्त को हसौद थाना पहुंचकर इसकी सूचना हसौद पुलिस को दी। पुलिस ने प्राथियां की रिपोर्ट पर तेज कुमार यादव पिता रोहित कुमार यादव के खिलाफ भादवि की धारा 506 बी , 324 के तहत जुर्म दर्ज कर विवेचना में लिया था। डाँक्टरी रिपोर्ट के आधार पर आरोपित के खिलाफ 326 भी जोड़ा गया। आरोपित की तलाश जारी था इसी बीच आज आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे जेल भेजा गया।
चांपा के एक सवर्ण युवक ने सरकार के खिलाफ लगाई याचिका
जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन 50 प्रतिशत आरक्षण की तय सीमा के बावजूद बढ़ाकर 82 प्रतिशत करने पर हाईकोर्ट में जांजगीर चांपा निवासी वेद प्रकाश सिंह ठाकुर द्वारा लगाई गई याचिका के मामले में उच्च न्यायालय में आज की सुनवाई युगल पीठ मुख्य न्यायाधीश रामचंद्र मेमन एवं न्यायाधीश पीपी साहू ने की।
इसमें 82 फीसदी आरक्षण के विरोध में सुनवाई पूरी हुई। अंतरिम राहत पर न्यायाधीश ने फैसला सुरक्षित रखा है। छत्तीसगढ़ सरकार की तरफ से महाधिवक्ता के साथ विशेष विधिवेत्ता की टीम आज सरकार का पक्ष रखने के लिए उच्च न्यायालय में उपस्थित थी। यचिकाकर्ता वेदप्रकाश सिंह ठाकुर ने बताया कि जल्द ही उन्हें उच्च न्यायालय से न्याय की उमीद है। उनके अधिवक्ता अनीश तिवारी द्वारा 82 प्रतिशत आरक्षण के विरोध में दायर याचिका पर अपना पक्ष रखते हुए, सरकार द्वारा दिए गए दलीलों में महाजन कमेटी की रिपोर्ट के आंकड़ो एवं नक्सल प्रभावित क्षेत्रों आदि तर्को के आधार पर 82 प्रतिशत आरक्षण को सही साबित करने की कोशिश सरकार द्वारा की गई परंतु पक्षकार वकीलों के द्वारा उपरोक्त तर्को को संविधान सम्मत खारिज किया गया और अंततः उच्च न्यायालय ने सभी पक्षों को सुनते हुए अंतरिम राहत पर फैसला सुरक्षित रखा है। जल्द ही उच्च न्यायालय की ओर से सकारात्मक न्याय की उमीद है।
जांजगीर-चांपा। माहात्मा गांधी की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल बनारी जांजगीर के प्रांगण में विभिन्न कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विद्यालय के निदेशक आलोक अग्रवाल एवं प्राचार्या श्रीमती सोनाली सिंह एवं विद्यालय के शाला नायक व शाला नायिका द्वारा गांधीएवं लालबहादुर शास्त्री के तैल चित्र पर माल्यार्पणकर किया गया।
विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षिका सुश्री संध्या साहू के द्वारा रघुपति राघव राजाराम भजन प्रस्तुत किया गया। विद्यालय की शिक्षिका सुश्री प्रियंका शर्मा के द्वारा गांधी जी व लालबहादुर शास्त्री का जीवन परिचय देते हुए कुछ अनसुनी बातें जो शास्त्री जी के द्वारा किए गए कार्य के बारे में बाताया कि शास्त्री जी एक धर्मनिरपेक्ष, मजबूत, गौरवशाली भारत का सपना देखने वाले धरतीपुत्र लालबहादुर शास्त्री देश् का सबसे सरल, सबसे ईमानदार, सबसे कर्मठ, तेजस्वी माना जाता है। विद्यालय के निदेशक आलोक अग्रवाल के द्वारा कही गयी बातों को सराहा गया और छात्रों से गांधी जी व लालबहादुर शास्त्री जी के विषय संबंधित प्रश्न भी पूछें तथा छात्र-छात्राएं उत्साहपूर्वक प्रश्नों के उत्तर दिए। प्राचार्या श्रीमती सोनाली सिंह द्वारा समस्त छात्र-छात्राओं को बताया गया कि स्वस्थ शरीर में स्वस्थ्य मस्तिष्क का वास होता है। उन्होंने बताया कि गांधी जी के द्वारा ही स्वच्छता अभियान की शुरूआत की गई, जिसका पालन वर्तमान भारत मे किया जा रहा है।
स्वास्थ्य शिविर व भजन कार्यक्रम आयोजित
जांजगीर-चांपा। एक अक्टूबर अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर आज जिला मुख्यालय जांजगीर के बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल स्मृति भवन मंे सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में 98 वृद्धजनों का सम्मान शाल, श्रीफल व पुष्प माला से किया गया। समारोह स्थल पर आयुर्वेद विभाग द्वारा स्वास्थ शिविर आयोजित कर निःशुल्क औषधि का वितरण किया गया। दृष्टि एवं श्रवण बाधित विद्यालय पामगढ़ के विद्यार्थियों ने भजन प्रस्तुत किया।
समारोह की अघ्यक्ष एवं पेंशनर्स एसोसिएसन के मुख्य संरक्षक डॉ एचपी सराफ ने बताया कि वृद्धावस्था में शारीरिक व मानसिक कमजोरी का सामना करना पड़ता है। वृद्धावस्था में स्मृति क्षीण होना एक गंभीर बीमारी है। इससे बचने के लिए अपनी दिनचर्या, खान-पान व स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की आवश्यकता होती है। डॉ सराफ ने पालन पोषण अधिनियम के संबंध मंे भी चर्चा की। सिनियर सिटिजन एसोसिएशन के उपाध्यक्ष रामेश्वर गोपाल ने भरण पोषण तथा कल्याण अधिनियम एवं वित्तीय संरक्षण के संबंध मे चर्चा की। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों के पास अनुभव का भंडार होता है। उत्साह के साथ अपने अधिकारों व कर्त्तव्यों के प्रति सजग रहें। जांजगीर-नैला नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती मालती देवी रात्रे ने कहा कि वृद्धजनों के आशीर्वाद व मार्गदर्शन से ही समाज प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है। इनके संरक्षण से ही हम बेहतर कार्य कर रहे हैं। जिला पंचायत सीईओ तीर्थराज अग्रवाल, एडीएम श्रीमती लीना कोसम, सुखनाथ गढ़ेवाल जांजगीर-नैला नगर पालिका के उपाध्यक्ष आषुतोष गोस्वामी, बैरिस्टर अकादमी के अध्यक्ष देवेश सिंह ने वृद्धजन दिवस पर शुभकामनाएं दी। समाज कल्याण विभाग के उप संचालक टीपी भावे ने शासन की योजनाओं एवं भरण पोषण अधिनियम के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वृद्धजनों की संपत्ति का उपभोग करने वाले से अधिकतम 10 हजार रुपए तक का भरण पोषण प्राप्त किया जा सकता है। इसका कानूनी प्रावधान है। कानूनी संरक्षण प्रदान करने के लिए समिति का भी गठन किया गया है। कार्यक्रम का संचालन सतीश सिंह ने किया।
1 माह 11 दिन अधिक होने के बाद भी नही हुए कार्यमुक्त
शासकीय महाविद्यालय हसौद का मामला
हसौद। अधिकारीें-कर्मचारियों के हौंसलें इतने बुलंद है कि तबादला आदेश के बाद भी किसी न किसी बहाने से मलाईदार कुर्सियों पर जमे रहते हैं। ताजा उदाहरण शासकीय महाविद्यालय हसौद के प्रभारी प्राचार्य फूलदास महंत है।
उन्होंने शासन के आदेश को ठेंगा दिखाते हुए अभी तक ज्वाइन नहीं किया है। फूलदास महंत का ट्रांसफर 21 अगस्त 2019 को शासकीय महाविद्यालय जैजैपुर से शासकीय महाविद्यालय भैंसमा जिला कोरबा किया गया है। फूलदास महंत जैजैपुर प्राचार्य के साथ शासकीय महाविद्यालय हसौद और बिर्रा का भी प्रभारी प्रचार्य के पद पर जमे हुए हैं। जो की आज से 1 महीने 11 दिन बीत जाने के बाद भी उन्हें कार्यमुक्त नही किया गया है। आपको बता दें कि जिले के उच्च शिक्षा विभाग में दर्जन भर अधिकारी कर्मचारियोंका तबादला किया गया था, लेकिन ज्यादातर जगहों पर आदेश की धज्जियां उड़ाते हुए यथावत बने हुए हैं। उल्लेखनीय है कि उच्च शिक्षा विभाग ने यह स्पष्ट निर्देश जारी किया है कि ट्रान्सफर होने के बाद तत्काल कार्यमुक्त होना है। इसके बावजूद फूलदास महंत लगभग डेढ़ महीने बाद भी कुर्सी नही छोड़ रहे हैं। मजेदार बात यह है कि फूलदास महंत को ही जैजैपुर प्राचार्य के साथ हसौद और बिर्रा का भी प्रभारी प्राचार्य बना दिया गया है। सूत्रों के अनुसार सत्ता पक्ष के कुछ नेता भी इनको सहयोग कर रहे हैं। कार्यमुक्त नही होने पर उनकी कार्यशैली पर एक बार फिर सवाल उठना शुरू हो गया है। इस संबंध में फूलदास महन्त ने कहा कि इस संबंध में मुझे कुछ नही कहना है।
जानकारी ली जाएगी
इस संबध में मुझे जानकारी नही है। अतिशीघ्र जानकारी लेकर उचित कार्रवाई की जाएगी। नियमानुसार फूलदास महंत को अब तक कार्यमुक्त हो जाना था।
-डॉ.एसआर कमलेश, अपर संचालक उच्चशिक्षा विभाग बिलासपुर
रेलवे परिक्षेत्र की सड़क में एक से डेढ़ फीट का गड्ढा, एनओसी बगैर नहीं हो रही मरम्मत
आंदोलन के बाद स्थानीय प्रशासन और रेलवे बैठ गए शांत, आम लोगों की समस्या से नहीं सरोकार
चांपा। रेलवे डीआरएम का पुतला फंूकने के बाद भी अफसरों की नींद नहीं खुल रही है। यही वजह है कि रेलवे और प्रशासनिक अफसरों की उदासीनता सेे आगामी 10 अक्टूबर को रेल रोको आंदोलन करने शहरवासी अमादा है। क्योंकि जब एसडीएम के समक्ष रेलवे और चांपा बचाओ संघर्ष समिति व चेंबर्स के लोगों की बैठक हुई तो रेल अफसरों ने लिखित एनओसी का भरोसा दिलाया था लेकिन अब इस मामले में एसडीएम भी हाथ खड़ा कर रहे हैं।
चांपा में ओवरब्र्रिज का निर्माण जी का जंजाल बन गया है। बीते आठ सालों में ब्रिज का निर्माण पूरा नहीं हो सका। उपर से बिर्रा फाटक को पूरी तरह बंद कर आवागमन रोक दिया गया है, जिसके चलते आम जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। विशेषकर पीडब्ल्यूडी कार्यालय से लेकर अग्रसेन चौक तक की सड़क में एक से डेढ़ फीट के जानलेवा गड्ढे हो गए है, जिसे लांघकर आवाजाही करना खतरे से खाली नहीं है। यह क्षेत्र रेलवे के अधीन है, जिसके चलते स्थानीय प्रशासन बदहाल सड़क की सूरत नहीं बदल पा रहा है। एसडीएम बजरंग दुबे के समक्ष जब त्रिपक्षीय वार्ता हुई तब रेलवे अफसरों ने जर्जर सड़क का कायाकल्प कराने राज्य शासन को एनओसी देने और बंद बिर्रा फाटक में आवागमन के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने पर सहमति बनी थी। वहीं रेलवे अफसरों ने शीघ्र एनओसी देने का हवाला दिया था लेकिन अब तक एनओसी नहीं मिली है। खास बात यह है कि एसडीएम बजरंग दुबे भी इस मामले में हाथ खड़ा कर रहे हैं। ऐसे में आगामी 10 अक्टूबर को शहरवासी रेल रोको आंदोलन करने लामबंद है। चांपा बचाओ संघर्ष समिति के अजय बंसल का कहना है कि जब एसडीएम बजरंग दुबे समक्ष बैठक हुई तो रेलवे अफसरों ने जर्जर सड़क की दशा सुधारने राज्य सरकार को एनओसी देने की बात कही थी। आंदोलन स्थल में भी एनओसी देते हैं कहते रहे लेकिन उन्होंने एनओसी नहीं दी। आंदोलन किए हफ्ते भर हो गए फिर भी एनओसी का अता पता नहीं है। इधर शहरवासी बंद बिर्रा फाटक में वैकल्पिक आवागमन के लिए अपनी करोड़ों की भूमि मुफ्त में देने तैयार है फिर भी अफसरों का हीलाहवाला जारी है। ऐसे में 10 अक्टूबर को आंदोलन तय है। इस पूरे मामले में जब हमारे संवाददाता ने चांपा एसडीएम बजरंग दुबे से उनका पक्ष जानना चाहा तो उन्होंने भी कुछ भी कहने से मना कर दिया। इससे समझा जा सकता है कि इस गंभीर मामले में प्रशासन का रवैया क्या है।
सांसद भी बचते रहे
सांसद गुहाराम अजगले से जब इस समस्या के संबंध में बात की गई तो उनका कहना था कि हमनें जांजगीर और चांपा के निर्माणाधीन ब्रिज का मामला संसद में उठाया था। दोनों जगह का ब्रिज शीघ्र बन जाए इसके लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है। उनसे जब आगामी 10 अक्टूबर को रेल रोको आंदोलन में आपकी सहभागिता रहने का सवाल किया तो वो बगैर कुछ किए निकल गए।
----------------
जांजगीर-चांपा। शिक्षक दिवस पर गुरू का सभी गुणगान करते हैं लेकिन कुछ गुरू ऐसे है जो इस जमात को ही शर्मसार करने में जुटे हैं। आज हम एक ऐसे गुरू का जिक्र कर रहे हैं जिसने कक्षा सातवीं की एक छात्रा से से जो बदसलूकी की उसके लिए भगवान भी उसे माफ नहीं करेगा।
यह पूरा मामला मालखरौदा थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार शिक्षक श्यामलाल चंद्रा ने नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ की थी। मामले की जानकरी जब छात्रा ने अपने परिजनों को दी, तब उनका भी खून खौल गया। उन्होंने तत्काल मामले की रिपोर्ट मालखरौदा पुलिस को दी, तब पुलिस नेे आरोपी शिक्षक के खिलाफ धारा 354 और पास्को एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी। इसी बीच पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी शिक्षक बिलासपुर में छिपा है। ऐसे में मालखरौदा पुलिस ने आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।
रायपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150 वी जंयती को यादगार और खास बनाने के लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा 5 बड़ी नई योजनाओं की शुरूआत की जा रही है। ये योजनाएं प्रदेशवासियों के बेहतर पोषण और स्वास्थ्य की दिशा में मील का पत्थर साबित होंगी। प्रदेश में 2 अक्टूबर से मुख्यमंत्री सुपोषण अभियान, मुख्यमंत्री हाट बाजार क्लीनिक योजना, मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना, यूनिवर्सल पीडीएस स्कीम और मुख्यमंत्री वार्ड कार्यालय जैसी महती योजनाओं का शुभारंभ किया जा रहा है।
छत्तीसगढ़ में लगभग 40 प्रतिशत आबादी गरीबी रेखा के नीचे निवास करती है। इतनी बड़ी आबादी को स्वस्थ और निरोग रखने के लिए जरूरी है कि उन्हें भोजन में सभी प्रकार के पोषक तत्व मिले। सिर्फ सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत मिलने वाला चावल पर्याप्त नहीं है। पेट भर जाने से ही किसी का शारीरिक और मानसिक विकास भली भांति हो जाए यह संभव नहीं है।
राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वे के अनुसार आज छत्तीसगढ़ में पांच वर्ष से कम आयु के 37.6 प्रतिशत बच्चे कुपोषित हैं और 15 से 49 वर्ष की 41.5 प्रतिशत महिलाएं एनिमिया से पीड़ित हैं। विकास के मायने का लाभ तभी मिल सकेगा जब छत्तीसगढ़ के लोग शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ हों, उनका योगदान देश की अर्थ व्यवस्था में मिल सके। बस्तर सहित प्रदेश के वनांचल की कुछ ग्राम पंचायतों में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में सुपोषण अभियान बीते जून माह से प्रारंभ किया गया। जिसके तहत पंचायतों और महिला स्व-सहायता समूहों के माध्यम से कुपोषित बच्चों और एनीमिक महिलाओं को गर्म और पौष्टिक भोजन प्रतिदिन उपलब्ध कराया जा रहा है। इस पहल का बहुत ही अच्छा प्रतिसाद मिला जिसे देखते हुए राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती से पूरे प्रदेश में मुख्यमंत्री सुपोषण अभियान शुरू किया जा रहा है। इस अभियान के तहत आगामी तीन वर्ष में प्रदेश को कुपोषण और एनिमिया के कलंक से मुक्ति की रणनीति तैयार की गई है। इस रणनीति में 0 से 5 वर्ष के कुपोषित बच्चों और कुपोषण और एनिमिया से पीड़ित 15 से 49 वर्ष की महिलाओं को पंचायतों और महिला समूहों के माध्यम से पौष्टिक गर्म भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। इस अभियान में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाएगी ताकि यह अपने उद्देश्य में सफल हो सके।
प्रदेश के आदिवासी और वनांचल क्षेत्रों में अस्तपाल दूर होने के कारण लोगों को नियमित रूप स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया नही हो पा रही थी। ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों का हाट-बाजारोें में आना जाना लगा रहता है। इसे देखते हुए राज्य सरकार ने यह निर्णय लिया कि हाट-बाजारों में ही मेडिकल टीम भेजकर लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया करायी जाए। मुख्यमंत्री हाट बाजार क्लीनिक योजना को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में बीते जून माह से बस्तर और वनांचल के जिलों में लगने वाले स्थानीय हाट-बाजारों में प्रारंभ किया गया। यहां स्वास्थ्य विभाग की मोबाइल टीम, चिकित्सकों और आवश्यक उपकरणों सहित पहुँचकर न केवल लोगों का ईलाज कर रही हैं बल्कि रक्त परीक्षण सहित अन्य पैथोलाॅजी जांच भी मौके पर करके लोगों को निःशुल्क दवा प्रदान किया जा रहा है। इस योजना का प्रदेश के वनांचल और दूरस्थ क्षेत्रों में अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। साप्ताहिक हाट बाजारों में दी जा रही इलाज की सुविधा से इन क्षेत्रों में 5 से 10 गुना ओ.पी.डी. बढ़ गई है। इसे देखते हुए राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की 150 वीं जयंती आगामी 2 अक्टूबर से इस योजना को पूरे प्रदेश में लागू किया जा रहा है।
छत्तीसगढ़ के वनांचलों और दूरस्थ इलाकों के हाट-बाजारों में मोबाइल मेडिकल टीम द्वारा किए जा रहे इलाज के अच्छे परिणाम को देखते हुए छत्तीसगढ़ सरकार ने इसे शहरी स्लम क्षेत्रों में भी शुरू करने जा रही है। प्रदेश के 13 नगर निगमों के स्लम क्षेत्रों में सप्ताह में एक दिन सवेरे 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक मोबाइल मेडिकल टीम मौजूद रहकर लोगों का इलाज करेंगी। मोबाइल मेडिकल यूनिट द्वारा कुछ जरूरी जांच के साथ ही निःशुल्क दवाईयां भी दी जाएंगी। गांधी जयंती पर आगामी 2 अक्टूबर से मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना का शुभारंभ किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि प्रदेश के 13 नगर निगमों में करीब एक लाख 71 हजार परिवार स्लम क्षेत्रों में रहते हैं। इन परिवारों के लगभग 7 लाख 80 हजार लोगों के उपचार की सुदृढ़ व्यवस्था के लिए सरकार मौजूदा स्वास्थ्य सेवाओं के साथ ही मोबाइल मेडिकल टीम उपलब्ध करा रही है।
राज्य के सभी परिवारों को खाद्य सुरक्षा उपलब्ध कराने हेतु सार्वभौम पीडीएस का शुभारंभ प्रदेश में गांधी जयंती से हो रहा है। सार्वभौम पीडीएस के अंतर्गत प्राथमिकता राशनकार्डों में खाद्यान्न पात्रता में वृद्धि के साथ-साथ अब राज्य सरकार द्वारा बीपीएल के साथ-साथ एपीएल परिवारों को भी खाद्यान्न प्रदाय किया जाएगा। सार्वभौम पीडीएस स्कीम में प्राथमिकता राशनकार्डो की खाद्यान्न की पात्रता में वृद्धि की गई है जिसके तहत एक सदस्यीय परिवार के लिए 10 किलो, 2 सदस्यीय परिवार के लिए 20 किलो, 3 से 5 सदस्यीय परिवार के लिए 35 किलो तथा 5 से अधिक सदस्य वाले परिवार के लिए 7 किलो प्रति सदस्य प्रतिमाह चावल एक रूपए प्रति किलो की दर से प्रदाय किया जाएगा। प्राथमिकता परिवारों की पात्रता में वृद्धि से खाद्यान्न आबंटन में लगभग 22 हजार टन की वृद्धि हुई है। सार्वभौम पीडीएस कें अंतर्गत सामान्य परिवारों (आयकरदाता एवं गैर आयकरदाता) को भी शामिल किया गया है। सामान्य राशनकार्डो में खाद्यान्न की पात्रता – एक सदस्यीय परिवार के लिए 10 किलो, 2 सदस्यीय परिवार के लिए 20 किलो, 3 या 3 से अधिक सदस्यीय परिवार के लिए 35 किलो खाद्यान्न 10 रूपए प्रतिकिलो प्रतिमाह की दर से प्रदाय किया जाएगा। चना व नमक के वितरण के साथ ही शहरी गरीबों को मिट्टी तेल प्रदाय किया जाएगा।
नागरिक सेवाओं की तत्काल उपलब्धता और लोगों को उनकी मांगों के अनुरूप सुविधाएं मुहैया कराने के लिए शहरों में मुख्यमंत्री वार्ड कार्यालय शुरू किये जा रहे है। गांधी जयंती पर पहले चरण में प्रदेश के 13 नगर निगमो में ये कार्यालय काम करना शुरू कर देंगे। इन कार्यालयों के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण, स्ट्रीट लाइट, सड़क रखरखाव, नालियों की सफाई और जल आपूर्ति संबंधी शिकायतों का समय-सीमा में निराकरण किया जाएगा। इन कार्यालयों में लोगों को नवीन व्यापार लाइसेंस, लाइसेंस नवीनीकरण, संपत्ति कर, जल कर, समेकित कर के भुगतान और सामुदायिक भवन के आरक्षण जैसी नागरिक सुविधाएं भी मिलेंगी। तीन लाख से अधिक आबादी वाले नगर निगमों में दो वार्डों के लिए एक कार्यालय और दो से तीन लाख की आबादी वाले नगर निगमों में तीन वार्डों के लिए एक मुख्यमंत्री वार्ड कार्यालय खोले जाएंगे। इन कार्यालयों में निर्धारित तिथियों में सवेरे नौ बजे से दोपहर एक बजे तक निगम के लोक निर्माण, राजस्व, बाजार और स्वास्थ्य शाखा के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहकर लोगों की शिकायतों और जरूरतों का यथासंभव मौके पर ही निराकरण करेंगे।
छत्तीसगढ़ के कवर्धा में पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ में एक महिला नक्सली को मार गिराया गया है।
मौके से महिला नक्सली को बरामद किया गया है, साथ ही भारी मात्रा में नक्सल साहित्य भी जब्त किया गया है।