ईश्वर दुबे
संपादक - न्यूज़ क्रिएशन
+91 98278-13148
newscreation2017@gmail.com
Shop No f188 first floor akash ganga press complex
Bhilai
केंद्रीय रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह का आगमन भी प्रस्तावित
मुख्यमंत्री डॉ. यादव से वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों ने भेंट कर दी तैयारियों की जानकारी
प्रधानमंत्री श्री मोदी ने लोकतंत्र को गौरवान्वित करते हुए सार्वजनिक जीवन जिया है
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत राज्य स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता के विजेताओं को किया सम्मानित
प्रदेश में 41 हजार से अधिक विद्यालयों के 50 लाख विद्यार्थियों ने की सहभागिता
स्कूल, जिला और प्रदेश स्तर पर हुईं थी प्रतियोगिताएं
मॉडल स्कूल भोपाल में हुआ राज्य स्तरीय कार्यक्रम
राज्यपाल ने किया राष्ट्रीय संगोष्ठी नाड़ी विश्लेषण- 2026 का शुभारंभ
रायपुर. अक्टूबर 2026. प्रशासनिक कसावट और कार्यों में तेजी लाने लोक निर्माण विभाग द्वारा 265 अधिकारियों-कर्मचारियों के तबादले किए गए हैं। इनमें 142 सहायक अभियंता (सिविल), 22 सहायक अभियंता (वि/यां), 71 सहायक मानचित्रकार (सिविल), 10 अनुरेखक (सिविल) और 20 डॉटा एंट्री ऑपरेटर शामिल हैं।
पर्यटन मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने दीप प्रज्वलित कर दिया डिजिटल सशक्तिकरण का संदेश
रंगों और दीपों में दिखी डिजिटल भारत की तस्वीर, कनेक्टिविटी से ई-गवर्नेंस और पर्यावरण संरक्षण तक का संदेश
रायपुर, अक्टूबर 2026/ सेवा संकल्प अभियान के तहत जशपुर के रणजीता स्टेडियम में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के डिजिटल इंडिया के विजन को आकर्षक रंगोली के माध्यम से साकार किया गया। रंगों और रचनात्मकता के अनूठे संगम से तैयार इस विशाल रंगोली में डिजिटल तकनीक के जरिए सशक्त, आत्मनिर्भर और आधुनिक भारत की परिकल्पना को कलात्मक रूप से उकेरा गया। डिजिटल कनेक्टिविटी और ई-गवर्नेंस के साथ ही भारतीय संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास का संदेश भी रंगोली का विशेष आकर्षण रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने रणजीता स्टेडियम पहुंचकर रंगोली का अवलोकन किया और इसके चारों ओर दीप प्रज्वलित कर अपनी सहभागिता निभाई। दीपों की रोशनी से जगमगाती रंगोली ने डिजिटल भारत की बदलती तस्वीर को और आकर्षक बना दिया। इस अवसर पर विधायक श्रीमती रायमुनी भगत भी उपस्थित रहीं।
पर्यटन मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डिजिटल इंडिया ने देश में विकास और सुशासन को नई गति दी है। तकनीक के विस्तार से आज शासन की सेवाएं नागरिकों की पहुंच में आई हैं और शिक्षा, स्वास्थ्य, बैंकिंग सहित अनेक क्षेत्रों में सुविधाएं अधिक सहज और सुलभ हुई हैं। उन्होंने कहा कि डिजिटल कनेक्टिविटी केवल तकनीकी प्रगति का माध्यम नहीं, बल्कि देश के अंतिम व्यक्ति को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की एक सशक्त कड़ी है। प्रधानमंत्री श्री मोदी का डिजिटल इंडिया का विजन आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
रंगोली में दिखी डिजिटल भारत की पूरी तस्वीर
रंगोली के मध्य में ‘डिजिटल इंडिया’ का संदेश प्रमुखता से उकेरा गया। इसके ऊपर बनाया गया वाई-फाई का प्रतीक देश में बढ़ती डिजिटल कनेक्टिविटी और इंटरनेट की पहुंच को प्रदर्शित करता है। कंप्यूटर और क्लाउड तकनीक के चित्रों के माध्यम से डिजिटल सेवाओं, ऑनलाइन जानकारी और आधुनिक तकनीकी संसाधनों को दर्शाया गया, जबकि मोबाइल फोन और सरकारी भवन के चित्रों ने ई-गवर्नेंस तथा नागरिकों तक डिजिटल माध्यम से पहुंचती शासकीय सेवाओं की तस्वीर प्रस्तुत की।
रंगोली में भारत के मानचित्र को दोनों हाथों से थामे हुए चित्र के माध्यम से तकनीक से सशक्त होते भारत और प्रत्येक नागरिक को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की भावना को अभिव्यक्त किया गया। मानचित्र के भीतर विभिन्न रंगों में बनाई गई डिजिटल लाइनें देश के अलग-अलग हिस्सों को तकनीक और संचार के माध्यम से आपस में जोड़ने का प्रतीक बनीं।
इसके साथ ही हरी पत्तियों और पौधे की आकृति के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि आधुनिक विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास भी उतना ही महत्वपूर्ण है।
‘कनेक्टेड इंडिया, स्ट्रॉन्गर इंडिया’ का दिया संदेश
रंगोली के नीचे अंकित ‘कनेक्टेड इंडिया, स्ट्रॉन्गर इंडिया’ का संदेश डिजिटल रूप से जुड़े नागरिकों के माध्यम से सशक्त भारत के निर्माण की परिकल्पना को सामने लाया। रंगोली के चारों ओर प्रज्वलित दीप भारतीय संस्कृति, ज्ञान, प्रकाश और सकारात्मकता के प्रतीक बने। रंगों और दीपों के इस अनूठे संगम ने डिजिटल जागरूकता की रोशनी से डिजिटल दूरी को कम कर नए अवसरों की ओर आगे बढ़ने का संदेश दिया।
रणजीता स्टेडियम में तैयार इस रंगोली के माध्यम से डिजिटल कनेक्टिविटी, तकनीकी सशक्तिकरण, ई-गवर्नेंस, सुशासन, पर्यावरण संरक्षण और आत्मनिर्भर भारत की अवधारणा को एक ही कलाकृति में प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्री अरविंद भगत, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री गंगाराम भगत, कलेक्टर श्री रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक कुमार सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
अब तक किसानों को 13.40 लाख मीट्रिक टन उर्वरकों का वितरण
रायपुर, अक्टूबर 2026/ प्रदेश में खेतों में बोनी का कार्य लगभग अंतिम चरण पर है। 6 अक्टूबर की स्थिति में राज्य के 48.62 लाख हेक्टेयर क्षेत्रों में लक्ष्य का शत्-प्रतिशत बोनी पूर्ण हो चुकी है। इस खरीफ सीजन में 48.69 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में बोनी का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के निर्देश किसानों को सुगमता से मिले खाद-बीज मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने किसानों को खेती-किसानी में सहुलियतें प्रदान करने के लिए सभी आवश्यक सहयोग करने संबंधित अधिकारियों निर्देशित किए गए हैं। उन्होंने किसानों को उनकी मांग के अनुसार सुगमता के साथ प्रमाणित खाद-बीज का वितरण करने को कहा हैं। खाद-बीज वितरण व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर कड़ी कार्यवाही करने के भी निर्देश दिए हैं। साथ ही सोसायटियों में पर्याप्त खाद-बीज का भण्डारण कर सतत निगरानी करने को कहा गया है। कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री श्री रामविचार नेताम के मार्गदर्शन में कृषि विभाग के अधिकारियों द्वारा इन पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है।
किसानों को 13.40 लाख मीट्रिक टन खाद और 4.62 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज वितरित
कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश के किसानों को अब तक 13.40 लाख मीट्रिक टन खाद और 4.62 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज का वितरण किया जा चुका है। कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश में मानसून के साथ शुरू हुए खेती-किसानी में बोनी का रकबा भी निरंतर बढ़ते जा रहा है। खेती का प्रारंभिक कार्य लगभग अंतिम चरण में है। राज्य में अब तक 48.62 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में विभिन्न फसलों जैसे धान, मक्का, कोदो, कुटकी, अरहर, मूंग, मूंगफली, रामतिल आदि की बोनी हो चुकी है, जो लक्ष्य का शत्-प्रतिशत है। इस खरीफ सीजन में राज्य सरकार ने 48.69 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में बोनी का लक्ष्य रखा है।
प्रदेश में इस खरीफ सीजन में 15.55 लाख मीट्रिक टन उर्वरक वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उक्त लक्ष्य के विरूद्ध 18.02 लाख मीट्रिक टन उर्वरकों का सहकारी एवं निजी क्षेत्रों में भंडारण किया गया है। जो चालू खरीफ सीजन के लिए निर्धारित लक्ष्य से अधिक है। उक्त भंडारण के विरूद्ध राज्य के किसानों को 13.40 लाख मीट्रिक टन उर्वरकों का वितरण किया जा चुका है।
इसी प्रकार खरीफ सीजन 2026 के लिए बीज निगम द्वारा प्रदेश में 4.95 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज वितरण का लक्ष्य रखा गया है, जिसके विरूद्ध 4.80 लाख क्विंटल बीज का भंडारण कर अब तक 4.62 लाख क्विंटल बीज का वितरण किसानों को किया जा चुका है।
प्रदेश में अब तक 1155.2 मि.मी. औसत वर्षा दर्जः राज्य की औसत वार्षिक वर्षा 1246.3 मि.मी.
अधिकारियों ने बताया कि 06 अक्टूबर सुबह तक की स्थिति में प्रदेश में अब तक 1155.2 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज की गई है, जबकि प्रदेश की औसत वार्षिक वर्षा 1246.3 मिमी है। गौरतलब है कि औसत दर्ज वर्षा आज तक की औसत वर्षा पिछले 10 वर्षाे के आधार पर 1139.9 मि.मी. से 15.3 मिली मीटर अधिक है।
जरूरतमंद किसानों को 8178.54 करोड़ रूपये का निःशुल्क अल्पकालीन कृषि ऋण
कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि राज्य सरकार किसानों को खेती-किसानी में सहूलियत हो इस उद्देश्य से किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से अल्प कालीन कृषि ऋण उपलब्ध करा रहे है। चालू खरीफ सीजन 2026 के लिए 5 अक्टूबर की स्थिति में 8178.54 करोड़ रूपए का ऋण वितरण किया है, जबकि गत वर्ष इसी अवधि में 6938.10 करोड़ रूपए का ऋण वितरण किया गया था। इस वर्ष किसानों को 8800 करोड़ रूपए ऋण वितरण किये जाने का लक्ष्य रखा गया है।
वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी की पहल से अग्रसेन चौक से आरपीएफ पोस्ट होते हुए सीधे रेलवे स्टेशन तक बनेगा नया मार्ग
करीब 500 मीटर घटेगी दूरी, व्यस्त समय में लगभग 10 मिनट की होगी बचत
सुभाष चौक, रामनिवास टॉकीज और गांधी पुतला क्षेत्र में कम होगा यातायात का दबाव
रायगढ़, अक्टूबर 2026/ रायगढ़ शहर में रेलवे स्टेशन तक आवागमन को आसान बनाने और प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव कम करने की दिशा में नई सड़क की सौगात मिलने जा रही है। वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी. चौधरी की पहल से अग्रसेन चौक से आरपीएफ पोस्ट होते हुए सीधे रेलवे स्टेशन तक नया सड़क मार्ग विकसित किया जा रहा है। इस वैकल्पिक मार्ग के तैयार होने से रेलवे स्टेशन की दूरी करीब 500 मीटर कम होने के साथ व्यस्त समय में यात्रियों के लगभग 10 मिनट तक बचने की उम्मीद है।
कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने आज प्रस्तावित सड़क निर्माण स्थल का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति एवं आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य निर्धारित मापदंडों के अनुरूप गुणवत्ता के साथ तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए।
रेलवे स्टेशन के लिए मिलेगा सीधा और सुविधाजनक वैकल्पिक मार्ग
प्रस्तावित सड़क अग्रसेन चौक से आरपीएफ पोस्ट होते हुए सीधे रेलवे स्टेशन तक पहुंचेगी। वर्तमान में चक्रधर नगर चौक सहित शहर के विभिन्न हिस्सों से रेलवे स्टेशन जाने वाला यातायात अग्रसेन चौक के बाद रामनिवास टॉकीज, सुभाष चौक और स्टेशन चौक की ओर जाता है। व्यस्त समय में इस मार्ग पर वाहनों का दबाव बढ़ने से लोगों को आवागमन में परेशानी होती है।
नई सड़क बनने के बाद रेलवे स्टेशन जाने वाले यातायात के बड़े हिस्से को वैकल्पिक मार्ग पर डायवर्ट किया जा सकेगा। इससे सुभाष चौक, रामनिवास टॉकीज और गांधी पुतला क्षेत्र में यातायात का दबाव कम होने के साथ शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को भी राहत मिलेगी।
करीब 500 मीटर कम होगी दूरी, यात्रियों का बचेगा समय
नगर निगम आयुक्त श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय ने बताया कि नए मार्ग से रेलवे स्टेशन पहुंचने की दूरी वर्तमान मार्ग की तुलना में करीब 500 मीटर कम हो जाएगी। व्यस्त समय में लगभग 10 मिनट तक समय की बचत होने की उम्मीद है। इससे विशेष रूप से ट्रेन पकड़ने के लिए स्टेशन जाने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी।
कलेक्टर श्री चतुर्वेदी ने कहा कि शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए वैकल्पिक मार्गों का विकास जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को सड़क निर्माण से जुड़े कार्य प्राथमिकता से पूरा करने और निर्माण के दौरान नागरिकों की सुविधा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यो में तेजी लाने और 15 दिनों में कमियां दूर करने के दिए निर्देश
कार्यों की प्रगति और निर्माण की गुणवत्ता का लिया जायजा
12 मार्गों पर दौड़ेंगी 50 वातानुकूलित ई-बसें
रायपुर. अक्टूबर 2026. नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव श्री सोनमणि बोरा ने आज बिलासपुर के सकरी में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत निर्मित आवासों और कोनी में पीएम ई-बस सेवा के लिए निर्माणाधीन टर्मिनल एवं चार्जिंग स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने दोनों परियोजनाओं की प्रगति एवं निर्माण की गुणवत्ता का जायजा लिया और अधिकारियों को कमियां दूर कर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। सूडा के सीईओ श्री सुमित अग्रवाल और बिलासपुर नगर निगम के आयुक्त श्री प्रकाश कुमार सर्वे सहित निगम के वरिष्ठ अधिकारी भी निरीक्षण के दौरान मौजूद थे।
प्रमुख सचिव श्री बोरा ने सकरी में प्रधानमंत्री आवास योजना के एएचपी घटक के तहत बनाए गए आवासों के निरीक्षण के दौरान फ्लोर पर टाइल्स नहीं लगे होने और फिनिशिंग कार्य अधूरा मिलने पर नाराजगी जताई। उन्होंने नगर निगम के इंजीनियरों तथा निर्माण एजेंसीज को कमियों में तत्काल सुधार करते हुए फिनिशिंग कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने किचन और प्लेटफॉर्म के आकार को लेकर भी अधिकारियों से सवाल-जवाब किए तथा निर्माण में उपयोग की गई सामग्री एवं अब तक हुए कार्यों की जानकारी ली।
श्री बोरा ने आवासीय परिसर में बाउंड्रीवाल निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने परिसर में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था करने, लोगों के बैठने के लिए कुर्सियां लगाने और बच्चों के लिए खेल क्षेत्र विकसित करने को कहा। प्रमुख सचिव ने शेष कार्यों में तेजी लाने के निर्देश देते हुए 15 दिनों बाद प्रगति की पुनः समीक्षा करने की बात कही। सकरी में करीब 11 करोड़ 75 लाख रुपए की लागत से 261 आवास तैयार किए गए हैं, जिनमें अंतिम चरण के फिनिशिंग कार्य शेष हैं।
प्रमुख सचिव श्री बोरा ने कोनी स्थित सिटी बस डिपो पहुंचकर पीएम ई-बस सेवा के तहत निर्माणाधीन टर्मिनल कॉम्प्लेक्स, सब-स्टेशन एवं चार्जिंग स्टेशन का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने बसों के लिए बनाए गए स्टॉप को व्यवस्थित करने और वहां डिस्प्ले बोर्ड लगाने के निर्देश दिए, ताकि यात्रियों को बसों के समय एवं आवागमन की जानकारी आसानी से मिल सके।
पीएम ई-बस सेवा के तहत बिलासपुर में 50 वातानुकूलित इलेक्ट्रिक बसें संचालित की जाएंगी। इनमें 9 मीटर की 35 और 7 मीटर की 15 बसें शामिल हैं। इन बसों का संचालन शहर के 12 मार्गों पर किया जाएगा। मार्ग निर्धारण में स्कूल, कॉलेज, औद्योगिक एवं व्यावसायिक क्षेत्र, पर्यटन स्थल तथा उच्च न्यायालय तक आवागमन की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।
ई-बसों के संचालन के लिए कोनी स्थित सिटी बस डिपो में टर्मिनल कॉम्प्लेक्स, सब-स्टेशन एवं चार्जिंग स्टेशन के निर्माण के लिए 11 करोड़ 45 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं। इसमें सिविल अधोसंरचना निर्माण के लिए 8 करोड़ 37 लाख रुपए, सब-स्टेशन के लिए 1 करोड़ 59 लाख रुपए तथा उच्च दाब विद्युत कनेक्शन के लिए 1 करोड़ 49 लाख रुपए का प्रावधान है। वर्तमान में सिविल अधोसंरचना निर्माण का लगभग 70 प्रतिशत और सब-स्टेशन निर्माण का 80 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। उच्च दाब विद्युत कनेक्शन के लिए आवश्यक अधोसंरचना का निर्माण सीएसपीडीसीएल द्वारा किया जाएगा। यात्रियों की सुविधा के लिए टर्मिनल कॉम्प्लेक्स में कैफेटेरिया एवं रैनबसेरा विकसित करने की भी योजना है।
सिंगापुर यात्रा में छत्तीसगढ़ को मिले ₹43,600 करोड़ के एफडीआई निवेश प्रस्ताव
उद्योगों की जरूरत के मुताबिक युवाओं को तैयार करने ITE Education Services के साथ समझौता
Valency International छत्तीसगढ़ में बनाएगी एग्रो एवं फूड प्रोसेसिंग और एक्सपोर्ट हब
रायपुर अक्टूबर 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की सिंगापुर यात्रा के अंतिम दिन छत्तीसगढ़ ने कौशल विकास और निवेश के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल कीं। प्रदेश के युवाओं को उद्योगों की जरूरत के अनुरूप प्रशिक्षण देने के लिए सिंगापुर की ITE Education Services के साथ एमओयू किया गया। वहीं एग्रो एवं फूड प्रोसेसिंग के क्षेत्र में ₹350 करोड़ का नया निवेश प्रस्ताव भी मिला। इसके साथ ही सिंगापुर यात्रा में छत्तीसगढ़ को मिले एफडीआई निवेश प्रस्तावों की राशि बढ़कर ₹43,600 करोड़ हो गई है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने सिंगापुर के विदेश मंत्री डॉ. विवियन बालाकृष्णन से भी मुलाकात की। इसके अलावा दुनिया की प्रमुख कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ निवेश और साझेदारी की संभावनाओं पर चर्चा हुई।
छत्तीसगढ़ ने विदेश मंत्रालय, भारत सरकार के नामांकन पर पहले Singapore-India Network for Growth (SING) Forum 2026 में भाग लिया है।
युवाओं को रोजगार से जोड़ने वाली स्किलिंग पर जोर
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में छत्तीसगढ़ सरकार और ITE Education Services, Singapore के बीच तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा और प्रशिक्षण के लिए एमओयू हुआ। मुख्यमंत्री और प्रतिनिधिमंडल ने ITE कॉलेज का भ्रमण कर वहां के उद्योग आधारित प्रशिक्षण मॉडल को भी समझा।
सिंगापुर में Cisco, BYD और Singapore Airlines जैसी बड़ी कंपनियां ITE कॉलेजों के साथ मिलकर पाठ्यक्रम तैयार करने, प्रशिक्षण देने और जरूरी उपकरण उपलब्ध कराने में सहयोग करती हैं। इसी अनुभव का लाभ छत्तीसगढ़ में भी लिया जाएगा। इससे उद्योगों की जरूरत के मुताबिक पाठ्यक्रम तैयार करने, प्रशिक्षकों को बेहतर प्रशिक्षण देने और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार करने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि “निवेश से उद्योग आते हैं और कुशल युवा उन उद्योगों की ताकत बनते हैं। सिंगापुर ने कौशल विकास का एक सफल मॉडल तैयार किया है। हम चाहते हैं कि छत्तीसगढ़ के युवाओं को भी उद्योगों की जरूरत के मुताबिक आधुनिक प्रशिक्षण मिले और वे अपने प्रदेश में ही बेहतर करियर बना सकें। प्रदेश में आने वाले उद्योगों को उनकी जरूरत के अनुसार कुशल युवा यहीं मिलें।”
किसानों की उपज को मिलेगा बड़ा बाजार
मुख्यमंत्री श्री साय ने सिंगापुर की Valency International Pte Ltd को छत्तीसगढ़ में ₹350 करोड़ के निवेश का आमंत्रण दिया। 22 देशों में कारोबार करने वाली यह कंपनी प्रदेश में इंटीग्रेटेड एग्रो एवं फूड प्रोसेसिंग और एक्सपोर्ट हब स्थापित करेगी।
इस हब में काजू, तिल, दलहन और मूंगफली की प्रोसेसिंग की जाएगी। इससे किसानों की उपज का प्रदेश में ही मूल्य संवर्धन होगा, उन्हें नए बाजार मिलेंगे और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
सिंगापुर के विदेश मंत्री से हुई मुलाकात
मुख्यमंत्री श्री साय ने सिंगापुर के विदेश मंत्री डॉ. विवियन बालाकृष्णन से मुलाकात की। दोनों के बीच छत्तीसगढ़ और सिंगापुर के बीच निवेश, कौशल विकास, शहरी नियोजन और तकनीक के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई। सिंगापुर के अनुभव और विशेषज्ञता का लाभ छत्तीसगढ़ के विकास में किस तरह लिया जा सकता है, इस पर भी विचार-विमर्श हुआ।
15 से अधिक वैश्विक कंपनियों के साथ निवेश पर चर्चा
सीईओ राउंडटेबल में मुख्यमंत्री श्री साय ने 15 से अधिक वैश्विक कंपनियों के प्रतिनिधियों से संवाद किया। इनमें TCS, SMBC, Tolaram Group, Agrocorp, Indian Ocean Group और Blue Aqua शामिल थे।
मुख्यमंत्री ने उन्हें छत्तीसगढ़ की निवेश-अनुकूल नीतियों, सुधारों और बेहतर कारोबारी वातावरण की जानकारी दी। बैठक में टेक्नोलॉजी, बैंकिंग, एग्रीबिजनेस, एक्वाकल्चर और फूड सेक्टर में निवेश और साझेदारी की संभावनाओं पर चर्चा हुई।
लेखक - ओम प्रकाश डहरिया
सहायक जनसंपर्क अधिकारी
रायपुर, 6अक्टूबर 202
सेवा जब संकल्प बनती है, संकल्प जब समर्पण में बदलता है और समर्पण जब राष्ट्र निर्माण का आधार बनता है, तब एक ऐसी यात्रा प्रारंभ होती है, जो केवल किसी व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे देश की आकांक्षाओं और भविष्य की यात्रा बन जाती है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने का अवसर इसी भाव को अभिव्यक्त करता है। जनसेवा, सुशासन और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए तय की गई इस यात्रा के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने तथा विकसित भारत के संकल्प को जन-जन से जोड़ने के उद्देश्य से देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। इसी अभियान की एक प्रेरक पहल ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ है, जो गांव, जिला और राज्य स्तर पर सेवा, समर्पण, निष्ठा और राष्ट्र संकल्प की भावना को आगे बढ़ा रही है।
7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में श्री नरेंद्र मोदी ने शासन की जिम्मेदारी संभाली थी। वहां से प्रारंभ हुई उनकी शासन और जनसेवा की यात्रा ने 7 अक्टूबर 2026 को 25 वर्ष का महत्वपूर्ण पड़ाव पूरा किया है। इन ढाई दशकों में शासन के केंद्र में गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्ग को रखते हुए विकास को जनभागीदारी से जोड़ने का प्रयास प्रमुखता से सामने आया है। प्रधानमंत्री के रूप में ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ का मंत्र इसी सोच को व्यापक स्वरूप देता है। आज विकसित भारत-2047 का संकल्प इसी जनभागीदारी को राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति मानकर आगे बढ़ने का आह्वान करता है।
‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ अपने आप में भारतीय संस्कृति और राष्ट्रभावना का सुंदर संगम है। ज्योति हमारी परंपरा में प्रकाश, ज्ञान, आशा और सकारात्मक ऊर्जा की प्रतीक है, जबकि कलश मंगल, पवित्रता और शुभ संकल्प का प्रतीक माना जाता है। जब यही ज्योति और कलश सेवा के भाव से जुड़ते हैं, तब वे राष्ट्र निर्माण के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता का संदेश देते हैं। यह यात्रा प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा काल के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ प्रत्येक नागरिक को यह स्मरण कराने का अवसर भी है कि विकसित भारत का लक्ष्य केवल सरकार का लक्ष्य नहीं, बल्कि प्रत्येक भारतीय का साझा संकल्प है।
भारत जब वर्ष 2047 में स्वतंत्रता के 100 वर्ष पूर्ण करेगा, तब हमारा देश कैसा होगा, इसका निर्धारण आज लिए जा रहे संकल्पों और किए जा रहे प्रयासों से होगा। विकसित भारत का अर्थ केवल बड़ी अर्थव्यवस्था, आधुनिक शहर, बेहतर सड़कें, उद्योग अथवा अत्याधुनिक तकनीक तक सीमित नहीं है। विकसित भारत वह होगा, जहां किसान समृद्ध हो, महिलाएं आत्मनिर्भर हों, युवाओं के सपनों को अवसर मिले, गरीबों को आगे बढ़ने की शक्ति मिले, बच्चों को बेहतर शिक्षा और पोषण मिले तथा समाज का अंतिम व्यक्ति भी विकास की मुख्यधारा में सम्मान के साथ सहभागी बने।
यही कारण है कि सेवा संकल्प अभियान का वास्तविक महत्व जनभागीदारी में निहित है। गांव से शहर तक जब नागरिक सेवा के किसी छोटे से कार्य को भी अपने कर्तव्य से जोड़ते हैं, तो वही छोटा प्रयास राष्ट्र निर्माण की बड़ी शक्ति बन जाता है। स्वच्छता के लिए श्रमदान, पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधरोपण, जरूरतमंदों की सहायता, रक्तदान, जल संरक्षण, बेटियों की शिक्षा, माताओं और बच्चों के सुपोषण के लिए जागरूकता अथवा स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देना—ऐसे अनेक कार्य विकसित भारत की बुनियाद को मजबूत कर सकते हैं। राष्ट्र की प्रगति केवल नीतियों से नहीं, बल्कि नागरिकों की जिम्मेदार भागीदारी से गति प्राप्त करती है।
‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ इसी चेतना को गांव-गांव और जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बन रही है। यह यात्रा हमें बताती है कि सेवा किसी पद की मोहताज नहीं होती। समाज का प्रत्येक नागरिक अपनी क्षमता के अनुरूप सेवा कर सकता है। किसान खेत में उत्पादन बढ़ाकर, शिक्षक बच्चों को बेहतर शिक्षा देकर, युवा नवाचार और उद्यमिता के माध्यम से, महिलाएं आत्मनिर्भरता की नई मिसाल कायम कर और आम नागरिक अपने सामाजिक दायित्वों का निर्वहन कर राष्ट्र निर्माण में योगदान दे सकता है।
209 में से 193 अभ्यर्थियों ने की सहभागिता, उपस्थिति 92.34 प्रतिशत
रायपुर, अक्टूबर 2026/ लोक शिक्षण संचालनालय छत्तीसगढ़ द्वारा व्याख्याता एवं व्याख्याता एल.बी. (टी-संवर्ग) के पद पर पदोन्नति उपरांत पदस्थापना के लिए मंगलवार को ऑनलाइन ओपन काउंसिलिंग शासकीश् शिक्षक शिखा महाविद्यालय शंकर नगर रायपुर में आयोजित की गई। शासकीय शिक्षक शिक्षा महाविद्यालय शंकर नगर, रायपुर में प्रातः 10 बजे से शाम 5.30 बजे तक आयोजित काउंसिलिंग में कुल 209 अभ्यर्थियों में से 193 अभ्यर्थियों ने सहभागिता की। काउंसिलिंग में अभ्यर्थियों की उपस्थिति 92.34 प्रतिशत रही।
लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा संभागीय संयुक्त संचालक शिक्षा एवं जिला शिक्षा अधिकारियों के माध्यम से प्राप्त जानकारी के आधार पर विषयवार पदोन्नत व्याख्याताओं की काउंसिलिंग के लिए सूची दावा-आपत्तियों के निराकरण के बाद विभागीय पोर्टल eduportal.cg.nic.in पर 25 सितंबर 2026 को अपलोड की गई थी।
ऑनलाइन ओपन काउंसिलिंग में उपस्थित अभ्यर्थियों को प्रक्रिया शुरू होने से पहले आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार काउंसिलिंग कराई गई। हिंदी विषय में कुल 74 अभ्यर्थियों में से 68 उपस्थित रहे और सभी 68 ने सहमति दी। अंग्रेजी विषय में 35 में से 29 अभ्यर्थी उपस्थित हुए, जिनमें 24 ने सहमति दी, 3 असहमत रहे और 2 ने पदोन्नति से इनकार किया। संस्कृत में 50 में से 48 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जिनमें 47 ने सहमति और एक ने पदोन्नति से इनकार किया। गणित में 50 में से 48 अभ्यर्थी उपस्थित हुए, जिनमें 46 ने सहमति दी, जबकि एक असहमत रहा और एक ने पदोन्नति से इनकार किया।
इसी प्रकार कुल 209 अभ्यर्थियों में से 193 काउंसिलिंग में उपस्थित हुए। इनमें 185 अभ्यर्थियों ने सहमति दी, 4 अभ्यर्थी असहमत रहे तथा 4 अभ्यर्थियों ने पदोन्नति से इनकार किया। कुल 16 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। सभी अभ्यर्थियों को काउंसिलिंग के माध्यम से उनके द्वारा चयनित विद्यालयों में पदस्थापना के लिए पदांकन आदेश प्राप्त किए जा रहे हैं।
बस्तर दशहरा के प्रमुख आयोजनों में शामिल होने राज्यपाल को दिया आमंत्रण
रायपुर, अक्टूबर 2026। राज्यपाल श्री रमेन डेका से आज लोक भवन में बस्तर राज परिवार के माटी पुजारी एवं रथपति महाराजा श्री कमल चंद्र भंज देव ने सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने राज्यपाल को बस्तर के प्रसिद्ध ऐतिहासिक दशहरा उत्सव में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया।
राज्यपाल को श्री भंज देव ने दशहरा उत्सव के अंतर्गत आयोजित होने वाले महाराजा नवाखाई एवं महाराजा बाहर रहनी कार्यक्रमों में शामिल होने का निमंत्रण दिया। उन्होंने बस्तर दशहरा की विशिष्ट धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं तथा उत्सव के विभिन्न आयोजनों की जानकारी भी राज्यपाल को दी।
राज्यपाल श्री डेका ने आमंत्रण के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बस्तर दशहरा छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा और लोक आस्था का प्रतीक है। इसकी अनूठी परंपराएं प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को विशिष्ट पहचान प्रदान करती हैं।
सेवा की कहानी
पशुपालन विभाग की तकनीकी सहायता और कृत्रिम गर्भाधान से अगस्तु खाखा ने संवारी आजीविका
चार दुधारू गायों से प्रतिदिन मिल रहा करीब 30 लीटर दूध, खर्च निकालकर हर महीने लगभग 15 हजार रुपये की शुद्ध आय
उन्नत नस्ल के पशुओं की बिक्री से भी मिले 1.60 लाख रुपये, पशुधन बढ़ाकर आय को और मजबूत करने की तैयारी
रायपुर, अक्टूबर 2026/ एक गाय से शुरू हुआ पशुपालन का छोटा-सा प्रयास आज 10 पशुओं के समृद्ध पशुधन में बदल चुका है। सरगुजा जिले के ग्राम चटीरमा निवासी अगस्तु खाखा ने मेहनत, लगन और पशुपालन विभाग के तकनीकी मार्गदर्शन से पशुपालन को परिवार की स्थायी आजीविका का मजबूत आधार बनाया है। दूध की नियमित बिक्री से उन्हें हर महीने आय हो रही है, वहीं कृत्रिम गर्भाधान से तैयार उन्नत नस्ल के पशुओं की बिक्री भी अतिरिक्त आमदनी का जरिया बनी है।
अगस्तु बताते हैं कि उन्होंने पशुपालन की शुरुआत केवल एक गाय से की थी। पशुपालन विभाग के अधिकारियों से उन्हें पशुओं की बेहतर देखभाल और नस्ल सुधार के लिए कृत्रिम गर्भाधान की जानकारी मिली। उन्होंने विभाग की सलाह को अपनाया और कृत्रिम गर्भाधान की सुविधा का लाभ लेना शुरू किया। इससे धीरे-धीरे उनके पशुधन की संख्या बढ़ती गई और पशुपालन को व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाने का रास्ता खुला।
आज अगस्तु के पास कुल 10 पशु हैं। इनमें चार गायें दुग्ध उत्पादन कर रही हैं, जिनसे प्रतिदिन लगभग 30 लीटर दूध प्राप्त हो रहा है। दूध की नियमित बिक्री से परिवार को स्थायी आमदनी मिल रही है। पशुओं के चारे, देखभाल और अन्य जरूरी खर्च निकालने के बाद अगस्तु को पशुपालन से लगभग 15 हजार रुपये प्रतिमाह की शुद्ध आय हो रही है।
उन्नत नस्ल के पशुओं से मिला अतिरिक्त आर्थिक लाभ
कृत्रिम गर्भाधान ने अगस्तु के पशुधन की संख्या बढ़ाने के साथ उनकी आय में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। कृत्रिम गर्भाधान से प्राप्त पशुओं में से चार गायों और दो बछड़ों की बिक्री कर वे लगभग 1 लाख 60 हजार रुपये की अतिरिक्त आय अर्जित कर चुके हैं। इससे परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूती मिली और पशुपालन को आगे बढ़ाने के लिए उनका आत्मविश्वास भी बढ़ा।
वर्तमान में उनके पशुधन में दो बछियां गर्भित हैं, जिनसे आने वाले महीनों में नए बछड़ों के जन्म की उम्मीद है। वहीं तीन छोटी बछियां भी भविष्य में पशुधन और दुग्ध उत्पादन बढ़ाने का आधार बनेंगी। इस तरह एक गाय से शुरू हुआ उनका प्रयास लगातार विस्तार ले रहा है।
तकनीकी मार्गदर्शन ने पशुपालन को बनाया लाभकारी
अगस्तु का कहना है कि पशुपालन विभाग से मिली तकनीकी सलाह, कृत्रिम गर्भाधान की सुविधा और पशुओं की देखभाल संबंधी मार्गदर्शन ने उन्हें पशुपालन को बेहतर और लाभकारी तरीके से आगे बढ़ाने में काफी मदद की है। वे अपने अनुभव से उत्साहित हैं और आने वाले समय में पशुधन की संख्या और बढ़ाकर परिवार की आय को अधिक मजबूत करना चाहते हैं।
अगस्तु खाखा की यह कहानी बताती है कि विभागीय तकनीकी सहयोग और वैज्ञानिक पशुपालन पद्धतियों को अपनाकर छोटे स्तर से शुरू किया गया पशुपालन भी ग्रामीण परिवारों के लिए नियमित आय और आर्थिक आत्मनिर्भरता का मजबूत माध्यम बन सकता है।