ईश्वर दुबे
संपादक - न्यूज़ क्रिएशन
+91 98278-13148
newscreation2017@gmail.com
Shop No f188 first floor akash ganga press complex
Bhilai
बलरामपुर में मेघों की मेहरबानी
रायपुर, अक्टूबर 2026/ राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी 03 अक्टूबर 2026 तक के अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, इस मानसून सीजन में पूरे राज्य में सामान्य से बेहतर वर्षा दर्ज की गई है। 1 जून से शुरू हुए इस वर्षा सत्र में अब तक राज्य का औसत वर्षा प्रतिशत पिछले 10 वर्षों के औसत के मुकाबले 102.1 प्रतिशत तक पहुँच चुका है। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, राज्य में अब तक औसतन 1155.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की जा चुकी है, जबकि पिछले एक दशक के आधार पर इस अवधि का सामान्य औसत 1131.1 मिलीमीटर रहा है।
प्रदेश भर में बारिश का वितरण काफी विविध देखने को मिल रहा है। जहाँ एक ओर बलरामपुर जिले ने 165.3 प्रतिशत की औसत दर और 1556.6 मिलीमीटर बारिश के साथ वर्षा प्रतिशत के मामले में पूरे राज्य में शीर्ष स्थान हासिल किया है, वहीं कुल वर्षा के परिमाण में नारायणपुर जिला 1720.2 मिलीमीटर के साथ सबसे आगे है। दूसरी ओर, राज्य के मैदानी और कुछ सीमावर्ती क्षेत्रों में अपेक्षित बारिश नहीं हो पाई है, जिनमें बेमेतरा जिला महज 674.9 मिलीमीटर बारिश और 80.4 प्रतिशत वर्षा दर्ज करके सूची में सबसे निचले पायदान पर है।
भौगोलिक आधार पर राज्य के विभिन्न इलाकों का हाल देखा जाए तो उत्तर छत्तीसगढ़ और मैदानी इलाकों के कई जिलों में बादलों ने जमकर पानी बरसाया है। राजधानी रायपुर में सामान्य से काफी अधिक 1307.4 मिलीमीटर बारिश (135.4%) दर्ज की गई है। इसी तरह गरियाबंद में 1463.7 मिमी (130.7%), सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 1181.4 मिमी (131.4%), मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में 1216.9 मिमी (122.7%), और बालोद में 1311.8 मिमी (121.6%) वर्षा के साथ औसत का आंकड़ा काफी ऊपर रहा है। इसके अलावा सूरजपुर, बलौदाबाजार, महासमुंद, धमतरी, मुंगेली, दुर्ग, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, कोंडागांव और दंतेवाड़ा जिलों में भी मानसून का प्रदर्शन संतोषजनक रहा है, जहाँ बारिश का प्रतिशत 100 से 120 फीसदी के बीच दर्ज किया गया है।
प्रदेश के कुछ हिस्सों को मानसून के इस सीजन में थोड़ी निराशा हाथ लगी है। बस्तर संभाग और सरगुजा अंचल के कुछ जिलों में सामान्य औसत से काफी कम वर्षा रिकॉर्ड की गई है। इनमें कांकेर 1222.5 मिमी बारिश (74.3%), सरगुजा 627.3 मिमी (74.9%), मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी 1006.8 मिमी (77.0%), बीजापुर 1516.6 मिमी (79.1%), जशपुर 871.9 मिमी (79.3%) और सुकमा 1226.3 मिमी (80.2%) शामिल हैं, जहाँ का प्रतिशत राज्य के सामान्य औसत से काफी नीचे बना हुआ है। बिलासपुर, रायगढ़, सक्ती, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम और बस्तर जैसे जिलों में भी बारिश का आंकड़ा सामान्य से थोड़ा कम 85 से 99 प्रतिशत के बीच सिमट कर रह गया है।
पढ़ाई को मिली नई उड़ान
रायपुर, अक्टूबर 2026/ जब सरकार की कल्याणकारी योजनाएं सही समय पर ज़रूरतमंदों तक पहुँचती हैं, तो वे केवल आर्थिक सहायता नहीं बनतीं, बल्कि किसी के टूटते सपनों को जोड़ने का आधार बन जाती हैं। ऐसी ही एक उम्मीद भरी कहानी छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के ग्राम झुमका विकासखंड बिलाईगढ़ से सामने आई है, जहाँ 'नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना' ने एक श्रमिक परिवार की बेटी की शिक्षा को नया संबल दिया है।
सीमित साधन, असीमित सपने
ग्राम झुमका की निवासी फुलेश्वरी साहू अपने परिवार के सीमित संसाधनों के बावजूद बच्चों को बेहतर शिक्षा देकर जीवन में आगे बढ़ते देखना चाहती हैं। लेकिन आर्थिक तंगी के कारण अक्सर बच्चों की पढ़ाई लिखाई से जुड़ी छोटी-छोटी जरूरतें भी चिंता का कारण बन जाती थीं।
छात्रवृत्ति से मिला सम्बल
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और श्रम मंत्री श्री लखन लाल देवांगन के मार्गदर्शन में संचालित छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल की नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना इस परिवार के लिए तारणहार बनकर आई।
योजना के तहत पंजीकृत श्रमिक परिवार की पात्रता के आधार पर फुलेश्वरी साहू की बेटी को 3,000 रुपये की छात्रवृत्ति राशि सीधे प्रदान की गई। यह सहायता राशि बेटी की कॉपियों, किताबों और पढ़ाई की अन्य आवश्यक सामग्रियों को जुटाने में बेहद उपयोगी साबित हुई।
श्रीमती फुलेश्वरी साहू कहती हैं कि सरकार से मिली 3 हजार रुपये की यह मदद केवल एक राशि नहीं, बल्कि मेरी बेटी के उज्ज्वल भविष्य का सहारा है। इससे हमारा यह हौसला बढ़ा है कि आर्थिक तंगी चाहे जैसी भी हो, हमारी बेटी पढ़ाई जारी रखेगी और अपने सपनों को पूरा करेगी। इस सहयोग के लिए हम राज्य सरकार के हृदय से आभारी हैं।
धरातल पर दिख रहा योजनाओं का असर
कलेक्टर के निर्देशन में जिला प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा और त्वरित लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे। संबंधित विभागों के माध्यम से पात्र श्रमिक परिवारों को चिन्हांकित कर उन्हें लगातार इन योजनाओं से जोड़ा जा रहा है, ताकि शिक्षा और विकास की दौड़ में कोई भी बच्चा पीछे न छूटे।
नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना आज प्रदेश के अनगिनत श्रमिक परिवारों के बच्चों के सपनों को पंख दे रही है और यह साबित कर रही है कि संवेदनशील सरकार का साथ हो, तो हर चुनौती आसान हो जाती है।
प्रधानमंत्री आवास योजना से बदला श्याम बाई का जीवन
रायपुर, अक्टूबर 2026/ बारिश की बूंदें जहाँ अक्सर खुशियाँ लाती हैं, वहीं कुरूद विकासखंड के ग्राम पंचायत जी जामगांव की श्रीमती श्याम बाई पटेल के लिए यह मौसम लंबे समय तक एक दुस्वप्न जैसा था। एक ही छोटे से कच्चे कमरे, मिट्टी की जर्जर दीवारों और टपकती छत के बीच चार सदस्यों का यह परिवार हर बारिश में रातें जागकर गुजारता था। दीवारों में सीलन और चूहों के बिलों ने मकान की नींव को भी कमजोर कर दिया था। लेकिन आज, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की बदौलत श्याम बाई और उनका परिवार अपने नए पक्के मकान में पूर्ण सुरक्षा और सम्मान के साथ जीवन यापन कर रहा है।
सीमित आय और पक्के मकान का सपना
श्याम बाई के परिवार के पास अपनी कोई कृषि भूमि नहीं है। पति-पत्नी दोनों मजदूरी कर किसी तरह परिवार का भरण-पोषण करते हैं। सीमित आमदनी में बच्चों की पढ़ाई-लिखाई और दैनिक जरूरतों को पूरा करने के बीच पक्का घर बनाना उनके लिए हमेशा से एक अधूरा सपना बना हुआ था।
'सेवा संकल्प अभियान' से मिली नई उम्मीद
परिवार की विषम परिस्थितियों को देखते हुए 'सेवा संकल्प अभियान' के अंतर्गत श्याम बाई को प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) का पात्र पाया गया। ग्राम पंचायत जी जामगांव द्वारा उनका चयन हुआ, जिसके बाद योजना की बारीकियों और निर्माण प्रक्रिया को समझने के लिए उन्होंने जनपद पंचायत कुरूद द्वारा आयोजित उन्मुखीकरण कार्यक्रम में भाग लिया। यहाँ किस्तों के समयबद्ध भुगतान और निर्धारित मापदंडों की स्पष्ट जानकारी मिलने से मकान का निर्माण व्यवस्थित रूप से शुरू हुआ।
मेहनत और सरकारी सहयोग से खड़ा हुआ सपनों का आशियाना
शासकीय सहायता और परिवार की अनवरत मेहनत से धीरे-धीरे कच्ची जगह पर पक्की दीवारें खड़ी हुईं, छत ढली और अंततः वह दिन भी आया जब परिवार ने अपने नए पक्के घर में गृह प्रवेश किया।
अब बारिश का मौसम श्याम बाई के परिवार को डराता नहीं, बल्कि सुकून देता है। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) से मिले इस पक्के मकान ने न केवल परिवार को टपकती छत से राहत दिलाई है, बल्कि बच्चों के लिए सुरक्षित वातावरण और पूरे परिवार के जीवन में एक नया आत्मविश्वास और सम्मान जगाया है।
रायपुर, अक्टूबर 2026/छत्तीसगढ आदिवासी, स्थानीय स्वास्थ्य परंपरा एवं औषधि पादप बोर्ड (छत्तीसगढ़ शासन, वन विभाग) द्वारा 25 सितंबर से 30 सितंबर तक छत्तीसगढ़ के 06 जिलों कोण्डागांव, नारायणपुर कांकेर, धमतरी, गरियाबंद और महासमुंद के 312 वैद्यों का प्रमाणीकरण किया गया।
वन विभाग छत्तीसगढ़ शासन के अंतर्गत बोर्ड एवं काउन्सिल आफ इंडिया (QCI) से वैद्यों के प्रमाणीकरण करने के लिये अधिकृत संस्था सेंटर फॉर ट्रेड टेस्टिंग एंड सर्टिफिकेशन ऑफ स्किल्ड वर्कर्स (CTTC) द्वारा वैद्यों का प्रमाणीकरण किया गया । जिसमें 05 प्रकार की उपचार विधाओ सामान्य बीमारी, पीलिया, आर्थराइटिस, बोन सेटिंग एवं जहरीले बाइट का उपचार शामिल हैं।
वैद्यों का प्रमाणीकरण प्रकिया दो चरणों के परीक्षण उपरांत किया जाता हैं। परीक्षण प्रक्रिया अंतर्गत प्रथम दिवस आवेदन फार्म की जांच, वैद्यों के उपचार विधाओ का मौखिक परीक्षण, ताजी औषधि पौधों तथा कच्चे औषधि पौध उत्पाद की पहचान, औषधि निर्माण की विधि तथा मरीजों को दी जाने वाली औषधि की मात्रा का परीक्षण किया जाता है । प्रमाणीकरण प्रक्रिया के दूसरे दिवस में वैद्यों के घरों पर जाकर उनके उपचार करने की सजीव परीक्षण तथा मरीजों से फीडबैक लिया जाता है ।
छत्तीसगढ़ में 25 से 30 सितंबर तक विभिन्न जिलों में आयोजित परीक्षणों में 312 वैद्यों को प्रमाणीकृत किया गया। इनमें कोंडागांव के 60, नारायणपुर के 23, कांकेर के 60, धमतरी के 135 तथा गरियाबंद एवं महासमुंद के कुल 34 वैद्य शामिल हैं। छत्तीसगढ़ शासन एवं बोर्ड मार्च 2027 तक 1 हजार वैद्यों के प्रमाणीकरण का लक्ष्य पूरा करने के लिए तेजी से कार्य कर रहे हैं।
वन मंत्री श्री केदार कश्यप के मार्गदर्शन में वन कर्मियों को मिला विशेष प्रशिक्षण
रायपुर, अक्टूबर 2026/वन्यप्राणी संरक्षण सप्ताह के अवसर पर वन मंत्री श्री केदार कश्यप के विशेष मार्गदर्शन और निर्देशानुसार, बस्तर संभाग में वन्यप्राणियों के संरक्षण और उनकी प्रभावी मॉनिटरिंग को लेकर एक महत्वपूर्ण संभाग स्तरीय कार्यशाला की शुरुआत हुई है। वन विद्यालय, जगदलपुर में आयोजित इस दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान प्रबंधन द्वारा किया जा रहा है। संभाग स्तर पर इस तरह की कार्यशाला का आयोजन पहली बार किया जा रहा है, जिसका मुख्य उद्देश्य मैदानी स्तर पर काम करने वाले वन कर्मचारियों की कार्यक्षमता को बढ़ाना है।
विशेषज्ञों ने दी बाघ संरक्षण और ट्रैकिंग की बारीकियां
प्रशिक्षण सत्र के दौरान राज्य वन्यजीव बोर्ड के सदस्य श्री गौरव निलानी और एसडीओ श्री योगेश रात्रे ने प्रेजेंटेशन के जरिए वन कर्मियों को वन्यजीव संरक्षण के गुर सिखाए। प्रशिक्षण में मुख्य रूप से कई विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बाघ की विशेषताएं, उनका रहन-सहन, क्षेत्र (Territory) की पहचान और उनका व्यवहार। बाघ और तेंदुए के पगमार्क (पैर के निशान) तथा अन्य फील्ड साइन्स में अंतर करना। नर और मादा बाघ की पहचान, पगमार्क के पैड इंप्रेशन और फोटोग्राफिक पहचान की तकनीक।
बाघ के शिकार करने के तरीके, खरोंच के निशान और क्षेत्रीय मार्किंग की पहचान।
कैमरा ट्रैप और मैदानी निगरानी की आधुनिक तकनीकें। वन्यजीव अपराधों को रोकने और मुखबीर तंत्र को मजबूत करने के उपाय।
कार्यशाला के पहले दिन सैद्धांतिक जानकारी देने के बाद सभी प्रतिभागियों की एक परीक्षा भी आयोजित की गई, ताकि सीखे गए ज्ञान का आकलन किया जा सके। इस आयोजन का दूसरे दिन फील्ड विजिट और प्रैक्टिकल एक्सरसाइज करवाया गया, जिसमें अधिकारियों और कर्मचारियों को जंगल में जाकर पगमार्क और अन्य वन्यजीव संकेतों की पहचान करने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यशाला में मुख्य वन संरक्षक (बस्तर) सुश्री स्टाइलो मंडावी, मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) श्री उत्तम गुप्ता, कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान के निदेशक श्री गौतम नारायण पड़ीभार सहित वन विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
कवर्धा की बेटी ने बढ़ाया देश-प्रदेश का मान - विधायक श्री शर्मा
महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी
कवर्धा निवास कार्यालय में हुई आत्मीय मुलाकात, गीता की खेल यात्रा और क्षेत्र में खिलाड़ियों के लिए संभावनाओं पर हुई चर्चा
रायपुर, अक्टूबर 2026/ उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक श्री विजय शर्मा ने अपने कवर्धा निवास कार्यालय में जूनियर महिला एशिया कप-2026 की विजेता भारतीय हॉकी टीम की सदस्य गीता यादव से मुलाकात कर उन्हें महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्होंने कहा कि आगे भी सफलता के नए कीर्तिमान प्राप्त करें। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि कवर्धा की बेटी ने देश-प्रदेश का मान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ाया है। इस दौरान श्री शर्मा ने गीता से उनकी अब तक की खेल यात्रा, अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के अनुभव, प्रशिक्षण और भविष्य के लक्ष्यों के बारे में विस्तार से बातचीत की।
कबीरधाम जिले के बोड़ला की रहने वाली गीता यादव ने चीन के मोकी में आयोजित एएचएफ महिला जूनियर एशिया कप-2026 में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया। भारतीय टीम ने 13 सितंबर को खेले गए रोमांचक फाइनल में मेजबान चीन को 1-0 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया। इस जीत के साथ भारत ने लगातार तीसरी बार महिला जूनियर एशिया कप का खिताब जीता और एफआईएच जूनियर महिला विश्व कप के लिए भी क्वालीफाई किया।
टूर्नामेंट में मिडफील्डर के रूप में खेलीं गीता ने अपनी प्रतिभा की विशेष छाप छोड़ी। उन्होंने प्रतियोगिता में कुल चार गोल किए। मलेशिया के विरुद्ध भारत की 11-1 की बड़ी जीत में गीता ने दो गोल दागे, वहीं जापान के खिलाफ 7-0 की जीत में भी उन्होंने दो गोल कर टीम की जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने गीता की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि एक सामान्य किसान परिवार से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करना कड़ी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। गीता ने अपनी प्रतिभा से कवर्धा के साथ पूरे छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है। उनकी सफलता क्षेत्र की नई पीढ़ी, विशेषकर खेलों में आगे बढ़ने का सपना देख रही बेटियों के लिए प्रेरणादायी है।
मुलाकात के दौरान उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा और गीता यादव के बीच कवर्धा में खेल एवं खिलाड़ियों के प्रोत्साहन, स्थानीय प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा क्षेत्र में खेलों की संभावनाओं को और विस्तार देने को लेकर भी चर्चा हुई। श्री शर्मा ने गीता से उनके अनुभव और खिलाड़ियों की जरूरतों के बारे में जानकारी ली।
बोड़ला से भारतीय टीम तक का शानदार सफर
गीता ने हॉकी की शुरुआती शिक्षा कोच शिवा चौहान से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने बिलासपुर स्थित खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में प्रशिक्षण लेकर अपने खेल को निखारा। लगातार बेहतर प्रदर्शन के दम पर वह राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचीं और बाद में टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम से भी जुड़ीं। गीता ने वर्ष 2024 में नीदरलैंड और बेल्जियम दौरे से अपने अंतरराष्ट्रीय सफर की शुरुआत की। इसके बाद वह अर्जेंटीना तथा इंग्लैंड-स्कॉटलैंड दौरों में भी भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं।
उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा से हुई मुलाकात के दौरान गीता ने अपनी खेल यात्रा के अनुभव साझा किए। श्री शर्मा ने उन्हें भविष्य में भी इसी समर्पण के साथ आगे बढ़ते हुए देश और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।
SING फोरम 2026 में सहभागिता के लिए सिंगापुर पहुंचे मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय
भारत सरकार के विदेश मंत्रालय द्वारा SING फोरम 2026 के लिए छत्तीसगढ़ को किया गया है नामित
सिंगापुर में भारत के उच्चायुक्त डॉ. शिल्पक अंबुले ने किया मुख्यमंत्री श्री साय का आत्मीय स्वागत
वैश्विक निवेशकों के समक्ष प्रस्तुत होंगी छत्तीसगढ़ की उपलब्धियां, विकास की संभावनाएं और निवेश के अवसर
CEO राउंडटेबल में सिंगापुर के प्रमुख निवेशकों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से होगी चर्चा
रायपुर अक्टूबर 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय राज्य में निवेश की नई संभावनाओं को विस्तार देने के उद्देश्य से आज सिंगापुर पहुंचे। सिंगापुर पहुंचने पर भारत के उच्चायुक्त डॉ. शिल्पक अंबुले ने मुख्यमंत्री श्री साय का आत्मीय स्वागत किया।
भारत सरकार के विदेश मंत्रालय द्वारा प्रथम SING फोरम 2026 में सहभागिता के लिए छत्तीसगढ़ को नमित किया गया है। सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन द्वारा आयोजित इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ को अपनी उपलब्धियों, विकास की अपार संभावनाओं और निवेश के आकर्षक अवसरों को वैश्विक निवेशकों के समक्ष प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।
मुख्यमंत्री श्री साय SING फोरम 2026 में छत्तीसगढ़ की ओर से सहभागिता करेंगे। फोरम के दौरान आयोजित CEO राउंडटेबल में वे सिंगापुर के प्रमुख निवेशकों एवं उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से विस्तृत चर्चा करेंगे। इस दौरान प्रदेश में निवेश की संभावनाओं और विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों को प्रमुखता से रखा जाएगा।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार का दृढ़ प्रयास है कि नई औद्योगिक नीति, प्रचुर प्राकृतिक संसाधन, सुदृढ़ अधोसंरचना, कुशल मानव संसाधन तथा उभरते क्षेत्रों में उपलब्ध संभावनाओं के माध्यम से छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख निवेश गंतव्यों में स्थापित किया जाए। उन्होंने कहा कि वैश्विक निवेश मानचित्र पर छत्तीसगढ़ की मजबूत पहचान बनाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री श्री साय की SING फोरम 2026 में सहभागिता वैश्विक निवेशकों के समक्ष छत्तीसगढ़ की विकास संभावनाओं और निवेश अवसरों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण अवसर होगी।
समिति तीन दिनों में प्रमुख अभियंता को देगी रिपोर्ट
रायपुर. 3 अक्टूबर 2026. लोक निर्माण विभाग ने राजनांदगांव-खैरागढ़ मुख्य मार्ग के नवीनीकरण एवं उन्नयन कार्य तथा राजनांदगांव-मोहला-मानपुर सड़क परियोजनाओं में कथित गुणवत्ताहीन निर्माण और भ्रष्टाचार की शिकायत की जांच के लिए चार वरिष्ठ अधिकारियों की समिति बनाई है। समिति निर्माण कार्यों के विभिन्न पहलुओं और शिकायत की जांच कर तीन दिनों में प्रमुख अभियंता को रिपोर्ट सौंपेगी। जांच समिति में मुख्य अभियंता श्री व्ही.एस. कोरम, अधीक्षण अभियंता श्री राजीव नशीने तथा कार्यपालन अभियंता श्री प्रभात सक्सेना और श्री सी.एस. ओगरे शामिल हैं।
इन बिंदुओं पर जांच करेगी समिति
लोक निर्माण विभाग द्वारा गठित जांच समिति राजनांदगांव-खैरागढ़ सड़क एवं राजनांदगांव-मोहला-मानपुर सड़क परियोजनाओं की किसी स्वतंत्र संस्था से उच्च स्तरीय जाँच कराने, जीएसबी (GSB), डब्लूएमएम (WMM) सब-ग्रेड, डामरीकरण, बिटुमिन की मात्रा, सड़क की मोटाई, घनत्व, ग्रेडेशन, लेवल एवं अंडुलेशन सहित सभी तकनीकी मानकों की प्रयोगशाला से जांच जैसी बिंदुओं पर जांच करेगी।
समिति निर्माण कार्य की गुणवत्ता के लिए उत्तरदायी अधिकारियों एवं कार्यपालन एजेंसी की भूमिका, जांच पूर्ण होने तक संबंधित कार्यों के भुगतान पर रोक लगाने पर विचार करने, गुणवत्ता से समझौता, वित्तीय अनियमितता या भ्रष्टाचार सिद्ध होने पर संबधितों के विरूद्ध कार्यवाही तथा डोंगरगांव-कुमरदा सहित जिन स्थानों पर सड़क उखाड़कर छोड़ी गई है, वहां तत्काल सुरक्षित आवागमन हेतु मरम्मत, चेतावनी संकेत एवं वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित कराने के संबंध में अपनी रिपोर्ट देगी।
गांधी जयंती पर बेटियों को मिली स्वच्छता, स्वास्थ्य और सम्मान से जुड़ी नई सुविधा
प्रदेश के 6,671 ग्रामीण शासकीय विद्यालयों में बालिका शौचालय निर्माण का लक्ष्य
रायपुर, अक्टूबर 2026/ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर स्वच्छता और बेटियों के सम्मान का संदेश देते हुए धमतरी जिले के कुरूद विकासखंड की ग्राम पंचायत धूमा में ‘मेरी बेटी–मेरा अभिमान’ अभियान के अंतर्गत प्रथम बालिका शौचालय का उद्घाटन किया गया। विकसित भारत–रोजगार और आजीविका गारंटी मिशन (ग्रामीण) वीबी-जी राम जी योजना के अंतर्गत निर्मित यह शौचालय राज्य में चल रहे ‘मेरी बेटी–मेरा अभिमान’ अभियान को जमीनी स्तर पर साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
गुलाबी रंग से सजे नव-निर्मित बालिका शौचालय के उद्घाटन के दौरान छोटी बच्चियों ने भी हाथों में इसी संदेश वाली तख्तियां लेकर स्वच्छता, सुरक्षा और बेटियों के सम्मान का संदेश दिया। ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और बच्चों की भागीदारी ने गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को विशेष बना दिया।
6 अगस्त को शुरू हुआ था ‘मेरी बेटी–मेरा अभिमान’ अभियान
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने 6 अगस्त 2026 को वीबी-जी राम जी के अंतर्गत राज्यव्यापी ‘मेरी बेटी–मेरा अभिमान’ अभियान का शुभारंभ किया था। अभियान 15 अगस्त 2026 से 26 जनवरी 2027 तक संचालित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों के 6,671 शासकीय विद्यालयों में लगभग 286.85 करोड़ रुपए की लागत से बालिका शौचालयों के निर्माण का लक्ष्य रखा गया है। अभियान का उद्देश्य ग्रामीण विद्यालयों में पढ़ने वाली बालिकाओं को सुरक्षित और स्वच्छ शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ उनके स्वास्थ्य, स्वच्छता और गरिमा के अनुकूल वातावरण तैयार करना है।
निर्माण से उद्घाटन तक, धूमा में लगातार हुई निगरानी
धूमा का यह बालिका शौचालय एक दिन में तैयार हुई पहल नहीं है। विकसित भारत-जी राम जी के आयुक्त एवं प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के संचालक श्री तारन प्रकाश सिन्हा ने भी अपने कुरूद विकासखंड के भ्रमण के दौरान ग्राम पंचायत धूमा पहुंचकर बालिका शौचालय के निर्माण कार्य का मैदानी निरीक्षण किया था। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति देखने के साथ कार्य में लगे श्रमिकों से मजदूरी भुगतान की जानकारी भी ली थी और अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए थे। करीब एक महीने बाद गांधी जयंती के अवसर पर इसका उद्घाटन अभियान के उद्देश्य को धरातल पर उतरते हुए दिखाता है।
‘मेरी बेटी–मेरा अभिमान’ अभियान के तहत शासन का मिशन है कि 26 जनवरी 2027 तक राज्य के हर स्कूल में बालिकाओं के लिए शौंचालय सुनिश्चित हो।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में अवैध खनिज गतिविधियों पर सतत निगरानी और कार्रवाई
रायपुर, अक्टूबर 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य शासन द्वारा खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी रोक लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. के निर्देश पर खनिज विभाग के उड़नदस्ता दल द्वारा सतत जांच अभियान चलाया जा रहा है। विभागीय दल ने आज विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए रेत एवं पत्थर का अवैध परिवहन करते कुल 6 ट्रैक्टर वाहनों को जब्त किया।
खनिज विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार बस्ती-बगरा क्षेत्र में रेत से भरे 4 ट्रैक्टर वाहनों को जब्त कर सुरक्षार्थ कोडगार चौकी में रखा गया है। इसी तरह सारबहरा क्षेत्र में पत्थर से भरे एक ट्रैक्टर वाहन तथा अंडी क्षेत्र में रेत से भरे एक ट्रैक्टर वाहन को जब्त कर सुरक्षार्थ अमरपुर पुलिस लाइन में रखा गया है।
विभाग द्वारा सभी संबंधित वाहन मालिकों के विरुद्ध खान और खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम के प्रावधानों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। प्रकरणों में निर्धारित अर्थदंड अथवा समझौता राशि खनिज मद में जमा कराए जाने के बाद नियमानुसार वाहनों को मुक्त करने की कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. ने खनिज विभाग को जिले में अवैध खनिज गतिविधियों पर सतत निगरानी रखते हुए नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने विभागीय अमले को क्षेत्र में नियमित जांच करने तथा अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के मामलों में तत्परता से कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है।
कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त शिकायतों को भी गंभीरता से लेते हुए उनकी गुणवत्तापूर्ण जांच और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
श्रम मंत्री श्री लखनलाल देवांगन ने पौधे रोपकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
रायपुर, अक्टूबर 2026/
गांधी एवं शास्त्री जयंती के अवसर पर जिला उद्योग संघ द्वारा आज औद्योगिक क्षेत्र कोरबा में वृहद पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वाणिज्य एवं उद्योग, श्रम तथा आबकारी मंत्री श्री लखनलाल देवांगन ने फलदार पौधे लगाए। इस अवसर पर औद्योगिक क्षेत्र में लगभग 100 पौधे लगाए गए।
मंत्री श्री देवांगन ने उपस्थित लोगों को ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पौधा लगाने और उसकी नियमित देखभाल कर उसे संरक्षित रखने के लिए प्रेरित किया।
मंत्री श्री देवांगन ने कोरबा में गांधी- शास्त्री की प्रतिमाओं पर किया माल्यार्पण
उद्योग एवं वाणिज्य, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री श्री देवांगन ने आज महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लालबहादुर शास्त्री की जयंती पर आयोजित कार्यक्रमों में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। उन्होंने कोरबा के बुधवारी बाजार स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा और कोसाबाड़ी चौक स्थित लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
मंत्री श्री देवांगन ने इस अवसर पर महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा के विचारों तथा लाल बहादुर शास्त्री के ‘जय जवान-जय किसान’ संदेश का स्मरण किया।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में किसानों को उन्नत खेती के लिए मिल रहा प्रोत्साहन और तकनीकी मार्गदर्शन
आधुनिक कृषि तकनीक और बेहतर फसल प्रबंधन से बढ़ी आमदनी
रायपुर, अक्टूबर 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा किसानों को आधुनिक और उन्नत कृषि तकनीकों से जोड़कर खेती को अधिक लाभकारी बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। किसानों को विभागीय योजनाओं की जानकारी और तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराकर उद्यानिकी फसलों एवं व्यावसायिक खेती के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसी कड़ी में गौरेला- पेंड्रा- मरवाही जिले के गौरेला विकासखंड के ग्राम पंचायत सारबहरा के कृषक श्री शाहिद जमा खान ने उन्नत तकनीकों को अपनाकर टमाटर की खेती से बेहतर आर्थिक लाभ अर्जित किया है।
श्री शाहिद जमा खान ने लगभग 2 एकड़ क्षेत्र में टमाटर की खेती की है, जिससे उन्हें अब तक करीब 1 लाख 20 हजार रुपये का लाभ प्राप्त हुआ है। उन्होंने टमाटर की खेती में आधुनिक एवं उन्नत कृषि तकनीकों को अपनाने के साथ फसल प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया। समय पर आवश्यक कृषि कार्य, फसल की नियमित देखभाल और वैज्ञानिक तकनीकों के समुचित उपयोग से उनकी फसल बेहतर हुई। अच्छी पैदावार और उचित प्रबंधन के परिणामस्वरूप टमाटर की खेती उनके लिए आय का बेहतर माध्यम बनकर उभरी है।
श्री शाहिद खान पूर्व में भी उद्यानिकी विभाग की विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त कर चुके हैं। विभाग द्वारा उन्हें समय-समय पर योजनाओं की जानकारी देने के साथ उन्नत कृषि तकनीक, फसल प्रबंधन तथा आवश्यक कृषि कार्यों के संबंध में तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान किया जा रहा है। विभागीय मार्गदर्शन और स्वयं की मेहनत से उन्होंने उद्यानिकी फसलों को आय बढ़ाने के प्रभावी माध्यम के रूप में अपनाया है।
छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा किसानों को परंपरागत खेती के साथ उद्यानिकी एवं आधुनिक कृषि पद्धतियों से जोड़ने के प्रयासों के बीच शाहिद जमा खान जैसे किसान उन्नत तकनीकों को अपनाकर अपनी आय बढ़ाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। उनकी सफलता बताती है कि वैज्ञानिक कृषि तकनीक, बेहतर फसल प्रबंधन और समय पर मिलने वाले तकनीकी मार्गदर्शन का समुचित उपयोग खेती को अधिक लाभकारी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
टमाटर की उन्नत खेती से मिली सफलता ने श्री शाहिद जमा खान को उद्यानिकी फसलों के माध्यम से अपनी आय को और बेहतर करने के लिए प्रोत्साहित किया है। उनकी यह पहल क्षेत्र के अन्य किसानों के लिए भी आधुनिक एवं व्यावसायिक खेती की संभावनाओं को सामने रखती है।
'सेवा संकल्प अभियान'
वरिष्ठजनों का अनुभव और संस्कार समाज की अमूल्य धरोहर - मंत्री श्री टंक राम वर्मा
रायपुर,
अक्टूबर 2026/
छत्तीसगढ़ शासन द्वारा 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत ‘नमो सेवा गाथा’ के तहत गांधी जयंती व अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर धमतरी के मेनोनाइट हायर सेकेंडरी इंग्लिश मीडियम स्कूल में गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने जिले के लगभग 500 महिला एवं पुरुष वृद्धजनों से आत्मीय भेंट कर उन्हें शॉल एवं श्रीफल प्रदान कर सम्मानित किया।
इस दौरान मंत्री श्री वर्मा ने विभिन्न हितग्राहीमूलक गतिविधियों के तहत 40 लोगों को स्वामित्व प्रमाण पत्र सौंपे। साथ ही दिव्यांगजनों और बुजुर्गों को व्हीलचेयर व आवश्यक सहायक उपकरण वितरित किए गए तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया।
गोद भराई, पोषण किट वितरण और स्वास्थ्य जांच
राष्ट्रीय पोषण माह के तहत आयोजित ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम में मंत्री श्री वर्मा ने पांच गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म पूरी कर उन्हें पोषण किट भेंट की। उन्होंने परिसर में लगाए गए विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ली और स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल पर स्वयं ब्लड प्रेशर की जांच भी कराई।
बुजुर्गों का अनुभव नई पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक
समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक परिवार, समाज और राष्ट्र की अमूल्य धरोहर हैं। उनका जीवन संघर्ष और अनुभव नई पीढ़ी को सही दिशा दिखाता है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठजनों का सम्मान किसी एक आयोजन तक सीमित न रहकर हमारी दिनचर्या का हिस्सा होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में यह अभियान संचालित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 'अंत्योदय' भावना के अनुरूप केंद्र व राज्य सरकारें स्वास्थ्य, शिक्षा, आवास, बिजली और पेयजल जैसी सुविधाएं दे रही हैं। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य में किसानों के हित में धान खरीदी, महिलाओं के लिए 'महतारी वंदन' योजना और 'एक पेड़ मां के नाम' जैसे अभियानों को प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है।
देहदान-अंगदान की सराहना और नशामुक्ति का आह्वान
प्रभारी मंत्री ने देहदान और अंगदान करने वाले नागरिकों के योगदान को मानवता की सर्वोच्च सेवा बताया। इसके साथ ही उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत है। जब युवाओं की ऊर्जा राष्ट्र निर्माण, शिक्षा और सेवा में लगेगी, तभी एक सशक्त भारत का निर्माण होगा।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री अरुण सार्वा ने बुजुर्गों के मार्गदर्शन को समाज की सबसे बड़ी पूंजी बताया, वहीं जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष श्री निरंजन सिन्हा ने कहा कि वरिष्ठजनों का सम्मान हमारी सामाजिक जिम्मेदारी है।कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने स्वागत भाषण में कहा कि जिला प्रशासन वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, सुरक्षा और गरिमापूर्ण जीवन के लिए निरंतर प्रयासरत है।
कार्यक्रम में नगर निगम सभापति, जिला पंचायत सभापति, जनपद अध्यक्ष, डीएफओ सहित अनेक जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ नागरिक व अधिकारी उपस्थित थे।
विकासखंड स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मकता
विकसित भारत-2047 की कल्पना को बच्चों ने रंगों में उकेरा, विजेता विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए शिक्षकों की विशेष कार्यशाला, विद्यार्थियों को बेहतर मार्गदर्शन देने पर जोर
रायपुर, अक्टूबर 2026/ सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत रायगढ़ जिले के पुसौर विकासखंड स्थित शासकीय हाई स्कूल पंचपारा में विकासखंड स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता सह-प्रदर्शनी तथा शिक्षकों के लिए एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी. चौधरी कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा तैयार चित्रों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया और बच्चों से संवाद कर उनकी प्रतिभा, रुचियों और भविष्य के लक्ष्यों के बारे में जाना। उन्होंने विद्यार्थियों की रचनात्मकता की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर मेहनत करने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया।
वित्त मंत्री श्री चौधरी ने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सामने आगे बढ़ने के अनेक अवसर उपलब्ध हैं। सही समय पर सही मार्गदर्शन और मेहनत के माध्यम से वे अपने लक्ष्य को हासिल कर सकते हैं।
रायगढ़ में शिक्षा के नए अवसरों का विद्यार्थी उठाएं लाभ : वित्त मंत्री श्री चौधरी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने छत्तीसगढ़ में शिक्षा और उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने रायगढ़ में नर्सिंग कॉलेज, संगीत महाविद्यालय और नालंदा परिसर जैसी सुविधाओं का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों से इनका अधिक से अधिक लाभ लेने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ना चाहिए।
विकसित भारत-2047 की परिकल्पना को बच्चों ने दिया रंग और विचारों का स्वर
प्रतियोगिता में विकासखंड के प्राथमिक, माध्यमिक, हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्तर के संकुलों से चयनित विद्यार्थियों ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने ‘विकसित भारत-2047’ की अपनी कल्पना को चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया। विभिन्न विषयों पर बच्चों ने अपनी रचनात्मक सोच और कल्पनाशीलता को रंगों में उकेरा। भाषण प्रतियोगिता में भी विद्यार्थियों ने आत्मविश्वास के साथ अपने विचार रखे।
प्राथमिक स्तर की चित्रकला प्रतियोगिता में संजना प्रजापती ने प्रथम, रोशनी चौहान ने द्वितीय और परिधी चौहान ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। भाषण प्रतियोगिता में फातिमा महंत प्रथम, कुमकुम श्रीवास द्वितीय और पूजा चौहान तृतीय रहीं।
माध्यमिक स्तर की चित्रकला प्रतियोगिता में प्राची मेहर ने प्रथम, मिथिला पटेल ने द्वितीय और भूमिका निषाद ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। भाषण प्रतियोगिता में मीनाक्षी साहू प्रथम, शिबिका कुमारी द्वितीय और महिमा गुप्ता तृतीय रहीं।
हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्तर की चित्रकला प्रतियोगिता में गरिमा पटेल प्रथम, नियति प्रधान द्वितीय और योगेश संजय तृतीय रहे। भाषण प्रतियोगिता में तुषार चौहान प्रथम, प्रिन्सी पटेल द्वितीय और रूची चौधरी तृतीय रहीं। सभी विजेता प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए बच्चों को तैयार करने में शिक्षकों की होगी महत्वपूर्ण भूमिका
कार्यक्रम के दौरान कक्षा 5वीं एवं 8वीं में अध्यापन कराने वाले शिक्षकों के लिए विशेष कार्यशाला आयोजित की गई। कक्षा 5वीं के विद्यार्थियों को नवोदय, एकलव्य, जवाहर उत्कर्ष एवं सैनिक स्कूल तथा कक्षा 8वीं के विद्यार्थियों को प्रयास, राष्ट्रीय साधन-सह-प्रावीण्य परीक्षा और श्रेष्ठा जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने के संबंध में शिक्षकों को मार्गदर्शन दिया गया।
विशेषज्ञ शिक्षकों ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, अध्ययन की रणनीति और विद्यार्थियों को व्यवस्थित तरीके से तैयार करने के संबंध में जानकारी दी। कार्यशाला का उद्देश्य शिक्षकों के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रारंभिक स्तर से ही प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए बेहतर मार्गदर्शन उपलब्ध कराना और उन्हें उपलब्ध शैक्षणिक अवसरों से जोड़ना रहा।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक श्री विजय अग्रवाल, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती भाग्यवती डोल नारायण, कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी सहित सभी संकुलों के सीएसी, हाई स्कूल पंचपारा के प्राचार्य एवं शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।