newscreation

newscreation

रायपुर, 18 सितंबर 2026/ पण्डित सुन्दरलाल शर्मा (मुक्त) विश्वविद्यालय छत्तीसगढ़, बिलासपुर ने शिक्षा और अनुसंधान के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के लिए दो महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MOU) किए हैं। विश्वविद्यालय ने *महर्षि प्रबंधन एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, बिलासपुर (MUMT) तथा जनजातीय अनुसंधान एवं ज्ञान केंद्र, नई दिल्ली के साथ समझौता किया है। इन समझौतों के जरिए अकादमिक गतिविधियों, संयुक्त शोध, प्रशिक्षण, नवाचार और जनजातीय विषयों पर अध्ययन को संस्थागत स्तर पर आगे बढ़ाने का आधार तैयार हुआ है।

अकादमिक गतिविधियों से लेकर डिजिटल शिक्षा तक सहयोग

महर्षि प्रबंधन एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के साथ हुए समझौते के तहत दोनों संस्थान अकादमिक, अनुसंधान, प्रशिक्षण, नवाचार, विस्तार और संस्थागत विकास के क्षेत्र में सहयोग करेंगे। संयुक्त संगोष्ठी, कार्यशाला, व्याख्यान और अकादमिक आयोजनों के साथ अंतर्विषयी अध्ययन तथा पाठ्यचर्या से जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा। दोनों संस्थान MOOCs, मुक्त शैक्षिक संसाधन (OER), डिजिटल एवं स्व-अध्ययन सामग्री तथा तकनीक आधारित शिक्षण संसाधनों के विकास में भी सहयोग कर सकेंगे।

संयुक्त शोध और प्रकाशन को बढ़ावा

MOU के तहत संयुक्त अनुसंधान, सर्वेक्षण, क्षेत्र अध्ययन, प्रायोजित शोध, परामर्श और संयुक्त प्रकाशन जैसी गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा। शोधकर्ताओं और शिक्षकों के लिए अनुसंधान पद्धति, प्रशिक्षण, विशेषज्ञ व्याख्यान और संकाय विकास कार्यक्रमों के आयोजन की संभावनाएं भी रखी गई हैं।

विद्यार्थियों को इंटर्नशिप, परियोजना कार्य, क्षेत्रीय अनुभव, शैक्षिक भ्रमण, कौशल विकास, करियर मार्गदर्शन और उद्यमिता से जुड़े अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में भी दोनों संस्थान मिलकर काम कर सकेंगे।

जनजातीय समाज से जुड़े विषयों पर विशेष फोकस

जनजातीय अनुसंधान एवं ज्ञान केंद्र, नई दिल्ली के साथ हुए MOU में जनजातीय मुद्दों और अनुसूचित जनजातियों से जुड़े विषयों पर संयुक्त अध्ययन एवं शोध को प्रमुखता दी गई है। सम्मेलन, संगोष्ठी, प्रकाशन और ज्ञान- साझाकरण जैसी गतिविधियों के माध्यम से जनजातीय विषयों पर अकादमिक विमर्श को आगे बढ़ाया जा सकेगा।

समझौते के तहत जनजातीय अनुसंधान एवं ज्ञान केंद्र रणनीति निर्माण, योजना और कार्य-रोडमैप तैयार करने में बौद्धिक सहयोग प्रदान करेगा। आवश्यकता के अनुसार केंद्र अपनी विशेषज्ञता और ज्ञान भी उपलब्ध करा सकेगा।

दो सदस्यीय संचालन समिति करेगी समन्वय

MOU के तहत प्रस्तावित गतिविधियों के समन्वय और निगरानी के लिए दोनों पक्षों से एक-एक प्रतिनिधि वाली दो सदस्यीय संचालन समिति गठित करने का प्रावधान किया गया है। बौद्धिक संपदा, स्वामित्व, प्रोत्साहन और ज्ञान-साझाकरण से जुड़े विषय संबंधित कार्य की प्रकृति के अनुसार आपसी सहमति से तय किए जाएंगे।

शिक्षकों, विद्यार्थियों और शोधकर्ताओं के लिए नए अवसर

विश्वविद्यालय के अनुसार दोनों समझौतों का उद्देश्य विशेषज्ञता और संसाधनों के साझा उपयोग के साथ संस्थागत सहयोग को व्यावहारिक रूप देना है। इससे शिक्षकों, विद्यार्थियों और शोधकर्ताओं के लिए अकादमिक एवं शोध के नए अवसर विकसित हो सकेंगे।

वहीं जनजातीय अनुसंधान से जुड़े समझौते के माध्यम से जनजातीय समाज, संस्कृति, परंपरा और समसामयिक विषयों पर अध्ययन को आगे बढ़ाने का अवसर मिलेगा।

इस अवसर पर PSSOU की ओर से कुलपति प्रो. वी. के. सारस्वत एवं कुलसचिव श्री चंद्रभूषण मिश्र उपस्थित रहे। MUMT की ओर से कुलपति प्रो. डॉ. नरेश कुमार तिवारी एवं कुलसचिव डॉ. विजय गरुडिक शामिल हुए।

जनजातीय अनुसंधान एवं ज्ञान केंद्र, नई दिल्ली की ओर से प्रदेश समन्वयक राजीव शर्मा एवं सामाजिक कार्यकर्ता वैभव सुरंगे उपस्थित रहे।

9 हजार सरकारी पदों पर सीधी भर्ती की प्रक्रिया

छत्तीसगढ़ सरकार की रोजगार और कौशल विकास पहल से युवाओं को मिल रहे अवसर

धनंजय राठौर,
संयुक्त संचालक,
जनसम्पर्क (रायपुर)

रायपुर, 18 सितंबर2026/ युवाओं को विकास के केंद्र में रखते हुए छत्तीसगढ़ की श्री विष्णु देव साय की सरकार कौशल विकास, रोजगार, उच्च शिक्षा, उद्यमिता और खेल क्षेत्र में अवसरों का विस्तार कर रही है। पिछले करीब तीन वर्षों में जब से मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने सत्ता संभाली है, युवाओं को सक्षम, रोजगारपरक और आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई योजनाएं और पहल शुरू की हैं। इन प्रयासों का उद्देश्य शिक्षा और प्रशिक्षण को रोजगार से जोड़ते हुए राज्य की युवा आबादी को विकास की नई ताकत में बदलना है। लक्ष्य केवल युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि उन्हें कुशल, आत्मनिर्भर, नवाचारी और भविष्य की अर्थव्यवस्था के लिए तैयार मानव संसाधन के रूप में विकसित करना है।

18 हज़ार 330 युवाओं को प्रशिक्षित किया जा चुका है

प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के तहत राज्य के 26 जिलों में करीब 18 हज़ार 330 युवाओं को प्रशिक्षित किया जा चुका है। इस पर लगभग 29 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। वहीं, 35 हजार और युवाओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। राज्य सरकार ने युवाओं के कौशल विकास के लिए 75 करोड़ रुपये का प्रावधान भी किया है, ताकि प्रशिक्षण को उद्योगों और बाजार की बदलती जरूरतों के अनुसार बनाया जा सके।

युवा को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल, अवसर और पारदर्शी व्यवस्था

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा, “युवा छत्तीसगढ़ की सबसे बड़ी ताकत और भविष्य की उम्मीद हैं। हमारा प्रयास है कि हर युवा को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल, अवसर और पारदर्शी व्यवस्था उपलब्ध हो। युवा सशक्तीकरण विकसित छत्तीसगढ़ के हमारे विजन का केंद्र है, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप है।”

पारदर्शी भर्ती पर फोकस

युवा केंद्रित एजेंडे में रोजगार के साथ सरकारी भर्ती व्यवस्था में पारदर्शिता को भी प्राथमिकता दी गई है। राज्य में करीब 9 हजार रिक्त सरकारी पदों पर सीधी भर्ती की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। इसके अलावा क्लास-3 और क्लास-4 के पदों पर भर्ती को एकीकृत, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने के लिए नए छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल का गठन किया गया है।

युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए सरकार द्वारा निःशुल्क कोचिंग की व्यवस्था

सरकार ने युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं में बेहतर अवसर देने के लिए CG-ACE पहल शुरू की है। इसके तहत NEET, CLAT, JEE, UPSC, CGPSC, बैंकिंग, SSC और रेलवे जैसी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क कोचिंग की व्यवस्था की जा रही है। इसके लिए 33 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

उच्च शिक्षा के बुनियादी ढांचे का विस्तार

युवा विकास की रणनीति में विष्णु देव साय सरकार ने उच्च शिक्षा को भी महत्वपूर्ण स्थान दिया है। उच्च शिक्षा के बजट में करीब 50 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। वर्ष 2025-26 में इसे बढ़ाकर 1,822.75 करोड़ रुपये किया गया है। राज्य के पांच सरकारी कॉलेजों को उत्कृष्टता केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। इनमें जशपुर, रायपुर, दुर्ग, बलौदाबाजार और रायगढ़ के कॉलेज शामिल हैं। इसी तरह, आईआईटी जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों की तर्ज पर कवर्धा, जशपुर, रायगढ़ और जगदलपुर में छत्तीसगढ़ इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (CGIT) विकसित किए गए हैं। आने वाले समय में रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग में भी इनके विस्तार की योजना है।

नए दौर की अर्थव्यवस्था के लिए तैयार हो रहा छत्तीसगढ़, भविष्य के उद्योगों पर हमारा फोकस : मुख्यमंत्री

सेमीकंडक्टर से ग्रीन एनर्जी तक, भविष्य के उद्योगों का नया गंतव्य बन रहा छत्तीसगढ़ : मुख्यमंत्री

छत्तीसगढ़ निवेश और उद्योगों की नई संभावनाओं का केंद्र : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय

मुख्यमंत्री श्री साय ने रायपुर में किया ‘इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर-2026’ का शुभारंभ

देशभर के 300 से अधिक एमएसएमई उद्यमी तीन दिवसीय औद्योगिक मेले में ले रहे हिस्सा

नई औद्योगिक विकास नीति से छत्तीसगढ़ में निवेश को मिली नई गति, प्रस्तावों के साथ धरातल पर भी उतर रही परियोजनाएं : मुख्यमंत्री श्री साय

आईटी, सेमीकंडक्टर, फार्मा, टेक्सटाइल और ग्रीन एनर्जी सहित नए एवं उभरते सेक्टरों पर राज्य सरकार का विशेष फोकस

निवेश प्रक्रिया को सरल बनाने के साथ उद्योगों के लिए ‘एक्सीलरेटर’ की भूमिका निभा रही राज्य सरकार

स्थानीय संसाधनों के वैल्यू एडिशन और युवाओं के रोजगार को औद्योगिक विकास का आधार बना रही सरकार

मुख्यमंत्री ने औद्योगिक स्टॉलों का किया अवलोकन, देशभर से आए उद्यमियों से किया आत्मीय संवाद

रायपुर, 18 सितम्बर 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में लघु उद्योग भारती द्वारा आयोजित तीन दिवसीय ‘इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर-2026’ का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने देश के विभिन्न राज्यों से आए उद्यमियों, निवेशकों और औद्योगिक प्रतिनिधियों का छत्तीसगढ़ की धरती पर स्वागत करते हुए उन्हें प्रदेश की विकास यात्रा में सहभागी बनने और यहां उपलब्ध निवेश की व्यापक संभावनाओं का लाभ उठाने के लिए आमंत्रित किया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ आज अपनी पारंपरिक औद्योगिक ताकत के साथ नई अर्थव्यवस्था और उभरते उद्योगों की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। खनिज, ऊर्जा, वन संपदा, पर्याप्त मानव संसाधन और देश के मध्य में अनुकूल भौगोलिक स्थिति हमारी स्वाभाविक ताकत है। राज्य सरकार इन खूबियों को आधुनिक तकनीक, बेहतर अधोसंरचना और निवेशक हितैषी नीतियों से जोड़कर छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख औद्योगिक एवं निवेश गंतव्यों में स्थापित करने की दिशा में कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि हमारी सरकार की भूमिका केवल उद्योगों के लिए नियामक की नहीं है। हम सरकार को उद्योग और निवेश की राह आसान करने वाले सहयोगी और ‘एक्सीलरेटर’ के रूप में विकसित कर रहे हैं। हमारा प्रयास है कि निवेश का प्रस्ताव आने से लेकर उद्योग के धरातल पर स्थापित होने तक हर चरण में निवेशकों को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध व्यवस्था मिले।

मुख्यमंत्री ने लघु उद्योग भारती द्वारा राष्ट्रीय स्तर के इस महत्वपूर्ण औद्योगिक आयोजन के लिए रायपुर का चयन किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योग हमारी अर्थव्यवस्था की मजबूत आधारशिला हैं। बड़े उद्योगों के साथ एमएसएमई का विस्तार होने से स्थानीय स्तर पर उद्यमिता बढ़ती है, रोजगार के अवसर पैदा होते हैं और आर्थिक गतिविधियों का लाभ समाज के व्यापक वर्ग तक पहुंचता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लघु उद्योग भारती देशभर के 750 से अधिक जिलों में उद्यमियों को संगठित कर उद्योग और उद्यमिता को आगे बढ़ाने का कार्य कर रही है। छत्तीसगढ़ के 25 जिलों में भी 1200 से अधिक लघु एवं मध्यम उद्योग संगठन से जुड़े हैं। 18 से 20 सितम्बर तक आयोजित इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर में देशभर के 300 से अधिक एमएसएमई उद्यमियों की भागीदारी इस आयोजन के महत्व को दर्शाती है।

उन्होंने कहा कि यह औद्योगिक मेला केवल उत्पादों और तकनीकों की प्रदर्शनी नहीं है। यह उद्यमियों के बीच संवाद, अनुभव, नवाचार और तकनीकी ज्ञान के आदान-प्रदान का महत्वपूर्ण मंच है। इसके माध्यम से नए व्यावसायिक संबंध बनेंगे, नई संभावनाओं पर चर्चा होगी और युवाओं को उद्योग तथा उद्यमिता की दुनिया को करीब से समझने का अवसर मिलेगा।

नई औद्योगिक नीति से निवेश को मिली नई गति

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार ने उद्योग जगत, निवेशकों और विभिन्न हितधारकों से व्यापक विचार-विमर्श के बाद औद्योगिक विकास नीति 2024-30 लागू की है। इस नीति का उद्देश्य केवल निवेश आकर्षित करना नहीं, बल्कि ऐसा औद्योगिक इकोसिस्टम तैयार करना है, जिसमें निवेश, उत्पादन, रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था एक साथ आगे बढ़ें।

रायपुर, 18 सितंबर 2026/ प्रदेश में अधोसंरचना विकास को गति देने और भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप मजबूत एवं एकीकृत अधोसंरचना तैयार करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ इन्फ्रास्ट्रक्चर मिशन के संबंध में आज मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव श्री विकासशील की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। लोक निर्माण विभाग को मिशन का नोडल विभाग बनाया गया है।

बैठक में मिशन के तहत प्रदेश के सड़क, ऊर्जा, ट्रांसमिशन, जल, सिंचाई, संचार, फाइबर नेटवर्क तथा अन्य आवश्यक अधोसंरचना के समग्र विकास के लिए दीर्घकालिक रणनीति और कार्ययोजना तैयार करने पर चर्चा हुई। मुख्य सचिव श्री विकासशील ने प्रदेश के रोड नेटवर्क के लिए आगामी 20 वर्षों का मास्टर प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मास्टर प्लान में वर्तमान अधोसंरचना की स्थिति, भविष्य की जरूरतों, कनेक्टिविटी की आवश्यकताओं और संभावित विकास क्षेत्रों का समग्र आकलन किया जाए। इसके आधार पर चरणबद्ध तरीके से परियोजनाओं की प्राथमिकता तय कर उनके क्रियान्वयन की कार्ययोजना तैयार की जाए।

मुख्य सचिव ने कहा कि प्रदेश में सड़क कनेक्टिविटी के साथ ऊर्जा, जल, सिंचाई, संचार एवं डिजिटल कनेक्टिविटी सहित सभी प्रमुख अधोसंरचना घटकों को एकीकृत दृष्टिकोण के साथ देखा जाए। प्रत्येक क्षेत्र की आवश्यकता का आकलन कर यह निर्धारित किया जाए कि आने वाले वर्षों में किस प्रकार की अधोसंरचना और किन क्षेत्रों में विकसित की जानी है।

इंटरमॉडल ट्रांसपोर्ट और लॉजिस्टिक्स हब की संभावनाओं का होगा अध्ययन

मुख्य सचिव ने प्रदेश में इंटरमॉडल ट्रांसपोर्ट एवं लॉजिस्टिक्स हब विकसित करने की संभावनाओं का अध्ययन करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सड़क एवं रेल सहित विभिन्न परिवहन माध्यमों के बीच बेहतर कनेक्टिविटी विकसित करने तथा माल परिवहन एवं लॉजिस्टिक्स व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक परियोजनाओं को चिन्हित करने को कहा। उन्होंने अधोसंरचना परियोजनाओं के लिए नए फंडिंग मैकेनिज्म की संभावनाओं का भी अध्ययन करने के निर्देश दिए। निजी एवं सार्वजनिक निवेश सहित विभिन्न वित्तीय विकल्पों का परीक्षण कर परियोजनाओं के लिए उपयुक्त वित्तीय व्यवस्था विकसित करने पर जोर दिया।

दीर्घकालिक योजना के साथ बनेगा वार्षिक एक्शन प्लान

मुख्य सचिव ने कहा कि 20 वर्षीय मास्टर प्लान के साथ वार्षिक एक्शन प्लान भी तैयार किया जाए। इसमें प्रत्येक वर्ष प्रस्तावित कार्यों, उनकी प्राथमिकता, आवश्यक संसाधनों और समय-सीमा का स्पष्ट निर्धारण हो। उन्होंने परियोजनाओं की प्रॉपर प्लानिंग एवं मैपिंग के साथ उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने देश के अन्य राज्यों में विकसित की जा रही आधुनिक अधोसंरचना परियोजनाओं का अध्ययन करने के लिए अधिकारियों के एक्सपोजर विजिट आयोजित करने को भी कहा, इससे वहां अपनाई जा रही बेहतर तकनीकों एवं कार्यप्रणालियों को छत्तीसगढ़ की आवश्यकताओं के अनुरूप अपनाया जा सके। मुख्य सचिव ने संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए मिशन के कार्यों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्यमंत्री एवं वाणिज्यिक कर, लोक निर्माण विभाग के सचिव श्री मुकेश कुमार, आवास एवं पर्यावरण विभाग के सचिव श्री अंकित आनंद, नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण के सीईओ श्री चंदन कुमार सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

पांच लाख से अधिक दीपों से जगमगाया सरोवर तालाब, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की उपस्थिति में उमड़ा जनसैलाब

रायपुर,  सितंबर 2026/प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने तथा उनके जन्मदिन के अवसर पर मनेन्द्रगढ़ से ‘सेवा संकल्प अभियान-2026’ का भव्य शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर वार्ड क्रमांक-8 स्थित सरोवर तालाब में आयोजित जिला स्तरीय दीप प्रज्वलन कार्यक्रम में पांच लाख से अधिक दीप जलाए गए। दीपों की रोशनी से पूरा क्षेत्र जगमगा उठा और इस ऐतिहासिक आयोजन को देखने के लिए जनसैलाब उमड़ पड़ा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री तथा मनेन्द्रगढ़ विधायक श्री श्याम बिहारी जायसवाल थे। स्वास्थ्य मंत्री श्री जायसवाल और अन्य विशिष्ट अतिथियों ने विधि-विधान के साथ दीप प्रज्वलित कर सेवा संकल्प अभियान एवं जिला स्तरीय दीपोत्सव का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन राष्ट्रसेवा, जनकल्याण और अंत्योदय के संकल्प का प्रेरणादायी अध्याय है। प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में सेवा को केवल दायित्व नहीं, बल्कि जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण का माध्यम बनाया गया है। इसी सेवा भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान प्रारंभ किया गया है।

पांच लाख दीपों की रोशनी से जगमगाया मनेन्द्रगढ़

सरोवर तालाब के चारों ओर जलाए गए पांच लाख से अधिक दीपों ने मनमोहक दृश्य प्रस्तुत किया। तालाब के पानी में दिखाई दे रहे दीपों के प्रतिबिंब और मंत्रोच्चार से पूरा वातावरण भक्ति एवं उल्लास से भर गया। आयोजन को देखने के लिए मनेन्द्रगढ़ सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।

स्वास्थ्य मंत्री श्री जायसवाल ने सफल आयोजन के लिए एमसीबी जिले की जनता और जिला प्रशासन को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह आयोजन प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की सेवा भावना, मनेन्द्रगढ़ की एकजुटता और क्षेत्र के विकास की नई रोशनी का प्रतीक है। जनभागीदारी ने इस कार्यक्रम को ऐतिहासिक और अविस्मरणीय बना दिया।

जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों की रही उपस्थिति

कार्यक्रम में राज्य योग आयोग के अध्यक्ष श्री संजय अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती यशवंती सिंह, नगर निगम महापौर श्री रामनरेश राय, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रतिमा यादव और उपाध्यक्ष श्री धर्मेंद्र पटवा विशेष रूप से उपस्थित रहे।

इस अवसर पर नगर निगम सभापति श्री संतोष सिंह, नई लेदरी के अध्यक्ष श्री वीरेंद्र सिंह राणा, झगराखांड नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रीमा यादव, खोंगापानी नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती ललिता राम यादव, जिला पंचायत सदस्य श्री रामजीत लकड़ा, पूर्व विधायक श्रीमती चंपा देवी पावले, जिला उपाध्यक्ष श्री आशीष सिंह और मनेन्द्रगढ़ मंडल अध्यक्ष श्री रोहित वर्मा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।

जिला स्तरीय कार्यक्रम में 11 हजार दीपों से जगमगाया मल्टीपर्पस स्कूल मैदान

विधायक श्री प्रणव कुमार मरपच्ची के मुख्य आतिथ्य में हुआ मंचीय कार्यक्रम

रायपुर,  सितंबर 2026/ प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष की सेवा, समर्पण और संघर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के शुभारंभ अवसर पर आज गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत दो लाख दीप प्रज्वलित किए गए। जिला स्तरीय कार्यक्रम मल्टीपर्पस स्कूल मैदान, पेंड्रा में आयोजित हुआ, जहां 11 हजार दीपों के सामूहिक प्रज्वलन से पूरा परिसर जगमगा उठा। दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रति शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद व्यक्त किया गया।

जिले में दीप प्रज्वलन का यह आयोजन केवल जिला मुख्यालय तक सीमित नहीं रहा। दुर्गा सरोवर पेंड्रा सहित सभी अमृत सरोवरों, ग्राम पंचायतों, ग्रामीण आजीविका मिशन के महिला स्व-सहायता समूहों, प्रधानमंत्री आवास योजना एवं महतारी वंदन योजना के हितग्राहियों तथा विभिन्न शासकीय कार्यालयों और संस्थाओं में भी दीप प्रज्वलित किए गए। जिलेभर में आयोजित सामूहिक दीप प्रज्वलन से सेवा, समर्पण और जनभागीदारी का संदेश प्रसारित हुआ।

विधायक श्री प्रणव कुमार मरपच्ची के मुख्य आतिथ्य में हुआ मंचीय कार्यक्रम

दीप प्रज्वलन के उपरांत मल्टीपर्पस स्कूल पेंड्रा के असेम्बली हॉल में जिला प्रशासन द्वारा मंचीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विधायक श्री प्रणव कुमार मरपच्ची मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी लगातार 25 वर्षों से मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में सेवा, समर्पण एवं संघर्ष के साथ देश की सेवा कर रहे हैं। श्री मोदी जनकल्याण और राष्ट्रसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संकल्प के साथ आगे बढ़ रहे हैं। वे जिस कार्य को ठान लेते हैं, उसे मिशन मोड में पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध रहते हैं।

विधायक श्री मरपच्ची ने कहा कि आज पूरा देश प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सम्मान में आशीर्वाद के दीप प्रज्वलित कर उन्हें शुभकामनाएं दे रहा है। यह आयोजन उनके सार्वजनिक जीवन की सेवा यात्रा के प्रति जनभावनाओं की अभिव्यक्ति है।

नुक्कड़ नाटक के माध्यम से प्रदर्शित की गईं 25 वर्षों की उपलब्धियां

कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों द्वारा नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। नाटक के माध्यम से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के विगत 25 वर्षों में किए गए विभिन्न कार्यों एवं महत्वपूर्ण पहलों को रचनात्मक रूप में प्रदर्शित किया गया। अंतरिक्ष मिशन, सर्जिकल स्ट्राइक, डिजिटल इंडिया सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और पहलों को प्रस्तुति के माध्यम से दर्शाया गया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि विधायक श्री प्रणव कुमार मरपच्ची ने उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई तथा स्वच्छता के प्रति जागरूकता और जनसहभागिता का संदेश दिया।

जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं जिलेवासियों की सहभागिता

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री समीरा पैकरा, उपाध्यक्ष राजा उपेंद्र बहादुर सिंह, कलेक्टर श्री विजय दयाराम के., पुलिस अधीक्षक श्री मनोज खिलाड़ी, डीएफओ श्री कुमार निशांत, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मुकेश रावटे सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं जिलेवासी उपस्थित रहे।

जिलेभर में आयोजित दीप प्रज्वलन कार्यक्रम में विभिन्न विभागों, संस्थाओं, महिला स्व-सहायता समूहों, हितग्राहियों एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। सामूहिक रूप से प्रज्वलित दो लाख दीपों ने जिले में सेवा, समर्पण, सहभागिता और शुभकामनाओं का संदेश दिया।

शासकीय कार्यालयों, धार्मिक स्थलों, मंदिरों, चौक-चौराहों, अमृत सरोवरों सहित विभिन्न स्थलों में प्रज्ज्वलित हुए दीए, घर- घर हुए रोशन

अम्बिकापुर के गांधी स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में पर्यटन मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने किया दीप प्रज्ज्वलन

सेवा का अर्थ समाज के अंतिम व्यक्ति तक संवेदना, अवसर और विकास पहुंचाना- पर्यटन मंत्री श्री राजेश अग्रवाल

राष्ट्र निर्माण और सामाजिक दायित्व का लिया गया संकल्प

रायपुर,  सितंबर 2026/ प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा एवं समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर छत्तीसगढ़ में आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत गुरुवार शाम 7 बजे ‘आशीर्वाद का दीया’ पहल के अंतर्गत प्रदेशभर में सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन किया गया। घरों के साथ-साथ अमृत सरोवरों, शासकीय कार्यालयों, धार्मिक स्थलों एवं मंदिरों तथा चौक-चौराहों सहित अन्य स्थलों में पांच लाख दीप प्रज्ज्वलित किए गए। इस दौरान सेवा, समर्पण, आभार, सकारात्मकता और सामाजिक सहभागिता का संदेश दिया गया।

इसी कड़ी में अंबिकापुर में जिला स्तरीय कार्यक्रम गांधी स्टेडियम में आयोजित हुआ। यहां मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने भी ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्ज्वलित कर इस अभियान में सहभागिता की। उन्होंने कहा कि दीप भारतीय संस्कृति में प्रकाश, आशा, सद्भाव और सकारात्मकता का प्रतीक है। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को सरगुजा की जनता की ओर से जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से प्रारंभ होकर 17 अक्टूबर तक एक माह चलेगा। उन्होंने कहा कि यदि कोई पात्र व्यक्ति शासकीय योजना के लाभ से वंचित है, तो शासन और प्रशासन यह सुनिश्चित करेगा कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। सेवा का अर्थ समाज के अंतिम व्यक्ति तक संवेदना, अवसर और विकास पहुंचाना है। हमारा संकल्प है कि शासन की हर योजना पात्र व्यक्ति तक पहुंचे, शिक्षा का प्रकाश हर घर तक पहुंचे, प्रतिभाओं को मंच मिले।श्री अग्रवाल ने कहा कि इन 25 वर्षों में सरगुजा ने शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, महिला सशक्तिकरण, जनजाति विकास, ग्रामीण विकास, सड़क एवं अधोसंरचना, रोजगार एवं कौशल विकास, स्वच्छता, जल संरक्षण और सामाजिक जागरूकता सहित अनेक क्षेत्रों में परिवर्तन की यात्रा तय की है। विकास की असली पहचान जनता की मुस्कान, बच्चों की शिक्षा, किसान की प्रगति, महिलाओं के आत्मविश्वास और युवाओं के रोजगार से होती है।
मंत्री श्री अग्रवाल ने आह्वान किया कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ को जन-जन का अभियान बनाएं। आशीर्वाद का दीया जलाएं, सेवा के संकल्प को दोहराएं और सरगुजा की विकास यात्रा को नई ऊंचाइयों पर ले जाएं।

लुण्ड्रा विधायक श्री प्रबोध मिंज ने सभी को सेवा संकल्प अभियान की शुभकामनाएं दीं तथा कहा कि आज अलग-अलग स्थानों पर एक साथ प्रज्ज्वलित हुए, दीप जनभागीदारी और सामूहिक संकल्प की भावना के प्रतीक हैं। सीतापुर विधायक श्री रामकुमार टोप्पो ने कहा कि आज हम सभी को बेहद गर्व महसूस हो रहा है कि लाखों दीयों से पूरा सरगुजा जगमगाने लगा है। यह दीया एकमात्र दीया नहीं, बल्कि एक लंबी यात्रा और लंबे संकल्प का प्रतीक है। दिए की इन लाखों लौ से आज पूरा हिंदुस्तान एक नया इतिहास रचने जा रहा है। हमारा देश दुनिया में एक अलग पहचान कायम कर रहा है। हमारा स्थान पूरी दुनिया में और अधिक शक्तिशाली बने, ये हमारी कामना है।

कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने कहा कि हमारे देश के माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के सार्वजनिक सेवा में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर एक महीने तक पूरे जिले में इस अभियान का संचालन किया जाएगा। अभियान के तहत सभी विभागों के द्वारा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 'आशीर्वाद का दीया' सभी परिवारों और देश के सभी नागरिकों की तरफ से माननीय प्रधानमंत्री महोदय के प्रति आभार व्यक्त करने का एक माध्यम है। इस अभियान का उद्देश्य केवल आभार प्रदर्शन करना नहीं है, बल्कि यह सुनिश्चित करना भी है कि जितनी भी शासकीय योजनाएं हैं, उनका जमीन पर बेहतर क्रियान्वयन हो। सभी योजनाओं में शत-प्रतिशत पहुँच को लेकर जो भी पात्र हितग्राही हैं, उन्हें योजनाओं का लाभ मिले तथा स्वास्थ्य और शिक्षा में सुधार हो, इन लक्ष्यों को लेकर इस अभियान का संचालन किया जाएगा।

प्रदेशव्यापी ‘सेवा संकल्प अभियान’ का भव्य शुभारंभ, ‘आशीर्वाद के दीयों’ से जगमगा उठी राजधानी

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर रायपुरवासियों ने जलाए 25 लाख से अधिक ‘आशीर्वाद के दीये’

जनभागीदारी के इस ऐतिहासिक आयोजन ने बनाया कीर्तिमान, गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुआ ‘आशीर्वाद का दीया’

मुख्यमंत्री श्री साय ने स्वयं दीप प्रज्वलित कर बढ़ाया जनभागीदारी का उत्साह, शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर महापुरुषों की प्रतिमाओं पर किया माल्यार्पण

मुख्यमंत्री ने ‘प्रोजेक्ट अक्षरा’ का किया शुभारंभ, स्क्रीन टाइम कम कर पुस्तकों से जुड़ने के लिए किया जाएगा प्रेरित

रायपुर  सितंबर 2026/ प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर आज राजधानी रायपुर लाखों दीपों की रोशनी से जगमगा उठी। प्रदेशव्यापी ‘सेवा संकल्प अभियान’ के शुभारंभ अवसर पर आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में समाज के सभी वर्गों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने स्वयं दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ, सुदीर्घ और यशस्वी जीवन की कामना की। राजधानी में 25 लाख से अधिक ‘आशीर्वाद के दीये’ प्रज्वलित कर रायपुरवासियों ने प्रधानमंत्री श्री मोदी के प्रति अपना स्नेह और शुभकामनाएं व्यक्त कीं। जनभागीदारी के इस आयोजन को गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी स्थान मिला।

मुख्यमंत्री श्री साय शाम को अपने निवास कार्यालय से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम के लिए रवाना हुए। छत्तीसगढ़ क्लब चौक से भगत सिंह चौक, घड़ी चौक, शारदा चौक, गौरव पथ और शंकर नगर होते हुए तेलीबांधा तालाब स्थित मुख्य समारोह स्थल तक पूरे मार्ग में ‘आशीर्वाद के दीयों’ की रोशनी दिखाई दी। सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में नागरिकों ने दीप जलाए थे। मुख्यमंत्री श्री साय ने विभिन्न स्थानों पर रुककर नागरिकों का उत्साहवर्धन किया और स्वयं भी उनके साथ दीप प्रज्वलित किए।

मुख्यमंत्री श्री साय ने इस दौरान घड़ी चौक स्थित भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर, शारदा चौक स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी तथा भगत सिंह चौक स्थित अमर शहीद भगत सिंह की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उनका स्मरण किया।

मरीन ड्राइव में आयोजित मुख्य समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को उनके जन्मदिवस पर समस्त छत्तीसगढ़वासियों की ओर से हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रसेवा को अपना संकल्प और जनसेवा को अपना ध्येय मानकर प्रधानमंत्री श्री मोदी ने भारत की प्रतिष्ठा को विश्व पटल पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। मां भारती की सेवा के प्रति उनका समर्पण, दृढ़ संकल्प और राष्ट्र निर्माण के लिए निरंतर किया जा रहा परिश्रम हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी की सार्वजनिक सेवा के 25 वर्षों की यात्रा सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्र निर्माण को समर्पित रही है। इस अवधि में देश ने विकास और जनकल्याण के अनेक क्षेत्रों में व्यापक परिवर्तन देखा है। गरीबों के पक्के आवास से लेकर स्वच्छ पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य सुविधाओं, स्वच्छता, वित्तीय समावेशन और बुनियादी अधोसंरचना तक जनकल्याणकारी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में बदलाव लाने का कार्य किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी 140 करोड़ देशवासियों को अपना परिवार मानकर ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मूलमंत्र के साथ निरंतर देश की सेवा कर रहे हैं। उनकी नीतियों के केंद्र में गरीब, किसान, युवा, महिलाएं, श्रमिक, वंचित और जनजातीय समाज सहित प्रत्येक वर्ग का कल्याण है। विकसित भारत के निर्माण का उनका संकल्प आज देशवासियों के सामूहिक संकल्प में परिवर्तित हो रहा है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि आज का दिन रायपुर और पूरे छत्तीसगढ़ के लिए विशेष है। राजधानी में 25 लाख से अधिक ‘आशीर्वाद के दीये’ जलाकर नागरिकों ने प्रधानमंत्री श्री मोदी के प्रति अपना स्नेह और शुभकामनाएं अभिव्यक्त की हैं। इस आयोजन में सामाजिक, सांस्कृतिक और विभिन्न जनसंगठनों सहित समाज के सभी वर्गों ने जिस उत्साह के साथ सहभागिता की, वह जनभागीदारी की शक्ति का सुंदर उदाहरण है।

वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने कहा—‘आशीर्वाद का दीया’ 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति जन-आभार और सेवा संकल्प का प्रतीक

सेवा संकल्प अभियान के तहत एक माह तक चलेंगी सेवा और जनकल्याण की गतिविधियां

जिले में जनभागीदारी से पांच लाख से अधिक दीपों का हुआ प्रज्वलन

रायपुर,  सितम्बर 2026/ प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर रायगढ़ जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ का शुभारंभ ‘आशीर्वाद का दीया’ उत्सव के साथ हुआ। रायगढ़ के सिंदूर पार्क में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में 40 हजार से अधिक दीप प्रज्वलित किए गए। दीपों से सजा ‘नमो सिंदूर पार्क रायगढ़’ सेवा, सहयोग, जनभागीदारी और विकसित भारत-2047 के सामूहिक संकल्प का संदेश देता नजर आया।

प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी. चौधरी ने दीप प्रज्वलित कर अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति जनता के आभार, शुभकामनाओं और सेवा के संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से आगामी एक माह तक जनकल्याण और समाजहित से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों को जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।

वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि बीते वर्षों में देश ने आर्थिक, सामाजिक, शैक्षणिक, कूटनीतिक और वैश्विक स्तर पर महत्वपूर्ण बदलाव देखे हैं। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में आए बदलाव का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि कभी बस्तर में सड़क और आवागमन भी चुनौतीपूर्ण था, लेकिन निरंतर प्रयासों से परिस्थितियों में व्यापक परिवर्तन आया है। उन्होंने कहा कि जिन कार्यों को कुछ वर्ष पहले असंभव माना जाता था, वे आज साकार हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सिंदूर पार्क ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की स्मृति से जुड़ा महत्वपूर्ण स्थल है। इसी स्थल पर हजारों नागरिकों ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए दीप प्रज्वलित किए। उन्होंने आयोजन में बड़ी संख्या में शामिल नागरिकों, कार्यकर्ताओं, वरिष्ठजनों तथा प्रशासन और नगर निगम के अधिकारियों-कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।

‘आशीर्वाद का दीया’ उत्सव के माध्यम से जिले में जनभागीदारी से पांच लाख से अधिक दीप प्रज्वलित किए गए। जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों सहित आम नागरिकों ने अपने घरों में भी दीप जलाकर सेवा, सुशासन और विकसित भारत-2047 के संकल्प के प्रति अपनी सहभागिता दर्ज कराई।

सिंदूर पार्क में दीपों से तैयार विशेष फॉर्मेशन को आकर्षक स्वरूप देने में सहयोग करने वाले कलाकार श्री मनोज श्रीवास्तव एवं श्री सुजीत मोदी को शाल और श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। वित्त मंत्री श्री चौधरी ने दीप प्रज्वलन में सहयोग करने वाली स्वच्छता दीदियों एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के प्रति भी आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर महापौर श्री जीवर्धन चौहान ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले नगरवासियों, नगर निगम के अधिकारियों-कर्मचारियों, पुलिस विभाग, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मितानिनों, आयोजन से जुड़े सहयोगियों एवं मीडिया प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी और सभी के सहयोग से सिंदूर पार्क में यह भव्य आयोजन संभव हो सका।

उन्होंने बताया कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आगामी एक माह तक जिला, विकासखंड, ग्राम एवं वार्ड स्तर पर विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ सेवा और सामाजिक सरोकार से जुड़ी विविध गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शिखा रविन्द्र गबेल, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती सुषमा खलखो, सभापति श्री डिग्री लाल साहू सहित जनप्रतिनिधि, कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित थे।

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ, सुदीर्घ और यशस्वी जीवन की कामना की

मुख्यमंत्री ने कहा - सेवा और राष्ट्र निर्माण को समर्पित प्रधानमंत्री के 25 वर्षों की यात्रा हम सभी के लिए प्रेरणा

रायपुर सितंबर 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर अपने निवास पर ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्वलित कर उनके स्वस्थ, सुदीर्घ और यशस्वी जीवन की मंगलकामना की। मुख्यमंत्री श्री साय ने इस अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रसेवा और जनकल्याण के प्रति समर्पण को स्मरण करते हुए अपनी शुभकामनाएं व्यक्त कीं।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने अपने सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष राष्ट्र और जनसेवा को समर्पित किए हैं। गरीब कल्याण से लेकर सुशासन, अंत्योदय से लेकर आत्मनिर्भर भारत और विरासत के सम्मान से लेकर आधुनिक भारत के निर्माण तक उनकी यह यात्रा देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रधानमंत्री जी के जन्मदिवस पर छत्तीसगढ़ सहित देशभर में सेवा और जनभागीदारी का भाव दिखाई दे रहा है। ‘आशीर्वाद का दीया’ इसी आत्मीय भावना की अभिव्यक्ति है। यह छोटा-सा दीप प्रधानमंत्री जी के प्रति प्रदेशवासियों के स्नेह, विश्वास और शुभकामनाओं का प्रतीक है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका पूरी प्रतिबद्धता के साथ निभा रहा है। हमारा संकल्प है कि विकास की रोशनी प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और गांव, गरीब, किसान, महिला, युवा तथा जनजातीय समाज की आकांक्षाएं विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की शक्ति बनें।

Ads

R.O.NO. 1399/63 Advertisement Carousel

MP info RSS Feed

फेसबुक