ईश्वर दुबे
संपादक - न्यूज़ क्रिएशन
+91 98278-13148
newscreation2017@gmail.com
Shop No f188 first floor akash ganga press complex
Bhilai
विधायक श्री डोमनलाल कोर्सेवाड़ा पंचतत्व में हुए विलीन, मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने दिया कंधा, नम आंखों से दी अंतिम विदाई
पैतृक ग्राम भेण्ड्रा में राजकीय सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार, मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिजनों से मिलकर बंधाया ढांढस
रायपुर 2026/ अहिवारा विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं छत्तीसगढ़ अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष स्वर्गीय श्री डोमनलाल कोर्सेवाड़ा आज पंचतत्व में विलीन हो गए। बालोद जिले के गुंडरदेही विकासखंड स्थित उनके पैतृक ग्राम भेण्ड्रा में पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने स्वर्गीय श्री कोर्सेवाड़ा की पार्थिव देह पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया तथा उनके पार्थिव शरीर को कंधा देकर उन्हें अंतिम विदाई दी। मुख्यमंत्री श्री साय ने उनके शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और उन्हें इस कठिन समय में ढांढस बंधाया।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने विधायक श्री डोमनलाल कोर्सेवाड़ा के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि उनका असमय निधन पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति है। श्री कोर्सेवाड़ा अहिवारा विधानसभा क्षेत्र से दूसरी बार विधायक निर्वाचित हुए थे। वे अत्यंत सुलझे हुए, परिपक्व, मिलनसार और मृदुभाषी जनप्रतिनिधि थे। वे सदैव अपने क्षेत्र के विकास और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए चिंतित रहते थे। एक शिक्षक से विधायक तक का उनका सफर जनसेवा के प्रति उनके समर्पण को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने भावुक होते हुए कहा कि श्री कोर्सेवाड़ा के उपचार के दौरान उनकी लगातार बातचीत होती रही थी। कहीं से भी ऐसा नहीं लग रहा था कि वे हैदराबाद से स्वस्थ होकर वापस नहीं लौटेंगे। निधन से एक दिन पूर्व प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल भी हैदराबाद जाकर उनसे मिले थे और चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य एवं उपचार की विस्तृत जानकारी ली थी। चिकित्सकों से मेरी भी बातचीत कराई गई थी। सभी चिकित्सक उनके स्वास्थ्य लाभ के लिए हरसंभव प्रयास कर रहे थे। स्वयं श्री कोर्सेवाड़ा ने भी स्वस्थ होकर वापस लौटने की उम्मीद जताई थी, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि श्री कोर्सेवाड़ा का निधन उनके विधानसभा क्षेत्र और प्रदेश के लिए अत्यंत दुःखद है। उनका सहज, सरल व्यक्तित्व और जनसेवा के प्रति समर्पण सदैव स्मरणीय रहेगा।
उल्लेखनीय है कि स्वर्गीय श्री डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का 78 वर्ष की आयु में हैदराबाद में उपचार के दौरान निधन हो गया था।
गौरतलब है कि आज शनिवार सुबह उनका पार्थिव शरीर विमान से रायपुर पहुंचा। स्वामी विवेकानंद विमानतल पर लोगों के अंतिम दर्शन और श्रद्धांजलि अर्पित करने की व्यवस्था की गई थी। इसके बाद पार्थिव शरीर भिलाई-3 स्थित उनके शासकीय आवास पहुंचा, जहां परिजनों, जनप्रतिनिधियों और शुभचिंतकों ने अंतिम दर्शन कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इसके पश्चात पार्थिव शरीर को उनके पैतृक ग्राम भेण्ड्रा ले जाया गया, जहां राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। इस अवसर पर खाद्य मंत्री श्री दयाल दास बघेल, स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल, स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव, कौशल विकास मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद श्री विजय बघेल एवं श्री भोजराज नाग, विधायक श्री पुन्नूलाल मोहले, श्री ईश्वर साहू, श्री ललित चन्द्राकर, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष श्री प्रेमप्रकाश पाण्डेय सहित अनेक स्थानीय जनप्रतिनिधि, कलेक्टर दुर्ग श्री अभिजीत सिंह, कलेक्टर बालोद श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा, एसपी श्री किरण गंगाराम चव्हाण सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी, बड़ी संख्या में सतनामी समाज के गणमान्य नागरिक और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
दिवंगत विधायक के सम्मान में राज्योत्सव सादगी से होगा आयोजित
स्वर्गीय श्री डोमनलाल कोर्सेवाड़ा के निधन पर सम्मान व्यक्त करते हुए बालोद जिला प्रशासन ने जिला स्तरीय राज्योत्सव समारोह को सादगी के साथ आयोजित करने का निर्णय लिया है। इसके तहत समारोह में होने वाले सभी सांस्कृतिक कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए हैं। अब राज्योत्सव में केवल शासकीय योजनाओं और जिले में हुए विकास कार्यों पर आधारित प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इस प्रदर्शनी के माध्यम से आम नागरिकों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और जिले की विकास उपलब्धियों की जानकारी दी जाएगी।
मुख्यमंत्री श्री साय ने गृह ग्राम भेंडरा पहुंचकर पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि
रायपुर : मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय आज बालोद जिले के ग्राम भेंडरा पहुंचे, जहां उन्होंने अहिवारा विधायक स्वर्गीय श्री डोमनलाल कोर्सेवाड़ा के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री श्री साय उनकी अंतिम यात्रा में शामिल हुए और उन्हें नम आंखों से अंतिम विदाई दी।
मुख्यमंत्री श्री साय ने स्वर्गीय श्री कोर्सेवाड़ा के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि उनका निधन पूरे क्षेत्र की जनता और व्यक्तिगत रूप से उनके लिए अत्यंत पीड़ादायक है। स्वर्गीय श्री कोर्सेवाड़ा का सरल व्यक्तित्व, आत्मीय व्यवहार और जनसेवा के प्रति समर्पण सदैव स्मरणीय रहेगा।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
संवेदनशील पहल से दिव्यांग धनीराम के जीवन को मिली नई रफ्तार
रायपुर, 31 अक्टूबर 2026/ दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में संवेदनशील पहल करते हुए प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने विधायक कार्यालय में ग्राम अचानकपुर निवासी दिव्यांग श्री धनीराम यादव को स्कूटी प्रदान की। श्री यादव आवास मित्र के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। स्कूटी मिलने से अब उन्हें अपने कार्यक्षेत्र में आवागमन करने तथा दैनिक कार्यों के संपादन में काफी सुविधा मिलेगी।
उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने श्री धनीराम यादव को स्कूटी प्रदान करते हुए कहा कि दिव्यांगजन भी समाज के अभिन्न अंग हैं। उनकी क्षमता, प्रतिभा और आत्मविश्वास को प्रोत्साहित करने के साथ उन्हें आगे बढ़ने के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना हम सभी की जिम्मेदारी है। सरकार दिव्यांगजनों के सम्मान, सुविधा और आत्मनिर्भरता के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। ऐसे प्रयासों का उद्देश्य दिव्यांगजनों के जीवन को अधिक सुगम बनाना और उन्हें बिना किसी बाधा के अपने कार्य करने के लिए प्रोत्साहित करना है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी व्यक्ति को सुविधा उपलब्ध कराना केवल सहायता देना नहीं, बल्कि उसे आत्मनिर्भर बनने और अपने सपनों को पूरा करने का अवसर प्रदान करना भी है। स्कूटी मिलने से श्री यादव को अपने कार्यों को अधिक सहजता और सुविधाजनक तरीके से करने में मदद मिलेगी। स्कूटी प्राप्त होने पर श्री धनीराम यादव ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि स्कूटी मिलने से उनके दैनिक आवागमन की परेशानी कम होगी और आवास मित्र के रूप में अपने दायित्वों का निर्वहन करने में भी सहूलियत मिलेगी। यह सहयोग उनके लिए काफी उपयोगी साबित होगा।
लौह पुरुष सरदार पटेल की मनाई गई 151वीं जयंती, ग्राम भगतपुर में राष्ट्र की एकता और अखंडता का दिया संदेश
सरदार पटेल की जयंती पर कुर्मी क्षत्रिय समाज ने दिखाई एकजुटता, 55 लाख रुपए के विकास कार्यों की मिली सौगात
रायपुर, 31 अक्टूबर 2026/ देश की एकता और अखंडता के प्रतीक लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर कबीरधाम जिले के पंडरिया विकासखंड के ग्राम भगतपुर में जिला कुर्मी क्षत्रिय समाज द्वारा भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। अतिथियों ने सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री संतोष पाण्डेय, पंडरिया विधायक श्रीमती भावना बोहरा विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी ने देश की एकता, अखंडता और अखंड भारत के निर्माण में लौह पुरुष सरदार पटेल के ऐतिहासिक योगदान को याद करते हुए उन्हें नमन किया।
उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने सामाजिक भवन निर्माण के लिए 25 लाख रुपए तथा सीसी रोड एवं डोम निर्माण के लिए 20 लाख रुपए देने की घोषणा की। वहीं विधायक श्रीमती भावना बोहरा ने अटल चौक के पास पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा स्थापना एवं सौंदर्यीकरण के लिए 10 लाख रुपए देने की घोषणा की। इस तरह कुल 55 लाख रुपए के विकास कार्यों की सौगात दी गई। कृषक कल्याण परिषद के अध्यक्ष श्री सुरेश चंद्रवंशी, छत्तीसगढ़ कुर्मी क्षत्रिय समाज के दुर्ग संभाग के मंत्री श्री नंदलाल चंद्रकार, जिला पंचायत के उपाध्यक्ष श्री कैलाश चंद्रवंशी, नगरपालिका के अध्यक्ष श्री चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और समाज के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
सरदार पटेल ने रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर बनाया अखंड भारत– उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा
उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने स्वतंत्रता के समय देश के सामने मौजूद सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक चुनौती को स्वीकार किया और साढ़े 500 से अधिक रियासतों को एकजुट कर गौरवशाली एवं वैभवशाली भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। हैदराबाद के निजाम सहित अनेक जटिल परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति और कुशल नेतृत्व से रियासतों का भारत में विलय कराया। गुजरात में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा स्थापित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी आज भी सरदार पटेल के व्यक्तित्व और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान की प्रेरणा देता है।
उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने छत्रपति शिवाजी महाराज का उल्लेख करते हुए कहा कि इतिहास में जब मुगल शासकों द्वारा देश में हिंदू राजाओं को समाप्त करने और विभिन्न क्षेत्रों पर अपना प्रभुत्व स्थापित करने के प्रयास किए जा रहे थे, तब छत्रपति शिवाजी महाराज ने उनके सामने दृढ़ता से खड़े होकर संघर्ष किया और देश की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने समाज की एकजुटता और कृषि परंपरा पर जोर देते हुए कहा कि जब समाज की गंगा एक साथ जुड़ती है, तो उससे सकारात्मक और रचनात्मक परिणाम सामने आते हैं। उन्होंने कहा कि कुर्मी समाज कृषि प्रधान समाज रहा है। समाज के लोगों को आधुनिकता और विविधता के साथ खेती की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। कम जमीन में भी अलग-अलग प्रकार की फसलों और कृषि उत्पादों के माध्यम से बेहतर उत्पादन एवं आमदनी प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने समाज के युवाओं और चिंतकों से समाज की उन्नति, संस्कृति और परंपराओं को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए मिलकर प्रयास करने का आह्वान किया।
सामाजिक एकता ही विकास की सबसे बड़ी ताकत– सांसद श्री संतोष पाण्डेय
सांसद श्री संतोष पाण्डेय ने सरदार वल्लभभाई पटेल के व्यक्तित्व और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि सरदार पटेल स्वतंत्र भारत के ऐसे महान नेतृत्वकर्ता थे, जिन्होंने देश की एकता और अखंडता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उन्होंने छत्रपति शिवाजी महाराज का भी उल्लेख करते हुए कहा कि देश के इतिहास में ऐसे महान व्यक्तित्वों का योगदान हमेशा प्रेरणा देता रहेगा। उन्होंने समाज की एकजुटता, गौरव और सामाजिक नेतृत्व के महत्व पर अपने विचार रखे।
वन विभाग की प्रदर्शनी में महिला सशक्तिकरण, युवाओं की आजीविका और वन्यजीव संरक्षण की पहल होंगी प्रदर्शित
रायपुर, 31 अक्टूबर 2026/ छत्तीसगढ़ राज्योत्सव में इस बार बस्तर की बदलती तस्वीर देखने को मिलेगी। वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ‘बदलता बस्तरदृसंवरता छत्तीसगढ़’ थीम पर अपनी प्रदर्शनी लगाएगा। इसमें नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति के साथ बढ़ते पर्यटन और रोजगार के अवसरों से लेकर प्रदेश में वन एवं वन्यजीव संरक्षण की पहल को प्रदर्शित किया जाएगा। राज्योत्सव की थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ के अनुरूप प्रदर्शनी में महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता और युवाओं के लिए आजीविका के नए अवसरों पर विशेष जोर रहेगा।
प्रदर्शनी में बस्तर के उन क्षेत्रों की झलक दिखाई जाएगी, जहां कभी नक्सलवाद के कारण पर्यटन गतिविधियां सीमित थीं और अब स्थानीय समुदाय पर्यटन से जुड़कर रोजगार प्राप्त कर रहे हैं। कांगेर घाटी की जंगल सफारी और गुफाओं के साथ स्टार गेजिंग के लिए प्रसिद्ध कोण्डागांव की पुष्पाल घाटी, इंद्रावती टाइगर रिजर्व के मट्टीमरका और सुकमा के तुंगल डैम को मॉडल के जरिए दिखाया जाएगा। धुड़मारास के धुरवा होमस्टे और देवगुड़ियों के संरक्षण के माध्यम से बस्तर की संस्कृति और पर्यटन से जुड़ी आजीविका को भी प्रदर्शित किया जाएगा।
तुंगल कैफे चला रहीं मुख्यधारा में लौटीं 10 महिलाएं, कांगेर घाटी में युवाओं को रोजगार
प्रदर्शनी में सुकमा का तुंगल कैफे महिला आत्मनिर्भरता की मिसाल के रूप में सामने आएगा। मुख्यधारा में लौटीं 10 महिलाएं मिलकर इस कैफे का संचालन कर रही हैं। वहीं, कांगेर घाटी में चक्रीय निधि से उपलब्ध कराए गए 35 जिप्सी वाहनों से लगभग 200 स्थानीय युवाओं को रोजगार मिला है। तुंगल में युवा नौका विहार और कयाकिंग जैसी गतिविधियों से आय अर्जित कर रहे हैं। स्थानीय युवाओं को नेचर गाइड के रूप में भी रोजगार मिल रहा है। प्रदर्शनी के जरिए बताया जाएगा कि किस तरह पर्यटन वनांचल के लोगों के लिए आजीविका का नया जरिया बन रहा है।
काले हिरण की वापसी और गिद्ध संरक्षण के प्रयास भी दिखेंगे
वन्यजीव संरक्षण से जुड़ी गतिविधियां भी प्रदर्शनी का प्रमुख आकर्षण होंगी। बारनवापारा में दशकों बाद काले हिरण की वापसी, औरापानी में गिद्ध संरक्षण और छत्तीसगढ़ के पहले रामसर स्थल कोपरा जलाशय के संरक्षण को प्रमुखता से दिखाया जाएगा। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने भी 26 अप्रैल 2026 को ‘मन की बात’ कार्यक्रम में बारनवापारा में काले हिरण की वापसी का उल्लेख किया था। इसके अलावा धमतरी के ठेमली द्वीप को इको-पर्यटन केंद्र के रूप में प्रदर्शित किया जाएगा। ‘गजरथ यात्रा’ के माध्यम से मानव-हाथी द्वंद्व प्रबंधन और सह-अस्तित्व का संदेश दिया जाएगा। प्रदेश के राजकीय पशु वन भैंसा, राजकीय वृक्ष साल, राजकीय पक्षी पहाड़ी मैना और राजकीय तितली बनाए जाने के लिए अनुमोदित ऑरेंज ओकलीफ की जानकारी भी दर्शकों को मिलेगी।
वनोपज से आजीविका बढ़ाने के प्रयासों की भी मिलेगी जानकारी
प्रदर्शनी में लघु वनोपज के संग्रहण, प्रसंस्करण और विपणन से वनवासियों की आय बढ़ाने के प्रयासों को भी दिखाया जाएगा। इसके लिए लघु वनोपज प्रसंस्करण इकाई, ‘छत्तीसगढ़ हर्बल्स’ और छत्तीसगढ़ राज्य औषधीय पादप बोर्ड की गतिविधियों का प्रदर्शन किया जाएगा। दर्शक यहां वन उत्पादों की जानकारी लेने के साथ उनकी खरीदारी भी कर सकेंगे।
युवाओं के लिए होगा क्विज प्रतियोगिता, मिलेंगे पुरस्कार
युवाओं और बच्चों के लिए वन, वन्यजीव और बस्तर पर आधारित प्रश्नोत्तरी भी आयोजित की जाएगी। सही जवाब देने वालों को पुरस्कार मिलेंगे। वहीं, क्यूआर कोड स्कैन कर दर्शक प्रदेश के इको-पर्यटन स्थलों, वहां पहुंचने के मार्ग, उपलब्ध सुविधाओं और बुकिंग की जानकारी अपने मोबाइल पर प्राप्त कर सकेंगे।
मंडप के तीन द्वारों में दिखेगी आस्था, जनजातीय गौरव और टाइगर बॉय की झलक
लगभग 88 गुणा 30 फीट में तैयार होने वाले मंडप में तीन विशेष द्वार बनाए जाएंगे। इनमें दंतेवाड़ा के वन मंदिर, जगदलपुर की जनजातीय गौरव वाटिका और बस्तर के प्रसिद्ध ‘टाइगर बॉय’ चेंदरू की स्मृति में चेंदरू द्वार शामिल होंगे। एलईडी स्क्रीन पर बस्तर में आए बदलाव पर आधारित लघु फिल्में भी दिखाई जाएंगी।
1812 रिक्त संविदा पदों के लिए आयोजित सीबीटी परीक्षा में अभ्यर्थियों ने दिखाया उत्साह
शिक्षक गणित विषय में सर्वाधिक 90.25 प्रतिशत उपस्थिति, कंप्यूटर आधारित परीक्षा प्रणाली की अभ्यर्थियों ने की सराहना
रायपुर, 31 अक्टूबर 2026/ छत्तीसगढ़ स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में 1812 रिक्त संविदा पदों पर भर्ती के लिए आयोजित कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) के पहले दिन अभ्यर्थियों में उत्साह देखने को मिला। यह परीक्षा 31 अक्टूबर से 4 नवंबर 2026 तक आयोजित की जा रही है। पहले दिन प्रदेश के विभिन्न परीक्षा केंद्रों में कुल 83.25 प्रतिशत अभ्यर्थियों की उपस्थिति दर्ज की गई।
लोक शिक्षण संचालनालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, परीक्षा के पहले दिन प्रदेश के विभिन्न परीक्षा केंद्रों में कुल 10 विषयों की परीक्षा आयोजित की गई। इसमें 7,025 अभ्यर्थी उपस्थित हुए, जबकि 1,177 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
विषयवार उपस्थिति के आंकड़ों के अनुसार शिक्षक गणित विषय में सर्वाधिक 90.25 प्रतिशत अभ्यर्थी उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त व्याख्याता संस्कृत में 81.77 प्रतिशत, व्याख्याता सामाजिक विज्ञान में 84.87 प्रतिशत, व्याख्याता भौतिकी में 84.83 प्रतिशत, व्याख्याता जीव विज्ञान में 83.27 प्रतिशत, व्याख्याता इतिहास में 80.56 प्रतिशत, व्याख्याता रसायन में 77.07 प्रतिशत, व्यायाम शिक्षक में 76.9 प्रतिशत, व्याख्याता भूगोल में 64.29 प्रतिशत तथा व्याख्याता अर्थशास्त्र में 63.64 प्रतिशत अभ्यर्थियों की उपस्थिति दर्ज की गई।
34,604 अभ्यर्थियों ने किया आवेदन, 99.74 प्रतिशत को प्रवेश पत्र जारी
इस भर्ती परीक्षा के लिए कुल 34,604 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। इनमें से 34,514 अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र जारी किए गए हैं, जो कुल आवेदकों का 99.74 प्रतिशत है। आवेदन करने वालों में 20,779 महिला अभ्यर्थी (60 प्रतिशत) तथा 13,825 पुरुष अभ्यर्थी (40 प्रतिशत) शामिल हैं। इस प्रकार महिला आवेदकों की संख्या पुरुषों की तुलना में अधिक रही है। कुल आवेदकों में 332 दिव्यांग अभ्यर्थी भी शामिल हैं।
छत्तीसगढ़ में स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा पहली बार आयोजित कंप्यूटर आधारित परीक्षा में प्रथम दिवस परीक्षार्थियों में अत्यधिक उत्साह देखा गया। परीक्षार्थियों ने बताया कि कंप्यूटर आधारित परीक्षा प्रणाली, ओएमआर एवं पारंपरिक पेन-पेपर परीक्षा की तुलना में अधिक तेज, पारदर्शी, सटीक एवं प्रभावी है।
कंप्यूटर द्वारा उत्तरों का स्वचालित मूल्यांकन होने के कारण कम समय में त्रुटिरहित परीक्षा परिणाम तैयार एवं घोषित किए जा सकेंगे। परीक्षार्थियों ने इसे राज्य शासन की एक सराहनीय पहल बताया। कंप्यूटर आधारित परीक्षा (ब्ठज्) में अभ्यर्थियों के उत्तर, उत्तर कुंजी, डिजिटल रिकॉर्ड एवं ऑडिट ट्रेल उपलब्ध होने से परीक्षा प्रक्रिया अन्य परीक्षा प्रणालियों की तुलना में अधिक पारदर्शी है। परीक्षार्थियों ने आशा व्यक्त की कि भविष्य में अन्य भर्ती परीक्षाओं का आयोजन भी यथासंभव कंप्यूटर आधारित परीक्षा प्रणाली के माध्यम से किया जाएगा।
वित्त मंत्री ने रायगढ़ में तीर्थयात्रा से लौटे 981 वरिष्ठ नागरिकों का किया सम्मान
श्री रामलला दर्शन और मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना से साकार हो रहे वरिष्ठजनों के सपने
प्रदेश में एक लाख श्रीरामचरित मानस पुस्तिकाएं और व्यास वेदी वितरित करने का संकल्प
रायपुर, 31 अक्टूबर 2026/ वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि प्रभु श्रीराम का जीवन केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के लिए आदर्श है। उनका जीवन हमें संघर्ष, त्याग, मर्यादा, कर्तव्यनिष्ठा और सेवा की प्रेरणा देता है। भगवान श्रीराम ने राजपरिवार में जन्म लेने के बावजूद अनेक कठिनाइयों का सामना किया और 14 वर्षों का वनवास स्वीकार किया। उनके जीवन से हमें सीख मिलती है कि कठिन परिस्थितियों से विचलित हुए बिना समाज और मानवता के कल्याण के लिए निरंतर कार्य करना चाहिए।
वित्त मंत्री श्री चौधरी आज रायगढ़ के पंजरी प्लांट स्थित संत पूज्य श्री प्रियदर्शी राम ऑडिटोरियम में श्री रामलला दर्शन योजना एवं मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत तीर्थयात्रा कर लौटे वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने जिले के 981 वरिष्ठ नागरिकों को श्रीरामचरित मानस की पुस्तिका, व्यास वेदी और शाल भेंट कर सम्मानित किया। इनमें ग्रामीण क्षेत्रों के 861 तथा शहरी क्षेत्रों के 120 वरिष्ठ नागरिक शामिल थे।
छत्तीसगढ़ से भगवान श्रीराम का गहरा सांस्कृतिक और भावनात्मक संबंध
वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि छत्तीसगढ़ भगवान श्रीराम का ननिहाल है। माता कौशल्या छत्तीसगढ़ की बेटी थीं, इसलिए भगवान श्रीराम का प्रदेश से गहरा सांस्कृतिक और भावनात्मक संबंध है। छत्तीसगढ़ में भगवान श्रीराम को स्नेहपूर्वक भांचा राम कहा जाता है। यहां भांचा के प्रति विशेष आदर और उनके चरण स्पर्श करने की परंपरा हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम के आदर्श आज भी समाज को सही दिशा प्रदान करते हैं। उनके जीवन में मर्यादा, पारिवारिक मूल्यों, सामाजिक समरसता और लोककल्याण का अद्भुत समन्वय दिखाई देता है। श्रीराम के आदर्शों को आत्मसात कर हम समाज में सेवा, सद्भाव और सकारात्मकता की भावना को और मजबूत कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में वरिष्ठजनों को मिल रहा तीर्थयात्रा का अवसर
वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ने वरिष्ठ नागरिकों की धार्मिक आस्था और भावनाओं का सम्मान करते हुए मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना को पुनः प्रारंभ किया। इसके साथ ही सरकार के पहले बजट में श्री रामलला दर्शन योजना प्रारंभ की गई, ताकि छत्तीसगढ़ के श्रद्धालु अयोध्या धाम पहुंचकर प्रभु श्रीराम के दर्शन कर सकें।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि अधिक से अधिक वरिष्ठ नागरिकों को तीर्थयात्रा का अवसर मिले। इसके लिए यात्रा के दौरान आवागमन सहित आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है। ये योजनाएं वरिष्ठजनों की वर्षों पुरानी इच्छाओं और धार्मिक आकांक्षाओं को पूरा करने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रही हैं।
एक लाख श्रीरामचरित मानस पुस्तिकाएं और व्यास वेदी वितरित करने का संकल्प
वित्त मंत्री श्री चौधरी ने बताया कि अयोध्या धाम में प्रभु श्रीराम के दर्शन के दौरान उन्होंने छत्तीसगढ़ में कम से कम एक लाख श्रीरामचरित मानस पुस्तिकाएं और व्यास वेदी श्रद्धालुओं तक पहुंचाने का संकल्प लिया था। इसी संकल्प को पूरा करने की दिशा में विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि श्रीरामचरित मानस भारतीय संस्कृति, जीवन मूल्यों और आदर्शों का महत्वपूर्ण ग्रंथ है। इसके माध्यम से नई पीढ़ी को भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन, मर्यादा और कर्तव्यबोध से परिचित कराने के साथ हमारी धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
समावेशी शिक्षा, डिजिटल लर्निंग, स्मार्ट क्लास और कौशल विकास पर विशेष फोकस
STEM, ATL, कंपोजिट लैब और SCERT की उपलब्धियों सहित शिक्षा के विभिन्न आयामों का होगा प्रदर्शन
रायपुर, 31 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के अवसर पर स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा लगाई जा रही विभागीय स्टॉल में प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था में हो रहे नवाचारों, आधुनिक शिक्षण तकनीकों और शैक्षणिक उपलब्धियों की झलक देखने को मिलेगी। स्टॉल के माध्यम से राज्य में गुणवत्तापूर्ण, समावेशी और तकनीक आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए संचालित विभिन्न गतिविधियों एवं योजनाओं को प्रदर्शित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव के मार्गदर्शन में प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक, गुणवत्तापूर्ण और रोजगारोन्मुखी बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को राज्योत्सव में प्रमुखता से प्रस्तुत किया जाएगा।विभागीय स्टॉल में समावेशी शिक्षा एवं संस्कृति, कौशल विकास एवं शिक्षा, STEM/ATL/Composite Lab, नवाचार, SCERT की उपलब्धियां, मुस्कान पुस्तकालय एवं डिजिटल लाइब्रेरी, राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020, स्मार्ट शिक्षण, NCC, स्काउट गाइड, रेड क्रॉस तथा डिजिटल लर्निंग एवं स्मार्ट क्लास जैसे महत्वपूर्ण विषयों को शामिल किया गया है।
स्टॉल में आधुनिक शिक्षा प्रणाली के अंतर्गत विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित आधारित स्टेम शिक्षा, अटल टिंकरिंग लैब तथा कंपोजिट लैब के माध्यम से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, रचनात्मकता और नवाचार की भावना विकसित करने के प्रयासों को विशेष रूप से रेखांकित किया जाएगा। साथ ही डिजिटल लाइब्रेरी और स्मार्ट क्लास के माध्यम से शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया को अधिक रोचक, प्रभावी और तकनीक आधारित बनाने की पहल को भी प्रस्तुत किया जाएगा।
राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (SCERT) की शैक्षणिक उपलब्धियों, शिक्षक प्रशिक्षण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को भी प्रदर्शनी में स्थान दिया गया है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अंतर्गत विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, व्यावहारिक ज्ञान, कौशल आधारित शिक्षा और नवाचार को बढ़ावा देने की अवधारणा पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त स्टॉल में एनसीसी, स्काउट गाइड और रेड क्रॉस जैसी गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सेवा भावना और सामाजिक उत्तरदायित्व विकसित करने के प्रयासों को भी प्रमुखता दी जाएगी। समावेशी एवं समग्र शिक्षा के अंतर्गत प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य को भी रेखांकित किया जाएगा।
राज्योत्सव में स्कूल शिक्षा विभाग की यह स्टॉल प्रदेश की बदलती शिक्षा व्यवस्था, आधुनिक तकनीकों के समावेश और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को प्रदर्शित करेगी। इसके माध्यम से आम नागरिकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में संचालित विभिन्न योजनाओं, नवाचारों एवं उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त होगी।
राष्ट्रीय एकता दिवस पर मुख्यमंत्री ने सरदार पटेल के अतुलनीय योगदान को किया याद
देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय एकीकरण के महान शिल्पकार थे सरदार पटेल : मुख्यमंत्री श्री साय
सरदार पटेल का दृढ़ संकल्प, दूरदर्शी नेतृत्व और राष्ट्रसेवा का आदर्श सदैव प्रेरणादायी रहेगा
रायपुर, 31 अक्टूबर 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज यहाँ सिविल लाइन स्थित मुख्यमंत्री निवास में भारत रत्न, लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर उनके छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धापूर्वक नमन किया। मुख्यमंत्री श्री साय ने देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय एकीकरण में सरदार पटेल के ऐतिहासिक योगदान का स्मरण करते हुए उन्हें कृतज्ञ राष्ट्र की ओर से श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल भारतीय एकता और अखंडता के महान शिल्पकार थे। उन्होंने अपने अदम्य साहस, दृढ़ इच्छाशक्ति और कुशल नेतृत्व से स्वतंत्रता के बाद देश की सैकड़ों रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर एक सशक्त और अखंड भारत की नींव रखी। राष्ट्र निर्माण में उनका यह असाधारण योगदान भारतीय इतिहास में सदैव स्वर्णाक्षरों में अंकित रहेगा।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि सरदार पटेल का संपूर्ण जीवन राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया और देश की एकता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उनका व्यक्तित्व हमें सिखाता है कि दृढ़ संकल्प, सामूहिक प्रयास और राष्ट्र के प्रति अटूट समर्पण से बड़ी से बड़ी चुनौतियों का समाधान किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरदार पटेल के एक भारत, श्रेष्ठ भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। आज देश विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता के नए आयाम स्थापित करते हुए विकसित भारत के लक्ष्य की ओर तेजी से अग्रसर है। सरदार पटेल के विचार और आदर्श इस राष्ट्रीय संकल्प को और अधिक सशक्त बनाते हैं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस केवल सरदार पटेल के महान योगदान को स्मरण करने का अवसर नहीं है, बल्कि यह देश की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता को अक्षुण्ण बनाए रखने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराने का भी दिन है। भारत की विविधता ही उसकी सबसे बड़ी शक्ति है। विभिन्न भाषाओं, संस्कृतियों, परंपराओं और समुदायों को एकता के सूत्र में पिरोकर आगे बढ़ना ही सरदार पटेल के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्शों को आत्मसात करते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता और समृद्धि के लिए अपना योगदान दें। उन्होंने कहा कि हम सभी को मिलकर एक सशक्त, समरस और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का संकल्प लेना चाहिए, ताकि विकसित भारत के निर्माण में हमारा प्रदेश अग्रणी भूमिका निभा सके।
रायपुर, 31 अक्टूबर 2026/राज्यपाल श्री रमेन डेका ने लौह पुरूष, राष्ट्रीय एकीकरण के शिल्पकार, भारत रत्न, सरदार वल्लभ भाई पटेल की 151वीं जयंती पर आज लोकभवन में उनके छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। राज्यपाल श्री डेका ने अखंड भारत के निर्माण में उनके योगदान को याद करते हुए नमन किया।
इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव डॉ.सी.आर. प्रसन्ना, विधिक सलाहकार श्रीमती सत्यभामा अजय दुबे एवं लोक भवन के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
पहले सेमीफाइनल में संस्कारधानी का मुकाबला न्यायधानी से
रायपुर. अक्टूबर 2026. बैलाडिला बुल्स के लिए अपने आखिरी लीग मैच में इससे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद नहीं की जा सकती थी। आज की जीत ही उसे सेमीफाइनल में पहुंचा सकती थी। टीम ने उम्दा प्रदर्शन करते हुए चक्रधर चैंपियंस को 6-2 से करारी शिकस्त देकर सेमीफाइनल में जगह बनाई।
इस परिणाम के साथ ही संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने भी टूर्नामेंट के नॉकआउट चरण में अपनी जगह पक्की कर ली। अब टॉप क्वालीफायर के रूप में न्यायधानी नाइट्स 31 अक्टूबर को शाम 5:30 बजे संस्कारधानी का सामना करेगी, जबकि इसके बाद शाम 7:30 बजे बैलाडिला और मैनपाट के बीच दूसरा सेमीफाइनल होगा।
मैच शुरू होने से पहले चिंगलेनसाना सिंह की टीम के सामने 'करो या मरो' जैसी स्थिति थी, और उन्होंने शानदार प्रदर्शन करके दिखाया। आनंद ने पहले ही मिनट में गोल करके अपनी टीम के इरादे साफ कर दिए। उन्होंने शुरुआती हमले में एक 'रिवर्स फ्लिक' लगाई, जो सीधे नेट में जाकर लगी। बुल्स ने गोल करने के लिए जबरदस्त जज्बा दिखाया, खासकर पहले मैच में मिली हार के बाद। पहले क्वार्टर का सबसे अहम पल वह था जब डलेश्वर यादव ने युवराज वाल्मीकि के खिलाफ एक 'पेनल्टी स्ट्रोक' को बचा लिया, जिसने चैंपियंस को गोल करने से रोक दिया।
वहीं बुल्स ने अपने मिले मौके को गोल में बदल दिया। जसकरण सिंह ने लीग में अपना 7वां गोल किया और टीम की बढ़त को 2-0 कर दिया। कुछ मिनट बाद उन्होंने एक पेनल्टी कॉर्नर के जरिए अपना तीसरा गोल दागा।
इस अहम मुकाबले में जसकरण यहीं नहीं रुके। उन्होंने तीसरे क्वार्टर में एक पेनल्टी कॉर्नर के जरिए अपना चौथा गोल किया। आनंद भी पीछे नहीं रहे। उन्होंने चैंपियंस के कुछ डिफेंडरों को छकाते हुए एक और गोल कर दिया। इसके तुरंत बाद गोपाल ने पेनल्टी कॉर्नर रिबाउंड पर गोल किया, जिससे उनका गोल अंतर +2 हो गया और सेमीफाइनल में उनकी जगह पक्की हो गई।
चक्रधर के लिए यह बहुत निराशाजनक रहा। हालांकि एस.वी. सुनील ने अपनी टीम के लिए मौके बनाए, लेकिन फॉरवर्ड लाइन के बीच तालमेल की कमी दिखी। कप्तान ने सर्कल के अंदर कुछ बेहतरीन पास दिए, लेकिन गेंद को गोल में मोड़ने (डिफ्लेक्ट करने) के लिए वहां कोई मौजूद नहीं था। किसी तरह दूसरे क्वार्टर में खोगेश्वर बाग ने एक गोल कर दिया। आखिरी क्वार्टर के अंत में वाल्मीकि ने रिवर्स हिट से गोल किया, लेकिन यह उन्हें सेमीफाइनल तक पहुंचाने के लिए काफी नहीं था। असल में, इन दो गोलों के अलावा, 'चैंपियंस' टीम सर्कल के अंदर बहुत कम बार पहुंच पाई।
संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने मैनपाट टाइटन्स को 4-0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई
शमशेर की टीम 'संस्कारधानी स्ट्राइकर्स' ने मजबूत 'मैनपाट टाइटन्स' के खिलाफ उम्मीद से कहीं बेहतर प्रदर्शन किया और अपने आखिरी लीग मैच में उन्हें 4-0 से हरा दिया। हालांकि उनका सेमीफाइनल में पहुंचना काफी हद तक 'बुल्स' और 'चक्रधर' के बीच होने वाले मैच पर निर्भर था, लेकिन कुल मिलाकर उन्होंने अपना काम बखूबी कर दिया था।
आशीष तानी पूर्ति ने हैट्रिक लगाई, जिससे उनके कुल गोलों की संख्या 12 हो गई। इससे स्ट्राइकर्स का गोल अंतर +2 बना रहा, जिससे सेमीफाइनल में पहुंचने की उनकी संभावना और मजबूत हो गई। मैच के चारों क्वार्टर की बात करें तो संस्कारधानी ने शुरुआत में काफी संभलकर खेला, लेकिन उनका सामना टाइटन्स से था, जिनके पास टूर्नामेंट की सबसे बेहतरीन डिफेंस लाइन है। लीग के 14वें मैच के पहले तक उन्होंने केवल 7 गोल खाए थे।
लेकिन दूसरे क्वार्टर की शुरुआत में ही आशीष ने एक जोरदार ड्रैग-फ्लिक के जरिए स्ट्राइकर्स के लिए गोल का खाता खोला, जिसे प्रदीप मोर भी नहीं रोक पाए। इसके बाद कुछ और मौके मिले, लेकिन उन्हें भुनाया नहीं जा सका और स्कोर स्ट्राइकर्स के पक्ष में 1-0 पर ही अटका रहा। आशीष ने एक बार फिर उसी अंदाज़ में गोल किया - इस बार तीसरे क्वार्टर में।
उन्होंने एक और पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर अपनी टीम की बढ़त और बढ़ा दी, और इस बार टाइटन्स के डिफेंस के पास कोई मौका नहीं था। खेल के बिल्कुल आखिरी पलों में स्ट्राइकर्स को एक फील्ड गोल भी मिला। शाहरुख ने पास दिया और ओम कुमार यादव ने गेंद को गोल पोस्ट के अंदर पहुँचा दिया।
रायपुर. अक्टूबर 2026. अपने सभी पांच मैच खेलने के बाद संस्कारधानी स्ट्राइकर्स अभी भी छत्तीसगढ़ हॉकी लीग की सेमीफाइनल की रेस में बनी हुई है। ओलंपियन शमशेर की इस टीम ने आज मैनपाट टाइटन्स को 4-0 से हराया, जो टूर्नामेंट में टाइटन्स की पाँच मैचों में पहली हार थी।
आशीष तानी पूर्ति ने हैट्रिक लगाई और इस टूर्नामेंट में अपने कुल गोलों की संख्या 12 तक पहुँचा दी। स्ट्राइकर्स का गोल अंतर अब +2 हो गया है, जिससे उनके सेमीफाइनल में पहुँचने की उम्मीदें बढ़ गई हैं। अब स्ट्राइकर्स के लिए स्थिति बिल्कुल साफ है। उन्हें उम्मीद करनी होगी कि बैलाडिला बुल्स या तो चक्रधर चैंपियंस से हार जाए, या अगर वे जीतते भी हैं, तो जीत का अंतर 4 गोल से कम हो।
संस्कारधानी ने टाइटन्स के खिलाफ संभलकर शुरुआत की। टाइटन्स के पास टूर्नामेंट की सबसे मजबूत डिफेंस लाइन है, जिसने (मैच 14 से पहले तक) केवल 7 गोल खाए थे। पहले क्वार्टर में यही देखने को मिला, जहाँ कोई गोल नहीं हुआ और स्कोर 0-0 रहा।
लेकिन दूसरे क्वार्टर की शुरुआत में ही आशीष ने एक जोरदार ड्रैग फ्लिक के जरिए स्ट्राइकर्स के लिए खाता खोला, जिसे प्रदीप मोर भी नहीं रोक पाए। इसके बाद कुछ और मौके मिले, लेकिन उन्हें भुनाया नहीं जा सका और स्कोर स्ट्राइकर्स के पक्ष में 1-0 ही रहा।
तीसरे क्वार्टर में आशीष ने एक बार फिर उसी अंदाज में गोल किया। यह इस सीजन का उनका 11वां गोल था। वे इस सीजन के सबसे कामयाब खिलाड़ियों में हैं। आशीष यहीं नहीं रुके। उन्होंने एक और पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदला, जिसका टाइटन्स के डिफेंस के पास कोई जवाब नहीं था। मैच के अंतिम पलों में स्ट्राइकर्स को एक फील्ड गोल भी मिला। शाहरुख ने पास दिया और ओम कुमार यादव ने गेंद को गोल में पहुँचा दिया। इस हार के बावजूद मैनपाट की सेमीफाइनल में पहुँच चुकी है और फाइनल में जगह बनाने की प्रबल दावेदार है।
अंतिम संस्कार दोपहर 2 बजे पैतृक ग्राम भेण्ड्रा में होगा
रायपुर अक्टूबर 2026/ अहिवारा विधायक श्री डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का हैदराबाद में उपचार के दौरान शुक्रवार को निधन हो गया। 31 अक्टूबर को उनका पार्थिव शरीर विमान द्वारा रायपुर लाया जाएगा, जिसके उपरांत विभिन्न स्थानों पर दर्शन व श्रद्धांजलि के बाद उनके पैतृक ग्राम भेण्ड्रा (गुंडरदेही, जिला बालोद) में अंतिम संस्कार संपन्न होगा।
स्व. विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा के पार्थिव शरीर का आगमन सुबह 8:30 बजे राजधानी के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर होगा, जहाँ सुबह 9:30 बजे तक का समय आरक्षित रहेगा। इसके बाद विमानतल से प्रस्थान कर पार्थिव शरीर सुबह 10:15 बजे भिलाई-3 स्थित शासकीय आवास पहुँचेगा, जहाँ सुबह 11 बजे तक का समय अंतिम दर्शन व श्रद्धांजलि हेतु आरक्षित रखा गया है। सुबह 11 बजे भिलाई-3 निवास से प्रस्थान कर पार्थिव शरीर सुबह 11:30 बजे जवाहर नगर, दुर्ग पहुँचेगा, जहाँ दोपहर 12:30 बजे तक का समय आरक्षित रहेगा। इसके उपरांत जवाहर नगर, दुर्ग से ग्राम भेण्ड्रा (गुंडरदेही, जिला-बालोद) के लिए प्रस्थान किया जाएगा। पार्थिव देह दोपहर 1 बजे ग्राम भेण्ड्रा पहुंचेगी। वहाँ दोपहर 2 बजे तक का समय आरक्षित रहेगा। तदुपरांत दोपहर 2 बजे उनका अंतिम संस्कार होगा।
रायपुर अक्टूबर 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज मुख्यमंत्री निवास में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री जगत प्रकाश नड्डा का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया।