ईश्वर दुबे
संपादक - न्यूज़ क्रिएशन
+91 98278-13148
newscreation2017@gmail.com
Shop No f188 first floor akash ganga press complex
Bhilai
किस राज्य में किस दल को मिली खुशी और कौन हाथ मलता रहा
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव-2024 के अंतिम परिणाम आ चुके हैं और इसी के साथ दलों के जीत-हार की राज्यवार स्थिति भी स्पष्ट हो गई है। इस आमचुनाव में किसी भी दल को स्वतंत्र रुप से बहुमत हासिल नहीं हुआ है। इससे पहले 2014 और 2019 के चुनाव में शानदार प्रदर्शन कर सत्ता पाने वाली भाजपा को भी इस बार 272 का जादुई आंकड़ा छूने जैसा मेंडेड हासिल नहीं हुआ और वह भी 240 सीटों पर ही संतुष्ट नजर आई है। इस चुनाव में कांग्रेस को 99 सीटों के साथ आगे बढ़ने का जनादेश हासिल हुआ है। जहां तक गठबंधन का सवाल है तो भाजपा नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन को 292 सीटें हासिल हुई हैं, जबकि कांग्रेस नेतृत्व वाले इंडिया गठबंधन को 234 सीटें मिली हैं। वहीं 17 सीटों पर अन्य ने जीत दर्ज की है। दलगत चुनाव परिणाम के अनुसार भाजपा सबसे ज्यादा सीटें हासिल कर, अगली सरकार बनाने का दावा भी पेश कर चुकी है। संभावना व्यक्त की जा रही है कि 8 जून को रात 8 बजे एक बार फिर नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे और इसी के साथ एनडीए गठबंधन की सरकार पुन: बन जाएगी।
चुनाव परिणाम अनुसार दलगत स्थिति इस चुनाव में भाजपा को 240 सीटें मिली हैं। अन्य दलों की स्थिति के बारे में बात करें तो कांग्रेस 99 सीटों के साथ दूसरे नंबर पर है। समाजवादी पार्टी को 37 सीटें, ममता बनर्जी की टीएमसी को 29 सीटें, तमिलनाडु की डीएमके पार्टी को 22 सीटें, आईं. चंद्रबाबू नायडू की टीडीपी को 16 सीटें हासिल हुई हैं। नीतीश कुमार की जेडीयू को 12 सीटें, शिवसेना (यूबीटी) को 9 सीटें, शरद पवार की एनसीपी को 8 सीटें, एकनाथ शिंदे की शिवसेना को 7 सीटें, एलजेपी (रामविलास पासवान) को 5 सीटें, वाईएसआरसीपी को 4 सीटें मिली हैं। जबकि लालू प्रसाद यादव की राष्ट्रीय जनता दल को 4 सीटें और सीपीआई (एम) को भी 4 सीटें ही मिली हैं।