ईश्वर दुबे
संपादक - न्यूज़ क्रिएशन
+91 98278-13148
newscreation2017@gmail.com
Shop No f188 first floor akash ganga press complex
Bhilai
देश के पूर्वी हिस्से, उत्तर प्रदेश और उत्तरी मध्य प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में अगले पांच दिनों तक लू की स्थिति जारी रह सकती है। उधर, ओडिशा में भीषण गर्मी के चलते अब तक 36 लोगों की जान चली गई। बुधवार को जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के साथ बारिश हुई। राष्ट्रीय राजधानी और आसपास के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हुई। प्रचंड गर्मी के बाद उत्तर पश्चिम भारत में कुछ स्थानों पर अब अगले दो दिन आंधी-तूफान के साथ बारिश की संभावना है। कहीं-कहीं जोरदार बारिश हो सकती है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, बीते 24 घंटे के दौरान राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश और उत्तर पश्चिम मध्य प्रदेश के कई इलाकों में गर्म हवाएं चलीं। मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में धूल भरी आंधी चली। इस दौरान उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों और निकटवर्ती मध्य भारत के ज्यादातर इलाकों में अधिकतम तापमान 43-46 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2-4 डिग्री अधिक था। इस दौरान उत्तर प्रदेश के झांसी में सबसे अधिक तापमान 46.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा, उप हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, तमिलनाडु और तेलंगाना में कुछ स्थानों पर भारी तो कुछ पर बहुत भारी बारिश हुई। पूर्वोत्तर के राज्यों असम, मेघायल, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा में अलग-अलग स्थानों पर मूसलाधार बारिश हुई। तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक और मध्य महाराष्ट्र में भी कहीं-कहीं वर्षा दर्ज की गई। वहीं, उत्तराखंड और पश्चिमी मध्य प्रदेश में कई जगहों पर ओलावृष्टि हुई। आईएमडी के मुताबिक, अगले दो दिनों के दौरान पूर्वी भारत में अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि दर्ज की जा सकती है।