महतारी वंदन से जशपुर की महिलाओं को आर्थिक संबल, 639 करोड़ रुपये से अधिक की राशि का भुगतान

हर माह 2.22 लाख से अधिक महिलाओं को मिल रहा लाभ, बच्चों की पढ़ाई-पोषण से लेकर बचत और स्वरोजगार तक में उपयोग हो रही राशि

बेटियों के भविष्य के लिए सुकन्या समृद्धि में निवेश, छोटी बचत से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहीं महिलाएं

रायपुर, 29 सितम्बर 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित महतारी वंदन योजना जशपुर जिले की महिलाओं के लिए आर्थिक संबल का महत्वपूर्ण माध्यम बन रही है। योजना शुरू होने के बाद मार्च 2024 से अगस्त 2026 तक जिले की महिलाओं के खातों में 639 करोड़ 54 लाख 55 हजार 550 रुपये की राशि अंतरित की जा चुकी है। जिले में औसतन 2 लाख 22 हजार से अधिक महिलाओं को हर माह योजना का लाभ मिल रहा है।

योजना के तहत पात्र महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। नियमित रूप से मिलने वाली इस राशि का उपयोग महिलाएं अपनी और परिवार की प्राथमिकताओं के अनुसार बच्चों की शिक्षा, पोषण, घरेलू आवश्यकताओं, बचत और स्वरोजगार में कर रही हैं। किसी मां के लिए यह राशि बच्चे की कॉपी-किताब और पढ़ाई का सहारा बनी है, तो किसी महिला ने इसे बेटी के भविष्य की बचत से जोड़ दिया है। कई महिलाएं इस राशि को अपनी आय के साथ जोड़कर छोटे व्यवसाय और आजीविका गतिविधियों को भी आगे बढ़ा रही हैं।

किसी के लिए बच्चों की पढ़ाई, तो किसी के लिए भविष्य की बचत

देवगुड़ा की हितग्राही परमिला प्रजापति बताती हैं कि महतारी वंदन योजना से मिलने वाली राशि से उन्हें अपने बच्चे की पढ़ाई और पोषण संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करने में मदद मिल रही है। नियमित आर्थिक सहायता से घर के खर्च को व्यवस्थित करने में भी सहूलियत हो रही है।

पुरनानगर की एनीमा खलखो योजना से मिलने वाली राशि का उपयोग बच्चे की पढ़ाई और पोषण के साथ घरेलू जरूरतों को पूरा करने में करती हैं। खास बात यह है कि वे हर महीने 500 रुपये की बचत भी कर रही हैं। इस तरह योजना से मिली राशि उनके लिए वर्तमान जरूरतों को पूरा करने के साथ भविष्य के लिए आर्थिक आधार तैयार करने का माध्यम बन रही है।

बेटियों के बेहतर भविष्य के लिए सुकन्या समृद्धि में जमा कर रहीं राशि

महतारी वंदन से मिली आर्थिक सहायता को महिलाएं दीर्घकालीन बचत से भी जोड़ रही हैं। तपकरा क्षेत्र के बाधरकोना की विनीता बघेल और जशपुर की पार्वती सिंह अपनी बेटियों के नाम सुकन्या समृद्धि योजना में राशि जमा कर रही हैं। छोटी-छोटी नियमित बचत के माध्यम से उनका प्रयास बेटियों की उच्च शिक्षा और भविष्य की आवश्यकताओं के लिए आर्थिक आधार तैयार करना है।

महिलाओं को आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने की दिशा में महतारी शक्ति ऋण योजना भी सहायक बन रही है। इसके माध्यम से पात्र महिलाओं को 25 हजार रुपये तक का ऋण निर्धारित शर्तों के अनुसार उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे वे छोटे व्यवसाय और आयमूलक गतिविधियों को आगे बढ़ा सकें।

सिलाई और छोटे व्यवसाय से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ते कदम

महतारी वंदन योजना का प्रभाव केवल घरेलू जरूरतों और बचत तक सीमित नहीं है। कई महिलाएं योजना से मिलने वाली राशि को अपनी आय के साथ जोड़कर स्वरोजगार को मजबूत कर रही हैं। जशपुर की ममता यादव सिलाई का कार्य करती हैं। वे बताती हैं कि सिलाई से होने वाली आय और महतारी वंदन की राशि से परिवार की जरूरतों को पूरा करने के साथ बच्चों के भविष्य के लिए भी बचत कर पा रही हैं।

इसी तरह श्रीमती सरिता यादव, श्रीमती अनीता सोनकर, श्रीमती बिरसमुनी सिंह, श्रीमती लक्ष्मी बाई और श्रीमती अनीशा बाई सहित जिले की अनेक महिलाएं सिलाई, छोटे व्यवसाय और अन्य आयमूलक गतिविधियों से जुड़कर अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।

महिलाओं के हाथ में आर्थिक संबल, पूरे परिवार को मिल रही मजबूती

महतारी वंदन योजना से मिलने वाली नियमित राशि महिलाओं को अपनी आवश्यकताओं और परिवार की प्राथमिकताओं के अनुसार आर्थिक निर्णय लेने का अवसर दे रही है। बच्चों की शिक्षा और पोषण हो, घरेलू जरूरतें हों, बेटी के भविष्य के लिए बचत हो या फिर स्वरोजगार को आगे बढ़ाने की कोशिश—महिलाएं अपनी परिस्थितियों के अनुरूप इस सहायता का उपयोग कर रही हैं।

जशपुर की इन महिलाओं की कहानियां बताती हैं कि नियमित आर्थिक सहायता जब बचत, शिक्षा और आजीविका से जुड़ती है, तो उसका प्रभाव पूरे परिवार तक पहुंचता है। महतारी वंदन योजना महिलाओं के लिए प्रतिमाह मिलने वाली आर्थिक सहायता के साथ भविष्य की बेहतर योजना बनाने, बचत की आदत विकसित करने और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का माध्यम बन रही है।

केन्द्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से बदल रही जरूरतमंद परिवारों की जिंदगी

रायपुर, 29 सितंबर 2026/ प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार द्वारा संचालित प्रधानमंत्री आवास योजना जरूरतमंद परिवारों के लिए केवल आवास उपलब्ध कराने की योजना नहीं, बल्कि सम्मानजनक और सुरक्षित जीवन की नई शुरुआत का माध्यम बन रही है। पक्के घर का सपना देखने वाले अनेक परिवारों के लिए यह योजना उम्मीद की किरण बनी है। गौरेला-पेंड्रा- मरवाही जिले के गौरेला के रवान पारा वार्ड क्रमांक 11 निवासी श्री शिवप्रसाद भट्ट का परिवार भी इसका उदाहरण है, जिनका वर्षों से अपने पक्के घर का सपना प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से पूरा हुआ है।

श्री शिवप्रसाद भट्ट मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। परिवार में उनकी पत्नी, एक बेटा और एक बेटी हैं। सीमित आमदनी के कारण अपने परिवार के लिए पक्का मकान बनाना उनके लिए लंबे समय तक मुश्किल था। परिवार कच्चे मकान में रहता था, जहां बारिश के मौसम में पानी और अन्य परेशानियों के कारण परिवार को काफी असुविधाओं का सामना करना पड़ता था।

प्रधानमंत्री आवास योजना की जानकारी मिलने के बाद श्री शिवप्रसाद ने अपने पक्के घर के सपने को साकार करने की दिशा में कदम बढ़ाया। उन्होंने योजना की जानकारी लेकर नगर पालिका गौरेला में आवास के लिए आवेदन किया। आवेदन स्वीकृत होने के बाद उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 2 लाख 30 हजार रुपये की सहायता राशि प्राप्त हुई और उनके परिवार के लिए पक्के मकान का निर्माण संभव हो सका।

पक्के घर की सौगात मिलने के बाद श्री शिवप्रसाद और उनका परिवार अब सुरक्षित और बेहतर वातावरण में जीवन व्यतीत कर रहा है। वे बताते हैं कि पहले कच्चे मकान में बारिश के दौरान काफी परेशानी होती थी, लेकिन अब पक्की छत मिलने से इन चिंताओं से मुक्ति मिली है। उनके लिए यह मकान सिर्फ ईंट और सीमेंट से बना घर नहीं, बल्कि परिवार की सुरक्षा, सम्मान और बेहतर भविष्य का आधार है।

केन्द्र सरकार की योजनाओं से मिला बहुआयामी लाभ

प्रधानमंत्री आवास योजना के साथ-साथ श्री शिवप्रसाद के परिवार को केन्द्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का भी लाभ मिल रहा है। उज्ज्वला योजना के माध्यम से उनकी पत्नी को गैस कनेक्शन प्राप्त हुआ है, जिससे परिवार को स्वच्छ ईंधन की सुविधा मिली। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत परिवार को शौचालय की सुविधा मिली। वहीं राज्य शासन की महतारी वंदन योजना के तहत उनकी पत्नी को प्रतिमाह 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता मिल रही है।

इस प्रकार विभिन्न योजनाओं का लाभ एक साथ मिलने से श्री शिवप्रसाद के परिवार के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। पक्का घर, स्वच्छ ईंधन, शौचालय और नियमित आर्थिक सहायता जैसी सुविधाओं ने परिवार को अधिक सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर दिया है।

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति जताया आभार

अपने सपनों का घर मिलने पर श्री शिवप्रसाद भट्ट ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना गरीब परिवारों के जीवन में बड़ा बदलाव लाने वाली योजना है। मजदूरी से परिवार का पालन-पोषण करने वाले उनके जैसे लोगों के लिए पक्का मकान बनाना आसान नहीं था, लेकिन शासन की सहायता से उनका यह सपना पूरा हुआ।

श्री शिवप्रसाद का कहना है कि आज उनका परिवार अपने पक्के घर में सुरक्षित और सुखद जीवन जी रहा है। शासन की योजनाओं से मिली सुविधाओं ने उनके परिवार की मुश्किलें कम की हैं और भविष्य को लेकर विश्वास बढ़ाया है।
श्री शिवप्रसाद भट्ट की कहानी इस बात का उदाहरण है कि केन्द्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं जब जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचती हैं, तो उनका प्रभाव सीधे उनके जीवन में दिखाई देता है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में गरीब, वंचित और जरूरतमंद परिवारों को मूलभूत सुविधाओं से जोड़ने के प्रयासों से अनेक परिवार आत्मसम्मान के साथ आगे बढ़ रहे हैं।

श्री शिवप्रसाद भट्ट के परिवार को मिला पक्का घर इस बात का प्रमाण है कि योजनाओं का लाभ मिलने से केवल घर की छत नहीं बदलती, बल्कि परिवार के जीवन में सुरक्षा, सम्मान और उम्मीद का नया अध्याय भी शुरू होता है।

 

परखंदा की महिलाओं ने खस की खुशबू से रची आर्थिक आजादी की नई इबारत

रायपुर,29 सितंबर 2026/

​पारंपरिक कृषि के ढर्रे से बाहर निकलकर जब ग्रामीण महिलाएं नवाचार का रास्ता चुनती हैं, तो सफलता की एक ऐसी कहानी लिखी जाती है जो पूरे प्रदेश के लिए नजीर बन जाती है। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले अंतर्गत कुरुद विकासखंड की ग्राम पंचायत परखंदा में ऐसा ही एक प्रेरणादायक बदलाव देखने को मिल रहा है। 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत यहां गठित ‘धान के कटोरा उत्पादक समिति’ स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने औषधीय एवं सुगंधित पौधे खस की खेती को अपनाकर आत्मनिर्भरता की दिशा में एक नया अध्याय रच दिया है।
​धान की परंपरागत खेती तक सीमित रहने वाली इन महिलाओं ने जब ढाई एकड़ भूमि पर खस उगाने का निर्णय लिया, तो राह आसान नहीं थी। नई फसल होने के कारण तकनीक, प्रबंधन और देखभाल से जुड़ी कई चुनौतियां सामने आईं, लेकिन समूह की महिलाओं ने सामूहिक श्रम, तकनीकी जानकारी और लगन के बल पर इन सभी मुश्किलों को पार कर लिया। उनकी यह मेहनत रंग लाई और पहली ही कटाई में समूह को 11.20 क्विंटल खस का बंपर उत्पादन प्राप्त हुआ। बाजार में इस उपज को बेचकर महिलाओं ने 1.12 लाख रुपये की सीधी आय अर्जित की। यह आर्थिक सफलता केवल आंकड़ों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसने ग्रामीण महिलाओं में यह विश्वास जगाया है कि सही दिशा और सामूहिक प्रयास से खेती को एक लाभप्रद व्यवसाय बनाया जा सकता है।
​परखंदा की इस पहल की सबसे बड़ी विशेषता इसका बहुआयामी और पर्यावरण-अनुकूल दृष्टिकोण है। योजना के अंतर्गत गांव में छह एकड़ क्षेत्र में मिश्रित वृक्षारोपण भी किया गया है, जिससे एक ओर जहां हरित आवरण बढ़कर जैव विविधता का संरक्षण हो रहा है, वहीं दूसरी ओर औषधीय फसलों के माध्यम से ग्रामीण परिवारों के लिए नियमित आय के नए रास्ते खुल रहे हैं। पर्यावरण संरक्षण के साथ आजीविका संवर्धन का यह अनोखा समन्वय आज अन्य ग्राम पंचायतों के लिए भी एक अनुकरणीय 'रूरल लाइवलीहुड मॉडल' बनकर उभरा है।
​खस की पहली फसल से मिले उत्साहजनक परिणामों के बाद समूह ने अपनी आजीविका के दायरे को और अधिक विस्तार दिया है। वर्तमान में महिलाएं खस के साथ-साथ हल्दी की खेती भी कर रही हैं। इस प्रकार फसल विविधीकरण को अपनाने से किसी एक फसल पर उनकी निर्भरता समाप्त हुई है और पूरे वर्ष आय की निरंतरता बनी रहने की राह आसान हुई है। भविष्य में समूह अपने उत्पादों के मूल्यवर्धन, प्रसंस्करण और संगठित विपणन के जरिए अपनी आय को और बढ़ाने की योजना पर काम कर रहा है।
​परखंदा की महिलाओं की यह उपलब्धि केवल 1.12 लाख रुपये की आय की कहानी नहीं है, बल्कि यह उस सामाजिक-आर्थिक रूपांतरण का प्रतीक है जहां ग्रामीण महिलाएं सरकारी योजनाओं की मात्र लाभार्थी न रहकर आजीविका की मुख्य संचालक बन चुकी हैं। उनके इस सामूहिक प्रयास और नई सोच ने यह सिद्ध कर दिया है कि जब ग्रामीण महिलाओं के संकल्प को अवसर से जोड़ा जाता है, तो खेत सिर्फ फसल ही नहीं उगाते, बल्कि आत्मनिर्भरता और सम्मान का नया भविष्य भी लिखते हैं।

 

​'सेवा संकल्प अभियान' के तहत गट्टासिल्ली एफपीओ ने जीआई टैग प्राप्त पारंपरिक चावल को दिलाया अंतरराष्ट्रीय मंच

अमेजन, ओएनडीसी और ट्राइब्स इंडिया पर भी उपलब्ध

​रायपुर,29सितंबर 2026/

धमतरी जिले का सुदूर नगरी अंचल आज देश-दुनिया में अपनी एक नई पहचान बना रहा है। कभी स्थानीय खेतों और रसोईयों तक सीमित रहने वाला सुगंधित चावल ‘नगरी दुबराज’ आज राज्य की सीमाओं को लांघकर देश के महानगरों और जापान के बाजारों तक अपनी खुशबू बिखेर रहा है। इस अद्भुत बदलाव के पीछे किसी बड़े कॉरपोरेट घराने का हाथ नहीं, बल्कि गांव की उन महिला किसानों की दृढ़ इच्छाशक्ति है, जिन्होंने गट्टासिल्ली फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड (FPO) की कमान संभालकर कृषि और महिला उद्यमिता का नया मॉडल खड़ा किया है।
​पारंपरिक विरासत को मिला जीआई टैग और संगठित बाजार
​'सेवा संकल्प अभियान' के अंतर्गत नगरी दुबराज को केवल एक कृषि उपज के रूप में नहीं, बल्कि नगरी अंचल की पीढ़ियों पुरानी सांस्कृतिक और कृषि विरासत के रूप में देखा गया। इसकी विशिष्ट प्राकृतिक सुगंध और स्वाद को देखते हुए इसे जीआई टैग (GI Tag) प्राप्त हुआ। गट्टासिल्ली एफपीओ ने किसानों को संगठित कर पारंपरिक खेती को जैविक उत्पादन, मूल्य संवर्धन (Value Addition), आकर्षक पैकेजिंग और ब्रांडिंग से जोड़कर एक प्रीमियम उत्पाद के रूप में बाजार में उतारा।

​बदलाव की कर्णधार बनीं महिला किसान

​इस पूरे अभियान की सबसे बड़ी ताकत महिला नेतृत्व है। नगरी अंचल की महिलाएं अब केवल खेतों में काम करने तक सीमित नहीं हैं; वे एफपीओ के प्रबंधन, गुणवत्ता नियंत्रण, पैकेजिंग, सामूहिक सौदेबाज़ी और डिजिटल मार्केटिंग का फैसला खुद ले रही हैं। इस सामूहिक मॉडल ने ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ उनमें उद्यमिता का नया आत्मविश्वास भरा है।

​जापान तक पहुँची नगरी की सुगंध

​गट्टासिल्ली एफपीओ की सफलता केवल स्थानीय मंडियों तक सीमित नहीं रही। गुणवत्ता मानक, जैविक पद्धति और वैज्ञानिक पैकेजिंग के बल पर नगरी दुबराज की खेप जापान भेजी गई है। इसके अलावा, भारत के विभिन्न राज्यों में भी इसकी भारी मांग है। इसने यह साबित कर दिया है कि यदि सही मार्गदर्शन और बाजार का साथ मिले, तो छत्तीसगढ़ के गांव का उत्पाद भी वैश्विक मंच पर छा सकता है।

​डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर छाया नगरी दुबराज

​बदलते दौर में उपभोक्ताओं तक सीधी पहुंच बनाने के लिए एफपीओ ने आधुनिक ई-कॉमर्स तकनीकों को अपनाया है। अब नगरी दुबराज अमेजन (Amazon), ओएनडीसी (ONDC) और ट्राइब्स इंडिया (Tribes India) जैसे प्रमुख डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर आसानी से उपलब्ध है। देश के किसी भी कोने में बैठा उपभोक्ता अब एक क्लिक पर नगरी के इस पारंपरिक चावल को अपने घर मंगवा सकता है।

​जिला प्रशासन और ‘प्रदान’ संस्था का मिला मजबूत साथ

​महिला किसानों की इस सफलता के पीछे धमतरी जिला प्रशासन के मार्गदर्शन और गैर-सरकारी संगठन 'प्रदान' (PRADAN) का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। संस्था ने महिलाओं के क्षमता निर्माण (Capacity Building), जैविक कृषि प्रशिक्षण, संस्थागत मजबूती और बाजार से सीधे संपर्क (Market Linkage) स्थापित करने में तकनीकी व रणनीतिक सहयोग प्रदान किया।

​'नगरी की पहचान—नगरी दुबराज'

​गट्टासिल्ली एफपीओ का संकल्प नगरी दुबराज को केवल एक ब्रांड बनाना नहीं, बल्कि इसे छत्तीसगढ़ के गौरव के रूप में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थायी पहचान दिलाना है। यह सफलता की कहानी इस बात का जीवंत प्रमाण है कि जब परंपरा, महिला नेतृत्व, आधुनिक तकनीक और सही बाजार रणनीति का संगम होता है, तो ग्रामीण अर्थव्यवस्था में एक नए युग की शुरुआत होती है।

 

जल संरक्षण के साथ खुले कृषि और मत्स्य पालन के नए द्वार

​रायपुर, 29 सितंबर 2026/

ग्रामीण विकास का असली उद्देश्य केवल भौतिक परिसंपत्तियों का निर्माण करना नहीं, बल्कि उन्हें ग्रामीण परिवारों की स्थायी आजीविका, आत्मनिर्भरता और आर्थिक सशक्तिकरण का जरिया बनाना है। 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत इस सोच को धरातल पर साकार किया है धमतरी विकासखण्ड की ग्राम पंचायत चिखली के आश्रित गांव माटेगहन ने। यहाँ वीबीजीरामजी योजना के तहत निर्मित एक 'आजीविका डबरी' ने किसान ईश्वर/नम्मु के जीवन में खुशहाली और आर्थिक मजबूती का नया अध्याय लिख दिया है।
​
2.43 लाख रुपए की स्वीकृति से आकार लिया नया जीवन

​माटेगहन का यह अंचल मुख्य रूप से वर्षा-आधारित कृषि पर निर्भर रहा है, जहाँ समय पर सिंचाई का जल न मिलना किसानों के लिए सबसे बड़ी चुनौती थी। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए योजना के तहत 2,43,760 रुपये की स्वीकृति दी गई। पारदर्शी प्रक्रिया के साथ 2,10,073 रुपये की लागत में इस आजीविका डबरी का निर्माण पूर्ण कराया गया। आज यह डबरी महज जल संग्रहण का ढांचा नहीं, बल्कि परिवार के समग्र विकास का केंद्र बन चुकी है।

​एक एकड़ खेती को मिला संजीवनी जल

​डबरी के निर्माण से हितग्राही की लगभग एक एकड़ कृषि भूमि को सीधा लाभ मिला है। खेत के ठीक पास ही जल स्रोत उपलब्ध हो जाने से वर्षा पर निर्भरता समाप्त हुई है। किसान अब अपनी जरूरत के अनुसार समय पर फसलों की सिंचाई कर पा रहे हैं, जिससे भूमि की उत्पादकता बढ़ने के साथ-साथ खेती अधिक सुव्यवस्थित और लाभप्रद हो गई है।

​बहुआयामी मॉडल: सिंचाई के साथ अब मत्स्य पालन से अतिरिक्त आय

​संसाधनों के बहुआयामी उपयोग का उत्कृष्ट उदाहरण पेश करते हुए हितग्राही ने डबरी में मछली बीज रोपण (मत्स्य पालन) की शुरुआत की है। सिंचाई के साथ-साथ मछली पालन जुड़ जाने से परिवार को नियमित कृषि उत्पादन के अलावा अतिरिक्त आय का एक नया और टिकाऊ जरिया मिल गया है।

​"एक डबरी - अनेक लाभ"

माटेगहन की यह पहल जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन, कृषि सिंचाई और आजीविका संवर्धन का एक आदर्श संगम है। प्राकृतिक संसाधनों का इस तरह का बहुउद्देशीय उपयोग ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान कर रहा है।

​आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ते कदम

​माटेगहन की यह सफलता की कहानी रेखांकित करती है कि जब स्थानीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर योजनाबद्ध तरीके से परिसंपत्तियों का निर्माण होता है, तो उसके परिणाम दूरगामी और परिवर्तनकारी होते हैं। जल बचा, खेत संवरे और आजीविका के नए रास्ते खुले—ईश्वर/नम्मु की यह आजीविका डबरी आज छत्तीसगढ़ के ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका संवर्धन और आत्मनिर्भरता का एक चमकता हुआ उदाहरण बन चुकी है।

 

दुर्गम अबूझमाड़ के गांवों तक पहुंचीं शासकीय सेवाएं

कुतुल शिविर में दर्जनों आधार व जन्म प्रमाण पत्र जारी

​रायपुर,29सितंबर 2026/

छत्तीसगढ़ शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और बुनियादी शासकीय सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की दिशा में नारायणपुर जिला प्रशासन का 'सेवा संकल्प अभियान' मील का पत्थर साबित हो रहा है।
जिले के अत्यंत दूरस्थ एवं भौगोलिक दृष्टि से चुनौतीपूर्ण क्षेत्र अबूझमाड़ में 'सेवा सेतु' शिविरों का लगातार आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में 25 सितंबर को ग्राम पंचायत कुतुल में एक विशेष शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय ग्रामीणों ने भारी उत्साह दिखाते हुए अपनी आवश्यकता के अनुसार विभिन्न दस्तावेजी सेवाओं का लाभ उठाया।
​इस शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को आधार कार्ड बनवाने, उसमें आवश्यक संशोधन कराने, आधार कार्ड प्राप्त करने तथा जन्म प्रमाण पत्र तैयार कराने जैसी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गईं। शिविर के दौरान कुल 27 लोगों के नए आधार कार्ड बनाए गए, 15 लोगों के आधार कार्ड में आवश्यक अपडेट किए गए, 112 ग्रामीणों को तैयार आधार कार्ड वितरित किए गए और 155 नवजात व बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र जारी किए गए।
​अबूझमाड़ का क्षेत्र अत्यंत दुर्गम और दूरस्थ होने के कारण यहां के निवासियों के लिए शासकीय कार्यालयों तक पहुंचना हमेशा एक बड़ी चुनौती रहा है। लंबी दूरी, आवागमन के सीमित साधन और समय की कमी के कारण कई ग्रामीण अपने आवश्यक दस्तावेज नहीं बनवा पाते थे। सेवा सेतु शिविरों के जरिए गांव के पास ही ये सुविधाएं मिलने से ग्रामीणों को दूरस्थ कार्यालयों के चक्कर लगाने, आवागमन में लगने वाले समय और आर्थिक व्यय से बड़ी राहत मिली है।
​जिला प्रशासन का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि भौगोलिक कठिनाइयों के बावजूद कोई भी पात्र नागरिक बुनियादी दस्तावेजों और शासकीय सेवाओं के लाभ से वंचित न रहे। इन शिविरों के माध्यम से न केवल दस्तावेज तैयार किए जा रहे हैं, बल्कि ग्रामीणों को विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें जागरूक भी किया जा रहा है। स्थानीय स्तर पर मिल रही इन सुविधाओं से प्रशासन और ग्रामीणों के बीच सीधा संपर्क स्थापित हुआ है, जिससे लोगों में शासन के प्रति विश्वास और गहरा हो रहा है। आने वाले समय में भी अबूझमाड़ के अन्य दूरस्थ अंचलों तक आवश्यक शासकीय सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए ऐसे शिविरों का आयोजन निरंतर जारी रहेगा।

 

बच्चों का परिचय, गोद भराई और अन्नप्राशन उत्सव से गूंजे केंद्र

​रायपुर,29 सितंबर 2026/

महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा चलाए जा रहे 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत नारायणपुर जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों में 'आंगन मिलन' कार्यक्रम का उत्साहपूर्ण शुभारंभ हुआ। जिले के विभिन्न सेक्टरों एवं परियोजनाओं—अमगांव, बेलगांव, ओरछा, कोहकामेटा, बेनुर और छोटेडोंगर सहित दूरस्थ क्षेत्रों के आंगनबाड़ी केंद्रों में इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
​सोमवार को नगर पालिका क्षेत्र के बांग्लापारा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, महिलाओं और नागरिकों ने बड़े पैमाने पर हिस्सा लिया। केंद्रों में आकर्षक सजावट के साथ-साथ रंगोली के माध्यम से बच्चों के लिए संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व को खूबसूरती से प्रदर्शित किया गया।

​बच्चों से संवाद, आत्मीय वातावरण

कार्यक्रम के दौरान अतिथियों और जनप्रतिनिधियों ने बच्चों से परिचय लिया, उनसे बातचीत की और उनके रुचियों व गतिविधियों के बारे में जाना। इस पहल का मुख्य उद्देश्य यह संदेश देना है कि आंगनबाड़ी केंद्र केवल पोषण आहार वितरण का स्थल नहीं, बल्कि बच्चों के समग्र और सर्वांगीण विकास का सशक्त केंद्र हैं।

​परंपरागत रीति-रिवाजों से गोद भराई और अन्नप्राशन

'आंगन मिलन' के दौरान पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ गर्भवती महिलाओं की गोद भराई और 6 माह पूर्ण कर चुके शिशुओं का अन्नप्राशन संस्कार संपन्न कराया गया। इस अवसर पर महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान आवश्यक सावधानियों, नियमित जांच और संतुलित आहार के बारे में जागरूक किया गया, वहीं अन्नप्राशन के जरिए शिशुओं के लिए समय पर पूरक पोषण आहार की शुरुआत के महत्व पर प्रकाश डाला गया।

​सामुदायिक सहभागिता और विभागीय योजनाओं की जानकारी

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने उपस्थित माताओं और अभिभावकों को टीकाकरण, प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल, शिक्षा और मातृ-शिशु स्वास्थ्य से जुड़ी विभागीय योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य,पार्षद सहित अन्य महिला प्रतिनिधियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
​ 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में आने वाले दिनों में भी इसी प्रकार के जन-भागीदारी वाले कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाएंगे ताकि पोषण, स्वास्थ्य और बाल विकास की सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सके।

 

दृष्टिबाधित विद्यार्थियों के लिए नई राह

'दिव्यांग अधिकार और प्रेरक कहानियां' ब्रेल पुस्तक का हुआ विमोचन

​रायपुर, 29 सितंबर 2026/

दृष्टिबाधित विद्यार्थियों को उनके अधिकारों, सरकारी योजनाओं और प्रेरक जीवन प्रसंगों से सशक्त व जागरूक बनाने के उद्देश्य से तैयार की गई विशेष ब्रेल पुस्तक ‘दिव्यांग अधिकार और प्रेरक कहानियां’ का आज राजस्व मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने विमोचन किया।
​इस अवसर पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए राजस्व मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने कहा कि ज्ञान और अवसर पर हर बच्चे का समान अधिकार है। 'दिव्यांग अधिकार और प्रेरक कहानियां' ब्रेल पुस्तक दृष्टिबाधित विद्यार्थियों को न केवल उनके कानूनी अधिकारों और शासकीय योजनाओं से अवगत कराएगी, बल्कि इसमें शामिल संघर्ष से सफलता की गाथाएं उनके भीतर अटूट आत्मविश्वास और आगे बढ़ने का नया हौसला भरेंगी। यह पहल हमारी सरकार के 'समावेशी और सुलभ शिक्षा' के संकल्प को और अधिक मजबूती प्रदान करती है।

​सुगम्य शिक्षा की दिशा में अनूठा प्रयास

यह पुस्तक विशेष रूप से दृष्टिबाधित विद्यार्थियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर पूरी तरह से ब्रेल लिपि में तैयार की गई है। इसके माध्यम से दिव्यांगजनों के अधिकार, उनके लिए उपलब्ध अवसर तथा विषम परिस्थितियों को दरकिनार कर सफलता का परचम लहराने वाले प्रेरक व्यक्तित्वों की कहानियों को विद्यार्थियों तक सहज एवं सुलभ रूप में पहुंचाने का सराहनीय प्रयास किया गया है।

​प्रतिष्ठित शिक्षिकाओं द्वारा संपादन

पुस्तक का उत्कृष्ट संपादकीय कार्य राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित शिक्षिका के. शारदा एवं राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित शिक्षिका प्रीति शांडिल्य द्वारा किया गया है। दोनों शिक्षिकाएं लंबे समय से समावेशी शिक्षा और दृष्टिबाधित बच्चों के लिए सुलभ शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराने के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट कार्य कर रही हैं।

​प्रदेश की 20 दृष्टिबाधित शालाओं में नि:शुल्क वितरण

विमोचन के तुरंत बाद इस उपयोगी ब्रेल पुस्तक की प्रतियां छत्तीसगढ़ की 20 दृष्टिबाधित शालाओं में वितरित की गईं, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थी बिना किसी बाधा के इसका लाभ उठा सकें।
इस अवसर पर मौजूद अतिथियों और शिक्षाविदों ने इस पहल को दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए ज्ञान, जागरूकता और अधिकारों तक पहुंच बढ़ाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया। यह सार्थक प्रयास प्रदेश में समावेशी शिक्षा की नींव को मजबूत करने के साथ-साथ दृष्टिबाधित विद्यार्थियों के उज्ज्वल और स्वावलंबी भविष्य की राह प्रशस्त करेगा।

 

शहरी स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं के कार्यों में आएगी तेजी, केंद्र सरकार देगी विशेष तकनीकी सहयोग और मार्गदर्शन

केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्री श्री मनोहर लाल ने किया योजना का शुभारंभ, उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव शुभारंभ कार्यक्रम से वर्चुअली जुड़े

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने दोनों नगर निगमों, स्वच्छता मित्रों व शहरवासियों को दी बधाई

रायपुर. 29 सितम्बर 2026. भारत सरकार के आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय की महत्वाकांक्षी 'प्रगति-50' (PRAGATI-50) योजना में छत्तीसगढ़ के रायपुर और बिलासपुर को शामिल किया गया है। केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्री श्री मनोहर लाल ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से योजना का शुभारंभ किया। देश के चुनिंदा 50 शहरों में राज्य के दो शहरों के शामिल होने से मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री श्री अरुण साव के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ के नगरीय विकास एवं स्वच्छता प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है।

शुभारंभ कार्यक्रम में चयनित राज्यों के नगरीय विकास विभागों, शहरी स्थानीय निकायों के जनप्रतिनिधियों तथा अधिकारियों ने सहभागिता की। केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू नई दिल्ली से कार्यक्रम में शामिल हुए। उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव राजनांदगांव से कार्यक्रम में वर्चुअली जुड़े।

मुख्यमंत्री श्री साय और उप मुख्यमंत्री श्री साव ने 'प्रगति-50' में शामिल होने पर रायपुर और बिलासपुर नगर निगमों, दोनों शहरों के स्वच्छता मित्रों तथा शहरवासियों को बधाई दी है। रायपुर की महापौर श्रीमती मीनल चौबे और बिलासपुर की महापौर श्रीमती पूजा विधानी तथा दोनों नगर निगमों के आयुक्त भी कार्यक्रम में ऑनलाइन सम्मिलित हुए।

प्रधानमंत्री द्वारा 'प्रगति' की बैठक में दिए गए निर्देशों पर शुरू हुई पहल

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में आयोजित 51वीं 'प्रगति' बैठक के निर्देशों पर शुरू की गई यह पहल स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 के अंतर्गत चयनित शहरों में स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं को तेज गति से सुदृढ़ करने पर केंद्रित है। योजना में देश के 50 शहरों को शामिल किया गया है। इन शहरों को केंद्र सरकार की ओर से विशेष तकनीकी सहयोग, सतत मार्गदर्शन और गहन निगरानी मिलेगी। साथ ही श्रेष्ठ कार्य-पद्धतियों को अपनाने के लिए भी सहयोग दिया जाएगा।

प्रगति-50' में उपयोग किए गए जल के उपचार, पुन: उपयोग और समुचित प्रबंधन के साथ अपशिष्ट निपटान की प्रभावी गतिविधियों पर फोकस

'प्रगति-50’ के तहत घर-घर कचरा संग्रहण, कचरे का वैज्ञानिक पृथक्करण एवं प्रसंस्करण, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को अधिक प्रभावी और टिकाऊ बनाने तथा सार्वजनिक स्वच्छता सुविधाओं व शहरों की साफ-सफाई में सुधार लाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

भारत सरकार की इस महत्वाकांक्षी पहल के अंतर्गत उपयोग किए गए जल के उपचार, पुन: उपयोग और समुचित प्रबंधन को बढ़ावा देने तथा स्वच्छता अभियानों में नागरिकों, संस्थाओं और जनप्रतिनिधियों की सहभागिता बढ़ाने के साथ ही निर्धारित संकेतकों के आधार पर शहरों के प्रदर्शन की नियमित समीक्षा एवं मॉनिटरिंग भी की जाएगी।

राज्य की कोशिशों का परिणाम

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री श्री अरुण साव के मार्गदर्शन में राज्य सरकार नगरीय निकायों में स्वच्छता, जनसुविधाओं के विस्तार, प्रभावी कचरा प्रबंधन और बेहतर सेवा-प्रदाय के लिए प्राथमिकता से काम कर रही है। 'प्रगति-50' के लिए रायपुर और बिलासपुर का चयन राज्य सरकार की इन कोशिशों का परिणाम है। इसमें दोनों नगर निगमों की सक्रिय भूमिका, स्वच्छता मित्रों की मेहनत और नागरिकों का सहयोग भी शामिल है।

राज्य के अन्य नगरीय निकायों के लिए बनेगा मॉडल

'प्रगति-50' के माध्यम से रायपुर और बिलासपुर को राष्ट्रीय स्तर की श्रेष्ठ कार्य-पद्धतियां अपनाने का अवसर मिलेगा। दोनों शहरों में स्वच्छता व्यवस्था, कचरा प्रबंधन, प्रयुक्त जल प्रबंधन तथा नागरिक सेवाओं की गुणवत्ता में और सुधार किया जाएगा। इन शहरों के अनुभव और नवाचार छत्तीसगढ़ के अन्य नगरीय निकायों के लिए भी उपयोगी मॉडल बन सकेंगे।

उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के लिए रायपुर और बिलासपुर के चयन पर नगरीय प्रशासन विभाग तथा दोनों निकायों के अधिकारियों एवं स्वच्छता मित्रों को बधाई देते हुए कहा कि दोनों शहरों का चयन पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय है। यह हमारे स्वच्छता मित्रों के परिश्रम और नागरिकों की भागीदारी का सम्मान है। केंद्र सरकार के सहयोग से दोनों शहर स्वच्छता के क्षेत्र में देश के अग्रणी शहरों में अपनी जगह बनाएंगे।

 

औषधीय खस की खेती से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ते कदम

परखंदा की महिला समूह ने सामूहिक प्रयास से रचा सफलता का नया अध्याय

खस की पहली फसल से 1.12 लाख रुपये की आय

रायपुर, 29 सितंबर 2026/ पारंपरिक खेती से हटकर जब महिलाओं ने खस जैसी औषधीय और सुगंधित फसल की खेती को अपनाया, तो उन्होंने न केवल अपनी आमदनी बढ़ाई बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था में भी बड़ा बदलाव लाया। यह महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण, कृषि में नवाचार और आत्मनिर्भरता की एक बेहतरीन मिसाल को दर्शाता है। खस एक औषधीय पौधा है, जिसकी सुगंधित तेल की उच्च क्वालिटी की कीमत काफी अधिक होती है। खस की जड़ों से निकाला गया सुगंधित तेल शरबत, पान मसाला, तम्बाकू, इत्र, साबुन और अन्य सौन्दर्य संसाधनों में प्रयोग किया जाता है। इसकी सुखी हुई जड़ें लिनन और कपड़ों में सुगंध के लिए किया है। इसके अलावा खस का इस्तेमाल आयुर्वेद जैसी परंपरागत चिकित्सा प्रणालियों में औषधि के रूप में भी होता है।

11.20 क्विंटल खस का उत्पादन कर 1 लाख 12 हजार रुपये की आय अर्जित

कभी पारंपरिक खेती तक सीमित रहने वाली ग्रामीण महिलाओं ने अब खेती में नए प्रयोगों को अपनाकर अपनी आजीविका के नए रास्ते तलाशने शुरू कर दिए हैं। सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के कुरुद विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत परखंदा में ‘धान के कटोरा उत्पादक समिति’ स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने औषधीय एवं सुगंधित फसल खस की खेती को अपनाकर इसी बदलाव की मिसाल पेश की है। समूह ने 2.50 एकड़ क्षेत्र में खस की खेती की और पहली ही फसल में 11.20 क्विंटल खस का उत्पादन कर 1 लाख 12 हजार रुपये की आय अर्जित की। यह उपलब्धि न केवल समूह की महिलाओं के लिए आर्थिक सफलता है, बल्कि कृषि में विविधीकरण और सामूहिक आजीविका की संभावनाओं का भी उदाहरण है।

परंपरागत खेती से आगे बढ़कर चुना नया रास्ता, पहली फसल 11.20 क्विंटल खस का उत्पादन

ग्रामीण अर्थव्यवस्था में कृषि का महत्वपूर्ण स्थान है, लेकिन बदलते समय के साथ किसानों और ग्रामीण परिवारों के लिए आय के विविध स्रोत विकसित करना भी जरूरी हो गया है। इसी सोच के साथ परखंदा की महिलाओं ने पारंपरिक फसलों के साथ औषधीय एवं सुगंधित फसलों की खेती का प्रयोग किया। धान के कटोरा उत्पादक समिति की महिलाओं के लिए खस की खेती एक नया अनुभव था। नई फसल होने के कारण इसके उत्पादन और देखभाल को लेकर समूह के सामने कई चुनौतियां थीं, लेकिन महिलाओं ने सामूहिक श्रम, नियमित देखभाल और सीखने की इच्छा के साथ इस गतिविधि को आगे बढ़ाया। मेहनत का परिणाम पहली फसल की कटाई के समय सामने आया, जब समूह को 11.20 क्विंटल खस का उत्पादन प्राप्त हुआ।

उत्पादित खस के विक्रय से समूह को 1 लाख 12 हजार रुपये की राशि प्राप्त हुई। पहली ही फसल से प्राप्त यह आय महिलाओं के लिए उत्साहवर्धक रही और उन्हें विश्वास मिला कि स्थानीय संसाधनों और उपलब्ध भूमि का बेहतर उपयोग कर कृषि आधारित आजीविका को नई दिशा दी जा सकती है।

औषधीय और मूल्यवर्धित फसलों को अपनाकर आय के नए अवसर

इस सफलता की सबसे बड़ी विशेषता समूह की महिलाओं का सामूहिक प्रयास है। स्व-सहायता समूह से जुड़कर महिलाएं केवल बचत और ऋण की गतिविधियों तक सीमित नहीं रहीं, बल्कि उन्होंने सामूहिक रूप से उत्पादन, फसल प्रबंधन और विपणन जैसी गतिविधियों को अपनाने की दिशा में कदम बढ़ाया है। खस की खेती से प्राप्त आय ने समूह की महिलाओं में आर्थिक गतिविधियों के प्रति आत्मविश्वास बढ़ाया है। साथ ही यह अनुभव उन्हें यह समझने में मदद कर रहा है कि खेती को केवल पारंपरिक फसलों तक सीमित रखने के बजाय मांग आधारित, औषधीय और मूल्यवर्धित फसलों को अपनाकर आय के नए अवसर विकसित किए जा सकते हैं।

6 एकड़ में मिश्रित वृक्षारोपण, खेती के साथ पर्यावरण संरक्षण

ग्राम पंचायत परखंदा में योजनांतर्गत 6 एकड़ क्षेत्र में मिश्रित वृक्षारोपण भी किया गया है। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र में हरित क्षेत्र का विस्तार करने के साथ प्राकृतिक संसाधनों और जैव विविधता के संरक्षण को बढ़ावा देना है। मिश्रित वृक्षारोपण और औषधीय खेती को एक साथ बढ़ावा दिए जाने से इस पहल का स्वरूप और व्यापक हो गया है। एक ओर जहां वृक्षारोपण पर्यावरणीय संतुलन और हरित आवरण बढ़ाने में सहायक है, वहीं दूसरी ओर औषधीय फसलों के माध्यम से ग्रामीण परिवारों के लिए आजीविका के अवसर विकसित हो रहे हैं। इस प्रकार परखंदा में विकसित यह मॉडल ‘पर्यावरण संरक्षण के साथ आजीविका संवर्धन’ की अवधारणा को जमीन पर साकार करता दिखाई दे रहा है।

Ads

R.O.NO. 14150/89

MP info RSS Feed

फेसबुक