बाढ़ प्रभावितों से राहत शिविरों में मिले, ग्राम भरदा के वार्ड क्रमांक 12 में नाली निर्माण के निर्देश

रायपुर,  सितम्बर 2026/ स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग, विधि एवं विधायी कार्य मंत्री श्री गजेन्द्र यादव ने शनिवार को दुर्ग शहर के शिवनाथ नदी स्थित गणेश विसर्जन स्थल पहुंचकर नदी के जलस्तर और विसर्जन व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री विजय अग्रवाल भी उपस्थित थे।

मंत्री श्री यादव ने बढ़ते जलस्तर को देखते हुए गणेश विसर्जन के दौरान विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने बताया कि छोटे पुल के ऊपर से पानी बहने के कारण पिछली रात से विसर्जन प्रक्रिया रोक दी गई है। जलस्तर कम होने पर प्रशासन की निगरानी में विसर्जन पुनः शुरू कराया जाएगा। मंत्री श्री यादव ने विसर्जन के लिए पहुंचे नागरिकों से प्रशासन की व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की। विसर्जन स्थल पर जिला एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारियों के साथ एसडीआरएफ, स्थानीय नाविक और नागरिक सहयोग कर रहे हैं।

इसके बाद मंत्री श्री यादव पुलगांव के वार्ड क्रमांक 55 स्थित कोसरिया यादव समाज के सामुदायिक भवन में बनाए गए राहत शिविर पहुंचे। यहां महिलाओं, पुरुषों और बच्चों सहित 48 लोगों को ठहराया गया है। उन्होंने प्रभावित लोगों से बातचीत कर भोजन और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने लोगों से नदी का जलस्तर कम होने के बाद ही अपने घर लौटने को कहा तथा अधिकारियों को शिविर में स्वास्थ्य सुविधा, प्रकाश, पेयजल और भोजन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रभावित लोगों की पट्टे की मांग पर उन्होंने गोकुल नगर स्थित घास भूमि को आवास के लिए आवंटित कराने का आश्वासन दिया।

मंत्री श्री यादव ने ग्राम भरदा के स्कूल में बनाए गए राहत शिविर का भी निरीक्षण किया। तांदुला और शिवनाथ नदी के किनारे ईंट भट्ठों तथा सब्जी बाड़ियों में काम करने वाले 210 लोगों को सुरक्षित निकालकर इस शिविर में ठहराया गया है। उन्होंने सरपंच श्रीमती सुनीता भारदीय, स्थानीय नागरिक श्री गोपाल पाड़े और ग्रामीणों से शिविर की व्यवस्थाओं के संबंध में चर्चा की। शिविर में ठहरे लोगों ने व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया।

सरपंच की मांग पर मंत्री श्री यादव ने कलेक्टर को ग्राम भरदा के वार्ड क्रमांक 12 में वी-बी-जी-राम-जी के अंतर्गत नाली निर्माण कार्य की स्वीकृति देने को कहा। ग्रामीण किसानों की मांग पर उन्होंने फसल क्षति का सर्वे कराने की बात भी कही। ग्राम चंगोरी में शिवनाथ नदी का जलस्तर बढ़ने से गांव की ओर पानी भरने की जानकारी मिलने पर उन्होंने कलेक्टर और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को अधिकारियों एवं कर्मचारियों के माध्यम से स्थिति पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर नगर निगम दुर्ग की आयुक्त सुश्री लीना कोसम, एसडीएम श्री महेश राजपूत, निगम के अतिरिक्त आयुक्त श्री मोहेन्द्र साहू सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

 

7 निजी संस्थानों के 478 पदों के लिए 778 ऑनलाइन आवेदन, 195 युवाओं ने दिया साक्षात्कार

88 युवाओं का प्राथमिक एवं 47 का अंतिम चयन, चयनित युवाओं को मौके पर मिले नियुक्ति पत्र

रायपुर,  सितम्बर 2026/ सेवा संकल्प अभियान के तहत युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गौरेला पेंड्रा मरवाही जिला प्रशासन द्वारा रोजगार मेले का आयोजन किया गया। कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. के निर्देशानुसार जिला रोजगार कार्यालय, शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज तथा शासकीय आईटीआई मरवाही के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को आईटीआई परिसर मरवाही में एक दिवसीय रोजगार मेला आयोजित किया गया। रोजगार मेले में जिले के युवाओं को विभिन्न निजी संस्थानों में उपलब्ध रोजगार के अवसरों से जुड़ने, अपनी योग्यता के अनुरूप पदों के लिए आवेदन करने तथा सीधे साक्षात्कार देने का अवसर मिला।

478 रिक्त पदों के लिए 778 युवाओं ने किया आवेदन

रोजगार मेले में 7 निजी संस्थानों द्वारा विभिन्न पदों के लिए कुल 478 रिक्तियों की जानकारी उपलब्ध कराई गई थी। इन अवसरों का लाभ उठाने के लिए युवाओं ने ई-रोजगार पोर्टल के माध्यम से आवेदन किया। कुल 778 ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए, जिससे जिले के युवाओं में रोजगार के प्रति रुचि और निजी क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों को लेकर उत्साह का पता चलता है।

साक्षात्कार में शामिल हुए 195 युवा

रोजगार मेले में आवेदन करने वाले युवाओं को नियोजकों के समक्ष अपनी योग्यता और कौशल प्रस्तुत करने का अवसर मिला। मेला स्थल पर कुल 195 युवाओं ने विभिन्न निजी संस्थानों के प्रतिनिधियों के समक्ष साक्षात्कार दिया। नियोजकों द्वारा युवाओं की शैक्षणिक योग्यता, तकनीकी दक्षता, कौशल और संबंधित पदों के लिए उनकी उपयुक्तता के आधार पर चयन प्रक्रिया पूरी की गई।

88 युवाओं का प्राथमिक चयन, 47 का अंतिम चयन

रोजगार मेले के दौरान विभिन्न नियोजकों द्वारा 88 युवाओं का प्राथमिक चयन किया गया, जबकि 47 युवाओं का अंतिम चयन किया गया। अंतिम रूप से चयनित युवाओं को कार्यक्रम स्थल पर ही नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। शेष नियोजकों द्वारा अभ्यर्थियों के अंतिम चयन की प्रक्रिया जारी है। इससे रोजगार मेले में शामिल युवाओं को आगे रोजगार प्राप्त करने की उम्मीद भी बनी हुई है।

चयनित युवाओं को प्रदान किए नियुक्ति पत्र

जिला प्रशासन की ओर से नोडल अधिकारी डिप्टी कलेक्टर एवं सहायक संचालक कौशल विकास प्राधिकरण श्रीमती आकांक्षा पाण्डेय ने अंतिम रूप से चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। उन्होंने चयनित युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रोजगार का अवसर मिलने के साथ-साथ युवाओं के लिए अपने कौशल और प्रतिभा को आगे बढ़ाने का भी अवसर है। उन्होंने युवाओं को अपने कार्यक्षेत्र में निरंतर सीखने, मेहनत करने और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया।

एक मंच पर मिले युवा और निजी संस्थान

रोजगार मेले की खासियत यह रही कि रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं और निजी क्षेत्र के नियोजकों को एक ही मंच पर आने का अवसर मिला। युवाओं को अलग-अलग संस्थानों में जाकर रोजगार की तलाश करने के बजाय एक ही स्थान पर विभिन्न पदों और संस्थानों की जानकारी मिली। वहीं निजी संस्थानों को भी स्थानीय स्तर पर योग्य और प्रशिक्षित युवाओं से सीधे संपर्क करने का अवसर प्राप्त हुआ।

कौशल प्रशिक्षण प्राप्त हितग्राहियों को मिले प्रमाण पत्र

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के अंतर्गत क्रियान्वयन संस्था कैरियर ज़ोन एजुकेशनल सोसायटी द्वारा प्रशिक्षित जनरल ड्यूटी असिस्टेंट के हितग्राहियों को प्रशिक्षण पूर्णता प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले युवाओं को प्रमाण पत्र प्रदान कर उनके कौशल की औपचारिक पहचान सुनिश्चित की गई। उन्हें प्रशिक्षण के दौरान अर्जित ज्ञान और कौशल का उपयोग रोजगार एवं स्वरोजगार के क्षेत्र में करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

कच्चे मकान की परेशानियों से मिली मुक्ति, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण ने पूरा किया पक्के घर का सपना

रायपुर,  सितम्बर 2026/ गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले के पेंड्रा विकासखंड के ग्राम पंचायत कोटमीकला निवासी श्रीमती पार्वती और उनका परिवार लंबे समय से कच्चे मिट्टी के मकान में रहकर जीवन यापन कर रहा था। सीमित संसाधनों के बीच परिवार के लिए पक्के और सुरक्षित घर का सपना लंबे समय से अधूरा था। कच्चे मकान की वजह से परिवार को हर मौसम में कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता था। विशेषकर बारिश के दिनों में घर की स्थिति खराब हो जाती थी और परिवार को अपने सामान तथा सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती थी।

पार्वती बताती हैं कि मिट्टी के कच्चे मकान में बारिश के दौरान घर की दीवारों और अन्य हिस्सों को नुकसान पहुंचने का डर हमेशा बना रहता था। बारिश के पानी से घर को बचाना और घरेलू सामान को सुरक्षित रखना परिवार के लिए चुनौती बन जाता था। इसके अलावा बंदरों के कारण भी घर और घरेलू सामान को नुकसान पहुंचता था। इन परिस्थितियों के बीच परिवार चाहता था कि उन्हें ऐसा पक्का घर मिले, जहां वे बिना किसी चिंता के अपने परिवार के साथ सुरक्षित और सम्मानपूर्वक रह सकें।

प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण बनी सहारा

श्रीमती पार्वती के परिवार के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण उम्मीद की किरण बनकर सामने आई। योजना के माध्यम से उन्हें पक्का आवास स्वीकृत हुआ और उनके वर्षों पुराने सपने को साकार होने का अवसर मिला। आवास का निर्माण पूरा होने के बाद परिवार को कच्चे मकान की परेशानियों से स्थायी राहत मिली है।

पक्का घर बनने के बाद बदली जीवन की तस्वीर

पक्का मकान मिलने के बाद पार्वती और उनके परिवार के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। अब परिवार को बारिश के मौसम में घर की दीवारों और छत को लेकर चिंता नहीं रहती। घरेलू सामान को सुरक्षित रखने के साथ ही परिवार के सदस्यों को रहने के लिए एक मजबूत और सुरक्षित स्थान मिला है।

पार्वती के लिए यह सिर्फ एक मकान नहीं, बल्कि परिवार के बेहतर भविष्य और सम्मानजनक जीवन की नई शुरुआत है। उनका कहना है कि पहले कच्चे मकान में रहते हुए हर मौसम में किसी न किसी परेशानी का सामना करना पड़ता था। अब पक्का घर मिलने से परिवार को सुरक्षा, सुविधा और सुकून मिला है। घर के वातावरण में भी सकारात्मक बदलाव आया है और परिवार अब भविष्य को लेकर अधिक आश्वस्त है।

सुरक्षित आवास से बढ़ा आत्मविश्वास

प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत मिला पक्का आवास गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए केवल सिर पर छत उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह परिवारों को सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जीने का आधार भी प्रदान कर रहा है। पार्वती का परिवार भी इसका उदाहरण है। कच्चे मकान की कठिनाइयों से निकलकर अब परिवार अपने पक्के घर में सुरक्षित जीवन व्यतीत कर रहा है।

पार्वती ने अपने परिवार की इस खुशी के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि पक्का घर उनके परिवार के लिए बहुत बड़ी खुशी और राहत लेकर आया है। अब उनका परिवार बारिश, मौसम की मार और कच्चे मकान से जुड़ी परेशानियों से मुक्त होकर अपने नए घर में खुशहाल जीवन व्यतीत कर रहा है।

पार्वती के परिवार की कहानी यह बताती है कि जब जरूरतमंद परिवारों को योजनाओं का लाभ मिलता है, तो सरकारी योजनाएं उनके जीवन में वास्तविक बदलाव का माध्यम बनती हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के माध्यम से मिला पक्का घर उनके परिवार के लिए सुरक्षा, सम्मान, सुविधा और बेहतर भविष्य की मजबूत नींव बन गया है।

सेवा संकल्प अभियान

आत्मनिर्भरता दलहन मिशन के तहत किसानों के खेतों में समूह अग्रिम पंक्ति प्रदर्शन

छत्तीसगढ़ अरहर-1 और अरहर-2 की उन्नत उत्पादन तकनीक का प्रत्यक्ष प्रदर्शन, किसानों को बीज उत्पादन से भी जोड़ा

केवीके के वैज्ञानिक खेतों तक पहुंचकर दे रहे फसल प्रबंधन, पोषण और कीट नियंत्रण की तकनीकी जानकारी

रायपुर,  सितम्बर 2026/ छत्तीसगढ़ में दलहन उत्पादन को बढ़ावा देने और किसानों तक अरहर की उन्नत उत्पादन तकनीक पहुंचाने की दिशा में आत्मनिर्भरता दलहन मिशन के तहत सरगुजा जिले में समूह अग्रिम पंक्ति प्रदर्शन किया जा रहा है। कृषि विज्ञान केंद्र, सरगुजा द्वारा चयनित गांवों में किसानों के खेतों पर 55 हेक्टेयर रकबे में छत्तीसगढ़ अरहर-1 एवं छत्तीसगढ़ अरहर-2 किस्म का प्रत्यक्ष प्रदर्शन किया गया है। वर्तमान में अरहर की फसल अच्छी बढ़वार और शाखाओं के विकास के साथ पूर्व-फूलावस्था एवं फूल आने की प्रारंभिक अवस्था में पहुंच गई है।

पांच गांवों में किसानों के खेत बने उन्नत तकनीक के प्रदर्शन केंद्र

इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल एवं निदेशक विस्तार डॉ. एस.एस. टुटेजा के निर्देशानुसार तथा कृषि विज्ञान केंद्र, सरगुजा के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. संदीप शर्मा के मार्गदर्शन में समूह अग्रिम पंक्ति प्रदर्शन किया जा रहा है।

इसके तहत अम्बिकापुर विकासखंड के ग्राम सोहगा, बरकेला, खजुरी एवं नानदमाली तथा उदयपुर विकासखंड के ग्राम कुमडेवा में किसानों के खेतों पर अरहर की उन्नत उत्पादन तकनीक का प्रत्यक्ष प्रदर्शन किया जा रहा है।

अच्छी हरित वृद्धि और शाखाओं के विकास से उत्साहित किसान

कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों के अनुसार प्रदर्शन वाले खेतों में अरहर के पौधों की ऊंचाई, हरित वृद्धि और शाखाओं का अच्छा विकास देखा जा रहा है। फसल अब उस महत्वपूर्ण अवस्था में पहुंच रही है, जहां फूल और उसके बाद फलियों का विकास होगा। उत्पादन की दृष्टि से इस अवस्था में उचित फसल प्रबंधन महत्वपूर्ण है।

वैज्ञानिकों ने किसानों को खेतों की नियमित निगरानी के साथ खरपतवार नियंत्रण, नमी प्रबंधन तथा कीट एवं रोगों पर विशेष नजर रखने की सलाह दी है। फूल एवं फली बनने की अवस्था में फली छेदक सहित अन्य कीटों की नियमित निगरानी करने तथा आवश्यकता होने पर कृषि वैज्ञानिकों की अनुशंसा के अनुसार ही कीटनाशी का उपयोग करने को कहा गया है।

बीज पंजीयन से गुणवत्तापूर्ण दलहन बीज उत्पादन को मिलेगा बढ़ावा

कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा किसानों का सीड हब के अंतर्गत बीज पंजीयन भी कराया गया है। इससे किसानों को उन्नत किस्मों के बीज उत्पादन की तकनीक से जोड़ने के साथ गुणवत्तापूर्ण दलहन बीज उत्पादन को प्रोत्साहित करने में मदद मिलेगी।

केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. पी.आर. पैकरा, डॉ. एस.पी. गुप्ता, डॉ. ज्ञानेंद्र कुमार, डॉ. विवेक कुमार सांडिल्य एवं डॉ. लीलाधर साहू किसानों को उन्नत अरहर उत्पादन तकनीक, संतुलित पोषक तत्व प्रबंधन, खरपतवार नियंत्रण और समन्वित कीट प्रबंधन की जानकारी दे रहे हैं।

वैज्ञानिकों के अनुसार फूल आने से पूर्व फसल की उचित देखभाल आगे बनने वाले फूल और फलियों की संख्या तथा उत्पादन के लिए महत्वपूर्ण है। किसानों को नियमित रूप से खेतों का निरीक्षण कर आवश्यक कृषि कार्य समय पर करने की सलाह दी गई है। प्रदर्शन क्षेत्रों में फसल की अच्छी स्थिति से किसानों में उन्नत तकनीक के माध्यम से अरहर उत्पादन बढ़ाने के प्रति उत्साह देखा जा रहा है।

 

सेवा की कहानी: एक डबरी ने खोले आय के कई रास्ते, मान सिंह ने खेती के साथ मछली पालन को बनाया आजीविका का आधार

सिंचाई की सुविधा मिली तो बढ़ा खेती का दायरा, खीरे की बिक्री से मिले करीब 30 हजार रुपये

टमाटर, खीरा, गोभी और सरसों की खेती के बाद अब मटर की तैयारी, डबरी में मछली पालन से अतिरिक्त आय की राह

रायपुर,  सितम्बर 2026/ खेत के पास बनी एक छोटी सी डबरी ने सरगुजा जिले के बतौली विकासखंड की ग्राम पंचायत बिरिमकेला निवासी मान सिंह के लिए आजीविका के कई रास्ते खोल दिए हैं। ग्रामीण रोजगार योजना के तहत निर्मित डबरी में संचित पानी से अब वे अलग-अलग फसलों की सिंचाई कर रहे हैं। इसी डबरी में मछली पालन शुरू कर उन्होंने अतिरिक्त आय का साधन भी तैयार किया है। पानी की उपलब्धता से खेती का दायरा बढ़ा है और खीरे की फसल की बिक्री से ही उन्हें करीब 30 हजार रुपये मिले हैं।

डबरी में संचित पानी से बढ़ा खेती का दायरा

मान सिंह बताते हैं कि डबरी उनके पिता प्रेम सिंह के नाम से बनी है। डबरी बनने के बाद खेत के पास ही सिंचाई के लिए पानी का स्थानीय स्रोत उपलब्ध हो गया। इस पानी का उपयोग कर उन्होंने टमाटर, खीरा, गोभी और सरसों जैसी फसलों की खेती की।

सिंचाई की सुविधा मिलने से अब वे एक फसल तक सीमित रहने के बजाय मौसम के अनुसार अलग-अलग सब्जियों और फसलों का उत्पादन कर पा रहे हैं। खीरे की फसल की बिक्री से उन्हें करीब 30 हजार रुपये प्राप्त हुए। अब वे अगली फसल के रूप में मटर और गोभी लगाने की तैयारी कर रहे हैं।

खेती के साथ मछली पालन से आय का दूसरा जरिया

मान सिंह ने डबरी का उपयोग केवल खेतों की सिंचाई तक सीमित नहीं रखा। उन्होंने इसमें मछली पालन भी शुरू किया है। इस तरह एक ही परिसंपत्ति खेतों के लिए पानी उपलब्ध कराने के साथ मत्स्य पालन के माध्यम से अतिरिक्त आय की संभावना भी तैयार कर रही है।

मान सिंह बताते हैं कि डबरी से उन्हें काफी लाभ मिल रहा है। खेतों के लिए पानी उपलब्ध होने से खेती आसान हुई है और अलग-अलग फसलें लेने का अवसर मिला है। मछली पालन से भी अतिरिक्त आमदनी की संभावना बढ़ी है।

जल संरक्षण से आजीविका को मिला विस्तार

डबरी में वर्षा जल का संचय होने से मान सिंह को खेती के लिए स्थानीय स्तर पर पानी उपलब्ध हो रहा है। इसी पानी का उपयोग सब्जी उत्पादन और मछली पालन में कर वे गांव में ही अपनी आजीविका को विस्तार दे रहे हैं। खेती से रोजगार और आमदनी मिलने से परिवार को आर्थिक संबल भी मिल रहा है।

योजना से मिले लाभ के लिए मान सिंह ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।

सेवा संकल्प अभियान के तहत मान सिंह की यह ‘सेवा की कहानी’ बताती है कि जल संरक्षण से तैयार एक छोटी परिसंपत्ति भी ग्रामीण परिवार की आजीविका में बड़ा बदलाव ला सकती है। सिंचाई, सब्जी उत्पादन और मछली पालन को एक साथ जोड़कर डबरी उनके लिए आय के कई अवसरों का आधार बन गई है।

 

सेवा की कहानी: पति के निधन के बाद खेती बनी परिवार का सहारा, बिहान से जुड़कर आत्मनिर्भर बनीं उर्मिला

टमाटर-खीरे की खेती से बच्चों की पढ़ाई और परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहीं उर्मिला, लखपति दीदी बनने की ओर बढ़े कदम

आकांक्षा स्व-सहायता समूह से मिली आजीविका की राह, ऋण लेकर बढ़ाया खेती का काम और समय पर किया भुगतान

रायपुर,  सितम्बर 2026/ जीवन में आई कठिन परिस्थितियों के सामने हार मानने के बजाय सरगुजा जिले की उर्मिला गुप्ता ने मेहनत और आत्मविश्वास के साथ अपने परिवार की जिम्मेदारी संभाली। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ और आकांक्षा स्व-सहायता समूह से जुड़ने के बाद उन्होंने टमाटर, खीरा और अन्य सब्जियों की खेती को आजीविका का आधार बनाया। वर्ष 2024 में पति के निधन के बाद खेती ही उनके परिवार का मजबूत सहारा बनी। आज उर्मिला अपनी मेहनत की कमाई से दोनों बच्चों की पढ़ाई और परिवार का पालन-पोषण कर रही हैं तथा लखपति दीदी बनने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।

समूह से जुड़ीं तो घर की दहलीज से खेत तक बढ़े कदम

उर्मिला बताती हैं कि स्व-सहायता समूह से जुड़ने से पहले वे अधिकतर घर तक ही सीमित रहती थीं। उनके पास खेती को व्यवस्थित रूप से आजीविका का माध्यम बनाने का विचार नहीं था। बिहान और आकांक्षा स्व-सहायता समूह से जुड़ने के बाद उन्हें टमाटर, खीरा सहित विभिन्न सब्जियों की खेती के बारे में जानकारी और प्रोत्साहन मिला।

इस मार्गदर्शन ने उर्मिला को खेती के माध्यम से स्वयं की आय का साधन तैयार करने की राह दिखाई। उन्होंने सब्जियों की खेती शुरू की और पिछले चार वर्षों से लगातार टमाटर की खेती कर रही हैं। इसके साथ खीरा और अन्य सब्जियों का उत्पादन भी कर रही हैं।

समूह से ऋण लेकर बढ़ाया काम, कमाई से चुकाई पूरी राशि

खेती को आगे बढ़ाने के लिए उर्मिला ने अपने स्व-सहायता समूह से ऋण लिया। इस राशि का उपयोग उन्होंने अपनी आजीविका गतिविधि को बढ़ाने में किया। मेहनत का परिणाम मिला और खेती से आमदनी होने लगी। उर्मिला ने अपनी आय का बेहतर प्रबंधन करते हुए समूह से लिया ऋण भी चुका दिया।

स्व-सहायता समूह से मिले आर्थिक सहयोग और मार्गदर्शन ने उन्हें अपनी आजीविका को आगे बढ़ाने के साथ आर्थिक निर्णय लेने का आत्मविश्वास भी दिया।

पति के निधन के बाद खेती ने संभाला परिवार

वर्ष 2024 में पति के निधन के बाद उर्मिला के सामने दोनों बच्चों की पढ़ाई, पालन-पोषण और घर चलाने की पूरी जिम्मेदारी आ गई। कठिन समय में पहले से शुरू की गई सब्जियों की खेती परिवार के लिए आय का प्रमुख सहारा बनी।

उर्मिला बताती हैं कि आज वे खेती से होने वाली आमदनी से अपने दोनों बच्चों को पढ़ा-लिखा रही हैं और परिवार की जरूरतें पूरी कर रही हैं। परिस्थितियां कठिन होने के बावजूद उन्होंने खेती का काम नहीं छोड़ा और लगातार मेहनत करते हुए इसे परिवार की आजीविका का मजबूत आधार बनाया।

आत्मनिर्भरता से लखपति दीदी बनने की ओर बढ़े कदम

बिहान से जुड़कर उर्मिला ने केवल आमदनी का साधन ही तैयार नहीं किया, बल्कि विपरीत परिस्थितियों में अपने परिवार को संभालने का आत्मविश्वास भी हासिल किया। टमाटर, खीरा और अन्य सब्जियों की खेती से आय अर्जित करते हुए अब उनके कदम लखपति दीदी बनने की ओर बढ़ रहे हैं।

उर्मिला ने बिहान के माध्यम से मिले सहयोग और आजीविका के अवसर के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उनका कहना है कि आज महिलाएं आत्मनिर्भर बनकर अपने परिवार को आर्थिक संबल देने के साथ समाज में अपनी अलग पहचान भी बना रही हैं।

सेवा संकल्प अभियान के तहत उर्मिला की यह ‘सेवा की कहानी’ बताती है कि स्व-सहायता समूह से मिला अवसर, आर्थिक सहयोग और स्वयं की मेहनत किस तरह कठिन परिस्थितियों में भी एक महिला को अपने परिवार का मजबूत आधार बना सकती है।

 

राजधानी रायपुर के प्रमुख मार्गों के उन्नयन, चौड़ीकरण, सौंदर्यीकरण एवं विद्युतीकरण कार्यों पर भी की चर्चा

रायपुर.  सितंबर 2026. लोक निर्माण विभाग के सचिव श्री मुकेश कुमार बंसल ने रायपुर परिक्षेत्र के अधिकारियों की बैठक लेकर निर्माणाधीन एवं प्रस्तावित कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने नवा रायपुर स्थित निर्माण भवन में आयोजित बैठक में रायपुर शहर के प्रमुख मार्गों सहित प्रगतिरत एवं प्रस्तावित सड़क निर्माण कार्यों, आरओबी, आरयूबी एवं फ्लाईओवर निर्माण की विस्तृत समीक्षा की।

बैठक में राजधानी रायपुर के प्रमुख मार्गों के उन्नयन, चौड़ीकरण, सौंदर्यीकरण एवं विद्युतीकरण कार्यों पर विस्तृत चर्चा की गई। विभागीय सचिव श्री बंसल ने अधिकारियों को प्रस्तावित कार्यों के प्राक्कलन शीघ्र प्रस्तुत करने, प्रशासनिक स्वीकृति प्राप्त करने तथा स्वीकृत कार्यों की निविदा प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने रायपुर शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने तथा महत्वपूर्ण अधोसंरचना विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ शीघ्र पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया।

उप मुख्यमंत्री के निर्देश पर पीडब्ल्यूडी अलर्ट मोड में, प्रमुख अभियंता ने मुख्य अभियंता से लेकर उप अभियंता तक को क्षतिग्रस्त सड़कों को तत्काल सुधारने किया निर्देशित

ठेकेदारों को तत्काल काम पर लगाने को कहा, फोटो-वीडियो के साथ होगा नुकसान का आकलन

रायपुर.  सितम्बर 2026. लगातार बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों और पुल-पुलियों को दुरुस्त करने लोक निर्माण विभाग ने तत्काल कार्यवाही शुरू करने के निर्देश दिए हैं। उप मुख्यमंत्री तथा लोक निर्माण मंत्री श्री अरुण साव ने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि क्षतिग्रस्त मार्गों व पुलों की मरम्मत में किसी तरह की देरी न हो और लोगों की आवाजाही कहीं भी प्रभावित न हो। जहां तत्काल सुधार संभव है, वहां संबंधित एजेंसी और ठेकेदार से शीघ्र मरम्मत कराकर यातायात शुरू कराया जाए। ज्यादा नुकसान वाले हिस्सों के पुनर्निर्माण और विशेष मरम्मत के प्रस्ताव भी तेजी से तैयार किए जाएंगे। इसके लिए तत्काल पर्याप्त राशि उपलब्ध कराई जाएगी।

प्रदेश में 24 सितम्बर से 26 सितम्बर तक लगातार हुई बारिश से लगभग सभी नदी-नालों में बाढ़ की स्थिति बनी है और कई स्थानों पर पुल-पुलियों के ऊपर से भी पानी बहा है। पानी उतरने के बाद कई मार्गों और पुल-पुलियों के क्षतिग्रस्त होने की आशंका को देखते हुए लोक निर्माण विभाग ने सभी मुख्य अभियंताओं, अधीक्षण अभियंताओं, कार्यपालन अभियंताओं, अनुविभागीय अधिकारियों और उप अभियंताओं को तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है।

लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता ने सभी मैदानी अधिकारियों को क्षतिग्रस्त सड़कों और पुल-पुलियों की फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने नुकसान का तत्काल आकलन कर संभावित राशि की जानकारी अकाउंटेंट जनरल को भेजते हुए सभी संबंधित कार्यालयों को प्रतिलिपि उपलब्ध कराने को कहा है। उन्होंने जहां क्षति का सुधार मौजूदा अनुबंध के दायरे में संबंधित एजेंसी या ठेकेदार से कराया जा सकता है, वहां बिना समय गंवाए मरम्मत कराने को कहा है, ताकि यातायात शीघ्र शुरू हो सके। वहीं जिन हिस्सों में पुनर्निर्माण या विशेष मरम्मत की जरूरत है, उनके प्राक्कलन सक्षम अधिकारी को 10 दिनों के भीतर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने कहा है कि विशेष मरम्मत के लिए पर्याप्त राशि उपलब्ध है।

सड़कों व पुलों के सुधार के लिए प्रत्येक सक्षम अधिकारी को 15 दिनों में एस/आर (एफडीआर) की स्वीकृति प्राथमिकता से जारी करने तथा राशि के आबंटन की उपलब्धता के लिए प्रमुख अभियंता कार्यालय को परिक्षेत्रवार एकमुश्त जानकारी भेजने को कहा गया है। संभागों को आवश्यकता के अनुसार एस/आर मद में जोनल एजेंसी निर्धारित करने की जरूरत होने पर इसकी जानकारी भी तत्काल प्रमुख अभियंता कार्यालय को भेजने के निर्देश दिए गए हैं।

लोक निर्माण विभाग ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि एफडीआर के कारण हुई क्षति का सुधार केवल अस्थायी न हो, बल्कि उसे स्थायी रूप से दुरुस्त किया जाए। जरूरत के अनुसार टो-वॉल और कांक्रीट रोड निर्माण के प्रस्ताव भी भेजे जाएं। पुलों के वियरिंग कांक्रीट और रेलिंग सहित क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत भी शीघ्रता से करने को कहा गया है।

उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव के निर्देश के बाद विभाग का जोर बारिश से प्रभावित सड़कों और पुल-पुलियों को जल्द से जल्द सुरक्षित और आवागमन योग्य बनाने पर है। क्षतिग्रस्त सड़कों के सुधार के लिए शासन ने विभागीय अमले को तत्परता और सक्रियता से काम करते हुए मरम्मत और आवश्यक पुनर्निर्माण की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।

भारी वर्षा से उफान पर नदियाँ

गोबरा नवापारा क्षेत्र के बाढ़ प्रभावितों के बीच पहुँचे राजस्व एवं आपदा मंत्री,सहायता राशि और पुनर्वास का दिया भरोसा

​रायपुर, सितम्बर 2026/ प्रदेशभर में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण कई जिलों में नदियाँ उफान पर हैं, जिससे निचले और तटीय इलाकों में बाढ़ की गंभीर स्थिति निर्मित हो गई है। अभनपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले नवापारा, सोमवारी बाजार, नेहरू घाट, पारागांव, कुटीपारा, टीला सहित नदी के तट पर बसे अनेक गाँव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। स्थानीय निवासियों के अनुसार, बीते 25 वर्षों के दौरान इस क्षेत्र में ऐसा भीषण जलभराव और तबाही का मंजर कभी देखने को नहीं मिला। नवापारा क्षेत्र में बाढ़ का पानी 8 फीट तक बढ़ जाने से जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है।

​2,000 लोग विस्थापित, राहत शिविरों में ठहराया गया

क्षेत्र में बाढ़ की विभीषिका को देखते हुए स्थानीय प्रशासन मुस्तैदी से राहत और बचाव कार्य में जुट गया है। अब तक लगभग 2,000 प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों और प्रशासन द्वारा बनाए गए राहत केंद्रों में स्थानांतरित किया जा चुका है। बाढ़ पीड़ितों को विशेष रूप से बनाए गए सुरक्षित राहत केंद्रों में ठहराया गया है, जहाँ उनके भोजन, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है।
​राजस्व एवं आपदा मंत्री ने किया बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों का दौरा

आपदा की इस घड़ी में स्थिति का जायजा लेने राजस्व एवं आपदा मंत्री श्री वर्मा ने आज स्वयं बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का विस्तृत दौरा किया। उन्होंने बाढ़ पीड़ितों के बीच पहुँचकर उनका कुशलक्षेम पूछा और राहत शिविरों में की गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। मंत्री श्री वर्मा ने प्रभावितों से सीधा संवाद कर उन्हें ढांढस बंधाया और आश्वस्त किया कि राज्य की श्री विष्णु देव साय सरकार इस विपदा की घड़ी में उनके साथ पूरी मजबूती से खड़ी है।

​5-5 हजार रुपये का तात्कालिक अनुदान चेक वितरित, मकानों के पुनर्निर्माण का आश्वासन

बाढ़ पीड़ितों को त्वरित राहत पहुँचाने के उद्देश्य से तात्कालिक सहायता के रूप में प्रभावितों को 5-5 हजार रुपये के अनुदान चेक वितरित किए गए। जिन परिवारों के मकान इस भीषण बाढ़ के कारण क्षतिग्रस्त हो चुके हैं, उन्हें पुनः निर्माण कराने का स्पष्ट आश्वासन देते हुए मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि सरकार हर प्रभावित परिवार को हरसंभव मदद प्रदान करेगी।
​ इस दौरान मंत्री श्री वर्मा ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि बाढ़ से हुए जान-माल, फसलों और मकानों के नुकसान का त्वरित एवं सटीक आंकलन (सर्वेक्षण) किया जाए। उन्होंने घोषणा की कि नुकसान का आंकलन पूरा होते ही राजस्व पुस्तक परिपत्र (RBC 6-4) के प्रावधानों के अनुसार सभी प्रभावितों को प्राथमिकता के आधार पर मुआवजा राशि का भुगतान किया जाएगा, ताकि लोग जल्द से जल्द अपने जीवन को पुनः सामान्य कर सकें।

 

20 हजार की सहायता से कमला साहू के जीवन में आई नई मुस्कान

​रायपुर, सितंबर 2026/ ​मातृत्व हर महिला के जीवन का सबसे सुखद एहसास होता है, लेकिन एक दैनिक श्रमजीवी महिला के लिए यह समय खुशियों के साथ-साथ गंभीर आर्थिक चुनौतियों को भी साथ लाता है। सारंगढ़ जिला के ग्राम पठारी की रहने वाली श्रीमती कमला साहू, जो रेजा मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करती हैं, के सामने भी नवजात शिशु के आगमन पर ऐसी ही परिस्थिति निर्मित हो गई थी।
​बच्चे की देखभाल के लिए काम से दूरी बनाने के कारण उनकी दैनिक मजदूरी बंद हो गई थी। सीमित आमदनी में घर के दैनिक खर्चों को संभालने के साथ नवजात के पोषण और स्वास्थ्य की आवश्यकताओं को पूरा करना कमला के लिए एक बड़ी चिंता का कारण बना हुआ था।
​ऐसे संवेदनशील और कठिन समय में राज्य सरकार का ‘सेवा संकल्प अभियान’ उनके लिए एक नया सवेरा लेकर आया। अभियान के तहत श्रम विभाग द्वारा संचालित ‘मिनीमाता महतारी जतन योजना’ के माध्यम से पात्र हितग्राही कमला साहू के बैंक खाते में direct benefit transfer (DBT) के जरिए 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता राशि हस्तांतरित की गई।
​यह राशि केवल वित्तीय मदद मात्र नहीं थी, बल्कि मजदूरी प्रभावित होने के उस दौर में मिला एक सुदृढ़ संबल थी। सहायता राशि प्राप्त होने के बाद कमला अपने नवजात बच्चे के स्वास्थ्य, उचित पोषण और देखभाल पर पूरा ध्यान दे पा रही हैं।
​कमला साहू अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए बताती हैं कि रेजा मजदूरी की सीमित आय में परिवार की जरूरतें पूरी करना आसान नहीं होता।मातृत्व के दौरान काम पर न जा पाने से बच्चे की देखभाल और घर के खर्च को लेकर बहुत चिंता रहती थी। मिनीमाता महतारी जतन योजना से मिले 20 हजार रुपये ने कठिन समय में बहुत बड़ा सहारा दिया है। इससे बच्चे के पोषण और स्वास्थ्य संबंधी जरूरतें बिना किसी तंगी के पूरी हो रही हैं।
​कमला की यह सफलता की कहानी ‘सेवा संकल्प अभियान’ के मूल ध्येय को चरितार्थ करती है—जहाँ अंतिम पंक्ति के पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का सीधा लाभ पहुँचाकर उनके जीवन में सकारात्मक और वास्तविक परिवर्तन लाया जा रहा है। आज कमला एक बार फिर हिम्मत और स्वाभिमान के साथ आगे बढ़ रही हैं, और योजना से मिले इस सहयोग ने उनके परिवार की चिंता दूर कर बच्चों के सुखद भविष्य का विश्वास जगाया है।

Ads

R.O.NO. 14150/89

MP info RSS Feed

फेसबुक