ईश्वर दुबे
संपादक - न्यूज़ क्रिएशन
+91 98278-13148
newscreation2017@gmail.com
Shop No f188 first floor akash ganga press complex
Bhilai
भोपाल।प्रदेश की शिवराज सरकार सिने स्टार जया अमिताभ बच्चन के भोपाल के बड़े तालाब किनारे स्थित भूखंड क्षेत्र का विकास करेगी। यहां पानी, बिजली, सडक़ आदि सभी सुविधायें विकसित की जायेंगी। दरअसल भोपाल विकास प्राधिकरण ने भोपाल के भदभदा क्षेत्र में बड़े तालाब किनारे नेशनल ज्युडिशियल अकादमी के पास ग्राम गौरा एवं ग्राम सेवनिया गौड के 285.813 हैक्टेयर क्षेत्र को नगर विकास स्कीम में शामिल किया है। इस क्षेत्र को स्कीम में वनस्पति उद्यान नाम दिया गया है। इस क्षेत्र में 155.412 हैक्टेयर सरकारी तथा 130.401 हैक्टेयर निजी भूमि शामिल है। ग्राम सेवनिया गौड में जया अमिताभ बच्चन के नाम से तीन भूखण्ड हैं जोकि कुल 2.024 हैक्टेयर है। बीडीए द्वारा इस समूचे क्षेत्र को नगर विकास स्कीम में शामिल करने से अब इस क्षेत्र का विकास कार्य किया जायेगा तथा फिर पचास प्रतिशत भूमि निजी व्यक्तियों को वापस कर दी जायेगी। चूंकि यह क्षेत्र लो डेन्सिटी एरिया है तथा ग्रीन बेल्ट में है, इसलिये इसमें विकास कार्य के बाद नये मास्टर प्लान के हिसाब से निर्माण कार्य हो सकेंगे। बीडीए की नगर विकास स्कीम में यह क्षेत्र शामिल होने से अब इस क्षेत्र के भू-स्वामी अपनी भूमि या भवन के उपयोग में परिवर्तन या विकास डायरेक्टर टीएण्डसीपी की पूर्वानुमति से ही कर सकेंगे। ग्राम सेवनिया गौड में 249 तथा ग्राम गोरा में 205 व्यक्ति भूखण्ड स्वामी हैं। इनमें पर्यटन, वन, पीएचई, सीपीए, राजस्व विभाग की भूमियां भी हैं। साथ ही दिलीप बिल्डकान सहित कई नामी कंपनियों एवं आला अधिकारियों के निजी स्वामित्व वाली भूमियां भी हैं। बीडीए के उच्च अधिकारी ने बताया कि हमने भोपाल के बड़े तालाब किनारे दो ग्रामों की भूमियों पर वनस्पति उद्यान के नाम से नगर विकास स्कीम घोषित की है। इससे इस क्षेत्र में मूलभूत सुविधायें विकसित की जायेंगी तथा विकास कार्य करने के बाद पचास प्रतिशत भूमि इनके स्वामियों को लौटा दी जायेगी।