चक्रवाती तूफान वायु का असर; प्री-मानसून गतिविधियां, कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश से राहत Featured

प्री- मानसून गतिविधियां बढ़ीं, प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में धूल भरी आंधी और हल्की बौछारें पड़ीं
गुरुवार को भोपाल समेत कई क्षेत्रों में सूरज की बादलों से लुकाछिपी, तापमान में गिरावट
भोपाल. प्रदेश में लंबे इंतजार के बाद कई स्थानों पर प्री मानसून की गतिविधियां शुरु होने के बाद भी गर्मी कम नहीं हुई है। बुधवार को राज्य में कई स्थानों पर धूल भरी हवाएं चलीं और हल्की बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट आई।
हालांकि गुरुवार को सुबह से बादलों की लुकाछिपी के बीच गर्मी का असर कम हुआ है, लेकिन उमस कायम है। रायसेन समेत कई स्थानों पर छिटपुट बौछारें हुई हैं। इससे गर्मी से हल्की राहत मिली है।
चक्रवाती तूफान 'वायु' का असर : इस बार मंद गति से मौसम में आ रहे इस बदलाव के पीछे अरब सागर में उठे चक्रवाती तूफान ‘वायु’ का भी प्रभाव माना जा रहा है। राजधानी भोपाल में कल तापमान 43.7 डिग्री रिकार्ड हुआ। भोपाल में कल शाम कुछ स्थानों पर धूल भरी आंधी के साथ मौसम में थोड़ी ठंडक घुली। कहीं-कहीं बूंदाबांदी भी हुई है।

ग्वालियर चंबल क्षेत्र में बौछारों से मिली राहत : श्योपुर, शिवपुरी और ग्वालियर में भी बीती रात कई स्थानों पर तेज बौछारों के कारण गुरुवार को सुबह से गर्मी में थोड़ी राहत मिली है।
आज से बढ़ेंगी प्री-मानसून गतिविधियां : स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के मुताबिक आज प्रदेश के अनेक स्थानों पर प्री-मानसून की गतिविधियों में इजाफा होने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार प्री मानसून गतिविधियों के बावजूद प्रदेश के दमोह, छतरपुर, रीवा, सतना, सिंगरौली, उमरिया एवं शहडोल में भीषण लू चल सकती है। इसके अलावा भोपाल सहित कुछ अन्य स्थानों पर भी लू के हालात बन सकते हैं।

Rate this item
(0 votes)

Ads

R.O.NO. 13515/54 Advertisement Carousel

MP info RSS Feed

फेसबुक