ईश्वर दुबे
संपादक - न्यूज़ क्रिएशन
+91 98278-13148
newscreation2017@gmail.com
Shop No f188 first floor akash ganga press complex
Bhilai
आलीराजपुर । आदिवासी बहुल जिले की राजनीति में पहली बार एक नया संयोग बनने जा रहा है। यहां जिले की दोनों सीट पर एक ही परिवार के दो उम्मीदवार एक ही पार्टी से मप्र विधानसभा चुनाव लड़ने जा रहे हैं। रविवार को शारदीय नवरात्र के पहले दिन कांग्रेस द्वारा जारी पहली सूची में जिले की दोनों विधानसभा से पटेल परिवार के दो सदस्यों को टिकट दिया गया है। आलीराजपुर से वर्तमान विधायक मुकेश पटेल को टिकट दिया गया है, वहीं जोबट से उनकी भाभी सेना महेश पटेल उम्मीदवार बनाई गई हैं।
स्व. वेस्ता पटेल की राजनीतिक विरासत को परिवार ने आगे बढ़ाया
पूर्व विधायक व क्षेत्र में कांग्रेस के दिग्गज नेता रहे स्व. वेस्ता पटेल की राजनीतिक विरासत को उनकी परिवार आगे बढ़ा रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजयसिंह के करीबी माने जाने वाले पटेल परिवार के कई सदस्य राजनीति में सक्रिय हैं। संगठन में महत्वपूर्ण दायित्व संभालने के साथ ही कई अहम पदों पर भी रहे हैं।
पिछली बार जीते थे मुकेश पटेल
साल 2018 के चुनाव में पार्टी ने पटेल परिवार के मुकेश पटेल को प्रत्याशी बनाया था और उन्होंने जीत हासिल की थी। इस बार भी उन्हें मौका दिया गया है। उनका टिकट पहले से तय माना जा रहा था। दूसरी ओर जोबट विधानसभा सीट से उनकी भाभी तथा आलीराजपुर नगर पालिका अध्यक्ष सेना महेश पटेल को प्रत्याशी बनाया गया है। यह अप्रत्याशित तो नहीं था, हालांकि जोबट के पार्टी से कुछ दावेदारों के लिए झटका देने वाला रहा। उधर, भारतीय जनता पार्टी ने अभी आलीराजपुर विधानसभा सीट पर ही उम्मीदवार की घोषणा की है। यहां से पूर्व विधायक व पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष नागरसिंह चौहान उम्मीदवार बनाए गए हैं। यानि पिछले चुनाव की तरह ही इस सीट पर एक बार फिर चौहार और पटेल के बीच मुख्य मुकाबला है।
कांग्रेस उम्मीदवारों के बारे में जानिए
विधानसभा- आलीराजपुर
प्रत्याशी- मुकेश पटेल
जन्म तिथि- 16.11.1977
शिक्षा- हायर सेकंडरी
राजनीतिक पृष्ठभूमि
कांग्रेस संगठन में कई पदों पर रहे हैं। नगर पालिका आलीराजपुर में पूर्व पार्षद, कृषि उपज मंडी में पूर्व सदस्य व वर्तमूान में आलीराजपुर के विधायक हैं। पिछला चुनाव उन्होंने भाजपा के नागरसिंह चौहान को हराकर जीता था। इस बार भी पटेल और चौहान आमने सामने हैं।
विधानसभा- जोबट
प्रत्याशी- सेना महेश पटेल
जन्म तिथि- 10.02.1़977
शिक्षा- बीए फाइनल
राजनीतिक पृष्ठभूमि
साल 2005 से 2010 तक नगर पालिका पार्षद रहीं। 2012 से 2017 नगर पालिका अध्यक्ष रहीं। इसके बाद उन्हें एक मामले में पद से हटाया गया। 2022 में हुए चुनाव में वे एक बार फिर नपा अध्यक्ष चुनी गईं। तब से इस पद पर हैं। पति महेश पटेल कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष हैं। उन्होंने जोबट विधानसभा का पिछला उप चुनाव कांग्रेस के टिकट पर लड़ा था, हालांकि उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। इस बार महेश की बजाए उनकी पत्नी सेना पटेल को मैदान में उतारा गया है।