पूर्व PM के बयान पर भड़का नरसिम्हा राव का परिवार, पोते ने कहा- मांगें माफी Featured

नई दिल्ली. पूर्व प्रधानमंत्री डॉक्टर मनमोहन सिंह के 1984 के सिख दंगे पर दिए बयान को लेकर नरसिम्हा राव का परिवार बेहद नाराज़ है. राव के पोते एनवी सुभाष ने कहा है कि मनमोहन सिंह को तुरंत बिना शर्त माफी मांगनी चाहिए. डॉक्टर सिंह ने कल कहा था कि अगर तत्कालीन गृह मंत्री पीवी नरसिम्हा राव  ने इंद्र कुमार गुजराल की सलाह मानी होती, तो दिल्ली में सिख नरसंहार को टाला जा सकता था. पूर्व प्रधानमंत्री ने ये बातें गुजराल की 100वीं जयंती पर आयोजित एक समारोह में कहीं.

एनवी सुभाष ने कहा कि वो मनमोहन सिंह के बयान से बेहद आहत हैं. उन्होंने कहा कि अगर वो नरसिम्हा राव को इस दंगे के लिए ज़िम्मेदार ठहरा रहे हैं तो उन्हें इसके लिए राजीव गांधी को भी दोषी ठहराना चाहिए. उन्होंने आगे कहा, अगर वो सिख दंगे से आहत थे तो उन्हें नरसिम्हा राव की कैबिनेट में शामिल नहीं होना चाहिए था. हम लोग चाह रहे हैं कि मनमोहन सिंह अपने बयान के लिए बिना शर्त हमारे परिवार से माफी मांगे.

पूर्व पीएम मनमोहन सिंह ने कहा, दिल्‍ली में जब 84 के सिख दंगे हो रहे थे, गुजराल जी उस समय के गृह मंत्री नरसिम्हा राव के पास गए. उन्‍होंने राव से कहा कि हालात बेहद गंभीर है और सरकार को जल्द से जल्द सेना को बुलाने की जरूरत है, लेकिन तत्कालीन सरकार ने गुजराल की सलाह पर गौर नहीं किया. 1984 में इंदिरा गांधी की उनके अंगरक्षकों ने हत्या कर दी थी. इसके बाद देश के कई शहरों में सिख विरोधी दंगे भड़क उठे थे.  देश भर में 3 हज़ार से ज़्यादा लोग मारे गए थे. अकेले दिल्ली में 2 हज़ार से ज़्यादा लोगों की जान गई थी. इंदिरा गांधी की हत्या के बाद भीड़ सड़कों पर उतर आई और खून के बदले खून का नारा लगा रही थी.

Rate this item
(0 votes)

Ads

R.O.NO. 14150/89

MP info RSS Feed

फेसबुक