ईश्वर दुबे
संपादक - न्यूज़ क्रिएशन
+91 98278-13148
newscreation2017@gmail.com
Shop No f188 first floor akash ganga press complex
Bhilai
उपार्जन केंद्रों में धान खरीदी की तैयारियां पूरी पर्याप्त बारदाने के साथ किसानों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित
डिजिटल व्यवस्था से पारदर्शिता पर विशेष जोर
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में किसानों के हितों को प्राथमिकता, बीते तीन वर्षों में लगभग 437 लाख मीट्रिक टन धान का उपार्जन
रायपुर, 11 नवंबर 2026/ छत्तीसगढ़ में अन्नदाता किसानों की मेहनत को उचित मूल्य और सम्मान देने के संकल्प के साथ आगामी 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर प्रदेशव्यापी धान खरीदी का महाअभियान प्रारंभ होने जा रहा है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ने खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस वर्ष प्रदेश के 27 लाख 50 हजार से अधिक किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से अधिकतम 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदी की जाएगी। किसानों की सुविधा के लिए प्रदेशभर में 3100 धान उपार्जन केंद्रों की व्यवस्था की गई है।
धान उपार्जन केंद्रों में पारदर्शी व्यवस्था और सभी आवश्यक प्रबंध
राज्य सरकार द्वारा धान खरीदी को सुचारु, व्यवस्थित और पारदर्शी बनाने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं। धान उपार्जन केंद्रों में पर्याप्त मात्रा में बारदानों की उपलब्धता, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, धान की गुणवत्ता जांच के उपकरण, सुरक्षित भंडारण तथा परिवहन संबंधी व्यवस्थाओं को प्राथमिकता दी गई है। किसानों के लिए पेयजल, बैठने की व्यवस्था, छाया एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा गया है, ताकि धान विक्रय के दौरान उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।
किसानों की सुविधा और कृषि हितों को प्राथमिकता
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने धान खरीदी को किसानों के आर्थिक हितों से जुड़ा महत्वपूर्ण अभियान बताते हुए अधिकारियों को व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए हैं। कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम के मार्गदर्शन तथा कृषि उत्पादन आयुक्त श्री सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेशी के प्रशासनिक समन्वय में संबंधित विभागों द्वारा किसानों की सुविधा और कृषि हितों को प्राथमिकता दी जा रही है।
प्रदेश में खरीदी केंद्रों की 3100 कुल संख्या
इस वर्ष 360 नए धान उपार्जन केंद्र प्रारंभ किए जा रहे हैं जिससे प्रदेश में खरीदी केंद्रों की कुल संख्या 3100 हो जाएगी। नए केंद्रों के खुलने से किसानों को अपने नजदीकी उपार्जन केंद्रों में धान बेचने की सुविधा मिलेगी। इससे परिवहन दूरी और समय की बचत के साथ खरीदी केंद्रों पर अनावश्यक भीड़ कम करने में भी मदद मिलेगी।
धान विक्रय के समय समिति में ऋण पुस्तिका लाने की अनिवार्यता भी समाप्त
धान खरीदी प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए राज्य सरकार ने किसानों को महत्वपूर्ण राहत दी है। पिछले वर्ष पंजीकृत ऐसे किसान, जिनकी एग्रीस्टैक आईडी उपलब्ध है, उन्हें दोबारा पंजीयन कराने की आवश्यकता नहीं होगी। धान विक्रय के समय समिति में ऋण पुस्तिका लाने की अनिवार्यता भी समाप्त की गई है। डिजिटल क्रॉप सर्वे के माध्यम से कृषि रकबे का ऑनलाइन निर्धारण तथा बायोमेट्रिक आधारित खरीदी व्यवस्था से पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है।
विगत तीन वर्षों में किसानों को लगभग 1.50 लाख करोड़ रुपये का भुगतान
धान का कटोरा कहे जाने वाले छत्तीसगढ़ में धान खरीदी केवल कृषि उपज के विपणन की व्यवस्था नहीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति देने वाला प्रमुख माध्यम भी है। बीते तीन खरीफ विपणन वर्षों में प्रदेश में लगभग 437 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी हुई है। वर्ष 2023-24 में 144.92 लाख मीट्रिक टन, वर्ष 2024-25 में 149.25 लाख मीट्रिक टन तथा वर्ष 2025-26 में लगभग 142 लाख मीट्रिक टन धान का उपार्जन किया गया। इन तीन वर्षों में किसानों को लगभग 1.50 लाख करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है।
फसल विविधीकरण को प्रोत्साहित करने 15 हजार रुपये प्रति एकड़ की सहायता
किसानों को अतिरिक्त आर्थिक संबल प्रदान करने के उद्देश्य से संचालित कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत खरीफ 2023 से खरीफ 2025 तक लगभग 25.52 लाख किसानों को 35 हजार 904 करोड़ 90 लाख रुपये की राशि प्रदान की गई है। इसके साथ ही फसल विविधीकरण को प्रोत्साहित करने के लिए धान के स्थान पर अन्य लाभकारी फसल लेने वाले किसानों की सहायता राशि 11 हजार रुपये से बढ़ाकर 15 हजार रुपये प्रति एकड़ की गई है।
रेवाबांध तालाब और मठपारा में गौरा-गौरी के किए दर्शन एवं पूजन, नागरिकों को दी दीपावली और गोवर्धन पूजा की शुभकामनाएं
कैलाश नगर दैहान में राउत नाचा में हुए शामिल
रायपुर, नवम्बर 2026/ उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक श्री विजय शर्मा आज गोवर्धन पूजा के अवसर पर कबीरधाम जिले के कवर्धा नगर में आयोजित विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों में शामिल हुए। उन्होंने सबसे पहले विंध्यवासिनी वार्ड क्रमांक 27 स्थित रेवाबांध तालाब पहुंचकर गौरा-गौरी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। इस दौरान उनका अलग अंदाज देखने को मिला और गौरा-गौरी बारात को देखकर वे खुद भी बारात में शामिल हुए और भक्ति गीतों को गाकर जयकारे लगाए। इसके बाद वे मठपारा पहुंचे, जहां उन्होंने गौरा-गौरी का पूजन किया।
उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कवर्धा स्थित अपने निवास में सपरिवार गोवर्धन पूजा की और गौ माता को प्रसाद खिलाया। इस अवसर पर निवास पर उनसे मिलने पहुंचे नागरिकों से उन्होंने आत्मीय मुलाकात की और सभी को दीपावली एवं गोवर्धन पूजा की बधाई तथा शुभकामनाएं दीं।
इसके पश्चात उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा कैलाशनगर एवं कमला क्लिनिक के पास दैहान में पहुंचे और वहां आयोजित गोवर्धन पूजा कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने कैलाश नगर में भी गोवर्धन पूजा कार्यक्रम में शामिल होकर सभी के साथ पूरे भक्तिभाव से पूजा-अर्चना की और गायों को भोजन कराया। इस दौरान ग्रामीणों ने राउत नाचा शुरू किया तो कवर्धा विधायक श्री शर्मा भी राउत नाचा में शामिल हुए।
स्कूल शिक्षा विभाग ने जारी किए नए निर्देश, पड़ोस की सीमा अब अनिवार्य पात्रता के बजाय प्राथमिकता का आधार होगी
निर्धारित दूरी के भीतर प्रवेश के लिए मिलेगी प्राथमिकता, रिक्त सीटों पर 25 प्रतिशत से अधिक आवेदन होने पर लॉटरी से होगा चयन
रायपुर, नवंबर 2026/ छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा विभाग ने शिक्षा का अधिकार अधिनियम (आरटीई) के तहत निजी स्कूलों में कमजोर एवं वंचित वर्ग के बच्चों की प्रवेश प्रक्रिया को अधिक सरल, पारदर्शी और सुव्यवस्थित बनाने के लिए महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। विभाग द्वारा 10 नवंबर 2026 को जारी आदेश के अनुसार आरटीई के अंतर्गत प्रवेश में पड़ोस की निर्धारित सीमा को अनिवार्य पात्रता की शर्त के बजाय प्राथमिकता का आधार बनाया जाएगा। इससे पात्र बच्चों को प्रवेश के अधिक अवसर मिल सकेंगे।
सचिव स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा जारी निर्देशों में निःशुल्क और अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार अधिनियम, 2009 की धारा 12(1)(ग) के प्रभावी क्रियान्वयन तथा धारा 12(2) के अंतर्गत विद्यालयों को प्रतिपूर्ति की प्रक्रिया के सरलीकरण एवं सुव्यवस्थीकरण पर जोर दिया गया है।
पड़ोस की सीमा अब प्रवेश में प्राथमिकता का आधार
नए निर्देशों के अनुसार आरटीई के तहत प्रवेश के लिए निर्धारित पड़ोस की सीमा को अनिवार्य पात्रता शर्त के स्थान पर प्राथमिकता का आधार बनाया जाएगा। इसका उद्देश्य पात्र बच्चों के लिए प्रवेश प्रक्रिया को अधिक सुलभ बनाना है।
निर्धारित दूरी के बच्चों को मिलेगी प्रथम प्राथमिकता
स्कूल शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि नियमानुसार निर्धारित दूरी के भीतर निवास करने वाले पात्र बच्चों को प्रवेश में प्रथम प्राथमिकता दी जाएगी। इसके अंतर्गत कक्षा पहली से पांचवीं के लिए शून्य से एक किलोमीटर तथा कक्षा छठवीं से आठवीं के लिए शून्य से तीन किलोमीटर की भीतर निवास करने वाले पात्र बच्चों को प्रवेश में प्रथम प्राथमिकता दी जाएगी।
रिक्त सीटों पर लॉटरी से होगा प्रवेश
विभागीय निर्देशों के अनुसार निर्धारित दूरी के भीतर पर्याप्त आवेदन प्राप्त नहीं होने और आरक्षित 25 प्रतिशत सीटें रिक्त रह जाने की स्थिति में इन सीटों को बाहर के पात्र बच्चों को प्रवेश देकर भरा जा सकेगा। ऐसे प्रवेश के लिए सक्षम प्राधिकारी से प्रत्येक प्रकरण में अलग-अलग स्वीकृति प्राप्त करने की आवश्यकता नहीं होगी।
स्कूल शिक्षा विभाग ने भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय, स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सुझावों तथा माननीय सर्वाेच्च न्यायालय द्वारा अभि निर्धारित- आर्थिक एवं सामाजिक रूप से कमजोर वर्गों के बच्चों का आरटीआई के तहत प्रवेश एक राष्ट्रीय अभियान के तहत यह व्यवस्था लागू की है। सचिव स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा प्रदेश के सभी कलेक्टरों एवं जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं।
नवाचार और उद्यमिता के नए युग की ओर छत्तीसगढ़, एनआईटी रायपुर में 88.76 करोड़ के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की आधारशिला
एआई, रोबोटिक्स, साइबर सुरक्षा सहित सात अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं से सुसज्जित होगा केंद्र, अनुसंधान और उद्यमिता को मिलेगी नई गति
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों के तकनीकी नवाचारों का किया अवलोकन, कहा - हमारे युवा रोजगार मांगने वाले ही नहीं, रोजगार देने वाले भी बनें
स्टार्टअप एवं निपुण मिशन और मुख्यमंत्री एआई मिशन के लिए 500-500 करोड़ रुपए का प्रावधान, नई तकनीकों में युवाओं को मिलेंगे अवसर
रायपुर, नवंबर 2026/ छत्तीसगढ़ में तकनीकी शिक्षा, नवाचार और उद्यमिता को नई ऊंचाई देने की दिशा में आज एक महत्वपूर्ण अध्याय जुड़ गया। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर स्थित राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) परिसर में 88 करोड़ 76 लाख रुपए की लागत से बनने वाले श्रीमती मिथिलेश अग्रवाल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर इनोवेशन एंड एंटरप्रेन्योरशिप इन इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी की आधारशिला रखी। अत्याधुनिक तकनीकों, अनुसंधान सुविधाओं और स्टार्टअप इन्क्यूबेशन से सुसज्जित यह केंद्र प्रदेश की युवा प्रतिभाओं को अपने अभिनव विचारों को सफल उद्यमों में बदलने का अवसर प्रदान करेगा।
मुख्यमंत्री श्री साय ने शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के युवाओं में प्रतिभा और सामर्थ्य की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता उन्हें सही अवसर, आधुनिक संसाधन और उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की है। हमारी सरकार ऐसा वातावरण विकसित कर रही है, जहां युवाओं को अपने सपनों को साकार करने के लिए महानगरों की ओर न जाना पड़े, बल्कि वे छत्तीसगढ़ में ही नए आविष्कार करें, उद्योग स्थापित करें और दूसरों के लिए रोजगार के अवसर सृजित करें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में युवा शक्ति, तकनीक और नवाचार की निर्णायक भूमिका होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज जिस सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की आधारशिला रखी गई है, वह केवल एक अत्याधुनिक भवन नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की नई पीढ़ी की आकांक्षाओं और संभावनाओं को साकार करने का केंद्र बनेगा। यहां विद्यार्थियों को अपने विचारों पर अनुसंधान करने, तकनीकी समाधान विकसित करने, प्रोटोटाइप तैयार करने और उन्हें व्यावसायिक स्वरूप देने के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे प्रदेश में स्टार्टअप संस्कृति को मजबूती मिलेगी और उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप नई तकनीकों का विकास भी संभव होगा।
मुख्यमंत्री श्री साय ने इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के माटीपुत्र और प्रख्यात उद्यमी श्री रामदेव अग्रवाल का विशेष अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि श्री रामदेव अग्रवाल ने छत्तीसगढ़ की धरती से निकलकर अपनी प्रतिभा, परिश्रम और दूरदर्शिता के बल पर देश के उद्योग एवं वित्तीय जगत में विशिष्ट पहचान बनाई है। आज वे अपनी सफलता का लाभ समाज और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का सराहनीय कार्य कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अपनी माता श्रीमती मिथिलेश अग्रवाल की स्मृति में इस संस्थान की स्थापना का संकल्प लेकर उन्होंने मातृभक्ति, कृतज्ञता और समाजसेवा का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। हमारी भारतीय परंपरा में विद्यादान को सर्वोच्च स्थान दिया गया है, क्योंकि शिक्षा व्यक्ति को जीवनभर आत्मनिर्भर बनने की शक्ति देती है। छत्तीसगढ़ में दाऊ कल्याण सिंह और सेठ किरोड़ीमल जैसे दानवीरों ने समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए श्री रामदेव अग्रवाल का यह प्रयास आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगा।
उल्लेखनीय है कि लगभग 88.76 करोड़ रुपए की इस परियोजना में मोतीलाल ओसवाल फाउंडेशन द्वारा 71 करोड़ रुपए से अधिक का योगदान दिया जा रहा है।
विद्यार्थियों के नवाचारों में दिखी भविष्य के छत्तीसगढ़ की झलक
मुख्यमंत्री श्री साय ने कार्यक्रम के दौरान एनआईटी रायपुर के विद्यार्थियों द्वारा विकसित विभिन्न स्टार्टअप और तकनीकी मॉडलों का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद करते हुए उनके नवाचारों की कार्यप्रणाली, उपयोगिता और भविष्य की संभावनाओं की जानकारी ली।
रायपुर समेत संभागों में खुलेंगे 5 सेंटर्स ऑफ एक्सीलेंस, 1.5 लाख शासकीय कर्मचारी होंगे प्रशिक्षित
रायपुर, नवंबर 2026/ मुख्य सचिव श्री विकासशील की अध्यक्षता में आज मंत्रालय महानदी भवन में छत्तीसगढ़ एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) मिशन की प्रथम स्टीयरिंग कमेटी की उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य राज्य में एआई आधारित तकनीकी विकास, सुशासन और नागरिकों के सशक्तिकरण के रोडमैप को तीव्र गति देना है।
डेटा लैब्स और सेंटर्स ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना
राज्य में डेटा और तकनीकी अनुसंधान को बढ़ावा देने के लिए पहले वर्ष में 20 एआई डेटा लैब्स स्थापित की जाएंगी। इसके साथ ही रायपुर, दुर्ग, सरगुजा, बिलासपुर और बस्तर संभाग में 5 सेंटर्स ऑफ एक्सीलेंस (उत्कृष्टता केंद्र) बनाए जाएंगे। रायपुर में एनआईटी (NIT) और आईआईआईटी (IIIT) नया रायपुर के सहयोग से इन केंद्रों के कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है.
कर्मचारियों और अधिकारियों का प्रशिक्षण
प्रशासनिक कार्यों में एआई के उपयोग और सुशासन (गुड गवर्नेंस) को बढ़ावा देने के लिए शासन के लगभग 1.5 लाख कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया जाएगा। पहले चरण में आईआईआईटी, एनआईटी और आईआईएम (IIM) जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के माध्यम से 15 हजार शासकीय सेवकों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।
युवाओं और छात्रों के लिए विशेष पाठ्यक्रम
स्कूली छात्रों, उच्च शिक्षा संस्थानों और तकनीकी शिक्षा के विद्यार्थियों के लिए एआई से जुड़े विशेष प्रशिक्षण पाठ्यक्रम और डिजिटल सामग्री विकसित की जाएगी। पहले वर्ष में हजारों युवाओं को अत्याधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण से जोड़ने का लक्ष्य है।
अनुसंधान और फेलोशिप को बढ़ावा
राज्य के शैक्षणिक संस्थानों के साथ मिलकर विभिन्न अनुसंधान (Research) परियोजनाओं के लिए अनुदान, चेयर और फेलोशिप शुरू करने के प्रस्तावों को भी शामिल किया गया है, जिससे तकनीकी नवाचार को मजबूती मिलेगी।
मुख्य सचिव ने सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे विभिन्न विभागों की उपयोगिता के अनुसार समन्वय बनाकर एआई की कार्ययोजना तैयार करें। इस मिशन के सफल क्रियान्वयन से छत्तीसगढ़ आने वाले समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में अपनी पहचान बनाएगा।
बैठक में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव श्री सोनमणि बोरा, सुशासन एवं अभिसरण विभाग के सचिव श्री राहुल भगत, स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह, वित्त एवं जनसम्पर्क विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव, सूचना एवं प्रौद्योगिकी तथा आवास एवं पर्यावरण विभाग के सचिव श्री अंकित आनंद, वाणिज्य एवं उद्योग विभाग के सचिव श्री रजत कुमार, कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के सचिव श्री बसवराजु एस., लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के सचिव श्री अमित कटारिया और राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की सचिव श्रीमती शम्मी आबिदी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
रायपुर, 10 नवम्बर 2026/ छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक आस्था और गौ सेवा की परंपरा अनुरूप उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने आज कबीरधाम जिले के कवर्धा स्थित अपने निवास में सपरिवार गोवर्धन पूजा की। इस अवसर पर उन्होंने गौ माता की विधि-विधान पूर्वक पूजा-अर्चना कर उन्हें प्रसाद खिलाया तथा प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगलमय जीवन की कामना की।
उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने भगवान श्रीकृष्ण और गौ माता से प्रार्थना करते हुए यह कामना की है कि प्रदेश के अन्नदाताओं के खेत-खलिहान सदैव धन-धान्य से परिपूर्ण रहें, गौवंश का संरक्षण एवं संवर्धन हो तथा प्रत्येक परिवार में सुख, शांति और समृद्धि बनी रहे।
नन्हे बच्चों ने गीत और कविताओं से दी बधाई; मंत्री ने अपने हाथों से परोसा भोजन और उनके साथ बैठकर किया भोजन
टॉफियां और उपहार पाकर खिल उठे बच्चों के चेहरे, स्वच्छता और अच्छी आदतों का दिया संदेश
रायपुर ,10 नवंबर 2026/ जन्मदिन की खुशियां अपनों के बीच मनाई जाती हैं, लेकिन जब इन खुशियों में बच्चों की मुस्कान जुड़ जाए तो वह दिन और भी खास बन जाता है। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने अपना जन्मदिन सूरजपुर जिला के ग्राम लटोरी के नवापारा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र के नन्हे-मुन्ने बच्चों के साथ मनाया। न्योता भोज के इस आत्मीय आयोजन में उन्होंने बच्चों को अपने हाथों से भोजन परोसा और उनके साथ पंगत में बैठकर भोजन किया। इस अवसर पर प्रेमनगर विधायक श्री भूलन सिंह मरावी भी मौजूद रहे।
मंत्री श्रीमती राजवाड़े के आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचते ही बच्चों ने एक स्वर में “हैप्पी बर्थडे टू यू” गाकर उन्हें जन्मदिन की बधाई दी। बच्चों के इस स्नेहपूर्ण स्वागत से आयोजन में अपनत्व और उल्लास घुल गया। मंत्री ने बच्चों के बीच बैठकर उनसे बातचीत की, उनके नाम पूछे और उन्हें अपनी बातें साझा करने के लिए प्रोत्साहित किया। बच्चों ने पूरे उत्साह से अपना परिचय दिया।
बातचीत के दौरान बच्चों ने “मछली जल की रानी है”, “आलू कचालू” और “तितली रानी” जैसी बाल कविताएं सुनाईं। नन्हे बच्चों की प्यारी प्रस्तुतियों पर मंत्री ने तालियां बजाकर उनका उत्साह बढ़ाया। जब उन्होंने पूछा कि आंगनबाड़ी में रोज कौन-कौन आता है, तो बच्चों ने मुस्कुराते हुए हाथ उठाकर जवाब दिया। उनकी सहजता और आत्मविश्वास ने वहां मौजूद सभी लोगों का मन मोह लिया।
बच्चों के साथ संवाद में मंत्री ने स्वच्छता की अच्छी आदतों पर भी बात की। उन्होंने पूछा कि चॉकलेट खाने के बाद उसका रैपर कहां डालना चाहिए। बच्चों ने एक साथ कहा “डस्टबिन में।” मंत्री ने उनकी सराहना की और आसपास साफ-सफाई रखने की सीख दी।
बच्चों के साथ बैठकर किया भोजन
न्योता भोज में बच्चों के लिए चावल, दाल, खीर, पूड़ी, छोला और मुनगा भाजी सहित कई व्यंजन परोसे गए। भोजन से पहले बच्चों ने सामूहिक रूप से भोजन मंत्र का पाठ किया। इसके बाद मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने स्वयं बच्चों को भोजन परोसा और उनके साथ जमीन पर बैठकर भोजन ग्रहण किया। बच्चों के बीच बैठकर भोजन साझा करने का यह सहज दृश्य आयोजन की सबसे आत्मीय झलक बना।
भोजन के बाद मंत्री ने बच्चों को टॉफियां और उपहार भेंट किए। उपहार पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। जन्मदिन के अवसर पर बच्चों के साथ बिताए गए इन पलों ने आयोजन को स्नेह और आत्मीयता से भर दिया।
आंगनबाड़ी केंद्रों में न्योता भोज का उद्देश्य समुदाय को बच्चों के पोषण, देखभाल और समग्र विकास से जोड़ना है। मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने अपना जन्मदिन बच्चों के बीच मनाकर इस पहल में सहभागिता का संदेश दिया। बच्चों के गीत, कविताएं और उनकी खिलखिलाहट इस दिन की ऐसी याद बन गईं, जिसमें जन्मदिन की खुशी बच्चों के साथ साझा हुई।
हमारी संस्कृति में गौमाता का विशेष स्थान, कृषि और ग्रामीण जीवन की समृद्धि से जुड़ी है गौसेवा की परंपरा : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने सपत्नीक की गौमाता की पूजा-अर्चना, प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना
रायपुर 10 नवम्बर 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर जशपुर जिले के बगिया स्थित निवास में धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय के साथ विधि-विधान से गौमाता की पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री श्री साय ने गौमाता को तिलक लगाकर उनका पूजन किया और आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण एवं गौमाता से प्रदेशवासियों के सुखी, समृद्ध और खुशहाल जीवन की प्रार्थना की तथा प्रदेश के खेत-खलिहान सदैव धन-धान्य से परिपूर्ण रहने की मंगलकामना की।
मुख्यमंत्री श्री साय ने इस अवसर पर प्रदेशवासियों को गोवर्धन पूजा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व हमारी सनातन संस्कृति में प्रकृति, गौवंश और कृषि जीवन के प्रति श्रद्धा एवं कृतज्ञता का प्रतीक है। भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन लीला के माध्यम से प्रकृति के संरक्षण, जीव-जंतुओं के प्रति करुणा और सामूहिक कल्याण का जो संदेश दिया था, वह आज भी उतना ही प्रासंगिक है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गौमाता को पूजनीय स्थान प्राप्त है। गौवंश हमारी कृषि परंपरा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का अभिन्न अंग रहा है। गौसेवा केवल हमारी धार्मिक आस्था ही नहीं, बल्कि प्रकृति और समस्त जीव-जगत के प्रति संवेदनशीलता तथा संरक्षण की हमारी सांस्कृतिक चेतना की भी अभिव्यक्ति है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गोवर्धन पूजा का पर्व हमें स्मरण कराता है कि मानव जीवन की समृद्धि प्रकृति के साथ संतुलन और सहअस्तित्व में निहित है। भगवान श्रीकृष्ण द्वारा गोवर्धन पर्वत उठाकर ब्रजवासियों और गौवंश की रक्षा करने की पौराणिक कथा हमें संकट के समय एकजुटता, परस्पर सहयोग और लोककल्याण की प्रेरणा देती है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने भगवान श्रीकृष्ण एवं गौमाता से प्रार्थना की कि उनकी कृपा से छत्तीसगढ़ का हर परिवार सुखी और समृद्ध रहे, किसानों के खेतों में भरपूर फसल हो तथा प्रदेश निरंतर प्रगति और खुशहाली के पथ पर आगे बढ़ता रहे।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति में भी गौवंश, खेती-किसानी और प्रकृति के प्रति गहरी आस्था रही है। गोवर्धन पूजा के साथ मनाया जाने वाला गौरा-गौरी पर्व हमारी समृद्ध लोकपरंपराओं और सामाजिक एकता का जीवंत उदाहरण है। ऐसे पर्व हमारी सांस्कृतिक विरासत को पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ाने के साथ समाज को अपनी जड़ों से जोड़े रखते हैं।
आधुनिक विज्ञान और स्थानीय संसाधनों के समन्वय से किसानों की समृद्धि का नया रास्ता : मुख्यमंत्री श्री साय
पर्यावरण अनुकूल सिंचाई का यह मॉडल प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी होगा उपयोगी : मुख्यमंत्री श्री साय
सरगुजा संभाग की पहली नवाचारी सिंचाई परियोजना, नदी के जल प्रवाह से संचालित टरबाइन पम्प से होगी सिंचाई
2 करोड़ 68 लाख रुपए की लागत से तैयार योजना से लगभग 135 किसान परिवारों को मिलेगा लाभ
रायपुर 10 नवम्बर 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने आज जशपुर जिले के कांसाबेल विकासखंड अंतर्गत ग्राम पोंगरो में घुघरी नदी पर निर्मित एनीकट हाइड्रो पावर आधारित पम्पिंग योजना का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने योजना की कार्यप्रणाली, सिंचाई क्षमता और किसानों को मिलने वाले लाभों की जानकारी ली। सरगुजा संभाग की अपनी तरह की इस पहली नवाचारी सिंचाई परियोजना की विशेषता यह है कि इसमें बिजली, डीजल, पेट्रोल अथवा सौर ऊर्जा का उपयोग किए बिना केवल नदी के जल प्रवाह से खेतों तक सिंचाई का पानी पहुंचाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि खेती की समृद्धि के लिए सिंचाई सुविधाओं का विस्तार हमारी सरकार की प्राथमिकता है। पोंगरो की यह परियोजना इस बात का उत्कृष्ट उदाहरण है कि आधुनिक विज्ञान और स्थानीय प्राकृतिक संसाधनों के बेहतर उपयोग से किसानों की समस्याओं का स्थायी और पर्यावरण अनुकूल समाधान किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इस तकनीक से किसानों को सिंचाई के लिए बिजली और डीजल पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा, जिससे खेती की लागत कम करने में भी मदद मिलेगी। यह अभिनव पहल प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिए एक प्रेरक मॉडल बन सकती है।
नदी का जल प्रवाह ही बनेगा सिंचाई की ऊर्जा
पोंगरो एनीकट हाइड्रो पावर पम्पिंग योजना में नदी के बहते पानी की ऊर्जा से टरबाइन पम्प संचालित किया जाता है। इसके लिए पूर्व निर्मित एनीकट से लगभग 100 मीटर डाउनस्ट्रीम में प्लेटफॉर्म तैयार कर टरबाइन पम्प स्थापित किया गया है। यह पम्प नदी तल से लगभग 12 मीटर ऊंचाई पर स्थित तथा 200 मीटर दूर निर्मित वितरण टंकी तक अधिकतम 17 लीटर प्रति सेकंड की दर से पानी पहुंचाने में सक्षम है। वितरण टंकी से पक्की सिंचाई नहरों एवं नालियों के माध्यम से खेतों तक पानी पहुंचाने की व्यवस्था की गई है।
इस परियोजना की सबसे महत्वपूर्ण विशेषता यह है कि पम्प संचालन के लिए किसी बाहरी ऊर्जा स्रोत की आवश्यकता नहीं है। इससे सिंचाई व्यवस्था के संचालन में पारंपरिक ईंधन की खपत और उससे होने वाले कार्बन उत्सर्जन से बचा जा सकेगा। यह परियोजना हरित ऊर्जा, जल संरक्षण और टिकाऊ कृषि की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
135 किसान परिवारों को मिलेगा सीधा लाभ
लगभग 2 करोड़ 68 लाख रुपए की लागत से पूर्ण की गई इस परियोजना से क्षेत्र के करीब 135 कृषक परिवारों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। योजना के माध्यम से लगभग 80 एकड़ कृषि क्षेत्र में रबी एवं ग्रीष्मकालीन फसलों के लिए सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी। इससे किसानों को वर्षा आधारित खेती पर निर्भरता कम करने, अतिरिक्त फसल लेने और कृषि उत्पादन बढ़ाने के अवसर मिलेंगे।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में जल संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए किसानों को वर्षभर खेती के अवसर उपलब्ध कराना हमारा संकल्प है। पोंगरो की यह पहल दर्शाती है कि नवाचार को गांवों और खेतों तक पहुंचाकर कृषि विकास को नई गति दी जा सकती है। हमारी सरकार किसानों की आय बढ़ाने, सिंचाई का दायरा विस्तृत करने और खेती को अधिक लाभकारी बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
इस अवसर पर श्रीमती कौशल्या साय, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सालिक साय, कलेक्टर श्री रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
रायपुर, 10 नवंबर 2026/ राज्यपाल श्री रमेन डेका से आज लोक भवन में छत्तीसगढ़ राज्य सूचना आयोग के मुख्य सूचना आयुक्त श्री अमिताभ जैन एवं राज्य सूचना आयुक्त श्री उमेश अग्रवाल, श्री आलोक चंद्रवंशी तथा श्री शिरीष मिश्रा ने सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने राज्यपाल श्री डेका को दीपावली की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। राज्यपाल ने भी उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दीं। राज्यपाल ने राज्य सूचना आयोग में दर्ज प्रकरणों की जानकारी लेते हुए प्रकरणों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए हैं।
रायपुर, 10 नवम्बर 2026/ राज्यपाल श्री रमेन डेका ने गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर राजधानी रायपुर के सदर बाजार स्थित प्रसिद्ध श्री बांके बिहारी मंदिर पहुंचकर भगवान श्री बांके बिहारी जी के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर राज्य की प्रथम महिला श्रीमती रानी डेका काकोटी भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
प्रदेशवासियों के लिए की मंगलकामना
पूजा-अर्चना के दौरान राज्यपाल श्री डेका ने भगवान श्री बांके बिहारी जी से पूरे प्रदेश की जनता की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली के लिए प्रार्थना की। इस पावन पर्व पर राज्यपाल ने समस्त प्रदेशवासियों को गोवर्धन पूजा की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि यह पर्व सभी के जीवन में नई ऊर्जा, उमंग, सुख, शांति और समृद्धि लेकर आए।
लर्निंग लाइसेंस मिलने पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने भेजा शुभकामना पत्र
रायपुर , 10 नवंबर 2026/ मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर दर्ज एक शिकायत के समाधान के बाद बलरामपुर जिला के वाड्रफनगर विकासखंड के सुदूर ग्राम सोनहत निवासी श्री राजेश कुमार कुशवाहा के घर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की ‘विष्णु की पाती’ पहुँची। लर्निंग लाइसेंस से जुड़ी समस्या के निराकरण के बाद मुख्यमंत्री श्री साय ने स्पीड पोस्ट से उन्हें शुभकामना पत्र भेजा और लाइसेंस मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की।
श्री कुशवाहा ने लर्निंग लाइसेंस बनवाने में आ रही परेशानी के संबंध में हेल्पलाइन 1076 पर संपर्क किया था। शिकायत पर कार्रवाई हुई और उन्हें लाइसेंस मिल गया। राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर भेजे गए पत्र में मुख्यमंत्री श्री साय ने श्री कुशवाहा और उनके परिवार को बधाई देते हुए कहा कि नागरिकों की समस्याओं का समाधान करना शासन की प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने पत्र में लिखा कि हेल्पलाइन 1076 इस उद्देश्य से शुरू की गई है कि नागरिक अपनी बात सहजता से शासन तक पहुँचा सकें और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए जरूरी कदम उठाए जा सकें। उन्होंने भरोसा जताया कि शासन से संपर्क करने वाले प्रत्येक नागरिक की बात ध्यानपूर्वक सुनी जाएगी। ऐसे अनुभव यह समझने में भी मदद करते हैं कि शासकीय सेवाएँ लोगों के लिए कितनी उपयोगी हैं और उन्हें अधिक सरल एवं सुलभ बनाने की कहाँ जरूरत है।
लर्निंग लाइसेंस मिलने पर
मुख्यमंत्री ने श्री कुशवाहा को वाहन चलाना सीखते समय सुरक्षित अभ्यास करने और यातायात नियमों का पालन करने की सलाह दी। हेल्पलाइन पर दर्ज समस्या के समाधान के बाद मुख्यमंत्री का शुभकामना पत्र मिलने से श्री कुशवाहा के लिए यह अनुभव यादगार बन गया।
स्वच्छ सर्वेक्षण में तीनों शहरों को पिछले साल भी मिला था पुरस्कार
रायपुर. 10 नवम्बर 2026. राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में राष्ट्रीय पुरस्कारों में जगह बनाने वाले छत्तीसगढ़ के तीन नगरीय निकायों रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा को सम्मानित करेंगी। केन्द्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा 11 नवम्बर को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में सवेरे साढ़े 11 बजे से स्वच्छ सर्वेक्षण पुरस्कार समारोह का आयोजन किया गया है। केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्री श्री मनोहर लाल तथा केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू भी इसमें शामिल होंगे। छत्तीसगढ़ की ओर से उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री श्री अरुण साव, प्रमुख सचिव श्री सोनमणि बोरा, सूडा के सीईओ श्री सुमीत अग्रवाल तथा चयनित निकायों के जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्वच्छता कर्मी समारोह में भागीदारी करेंगे।
सफाई मित्रों की मेहनत और नागरिकों की भागीदारी बनी उपलब्धि का आधार
स्वच्छ सर्वेक्षण के दसवें संस्करण में छत्तीसगढ़ के तीन शहरों का राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए चयन हुआ है। इस बार सर्वेक्षण की थीम 'स्वच्छता की नई पहल—बढ़ाएं हाथ, करें सफाई साथ' रखी गई है। यह थीम स्वच्छता के लिए सामूहिक जिम्मेदारी और जनभागीदारी पर जोर देती है। प्रदेश के चयनित शहरों में स्वच्छता गतिविधियों के संचालन में नगरीय निकायों के अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ सफाई मित्रों और नागरिकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
अखिल भारतीय सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा 31 जनवरी 2027 को, अभ्यर्थी 2 दिसंबर तक कर सकेंगे आवेदन
रायपुर, 10 नवंबर 2026/ शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए सैनिक स्कूल अंबिकापुर सहित देशभर के सैनिक स्कूलों एवं नवीन सैनिक स्कूलों में कक्षा छठवीं और नौवीं में प्रवेश की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा अखिल भारतीय सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा (AISSEE-2027) का आयोजन 31 जनवरी 2027 को किया जाएगा। इच्छुक एवं पात्र विद्यार्थी 2 दिसंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 2 दिसंबर 2026
छत्तीसगढ़ के सैनिक स्कूल अंबिकापुर के प्राचार्य द्वारा जारी सूचना के अनुसार, रक्षा मंत्रालय के अधीन संचालित सैनिक स्कूल अंबिकापुर में कक्षा छठवीं एवं नौवीं में प्रवेश के लिए विद्यार्थियों का चयन अखिल भारतीय सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 3 नवंबर 2026 से प्रारंभ हो चुकी है। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार ऑनलाइन आवेदन एवं परीक्षा शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 2 दिसंबर 2026, रात्रि 11.50 बजे तक निर्धारित की गई है। निर्धारित तिथि तक आवेदन नहीं कर पाने वाले अभ्यर्थी विलंब शुल्क के साथ (500 रुपये अतिरिक्त राशि के साथ) 3 से 6 दिसंबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। आवेदन पत्र में त्रुटि सुधार के लिए 7 से 9 दिसंबर 2026 तक अवसर प्रदान किया जाएगा।
31 जनवरी को होगी प्रवेश परीक्षा
अखिल भारतीय सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा 31 जनवरी 2027 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा केंद्र के शहर की जानकारी 11 जनवरी 2027 को जारी की जाएगी, जबकि प्रवेश पत्र 25 जनवरी 2027 से एनटीए की वेबसाइट पर उपलब्ध होंगे।प्रवेश परीक्षा बहुविकल्पीय प्रश्नों पर आधारित होगी तथा पेन-पेपर मोड में ओएमआर शीट के माध्यम से आयोजित की जाएगी। कक्षा छठवीं में प्रवेश के लिए परीक्षा की अवधि 2.30 घण्टा (150 मिनट) की होगी तथा परीक्षा 13 माध्यमों में आयोजित की जाएगी। वहीं कक्षा नौवीं के लिए परीक्षा की अवधि 180 मिनट होगी और परीक्षा अंग्रेजी माध्यम में आयोजित की जाएगी।
एनटीए की वेबसाइट पर उपलब्ध है विस्तृत जानकारी
इच्छुक अभ्यर्थी राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी की आधिकारिक वेबसाइट https://exams.nta.nic.in/sainik-school-society/ अथवा https://nta.ac.in/ पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्रवेश के लिए पात्रता, आयु सीमा, आरक्षण, परीक्षा पाठ्यक्रम, परीक्षा शुल्क एवं अन्य आवश्यक दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी सूचना पुस्तिका में उपलब्ध है। अभ्यर्थी एवं अभिभावक परीक्षा संबंधी किसी भी जानकारी या समस्या के समाधान के लिए एनटीए हेल्पडेस्क के दूरभाष नंबर 011-40759000 अथवा 011-69227700 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त ई-मेल This email address is being protected from spambots. You need JavaScript enabled to view it. के माध्यम से भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।