स्वर्ण पदक विजेता तोमन कुमार को 51 लाख और कांस्य पदक विजेता अभिजीत सखूजा को 31 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा

नक्सली हमले में पैर गंवाने के बाद भी नहीं मानी हार, पूर्व सीआरपीएफ जवान तोमन कुमार ने पैरा तीरंदाजी में जीता स्वर्ण पदक

बचपन से शारीरिक चुनौती का सामना कर रहे अभिजीत सखूजा ने पैरा बैडमिंटन में कांस्य पदक जीतकर बढ़ाया प्रदेश का मान

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा - दोनों खिलाड़ियों का साहस, संघर्ष और संकल्प प्रदेश की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा

खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग करेगी राज्य सरकार : मुख्यमंत्री श्री साय

रायपुर  नवंबर 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने आज मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में एशियन पैरा गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन कर देश और छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाने वाले प्रदेश के दो प्रतिभाशाली पैरा खिलाड़ियों श्री तोमन कुमार और श्री अभिजीत सखूजा को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए पैरा तीरंदाजी में स्वर्ण पदक विजेता श्री तोमन कुमार को 51 लाख रुपए और पैरा बैडमिंटन में कांस्य पदक विजेता श्री अभिजीत सखूजा को 31 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों को शाल एवं बस्तर कला का प्रतीक चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री श्री अरुण साव उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि जीवन में चुनौतियां कितनी भी बड़ी क्यों न हों, यदि मन में दृढ़ संकल्प, आत्मविश्वास और कुछ कर गुजरने का जज्बा हो, तो सफलता का कोई भी शिखर असंभव नहीं है। श्री तोमन कुमार और श्री अभिजीत सखूजा ने अपने साहस, कठिन परिश्रम और असाधारण खेल प्रतिभा से इसे सिद्ध कर दिखाया है। दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धियां केवल पदक जीतने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि संघर्ष से सफलता तक की ऐसी प्रेरक गाथाएं हैं, जो प्रदेश के हजारों युवाओं को अपने सपनों को साकार करने का हौसला देंगी।

नक्सली हमले में गंवाया पैर, लेकिन नहीं टूटा हौसला

बालोद जिले के ग्राम नवागांव निवासी श्री तोमन कुमार की सफलता की कहानी अदम्य साहस और दृढ़ इच्छाशक्ति का उदाहरण है। सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन में सेवा के दौरान वर्ष 2022 में झारखंड में नक्सल विरोधी अभियान के समय हुए आईईडी विस्फोट में वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इस घटना में उन्हें अपना बायां पैर गंवाना पड़ा। जीवन की इस कठिन परिस्थिति में भी उन्होंने हार नहीं मानी। वर्ष 2023 में पैरा तीरंदाजी की शुरुआत की और निरंतर अभ्यास, अनुशासन तथा आत्मविश्वास के बल पर अंतरराष्ट्रीय मंच पर स्वर्ण पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने श्री तोमन कुमार के साहस को नमन करते हुए कहा कि देश की सुरक्षा के लिए अपना सर्वस्व समर्पित करने वाले इस वीर जवान ने खेल के मैदान में भी अपनी अदम्य इच्छाशक्ति का परिचय दिया है। नक्सलियों के विस्फोट ने उनका एक पैर जरूर छीन लिया, लेकिन देश के लिए कुछ कर दिखाने का उनका जज्बा नहीं छीन सका। पहले मातृभूमि की रक्षा और अब अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर तिरंगे का मान बढ़ाकर उन्होंने छत्तीसगढ़ को गौरवान्वित किया है।

शारीरिक चुनौती को पीछे छोड़ अभिजीत ने हासिल की अंतरराष्ट्रीय सफलता

बिलासपुर निवासी श्री अभिजीत सखूजा ने भी अपनी मेहनत और लगन से सफलता की प्रेरक मिसाल प्रस्तुत की है। बचपन से क्लब फुट की शारीरिक चुनौती का सामना कर रहे श्री सखूजा ने परिस्थितियों को अपने सपनों के आड़े नहीं आने दिया। उन्होंने पैरा बैडमिंटन को अपना लक्ष्य बनाया और कठिन अभ्यास तथा अनुशासन के बल पर अपनी खेल प्रतिभा को निखारा। एशियन पैरा गेम्स में कांस्य पदक जीतकर उन्होंने साबित किया कि मजबूत इरादों और निरंतर प्रयास से हर चुनौती को पार किया जा सकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री अभिजीत सखूजा की उपलब्धि उन सभी युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो कठिन परिस्थितियों के बावजूद जीवन में आगे बढ़ने का सपना देखते हैं। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों के परिवारजनों को भी बधाई देते हुए कहा कि खिलाड़ियों की सफलता के पीछे परिवार का त्याग, विश्वास और प्रोत्साहन भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

 

राज्यपाल श्री रमेन डेका ने कर्मचारियों को दीपावली उपहार भेंट किए, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के प्रतिभागियों को किया पुरस्कृत, सत्यम योग संस्थान के सदस्यों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर किया सम्मानित

रायपुर, नवंबर 2026। लोक भवन में आज राज्यपाल श्री रमेन डेका की उपस्थिति में दीपावली मिलन समारोह हर्षाेल्लास के साथ आयोजित किया गया। समारोह में लोक भवन के अधिकारियों-कर्मचारियों और उनके परिजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर लोक भवन परिवार के सदस्यों और उनके बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। गीत-संगीत और नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों ने समारोह में उत्साह और उमंग का वातावरण बना दिया।

समारोह के दौरान लोक भवन के कर्मचारियों और उनके परिजनों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बच्चों की आकर्षक प्रस्तुतियों ने भी उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। राज्यपाल ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने लोक भवन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दीपावली के उपहार भी भेंट किए।

इस अवसर पर राज्यपाल ने सत्यम योग संस्थान के सदस्यों को भी सम्मानित किया। योग को अपने दैनिक जीवन में अपनाने और उसके माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली का संदेश देने के लिए उन्होंने संस्थान के सदस्यों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए।

राज्यपाल श्री रमेन डेका ने सभी को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए उनके सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि दीपावली का पर्व आपसी प्रेम, सद्भाव, सहयोग और भाईचारे का संदेश देता है। ऐसे आयोजन सभी को एक-दूसरे के साथ जुड़ने और पारिवारिक आत्मीयता के साथ त्योहार मनाने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने समारोह में उत्साहपूर्वक भागीदारी के लिए लोक भवन परिवार के सभी सदस्यों की सराहना की।

समारोह में राज्य की प्रथम महिला श्रीमती रानी डेका काकोटी, विधायक श्री पुरंदर मिश्रा, राज्यपाल के सचिव डॉ. सी. आर. प्रसन्ना, विधिक सलाहकार श्रीमती सत्यभामा अजय दुबे सहित लोक भवन के अधिकारी-कर्मचारी एवं उनके परिजन उपस्थित थे।

भोपाल पहुंचकर स्वर्गीय श्रीमती काशी बाई जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर दी भावभीनी श्रद्धांजलि

रायपुर  नवम्बर 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आज भोपाल में केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान जी की पूज्य माताजी स्वर्गीय श्रीमती काशी बाई जी के त्रयोदशी संस्कार में सम्मिलित हुए। मुख्यमंत्री श्री साय ने स्वर्गीय श्रीमती काशी बाई जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि माता का स्नेह, आशीर्वाद और संस्कार जीवन की सबसे अमूल्य पूंजी होते हैं। उनका निधन परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करने तथा शोकाकुल परिवार को इस गहन दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

 

वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने किया भूमिपूजन, विद्यार्थियों से संवाद कर लक्ष्य निर्धारित करने और अनुशासन के साथ मेहनत करने की दी प्रेरणा

आधुनिक प्रयोगशालाओं, स्मार्ट क्लासरूम और कंप्यूटर कक्ष सहित बेहतर शैक्षणिक सुविधाओं से होगा सुसज्जित

रायपुर,  नवम्बर 2026/ रायगढ़ जिले के पुसौर विकासखंड स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, महलोई को आधुनिक मॉडल स्कूल के रूप में विकसित किया जाएगा। सीएसआर मद से 5 करोड़ 30 लाख रुपये की लागत से बनने वाले नवीन विद्यालय भवन का आज वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी. चौधरी ने भूमिपूजन किया। इस पहल से ग्रामीण अंचल के विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर पर बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि शिक्षा समाज और क्षेत्र के विकास की मजबूत नींव है। बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना हम सभी की जिम्मेदारी है। महलोई विद्यालय को मॉडल स्कूल के रूप में विकसित करना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। हमारा प्रयास है कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को भी शहरों के विद्यार्थियों की तरह आधुनिक सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले।

उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि सफलता के लिए सबसे पहले अपना लक्ष्य निर्धारित करना जरूरी है। हर विद्यार्थी अपनी रूचि, क्षमता और प्रतिभा को पहचानकर भविष्य की दिशा तय करे। शिक्षा का उद्देश्य केवल अच्छे अंक प्राप्त करना नहीं, बल्कि ज्ञान के साथ अच्छे संस्कार, अनुशासन, आत्मविश्वास और व्यावहारिक कौशल विकसित करना भी है।

वित्त मंत्री ने कहा कि आज विद्यार्थियों के सामने कैरियर के अनेक विकल्प हैं। वे अपनी रुचि के अनुसार शिक्षा, तकनीक, चिकित्सा, इंजीनियरिंग और प्रशासनिक सेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ सकते हैं। इसके लिए समय का सदुपयोग, नियमित अध्ययन और निरंतर मेहनत जरूरी है। असफलताओं से घबराने के बजाय उनसे सीख लेकर आगे बढ़ें और अपने सपनों को पूरा करने के लिए पूरी लगन से प्रयास करें। उन्होंने विद्यार्थियों के शैक्षणिक अनुभवों और भविष्य की आकांक्षाओं के बारे में भी जाना। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के जिम्मेदार नागरिक और देश के भविष्य के निर्माता हैं।

आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा विद्यालय भवन

सीएसआर मद से बनने वाले नए विद्यालय भवन में विभिन्न विषयों की आधुनिक प्रयोगशालाएं, कंप्यूटर कक्ष और स्मार्ट क्लासरूम सहित विद्यार्थियों की जरूरतों के अनुरूप सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे विद्यार्थियों को पारंपरिक शिक्षा के साथ तकनीक आधारित अध्ययन का अवसर मिलेगा। विज्ञान, तकनीक और व्यावहारिक शिक्षा के क्षेत्र में उनकी समझ विकसित करने के लिए बेहतर वातावरण तैयार होगा।

आसपास के गांवों के विद्यार्थियों को भी मिलेगा लाभ

विद्यालय के उन्नयन से महलोई सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा। आधुनिक भवन और बेहतर शैक्षणिक संसाधनों से पढ़ाई का वातावरण मजबूत होगा। विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने, नए कौशल सीखने और प्रतियोगिताओं की तैयारी करने के अधिक अवसर मिलेंगे। मॉडल स्कूल ग्रामीण अंचल में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने और विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष श्रीमती हेमलता चौहान, जिला पंचायत सदस्य श्री ब्रजेश गुप्ता, नगर पंचायत अध्यक्ष श्री मानी मोहित सतपथी, एनटीपीसी के कार्यकारी निदेशक श्री सुभाष सिंह ठाकुर एवं श्री जाकिर हुसैन, सहित जनप्रतिनिधि विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

 

कम उत्पादन वाले क्षेत्रों के किसानों को मिलेगी बड़ी राहत, लघु-सीमांत एवं जनजातीय अंचलों के किसान होंगे विशेष रूप से लाभान्वित

इस वर्ष लगभग 27.50 लाख किसानों से होगी धान खरीदी, 360 नए उपार्जन केंद्रों के साथ प्रदेश में 3,100 केंद्रों पर होगी खरीदी

गन्ना किसानों को भी बड़ी सौगात, उपार्जन दर 355 रुपए से बढ़ाकर 425 रुपए प्रति क्विंटल, पेराई सत्र 2025-26 के लिए भी मिलेगा बढ़ी हुई दर का लाभ

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के गौरव, अधिकार और समृद्धि को मिली नई पहचान : मुख्यमंत्री श्री साय

15 नवंबर को धरमजयगढ़ में राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह

रायपुर  नवंबर 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज किसानों के हित में राज्य सरकार के एक महत्वपूर्ण निर्णय की जानकारी देते हुए घोषणा की कि अब निर्धारित अधिकतम मात्रा से कम धान बेचने वाले किसानों को भी प्रति एकड़ के मान से एकसमान 13 हजार 839 रुपए की आदान सहायता राशि प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि कोई किसान प्रति एकड़ निर्धारित अधिकतम 21 क्विंटल से कम मात्रा में धान उपार्जन के लिए उपलब्ध कराता है, तब भी उसे प्रति एकड़ के मान से आदान सहायता राशि का लाभ मिलेगा। सरकार के इस निर्णय से विशेष रूप से कम उत्पादकता वाले क्षेत्रों के किसानों, लघु एवं सीमांत कृषकों तथा जनजातीय अंचलों के किसान परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी। मुख्यमंत्री श्री साय आज रायपुर में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि हमारी सरकार का संकल्प है कि प्रदेश का कोई भी किसान कम उत्पादन के कारण शासन की सहायता से वंचित न रहे। छत्तीसगढ़ के अनेक जनजातीय एवं दूरस्थ क्षेत्रों में भौगोलिक परिस्थितियों और सिंचाई सुविधाओं की सीमित उपलब्धता के कारण कृषि उत्पादकता अपेक्षाकृत कम रहती है। ऐसे क्षेत्रों के किसानों के लिए यह निर्णय विशेष रूप से लाभकारी सिद्ध होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की उपज का उचित मूल्य सुनिश्चित करने के साथ ही उनकी आय बढ़ाने और खेती को लाभकारी बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इस वर्ष प्रदेश में लगभग 27 लाख 50 हजार किसानों से धान खरीदी की जाएगी। किसानों की सुविधा और खरीदी व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए 360 नए उपार्जन केंद्र प्रारंभ किए जा रहे हैं। इसके साथ ही प्रदेश में कुल 3,100 उपार्जन केंद्रों के माध्यम से धान खरीदी की जाएगी। इससे किसानों को अपने नजदीकी केंद्रों पर उपज बेचने की सुविधा मिलेगी और परिवहन संबंधी परेशानियां भी कम होंगी।

गन्ना किसानों को भी बड़ी राहत, आठ वर्ष पुरानी उपार्जन दर में 70 रुपए की वृद्धि

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने प्रेस वार्ता में गन्ना किसानों के हित में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पिछले आठ वर्षों से गन्ने की उपार्जन दर 355 रुपए प्रति क्विंटल थी। हमारी सरकार ने किसानों के हितों को प्राथमिकता देते हुए इसे बढ़ाकर 425 रुपए प्रति क्विंटल करने का निर्णय लिया है। इस प्रकार गन्ने की घोषित उपार्जन दर में 70 रुपए प्रति क्विंटल की वृद्धि की गई है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि भारत सरकार द्वारा निर्धारित उचित एवं लाभकारी मूल्य (एफआरपी) तथा राज्य सरकार की घोषित दर के बीच की अंतर राशि गन्ना बोनस के रूप में प्रदान की जाएगी। विशेष बात यह है कि पेराई सत्र 2025-26 में खरीदे गए गन्ने के लिए भी बढ़ी हुई दर का लाभ किसानों को दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह निर्णय गन्ना उत्पादक किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के साथ ही प्रदेश में फसल विविधीकरण को भी प्रोत्साहित करेगा।

जनजातीय गौरव दिवस हमारी गौरवशाली विरासत और बलिदान को नमन करने का अवसर

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि 15 नवंबर को धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पूरे देश में जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाई जाएगी। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2021 में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया। इससे देश के स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्र निर्माण में जनजातीय समाज के अतुलनीय योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान और सम्मान मिला है।

 

‘दीदी के गोठ’ के 16वें एपिसोड में तीन जिलों की महिलाओं ने साझा किया सोलर उद्यम का अनुभव

रायपुर,  नवंबर 2026/ छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ के रेडियो कार्यक्रम ‘दीदी के गोठ’ के 16वें एपिसोड में सोलर दीदियों ने प्रशिक्षण और समूह के सहयोग से सौर ऊर्जा के तकनीकी कार्यों से जुड़कर आजीविका के नए अवसर के बारे में बताया। दीपावली पर सोलर पैनल लगवाने को लेकर चंदा और सूरज की हल्की-फुल्की बातचीत से शुरू हुआ कार्यक्रम आगे चलकर दीदियों के कार्य, प्रशिक्षण और अनुभवों की प्रेरक चर्चा बना।

कार्यक्रम में सीएसपीडीसीएल के अधीक्षण अभियंता श्री बिंबिसार नागार्जुन ने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना और बिहान के संकुल स्तरीय संगठनों (सीएलएफ) की भूमिका की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सोलर दीदियां परिवारों की जरूरत समझने, दस्तावेज और आवेदन तैयार कराने, सोलर प्रणाली की स्थापना तथा स्थापना के बाद सहयोग देने में मदद कर सकती हैं। उन्होंने बताया कि 16 सीएलएफ विक्रेता के रूप में पंजीकृत हो गए हैं और 801 महिलाओं को सोलर दीदी के रूप में चिन्हित कर प्रशिक्षण दिया गया है। उन्होंने बताया कि 500 से अधिक स्थापना के आवेदन प्राप्त होने के साथ अब तक 76 कनेक्शन स्थापित भी किए जा चुके हैं। उन्होंने सोलर दीदी के रूप में होने वाली आय के संबंध में भी जानकारी दी और भविष्य की संभावनाओं पर भी प्रकाश डाला।

कबीरधाम जिले के ग्राम समनापुर की श्रीमती अंजनी पटेल ने बताया कि बिहान से जुड़ने के बाद उन्होंने प्रशिक्षण लिया और सोलर वेंडर के रूप में कार्य शुरू किया। बलौदाबाजार जिले के ग्राम चक्रवाय की श्रीमती संगीता धृतलहरे ने पैनल की फिटिंग, दिशा और रखरखाव से जुड़े प्रशिक्षण का अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया कि पैनल फिट करने के काम में उनके साथ पूरा परिवार भी हाथ बंटा रहा हैं। महासमुंद जिले के ग्राम कुरुभाठा की श्रीमती अग्नि दीवान ने घर-घर सर्वे, योजना की जानकारी देने और आवेदन प्रक्रिया में सहायता करने के अपने अनुभव बताए। सोलर पैनल स्थापना के काम से उन्हें कमीशन भी मिलता है।

सोलर पैनल लगवाने सोलर दीदीयां करेंगी समन्वय

कार्यक्रम में श्रोताओं की जिज्ञासाओं के जवाब देते हुए योजना की जानकारी दी गई और आवेदन तथा पैनल स्थापना की प्रक्रिया के बारे में बताते हुए सोलर दीदियों ने लोगों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने बताया कि सोलर पैनल स्थापना के लिए अपने स्व-सहायता समूह, ग्राम संगठन, सीएलएफ या बिहान ब्लॉक कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है। जरूरत पड़ने पर सोलर दीदियां संबंधित बिजली विभाग से समन्वय भी करेंगी।

 

राज्य शासन ने 32 जिलों के लिए मुख्य अतिथियों की सूची जारी की

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय बिलासपुर में होंगे मुख्य अतिथिजनजातीय गौरव दिवस पर 16 से 18 नवंबर तक जिला मुख्यालयों में होंगे कार्यक्रम

रायपुर,  नवंबर 2026/ जनजातीय गौरव दिवस 15 नवंबर के अवसर पर प्रदेश के जिला मुख्यालयों में 16 से 18 नवंबर तक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। राज्य शासन ने इन कार्यक्रमों के लिए 32 जिलों के मुख्य अतिथियों की सूची जारी की है। जनजातीय गौरव दिवस 15 नवंबर को मनाया जाएगा।

सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी सूची के अनुसार बिलासपुर में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय, रायपुर में केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू, कोरबा में उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव और बालोद में उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा मुख्य अतिथि होंगे। इसी प्रकार कोरिया में मंत्री श्री रामविचार नेताम, दंतेवाड़ा में मंत्री श्री केदार कश्यप, गरियाबंद में मंत्री श्री दयालदास बघेल, मुंगेली में मंत्री श्री लखन लाल देवांगन, राजनांदगांव में मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल और धमतरी में जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालयों में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में मंत्री श्री टंकराम वर्मा मुख्य अतिथि होंगे। जशपुर जिले में मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी, बलरामपुर में मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े, मोहला-मानपुर- अंबागढ़ चौकी में मंत्री श्री गजेन्द्र यादव, सक्ती में मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब और नारायणपुर में मंत्री श्री राजेश अग्रवाल मुख्य अतिथि होंगे।

इसी क्रम में बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालयों में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल, दुर्ग में सांसद श्री विजय बघेल, कबीरधाम में सांसद श्री संतोष पाण्डेय, सरगुजा में सांसद श्री चिंतामणि महाराज, महासमुंद में सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी, सारंगढ़-बिलाईगढ़ में सांसद श्री राधेश्याम राठिया, जांजगीर-चांपा में सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े, सुकमा में सांसद श्री महेश कश्यप, कांकेर में सांसद श्री भोजराज नाग, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में सांसद श्री देवेंद्र प्रताप सिंह और बेमेतरा में सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा मुख्य अतिथि होंगी।

बीजापुर जिले में विधायक श्री विक्रम उसेंडी, कोंडागांव में विधायक श्रीमती लता उसेंडी, बस्तर में विधायक श्री किरण देव, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में विधायक श्रीमती रेणुका सिंह, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही में विधायक श्री प्रणव कुमार मरपच्ची और सूरजपुर में जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालयों में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में विधायक श्री भूलन सिंह मरावी मुख्य अतिथि होंगे।

राज्य शासन ने निर्देश दिए हैं कि कार्यक्रमों का निर्धारण संबंधित मुख्य अतिथि के परामर्श से किया जाए। आदिम जाति विकास विभाग द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार आयोजन की आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

 

नवा रायपुर में 20 एकड़ में बने सर्वसुविधायुक्त विद्यालय परिसर और संभागों के 207 स्कूलों को पीपीपी मॉडल पर संचालित करने का निर्णय

बिलासपुर में ट्रांसपोर्ट नगर प्रोजेक्ट को गति देने के लिए हुई गहन समीक्षा

रायपुर,  नवंबर 2026/ छत्तीसगढ़ में अधोसंरचना विकास, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और औद्योगिक निवेश को तेजी से बढ़ावा देने के उद्देश्य से मुख्य सचिव श्री विकासशील की अध्यक्षता में सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मूल्यांकन समिति की एक उच्च-स्तरीय बैठक संपन्न हुई। बैठक के दौरान स्कूल शिक्षा विभाग तथा उद्योग एवं वाणिज्य विभाग से जुड़े कई प्रमुख प्रस्तावों की गहन समीक्षा कर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी महत्वाकांक्षी परियोजनाओं का क्रियान्वयन पूरी तरह पारदर्शी, उच्च गुणवत्ता वाला और निर्धारित समयसीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए, ताकि राज्य में निवेशकों और नागरिकों को अनुकूल माहौल मिल सके।

नवा रायपुर में पीपीपी मॉडल पर संचालित होगा आधुनिक विद्यालय परिसर

बैठक में नवा रायपुर, अटल नगर में लगभग 20 एकड़ क्षेत्र में नवनिर्मित विद्यालय परिसर को संचालन, रख-रखाव एवं हस्तांतरण आधारित पीपीपी मॉडल पर संचालित करने के प्रस्ताव पर विचार किया गया। इस विद्यालय में कक्षा 1 से 12वीं तक की पढ़ाई होगी। कुल 960 सीटें रहेंगी, जिनमें प्रत्येक कक्षा में 2 सेक्शन और प्रति सेक्शन 40 विद्यार्थी होंगे। इसमें 25 प्रतिशत आर.टी.ई. (त्ज्म्) सीटों के साथ-साथ शासकीय कोटे की अतिरिक्त निःशुल्क सीटें भी शामिल रहेंगी।

अनुबंध और गुणवत्ता

अनुबंध की अवधि 30 वर्ष होगी, जिसे कार्यदक्षता के आधार पर केवल एक बार 10 वर्ष के लिए (अधिकतम 40 वर्ष तक) बढ़ाया जा सकेगा। शिक्षा की गुणवत्ता की निगरानी के लिए 5 डोमेन और 100 अंकों पर आधारित 17 मुख्य प्रदर्शन संकेतक (ज्ञच्प्) तय किए गए हैं।

राज्य के 5 संभागों के 207 स्कूलों को ओएमटी (व्डज्) मॉडल पर चलाने की समीक्षा

राज्य के विद्यार्थियों को सीबीएसई मानकों के अनुरूप अंग्रेजी माध्यम शिक्षा उपलब्ध कराने और शासकीय भवनों के अधिकतम उपयोग के उद्देश्य से, राज्य के 5 संभागों के 207 विद्यालयों (103 प्राथमिक एवं 104 पूर्व माध्यमिक शालाएं) को ओएमटी आधारित पीपीपी मॉडल पर 30 वर्ष की लीज पर संचालित करने के प्रस्ताव की समीक्षा की गई। इन विद्यालयों का स्वामित्व पूरी तरह शासन के पास ही रहेगा।

शिक्षा पूरी तरह निःशुल्क

वर्तमान में अध्ययनरत सभी विद्यार्थियों की पढ़ाई सुचारू रखने के लिए शाला के स्तर अथवा उच्चतम कक्षा से उत्तीर्ण होने तक आर.टी.ई. की दर के अनुसार शासन द्वारा भुगतान किया जाएगा, जिससे बच्चों की शिक्षा पूरी तरह निःशुल्क जारी रहेगी।

बिलासपुर में ट्रांसपोर्ट नगर प्रोजेक्ट को गति

बैठक में उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के अंतर्गत बिलासपुर में शहर की लॉजिस्टिक्स और परिवहन सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए प्रस्तावित ट्रांसपोर्ट नगर प्रोजेक्ट के न्यूनतम विकास दायित्वों और प्री-बिड बैठक में मिले सुझावों पर विस्तृत चर्चा की गई।

इस उच्च-स्तरीय बैठक में स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह, वित्त विभाग एवं जनसंपर्क विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव, वाणिज्य एवं उद्योग विभाग के सचिव श्री रजत कुमार, आदिम जाति विकास विभाग के सचिव श्री भूवनेश यादव, कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के सचिव श्री बसवराजु एस., खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव श्री यशवंत कुमार, सीएसआईडीसी के एमडी श्री विश्वेश कुमार सहित वित्त विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

रायपुर,  नवंबर 2026/छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय 13 नवंबर 2026 को मुंगेली जिले के ग्राम कंतेली पहुंचेंगे। इस महत्वपूर्ण दौरे के दौरान वे जिलेवासियों को विकास की बड़ी सौगात देते हुए कुल 465 करोड़ 40 लाख 82 हजार रुपये की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।

मुख्यमंत्री श्री साय अपने इस प्रवास के दौरान 68 करोड़ 14 लाख 52 हजार रुपये की लागत से पूरे हुए 24 विकास कार्यों का लोकार्पण करेंगे। श्री साय मुंगेली जिले में 397 करोड़ 26 लाख 30 हजार रुपये की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन व शिलान्यास करेंगे। इन कार्यों में लोक निर्माण विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY), आदिवासी विकास विभाग, जल संसाधन विभाग, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा और नगर पालिका परिषद लोरमी से जुड़े कार्य शामिल हैं। इन परियोजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र में सड़क, सिंचाई, बुनियादी ढांचे (अधोसंरचना) और अन्य जनसुविधाओं के विकास को अभूतपूर्व गति मिलेगी।


इस गरिमामय कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री श्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव, प्रभारी मंत्री श्री लखनलाल देवांगन, राजस्व एवं उच्च शिक्षा मंत्रीरू श्री टंकराम वर्मा, विधायकगण श्री धरमलाल कौशिक (बिल्हा) एवं श्री पुन्नूलाल मोहले (मुंगेली) के अलावा जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष जनपद पंचायत मुंगेली अध्यक्ष सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक भी इस अवसर के साक्षी बनेंगे।

 

सैकड़ों स्वच्छता दीदियां और अधिकारी-कर्मचारी अभिनंदन के लिए जुटे

राष्ट्रीय स्तर पर लगातार सम्मान स्वच्छता के क्षेत्र में हो रहे निरंतर सुधार, प्रतिबद्धता और प्रभावी प्रयासों का प्रमाण - श्री अरुण साव

रायपुर.  नवम्बर 2026. स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु के हाथों नई दिल्ली में राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त कर रायपुर लौटे उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री श्री अरुण साव और रायपुर, बिलासपुर एवं बिल्हा के निर्वाचित प्रमुखों का विमानतल पर जोरदार स्वागत किया गया। तीनों निकायों से सैकड़ों की संख्या में स्वच्छता दीदियां एवं अधिकारी-कर्मचारी उप मुख्यमंत्री श्री साव और अपने निकाय प्रमुखों रायपुर की महापौर श्रीमती मीनल चौबे, बिलासपुर की महापौर श्रीमती पूजा विधानी तथा बिल्हा नगर पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती वन्दना जेंड्रे के स्वागत व अभिनन्दन के लिए विमानतल पहुंचे थे। पारंपरिक लोक नृत्यों और गाजे-बाजे के साथ पुरस्कार ग्रहण करने नई दिल्ली गए प्रतिनिधि मंडल का रायपुर लौटने पर शानदार अभिनन्दन किया गया।

उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री श्री अरुण साव ने रायपुर लौटने पर लगातार दूसरे वर्ष इन तीनों शहरों की उपलब्धियों पर बधाई देते हुए कहा कि स्वच्छता के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ ने लगातार दूसरे वर्ष अपनी राष्ट्रीय पहचान कायम रखी है। लगातार दो वर्षों तक तीन-तीन नगरीय निकायों का राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित होना प्रदेश में स्वच्छता के क्षेत्र में हो रहे निरंतर सुधार, प्रतिबद्धता और प्रभावी प्रयासों का प्रमाण है। इस उपलब्धि के पीछे सफाई मित्रों का अथक परिश्रम, नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों की प्रतिबद्धता और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी है। उन्होंने सफाई मित्रों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि वे प्रतिदिन शहरों को स्वच्छ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि शहरी स्वच्छता को मजबूत बनाने में हमारी 9 हजार से अधिक स्वच्छता दीदियों का योगदान अहम है। घर-घर कचरा संग्रहण, कचरे के पृथक्करण और नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने में उनकी सक्रिय भूमिका है। राष्ट्रीय स्तर पर मिला यह सम्मान स्वच्छता दीदियों के योगदान का भी सम्मान है। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य केवल कुछ शहरों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना नहीं, बल्कि प्रदेश के प्रत्येक नगरीय निकाय को स्वच्छ, सुंदर, स्वस्थ एवं सुविधापूर्ण बनाना है। बिलासपुर, रायपुर और बिल्हा की यह उपलब्धि प्रदेश के अन्य नगरीय निकायों को भी प्रेरित करेगी।

सुशासन सरकार में स्वच्छता में लगातार छत्तीसगढ़ का दबदबा, तीनों शहरों ने बरकरार रखी अपनी शीर्ष पहचान

छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की सुशासन की सरकार में बिल्हा, बिलासपुर और रायपुर ने इस वर्ष भी स्वच्छता में उत्कृष्ट कार्यों के लिए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बरकरार रखी है। पिछली बार के स्वच्छ सर्वेक्षण में भी बिल्हा अपनी श्रेणी में देश में प्रथम स्थान पर था। वहीं बिलासपुर ने तीन लाख से दस लाख की आबादी वाले शहरों में द्वितीय स्थान हासिल किया था। बिलासपुर ने इसे बरकरार रखते हुए इस बार देश के सबसे स्वच्छ रीवर फ्रंट वाले शहरों में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 में राजधानी रायपुर को छत्तीसगढ़ का 'प्रॉमिसिंग (Promising) स्वच्छ शहर' का पुरस्कार मिला था। इस बार रायपुर को राज्य के सबसे स्वच्छ शहर का पुरस्कार मिला है।

Ads

R.O.NO. 14150/89

MP info RSS Feed

फेसबुक