रिटेंशन और थर्ड पार्टी श्रेणी के आवासों के लिए अब 6 रुपए प्रति वर्गफीट प्रतिमाह की समान किराया दर

लगभग 3,946 आवासधारियों को मिलेगा लाभ, सेवानिवृत्त कर्मचारियों पर कम होगा आर्थिक बोझ

मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक के बाद बीएसपी प्रबंधन ने जारी किया संशोधित आदेश

मुख्यमंत्री श्री साय से सेवानिवृत्त कार्मिक कल्याण संघ और थर्ड पार्टी कल्याण संघ के पदाधिकारियों ने की सौजन्य मुलाकात

रायपुर,  नवंबर 2026/ भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) की टाउनशिप में रहने वाले हजारों परिवारों की लंबे समय से चली आ रही आवास किराए की समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की पहल पर आयोजित उच्चस्तरीय बैठक के बाद बीएसपी प्रबंधन ने रिटेंशन स्कीम तथा थर्ड पार्टी श्रेणी के आवासों का किराया घटाकर 6 रुपए प्रति वर्गफीट प्रतिमाह कर दिया है। इस फैसले से करीब चार हजार आवासधारियों को राहत मिलने का अनुमान है। विशेष रूप से सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लिए यह निर्णय आर्थिक रूप से महत्वपूर्ण साबित होगा, क्योंकि रिटेंशन श्रेणी में किराए की दर 75 प्रतिशत कम हुई है।

इस बीच मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से आज रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में भिलाई स्टील प्लांट के सेवानिवृत्त कार्मिक कल्याण संघ और थर्ड पार्टी कल्याण संघ के पदाधिकारियों ने सौजन्य मुलाकात की। मुलाकात के दौरान उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा, कैबिनेट मंत्री श्री गजेंद्र यादव, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष श्री प्रेमप्रकाश पाण्डेय, विधायक श्री ललित चंद्राकर एवं श्री रिकेश सेन सहित दुर्ग-भिलाई के अनेक जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री की पहल से आवास किराए की समस्या के समाधान का रास्ता हुआ प्रशस्त

बीएसपी टाउनशिप के आवासधारियों को बढ़े हुए किराए के कारण हो रही परेशानियों का विषय मुख्यमंत्री श्री साय की अध्यक्षता में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में प्रमुखता से रखा गया था। बैठक के दौरान रिटेंशन और थर्ड पार्टी श्रेणी के आवासों के लिए निर्धारित अलग-अलग किराया दरों तथा उनमें हुई वृद्धि से उत्पन्न परिस्थितियों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। मुख्यमंत्री ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों और अन्य प्रभावित परिवारों की आर्थिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए समस्या का व्यावहारिक एवं संवेदनशील समाधान निकालने पर जोर दिया था।
मुख्यमंत्री की पहल पर जनप्रतिनिधियों और बीएसपी के वरिष्ठ अधिकारियों के बीच हुई चर्चा में किराया दरों के संशोधन पर सहमति बनी।

इसके बाद बीएसपी के नगर सेवाएं विभाग ने 2 नवंबर 2026 को आदेश जारी कर नई किराया दर निर्धारित की। संशोधित आदेश के अनुसार रिटेंशन और थर्ड पार्टी, दोनों श्रेणियों के संबंधित आवासों के लिए किराया 6 रुपए प्रति वर्गफीट प्रतिमाह होगा।

रिटेंशन श्रेणी में 75 प्रतिशत और थर्ड पार्टी श्रेणी में 25 प्रतिशत की राहत

रिटेंशन स्कीम के अंतर्गत आने वाले आवासों का मासिक किराया पहले 24 रुपए प्रति वर्गफीट निर्धारित था। अब इसे घटाकर 6 रुपए प्रति वर्गफीट किए जाने से आवासधारियों को सीधे 75 प्रतिशत की राहत मिलेगी।
यदि किसी आवास का क्षेत्रफल 500 वर्गफीट है, तो पहले उसके लिए प्रतिमाह 12 हजार रुपए किराया देना पड़ता था। नई दर लागू होने पर यही किराया 3 हजार रुपए रह जाएगा। इस प्रकार संबंधित परिवार को हर महीने 9 हजार रुपए और पूरे वर्ष में 1 लाख 8 हजार रुपए की बचत होगी।

थर्ड पार्टी श्रेणी के आवासधारियों को भी संशोधित दर का लाभ मिलेगा। इस श्रेणी में पहले 8 रुपए प्रति वर्गफीट प्रतिमाह किराया निर्धारित था, जिसे अब 6 रुपए कर दिया गया है। इससे थर्ड पार्टी आवासधारियों का किराया 25 प्रतिशत कम हो जाएगा। नई व्यवस्था से दोनों श्रेणियों के संबंधित आवासों के लिए किराए की दर में एकरूपता भी आएगी।

लगभग चार हजार परिवारों को मिलेगी आर्थिक राहत

उपलब्ध जानकारी के अनुसार, संशोधित किराया व्यवस्था से बीएसपी टाउनशिप के कुल 3,946 आवासधारियों के लाभान्वित होने का अनुमान है। इनमें रिटेंशन श्रेणी के 1,158 और थर्ड पार्टी श्रेणी के 2,788 आवास शामिल बताए गए हैं।

 

मुख्यमंत्री श्री साय और केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री श्री जी. किशन रेड्डी की उपस्थिति में खनन एवं कोयला क्षेत्र की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक सम्पन्न

खनिज संसाधनों के विकास के साथ स्थानीय जनजातीय समुदायों के आर्थिक सशक्तिकरण और रोजगार सृजन को सर्वोच्च प्राथमिकता : मुख्यमंत्री श्री साय

बस्तर के जनजातीय टिन संग्राहकों को बेहतर मूल्य दिलाने के लिए विकसित TIN पोर्टल की केंद्रीय मंत्री ने की विशेष प्रशंसा

छत्तीसगढ़ सरकार के नवाचारों और खनन क्षेत्र में तकनीक आधारित सुधारों की हुई सराहना

खनिज ऑनलाइन 2.0, ड्रोन आधारित निगरानी, स्टार रेटिंग और राजस्व वृद्धि के लिए राज्य सरकार के प्रयासों को केंद्रीय मंत्री ने सराहा

टिन संग्राहक जनजातीय हितग्राहियों को डीबीटी से हो रहा भुगतान, खनिज संसाधनों से स्थानीय आजीविका को मिल रही मजबूती

खनन प्रभावित क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए डीएमएफ राशि का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करें : केंद्रीय मंत्री श्री रेड्डी

नक्सल प्रभावित रहे जिलों को डीएमएफ के उपयोग में मिली विशेष छूट का लाभ स्थानीय लोगों के विकास में मिले

नए खनिजों की खोज और अन्वेषण गतिविधियों में तेजी लाएं, केंद्र सरकार से उपलब्ध बजट का अधिकतम उपयोग करने पर जोर

खनन पूर्ण हो चुकी खदानों को वैज्ञानिक पद्धति से बंद करने और भूमि के बेहतर पुनः उपयोग के लिए कार्ययोजना बनाने के निर्देश

क्रिटिकल मिनरल्स के अन्वेषण, खनिज ब्लॉकों के शीघ्र संचालन और घरेलू उत्पादन बढ़ाने पर विशेष जोर

वित्तीय वर्ष 2025-26 में छत्तीसगढ़ को खनिजों से 16 हजार 738 करोड़ रुपए का राजस्व

रायपुर,  नवंबर 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा है कि छत्तीसगढ़ खनिज संपदा से समृद्ध राज्य है और देश के औद्योगिक एवं आर्थिक विकास में प्रदेश के खनिज संसाधनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। राज्य सरकार केंद्र सरकार के साथ समन्वय स्थापित कर खनिज संसाधनों का समुचित, वैज्ञानिक और जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रयास है कि खनिज संपदा का लाभ केवल औद्योगिक विकास तक सीमित न रहे, बल्कि इसका सीधा लाभ स्थानीय लोगों, विशेष रूप से खनन प्रभावित क्षेत्रों और जनजातीय समुदायों तक पहुंचे। खनिज संसाधनों के बेहतर प्रबंधन, निवेश, रोजगार सृजन और समावेशी विकास के माध्यम से छत्तीसगढ़ को देश के विकास का प्रमुख ग्रोथ इंजन बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री श्री साय आज अपने निवास कार्यालय रायपुर में केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री श्री जी. किशन रेड्डी की उपस्थिति में आयोजित खनन एवं कोयला क्षेत्र की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक में प्रदेश में खनिज अन्वेषण, खनिज ब्लॉकों की नीलामी, कोयला उत्पादन, क्रिटिकल एवं रणनीतिक खनिजों के विकास, जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ) की राशि के उपयोग तथा खनन गतिविधियों में आधुनिक तकनीक के समावेश सहित विभिन्न विषयों की विस्तार से समीक्षा की गई।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने में छत्तीसगढ़ की भूमिका अहम है। देश की बढ़ती औद्योगिक और आर्थिक आवश्यकताओं के अनुरूप खनिज संसाधनों का अन्वेषण और उपयोग किया जाना आवश्यक है। राज्य सरकार इस दिशा में केंद्र सरकार के साथ मिलकर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि खनन गतिविधियों के विस्तार के साथ पर्यावरण संरक्षण, स्थानीय आवश्यकताओं, रोजगार के अवसरों और प्रभावित समुदायों के हितों को भी प्राथमिकता दी जा रही है। विकास का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब खनिज संपदा से प्राप्त आर्थिक लाभ प्रभावित व्यक्ति तक पहुंचे।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार खनिज प्रशासन में पारदर्शिता, तकनीक के अधिकतम उपयोग और खनन प्रभावित क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। खनिज ऑनलाइन 2.0, डिजिटल निगरानी व्यवस्था और ड्रोन जैसी आधुनिक तकनीकों के उपयोग से खनन गतिविधियों की निगरानी को अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बस्तर के जनजातीय समुदायों को टिन अयस्क का बेहतर मूल्य दिलाने और भुगतान की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए TIN पोर्टल जैसी पहल प्रारंभ की गई है। हमारा उद्देश्य है कि प्रदेश की खनिज संपदा स्थानीय समुदायों की आर्थिक आत्मनिर्भरता और आजीविका के नए अवसरों का आधार बने।

विकसित भारत के संकल्प के साथ पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी का संदेश देगा विकसित भारत संकल्प पार्क

‘People for Peepal’ अभियान के तहत लगभग 16 एकड़ में विकसित पार्क में लगाए गए 2,500 से अधिक पीपल और 500 से अधिक स्थानीय प्रजातियों के पौधे

नवा रायपुर को ‘पीपल सिटी’ के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल

भावी पीढ़ियों को विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध भारत के निर्माण के लिए प्रेरित करेगा पार्क

रायपुर  नवंबर 2026/ केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने आज नवा रायपुर अटल नगर के सेक्टर-16 में विकसित भारत संकल्प पार्क का लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा उपस्थित थे। केंद्रीय गृह मंत्री श्री शाह ने पार्क परिसर में पीपल का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य का संदेश भी दिया।

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को चिरस्थायी बनाने और भावी पीढ़ियों तक राष्ट्र निर्माण का संदेश पहुंचाने के उद्देश्य से विकसित भारत संकल्प पार्क का निर्माण किया गया है। यह पार्क विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध भारत की परिकल्पना का प्रतीक होने के साथ ही पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश भी देगा।

नवा रायपुर को हरित, स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल आधुनिक शहर के रूप में विकसित करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल है। लगभग 16 एकड़ क्षेत्र में विकसित इस पार्क में अब तक 2,500 से अधिक पीपल और 500 से अधिक स्थानीय प्रजातियों के पौधे लगाए गए हैं। यह पार्क नवा रायपुर को ‘पीपल सिटी’ के रूप में नई पहचान दिलाने के साथ ही शहर की हरियाली और पर्यावरणीय संतुलन को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

इस अवसर पर वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी, वन मंत्री श्री केदार कश्यप तथा कौशल विकास मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित थे।

‘People for Peepal’ अभियान से पर्यावरण संरक्षण में बढ़ेगी जनभागीदारी

नवा रायपुर को हरित और पर्यावरण अनुकूल शहर के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से ‘People for Peepal’ अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य केवल पौधरोपण करना नहीं, बल्कि नागरिकों को पौधों के संरक्षण, संवर्धन और नियमित देखभाल से जोड़कर पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देना है।

इसी पहल के अंतर्गत विकसित भारत संकल्प पार्क को पर्यावरण संरक्षण, जनभागीदारी और सतत विकास के केंद्र के रूप में विकसित किया गया है। भारतीय संस्कृति में पीपल के वृक्ष का विशेष आध्यात्मिक और पर्यावरणीय महत्व है। इस अभियान के माध्यम से पीपल के प्रति जनआस्था को प्रकृति संरक्षण और सामुदायिक सहभागिता से जोड़ा जा रहा है।

विकसित भारत संकल्प पार्क आधुनिक शहरी विकास और प्रकृति के बीच संतुलन का उदाहरण प्रस्तुत करेगा। यह पहल आने वाली पीढ़ियों को पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बनाने के साथ ही विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित करेगी।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ का राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन

राष्ट्रीय औसत से कहीं आगे छत्तीसगढ़, दोनों श्रेणियों में 73 लाख से अधिक श्रमिकों की ई-केवाईसी पूर्ण

रायपुर, 03 नवंबर 2026/ विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में छत्तीसगढ़ ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और उप मुख्यमंत्री एवं पंचायत तथा ग्रामीण विकास मंत्री श्री विजय शर्मा के मार्गदर्शन में वीबी-जीरामजी के अंतर्गत श्रमिकों की ई-केवाईसी में छत्तीसगढ़ ने राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। प्रदेश ने अकुशल श्रमिकों की ई-केवाईसी में 91.37 प्रतिशत उपलब्धि के साथ देश के सभी राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों की संयुक्त रैंकिंग में चौथा तथा बड़े राज्यों में प्रथम स्थान हासिल किया है। वहीं कुशल एवं अर्द्धकुशल श्रमिकों की ई-केवाईसी में 82.28 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज कर सभी राज्यों में पहला तथा राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों की संयुक्त रैंकिंग में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। दोनों श्रेणियों में छत्तीसगढ़ का प्रदर्शन राष्ट्रीय औसत से काफी बेहतर है। यह उपलब्धि ग्रामीण विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, तकनीक आधारित पारदर्शी व्यवस्था और श्रमिकों के डिजिटल सत्यापन की दिशा में प्रदेश की महत्वपूर्ण सफलता है।

अकुशल श्रमिकों की ई-केवाईसी में देश में चौथा, बड़े राज्यों में छत्तीसगढ़ प्रथम
केंद्र सरकार की 03 नवंबर 2026 की रिपोर्ट के अनुसार वीबी-जी राम जी के अंतर्गत छत्तीसगढ़ में कुल 79 लाख 23 हजार 503 पंजीकृत अकुशल श्रमिकों में से 76 लाख 20 हजार 979 श्रमिकों का आधार सीडिंग कार्य पूर्ण किया जा चुका है। इनमें से 72 लाख 39 हजार 364 श्रमिकों की ई-केवाईसी पूरी हो चुकी है। इस प्रकार प्रदेश ने 91.37 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की है।

राष्ट्रीय स्तर पर इस श्रेणी में लद्दाख 97.59 प्रतिशत, मिजोरम 97.42 प्रतिशत और त्रिपुरा 92.79 प्रतिशत के साथ क्रमशः पहले तीन स्थानों पर हैं, जबकि छत्तीसगढ़ 91.37 प्रतिशत उपलब्धि के साथ चौथे स्थान पर है। बड़े राज्यों की तुलना में छत्तीसगढ़ प्रथम स्थान पर है।

इस श्रेणी में राष्ट्रीय औसत 61.01 प्रतिशत है, जबकि छत्तीसगढ़ की उपलब्धि राष्ट्रीय औसत से 30.36 प्रतिशत अंक अधिक है। छत्तीसगढ़ ने पश्चिम बंगाल के 89.10 प्रतिशत, तमिलनाडु के 83.17 प्रतिशत, आंध्रप्रदेश के 81.27 प्रतिशत, कर्नाटक के 69.93 प्रतिशत, मध्यप्रदेश के 63.78 प्रतिशत, उत्तर प्रदेश के 56.58 प्रतिशत और महाराष्ट्र के 32.27 प्रतिशत प्रदर्शन को पीछे छोड़ा है।

कुशल एवं अर्द्धकुशल श्रमिकों की ई-केवाईसी में सभी राज्यों में छत्तीसगढ़ अव्वल

वीबी-जी राम जी के अंतर्गत कुशल एवं अर्द्धकुशल श्रमिकों की ई-केवाईसी में भी छत्तीसगढ़ ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। इस श्रेणी में प्रदेश के कुल 77 हजार 891 पंजीकृत श्रमिकों में से 73 हजार 596 श्रमिकों का आधार सीडिंग तथा 64 हजार 87 श्रमिकों की ई-केवाईसी पूर्ण हो चुकी है। इस प्रकार छत्तीसगढ़ ने 82.28 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की है।

राष्ट्रीय रैंकिंग में केंद्रशासित प्रदेश दादरा एवं नगर हवेली तथा दमन एवं दीव 98.33 प्रतिशत उपलब्धि के साथ प्रथम स्थान पर है, जबकि छत्तीसगढ़ 82.28 प्रतिशत के साथ दूसरे स्थान पर है। विशेष बात यह है कि देश के सभी राज्यों की तुलना में छत्तीसगढ़ इस श्रेणी में प्रथम स्थान पर है।

इस श्रेणी में राष्ट्रीय औसत मात्र 13.53 प्रतिशत है, जबकि छत्तीसगढ़ की उपलब्धि इससे 68.75 प्रतिशत अंक अधिक है। महाराष्ट्र में 56.70 प्रतिशत, कर्नाटक में 36.95 प्रतिशत, गुजरात में 27.04 प्रतिशत, तमिलनाडु में 25.03 प्रतिशत, मध्यप्रदेश में 16.47 प्रतिशत और उत्तर प्रदेश में केवल 4.36 प्रतिशत श्रमिकों की ई-केवाईसी पूर्ण हुई है। इस प्रकार छत्तीसगढ़ ने अन्य सभी राज्यों से बेहतर प्रदर्शन किया है।

 

कृषि विभाग के स्टॉल में हरियाली का खूबसूरत नजारा

खेती-किसानी, मत्स्य पालन, जल प्रबंधन का बेहतरीन प्रस्तुतिकरण

खेती से जुड़े उत्पादों को लेकर दिखा जनमानस में खासा उत्साह

बस्तर कैफे की खुश्बू और कामधेनु विश्वविद्यालय की रबड़ी मिठास की भी धूम

खेती-किसानी के आधुनिक मशीनों के संबंध में जानकारी ले रहे आगंतुक

रायपुर, 3 नवंबर 2026/ नवा रायपुर में राज्योत्सव 2026 के तीन दिवसीय आयोजन में कृषि विभाग के स्टॉल में प्राकृतिक हरीतिमा की बहार चारो-तरफ फैली हुई है। वहीं खेती-किसानी, मत्स्य पालन, जल प्रबंधन, जैव विविधता का बेहतरीन प्रस्तुतीकरण देखते ही बनता है। खेती से जुड़े उत्पादों खासतौर पर बीज और खाद्य पदार्थों को लेकर लोगों में जबरजस्त उत्साह दिखाई दिया। कृषि से जुड़ी योजनाओं के साथ ही उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्यपालन, कुक्कुटपालन और अन्य आजीविका मूलक गतिविधियों, प्राकृतिक अनुकूलता भूजल स्तर के संबंध में भी कृषि विभाग के स्टॉल में जानकारी दी जा रही है। परंपरागत धान की खेती के साथ वैकल्पिक एवं अधिक लाभकारी फसलों की ओर बढ़ने के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों को भी बखूबी रेखांकित किया गया है।

कृषि विभाग के स्टॉल में प्रवेश करते ही लोगों के चेहरों पर सुकून का एहसास साफतौर पर दिखाई देता है। शीतल वातावरण में चारो तरफ हरियाली ग्रामीण परिवेश का नजारा प्रस्तुत कर रही है। यहां पहुँच रहे लोग सब्जी-भाजी, फूल, पेड़-पौधों और खेती-किसानी से लेकर पशुधन विकास के कार्यों के संबंध में जानकारी लेते हुए दिखाई दिए। थोड़ा आगे बढ़ते ही एक छोटे से स्टाल में लोगों की भीड़ दिखाई देती है। यहां कामधेनु विश्वविद्यालय की रबड़ी के बारे में जानकारी लेते हुए लोग उसकी मिठास का भी लुत्फ उठा रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ बस्तर कैफे की सुगंध भी लोगों को आकर्षित करती है। खास बात यह है कि पूरे पंडाल में लोग अपनी-अपनी जरूरतों के हिसाब से शहद से लेकर अन्य खाद्य पदार्थों की खरीदी भी कर रहे हैं। खेती-किसानी के नवीनतम कृषि यंत्रों के संबंध में जनमानस जानकारी ले रहे हैं। यहाँ बेलर, स्ट्रॉ चॉपर, कंबाइन हार्वेस्टर, पैडी ट्रांसप्लांटर, रीपर एवं अन्य कृषि यंत्र उपलब्ध थे। शासन द्वारा कृषि यंत्रों को खरीदने के लिए किसानों को दिए जाने वाले अनुदान के संबंध में भी बताया जा रहा है।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को अधिक लाभकारी बनाने के लिए फसल विविधीकरण को प्रोत्साहित कर रही है। राज्य शासन की मंशा है कि किसान परंपरागत खेती के साथ स्थानीय जलवायु, मिट्टी और बाजार की मांग के अनुरूप लाभकारी फसलों को अपनाएं, जिससे कृषि उत्पादन में विविधता आने के साथ उनकी आय में भी वृद्धि हो सके।

लोक निर्माण विभाग के सचिव ने मंत्रालय में ली बैठक, जवाबदेही और समन्वय के साथ कार्य करने के दिए निर्देश

रायपुर, 3 नवंबर 2026/ लोक निर्माण विभाग के सचिव श्री मुकेश कुमार की अध्यक्षता में आज मंत्रालय महानदी भवन में विभाग के उच्च अधिकारियों की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में सचिव श्री कुमार ने विभिन्न कार्यों की प्रगति एवं लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि विभागीय कार्यों में आ रहे गैप को कम करते हुए लंबित कार्यों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। सचिव ने कहा कि प्रत्येक कार्य में स्पष्टता, तार्किक दृष्टिकोण और जवाबदेही के साथ आगे बढ़ा जाए तथा विभाग के समग्र उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए महत्वपूर्ण एवं क्रिटिकल कार्यों को विशेष प्राथमिकता दी जाए।

ठेकेदारों के बिलों और पुराने टेंडरों की समीक्षा के निर्देश

सचिव लोक निर्माण विभाग ने कहा कि लंबित कार्यों को अनावश्यक रूप से आगे न बढ़ाया जाए, बल्कि उनकी सूची तैयार कर समयबद्ध तरीके से निराकरण किया जाए। ठेकेदारों के लंबित बिलों का परीक्षण कर पात्रतानुसार भुगतान की प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जाए, जिन कार्यों में भौतिक प्रगति पूरी हो चुकी है, उनके वित्तीय भुगतान की स्थिति भी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने पुराने लंबित प्रकरणों के निराकरण के साथ 31 मार्च 2026 से पूर्व जारी टेंडर से संबंधित कार्यों की स्थिति की समीक्षा कर सूची तैयार करने तथा प्रत्येक प्रकरण को तार्किक निष्कर्ष तक पहुंचाने के निर्देश दिए। कार्यों की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति का समन्वित आकलन करते हुए जिम्मेदारी भी तय की जाए।

गुणवत्ता और टीमवर्क पर जोर

सचिव श्री मुकेश कुमार ने मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने तथा शासकीय राशि का समुचित उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कार्यों का परीक्षण पूरी गंभीरता से करने और जहां आवश्यक हो वहां सप्लीमेंट्री एवं रिवाइज्ड कार्यों का औचित्य के आधार पर परीक्षण कर निर्णय लेने को कहा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्य की समय-सीमा निर्धारित होनी चाहिए और अधिकारी स्वयं सक्रियता से प्रगति की निगरानी करें। सीएम हेल्पलाइन एवं लोक सेवा गारंटी से संबंधित लंबित प्रकरणों का भी प्राथमिकता से निराकरण किया जाए।

सचिव लोक निर्माण विभाग ने विभागीय कार्यप्रणाली को अधिक व्यवस्थित एवं प्रभावी बनाने के लिए एक निर्धारित फ्रेमवर्क के तहत कार्य करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि टीम भावना, स्वामित्व की भावना और तार्किक सोच के साथ काम करने से कार्यों में गति आएगी। अधिकारियों को सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाते हुए प्रकरणों का संवेदनशीलता एवं तत्परता से निराकरण करना चाहिए l उन्होंने कहा कि फील्ड स्तर पर अधिकारियों को आवश्यक सहयोग देने तथा कार्यों के बेहतर क्रियान्वयन के लिए सब इंजीनियरों की कम से कम एक सप्ताह की प्रशिक्षण व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय और टीमवर्क के साथ कार्य करने तथा लंबित प्रकरणों को समाप्त करने की इच्छाशक्ति के साथ आगे बढ़ने को कहा।

 

बेमेतरा जिला स्तरीय राज्योत्सव में सांसद श्री विजय बघेल ने गिनाईं प्रदेश और जिले के विकास की उपलब्धियां, जिलेवासियों को दी राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं

शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई और अधोसंरचना विकास से बदल रही बेमेतरा जिले की तस्वीर, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थी और विभाग हुए सम्मानित

रायपुर, 03 नवंबर 2026/ छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ के अवसर पर बेमेतरा के बेसिक स्कूल मैदान में जिला स्तरीय राज्योत्सव समारोह का आयोजन किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि सांसद श्री विजय बघेल ने जिलेवासियों को राज्य स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए प्रदेश और बेमेतरा जिले में संचालित विकास कार्यों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ अपनी गौरवशाली ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पारंपरिक विरासत को संजोते हुए विकसित, समृद्ध और आत्मनिर्भर राज्य बनने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है।

सांसद श्री विजय बघेल ने अपने संबोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान उसकी समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपराओं, प्राकृतिक संपदा और मेहनतकश लोगों से है। राज्य स्थापना के बाद छत्तीसगढ़ ने विकास के विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने के साथ ही आधुनिक विकास की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। राज्योत्सव केवल राज्य स्थापना का उत्सव नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की गौरवशाली विकास यात्रा, उपलब्धियों और भविष्य के संकल्पों को स्मरण करने का अवसर भी है।

सांसद श्री बघेल ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा किसानों की समृद्धि, महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण, युवाओं के उज्ज्वल भविष्य तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से अनेक महत्वाकांक्षी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। महतारी वंदन योजना, कृषक उन्नति योजना और नियद नेल्लानार जैसी योजनाओं के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों के कल्याण और विकास को नई दिशा देने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इसी प्रकार कृषक उन्नति योजना किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाने में सहायक सिद्ध हो रही है। नियद नेल्लानार योजना के माध्यम से दूरस्थ और संवेदनशील क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं तथा विकास योजनाओं का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के समग्र विकास के लिए गांव, गरीब, किसान, महिला और युवाओं की भागीदारी अत्यंत आवश्यक है।

सांसद श्री बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ के विकास में बेमेतरा जिले की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। जिले में कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई, पेयजल और अधोसंरचना के क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों से नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों से छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं को सहेजते हुए राज्य के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

शिक्षा, स्वास्थ्य और सिंचाई सुविधाओं के विस्तार से बेमेतरा जिले को मिल रही नई दिशा: विधायक श्री दीपेश साहू

समारोह को संबोधित करते हुए विधायक श्री दीपेश साहू ने कहा कि बेमेतरा जिले में शिक्षा, सिंचाई, पेयजल और स्वास्थ्य के क्षेत्र में विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार, किसानों के लिए सिंचाई सुविधाओं के विकास, विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण तथा आम नागरिकों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने जिलेवासियों से शासन की योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की।

 

शासन की जनहितैषी योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों से रूबरू हुए नागरिक, विभागीय प्रदर्शनियां बनीं आकर्षण का केंद्र

मुख्य अतिथि विधायक श्री धर्मजीत सिंह एवं विशिष्ट अतिथियों ने किया स्टॉलों का अवलोकन, जनसंपर्क विभाग की फोटो प्रदर्शनी और ‘जनमन’ पत्रिका को सराहा

कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, पर्यटन और ग्रामीण विकास सहित विभिन्न विभागों ने प्रदर्शित की उपलब्धियां

रायपुर, 03 नवंबर 2026/ छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ के अवसर पर गुरुकुल खेल मैदान, पेंड्रारोड में आयोजित जिला स्तरीय राज्योत्सव में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों की आकर्षक झलक देखने को मिली। राज्योत्सव परिसर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा, जनहितैषी योजनाओं के क्रियान्वयन तथा आम नागरिकों के जीवन में आ रहे सकारात्मक बदलावों को प्रदर्शित किया गया। विभागीय प्रदर्शनियां राज्य सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और विकास के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनीं।

समारोह के मुख्य अतिथि तखतपुर विधायक श्री धर्मजीत सिंह एवं विशिष्ट अतिथियों ने विभिन्न विभागीय स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन, उपलब्धियों तथा आम जनता को मिल रहे लाभों की जानकारी प्राप्त की। राज्योत्सव में प्रदर्शित योजनाओं और विकास कार्यों के माध्यम से नागरिकों को शासन की विभिन्न पहलों से परिचित होने का अवसर मिला।

जनसंपर्क विभाग की फोटो प्रदर्शनी में दिखी सुशासन और विकास की झलक

राज्योत्सव में जनसंपर्क विभाग द्वारा लगाई गई आकर्षक फोटो प्रदर्शनी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। मुख्य अतिथि श्री धर्मजीत सिंह एवं विशिष्ट अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर राज्य शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी ली। इस अवसर पर उन्होंने जनसंपर्क विभाग द्वारा प्रकाशित मासिक पत्रिका ‘जनमन’ का अवलोकन किया तथा इसकी सराहना की।

फोटो प्रदर्शनी में महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिला सशक्तिकरण, कृषक उन्नति योजना से किसानों की आर्थिक समृद्धि, प्रधानमंत्री आवास योजना से जरूरतमंद परिवारों के पक्के आवास के सपने को साकार करने तथा तेंदूपत्ता संग्रहण दर और बोनस से वनांचल के परिवारों को मिल रहे आर्थिक लाभों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया।

इसके साथ ही श्री रामलला दर्शन योजना के माध्यम से श्रद्धालुओं को धार्मिक यात्रा की सुविधा, घर-घर निर्मल जल अभियान से स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता, इन्वेस्ट छत्तीसगढ़ के माध्यम से औद्योगिक निवेश और रोजगार की संभावनाओं, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना तथा युवा कल्याण से संबंधित उपलब्धियों को भी चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। प्रदर्शनी ने प्रदेश में विकास और जनकल्याण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की व्यापक तस्वीर प्रस्तुत की।

कृषि और उद्यानिकी विभाग ने दिखाई किसानों की समृद्धि की राह

कृषि विकास एवं किसान कल्याण विभाग द्वारा लगाए गए स्टॉल में विभिन्न फसलों का प्रदर्शन करने के साथ ही जैविक खेती के महत्व और इसके लाभों की जानकारी दी गई। प्रदर्शनी के माध्यम से किसानों को उन्नत कृषि पद्धतियों, फसल विविधीकरण और टिकाऊ खेती के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया।

उद्यानिकी विभाग ने विभिन्न उद्यानिकी फसलों के साथ ऑयल पाम की खेती के फायदे प्रदर्शित किए। विभागीय स्टॉल में किसानों की आय बढ़ाने के लिए उद्यानिकी आधारित खेती की संभावनाओं को प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया।

महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण आजीविका की उपलब्धियां रहीं आकर्षण का केंद्र

महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा लगाए गए स्टॉल में आदर्श आंगनबाड़ी केंद्रों की गतिविधियों तथा महतारी वंदन योजना की जानकारी प्रदर्शित की गई। इसके माध्यम से महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण, मातृ एवं शिशु कल्याण तथा पोषण संबंधी गतिविधियों को सामने लाया गया।

रायपुर 3 नवंबर 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज स्वामी विवेकानंद अंतरराष्ट्रीय विमानतल, रायपुर में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह के छत्तीसगढ़ आगमन पर आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि माता कौशल्या की पावन भूमि एवं प्रभु श्रीराम के ननिहाल छत्तीसगढ़ के प्रति केंद्रीय गृह मंत्री श्री शाह का आत्मीय स्नेह प्रदेशवासियों के लिए शक्ति और विश्वास का संबल है। प्रदेश की शांति, सुरक्षा और विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता एवं सतत सहयोग विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को नई शक्ति प्रदान करता है।

पंडित सुंदरलाल शर्मा मुक्त विश्वविद्यालय के सप्तम दीक्षांत समारोह में शामिल हुए राज्यपाल

24 हजार 800 विद्यार्थियों को उपाधियां एवं डिप्लोमा प्रदान किए गए

रायपुर, 03 नवंबर 2026/ राज्यपाल श्री रमेन डेका ने कहा कि युवा आत्मविश्वास, निरंतर प्रयास और अपनी विशिष्ट प्रतिभा के बल पर जीवन में आगे बढ़ें। असफलता से घबराने के बजाय उसके कारणों को समझें और गलतियों से सीखकर पुनः प्रयास करें। शिक्षा का उपयोग व्यक्तिगत सफलता के साथ समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए भी होना चाहिए। राज्यपाल आज पंडित सुंदरलाल शर्मा मुक्त विश्वविद्यालय, छत्तीसगढ़, बिलासपुर के सप्तम दीक्षांत समारोह को अध्यक्षीय आसंदी से संबोधित कर रहे थे। समारोह में पिछले पांच वर्षों के 24 हजार 800 विद्यार्थियों को स्नातक, स्नातकोत्तर एवं डिप्लोमा की उपाधियां प्रदान की गईं।

समारोह में उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव, विधायक श्री धरमलाल कौशिक एवं श्री सुशांत शुक्ला, महापौर श्रीमती पूजा विधानी, हरियाणा राज्य उच्च शिक्षा परिषद के अध्यक्ष श्री कैलाश चंद्र शर्मा, नेक अध्यक्ष श्री नागेश्वर राव, विश्वविद्यालय के कुलपति श्री वीरेंद्र कुमार सारस्वत तथा विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपति उपस्थित थे।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय की उन्नत आधिकारिक वेबसाइट का लोकार्पण और स्मारिका ‘अभ्युदय’ का विमोचन किया गया। विश्वविद्यालय की ओर से एकलव्य विद्यालय देवपहरी के 311 विद्यार्थियों को बैग, स्वेटर, टिफिन एवं पानी की बोतलें वितरित की गईं।

राज्यपाल श्री डेका ने उपाधि एवं पदक प्राप्त विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धियों में अभिभावकों, गुरुजनों और शिक्षण संस्थानों का महत्वपूर्ण योगदान है। दीक्षांत समारोह जीवन में नई ऊर्जा और नई जिम्मेदारियों के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। मुक्त विश्वविद्यालय दूरस्थ क्षेत्रों तक ज्ञान पहुंचाने और शिक्षा के अवसरों का विस्तार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इंटरनेट और डिजिटल तकनीक ने ज्ञान तक पहुंच आसान बनाई है। युवाओं को इन साधनों का विवेकपूर्ण उपयोग करते हुए अपनी विचारशक्ति और रचनात्मक क्षमता को विकसित करना चाहिए।

राज्यपाल ने कहा कि आज रोजगार और आजीविका के अनेक नए क्षेत्र उपलब्ध हैं। युवाओं को अपनी रुचि और क्षमता पहचानकर पूरी मेहनत से आगे बढ़ना चाहिए। जीवन में अपना स्थान स्वयं बनाना पड़ता है। दूसरों की नकल अथवा तुलना करने के बजाय अपनी विशिष्टता पर विश्वास रखें। उन्होंने अभिभावकों से भी आग्रह किया कि वे बच्चों पर अपनी अपेक्षाएं थोपने के बजाय उनकी रुचि और प्रतिभा के अनुरूप आगे बढ़ने में सहयोग दें।

श्री डेका ने जीवन में आंतरिक संतुष्टि, संतुलन और परिस्थितियों के अनुरूप स्वयं को ढालने की आवश्यकता बताई। उन्होंने डिजिटल उपकरणों के अत्यधिक उपयोग से बचने और अपने समय का सार्थक कार्यों में उपयोग करने का आह्वान किया। राज्यपाल ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने, पौधे लगाने और उनकी देखभाल जैसे कार्यों से समाज में बदलाव ला सकता है। जीवन में ऐसा कार्य अवश्य करें, जिसका उद्देश्य केवल लेन-देन नहीं, बल्कि सकारात्मक परिवर्तन हो।

उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने उपाधि एवं पदक प्राप्त विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि वे अपने ज्ञान और कौशल का उपयोग समाज के उत्थान में करें। स्वतंत्रता सेनानी एवं समाज सुधारक पंडित सुंदरलाल शर्मा के नाम पर स्थापित यह विश्वविद्यालय उन लोगों के सपनों को साकार कर रहा है, जो कामकाज अथवा अन्य परिस्थितियों के कारण नियमित अध्ययन नहीं कर पाते। उन्होंने विश्वविद्यालय को नैक की ‘ए प्लस’ ग्रेडिंग मिलने पर बधाई दी और कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति को आगे बढ़ाने तथा शिक्षा की पहुंच बढ़ाने में विश्वविद्यालय महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है।

हरियाणा राज्य उच्च शिक्षा परिषद के अध्यक्ष श्री कैलाश चंद्र शर्मा ने दीक्षांत भाषण दिया। समारोह को नेक अध्यक्ष श्री नागेश्वर राव ने भी संबोधित किया।

कुलपति श्री वीरेंद्र कुमार सारस्वत ने स्वागत उद्बोधन में विश्वविद्यालय की उपलब्धियों की जानकारी दी। इस अवसर पर विश्व विद्यालय के कार्य परिषद के सदस्य, अन्य अधिकारी , प्रशासनिक अधिकारी , प्राध्यापकगण सहित बड़ी संख्या में छात्र, अभिभावक, और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे ।

Ads

R.O.NO. 14150/89

MP info RSS Feed

फेसबुक