ईश्वर दुबे
संपादक - न्यूज़ क्रिएशन
+91 98278-13148
newscreation2017@gmail.com
Shop No f188 first floor akash ganga press complex
Bhilai
Google Analytics —— Meta Pixel
नई दिल्ली। पेट्रोल और डीजल के दाम में रविवार को लगातार चौथे दिन गिरावट जारी रही। दिल्ली, कोलकाता और मुंबई में पेट्रोल फिर 25 पैसे प्रति लीटर सस्ता हो गया। वहीं, चेन्नई में पेट्रोल की कीमत 26 पैसे प्रति लीटर कम हो गई। 'इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन' की वेबसाइट से मिली जानकारी के अनुसार, दिल्ली, कोलकाता, मुंबई और चेन्नई में रविवार को पेट्रोल क्रमश: 81.74 रुपये, 83.58 रुपये, 87.21 रुपये और 84.96 रुपये प्रति लीटर था।
इसके अलावा, डीजल की कीमतें चारों महानगरों में क्रमश: 75.19 रुपये, 77.04 रुपये, 78.82 रुपये और 79.51 रुपये प्रति लीटर थीं।
नई दिल्ली। कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी ने भाजपा पर पलटवार करते हुए कहा है कि भाजपा के कथा-कथित परिवार कहां गया था। इनकी स्वतंत्रता आन्दोलन में क्या भूमिका रही है। यह बयान उस परिप्रेक्ष्य में आया है जिसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लालकिले की प्राचीर से कहा था कि एक परिवार को याद रखने में अम्बेडकर, नेताजी, पटेल को भुलाया गया । सिंघवी ने बताया कि सुभाष चन्द बोस ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नजदीकी संगठन हिन्दू महासभा को साम्प्रदायिक कहा था। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार का एक मात्र कार्य है कि इतिहास को मिटाना।
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में रविवार को सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच जबरदस्त मुठभेड हुई। इसमें सेना ने तीन आतंकियों को मार गिराया है। इस आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन के बाद हुए विस्फोट में पांच स्थानीय नागरिकों की भी मृत्यु होने के समाचार हैं। इससे क्षेत्र में तनाव फैल गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, सुरक्षाबलों ने रविवार तडक़े कुलगाम के लारू गांव में सर्च ऑपरेशन चलाया गया था। इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई थी। सेना के जवानों ने आतंकियों को घेरकर उन पर फायरिंग प्रारंभ कर दी थी। इस अभियान में तीन आतंकियों को मार गिराया है। आतंकियों की जवाबी फायरिंग में दो जवान घायल हो गए। इसके बाद मुठभेड के स्थान पर आतंकियों के एक विस्फोट की चपेट में आने से पांच नागरिकों की मृत्यु हो गई।
नई दिल्ली। एक समय था जब वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाज भारतीय बल्लेबाजों पर कहर बनकर टूटते थे। हालांकि पिछले तीन दशक से कैरेबियाई आक्रमण में लगातार गिरावट आ रही है। इससे स्थिति बदल गई और अब टीम इंडिया के बल्लेबाज उनकी खबर लेने लगे हैं।
इसी कड़ी में दाएं हाथ के विस्फोटक सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने इंडीज के गेंदबाजों की जमकर ठुकाई करते हुए दोहरा शतक बना डाला था। सहवाग ने इंदौर में 8 दिसंबर 2011 को हुए वनडे में 149 गेंदों पर 25 चौकों व 7 छक्कों की मदद से 219 रन जुटाए। यह वनडे में इंडीज के खिलाफ दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है। भारत ने यह वनडे 153 रन से जीता था।
गुवाहाटी। भारतीय क्रिकेट टीम आज से यहां वेस्टइंडीज के खिलाफ खिलाफ होने वाली पांच मैचों की वनडे सीरीज से अगले साल होने वाले विश्वकप की तैयारियों को परखने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। मुकाबला दोपहर 1.30 बजे से शुरू होगा। इंग्लैंड में होने वाले 50 ओवरों के विश्वकप से पहले भारत 18 वनडे मैच खेलेगा।
इस दौरान वह अपनी मध्यक्रम की विफलता को दूर करना चाहेगा, खासकर नंबर-4 के स्थान को मजबूत करना चाहेगा जहां कई बल्लेबाज असफल रहे हैं, लेकिन कुछ ही सफल हुए हैं। टेस्ट में तूफानी पदार्पण करने के बाद विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत के अब वनडे में भी पदार्पण की उम्मीद है। उन्हें रविवार से शुरू होने वाली वनडे सीरीज के पहले दो मैचों के लिए 12 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया है।
21 साल के पंत ने इंग्लैंड के खिलाफ ओवल में अपने पदार्पण टेस्ट मैच ही में शतक जड़ा था। उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज में भी 92-92 रन बनाए थे। वहीं भारतीय कप्तान विराट कोहली भी इस सीरीज से वनडे में लौट रहे हैं। कोहली को एशिया कप के दौरान आराम दिया गया था।
कोहली इस सीरीज से वनडे में अपने 10000 रन पूरे कर सकते हैं। कोहली के वनडे में 9779 रन बनाए हैं और उन्हें 'दस हजारी' क्लब में शामिल होने के लिए केवल 221 रन की दरकार है। इस सीरीज अनुभवी बल्लेबाज और पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी खुद को साबित करना चाहेंगे जो एशिया कप के दौरान संघर्ष करते नजर आए थे। धोनी ने एशिया कप के चार मैचों में केवल 77 रन ही बनाए थे। पंत के आ जाने से धोनी पर अच्छा प्रदर्शन करने का दबाव बढ़ता जा रहा है।
लास वेगस। अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा अपनी दोस्त मेगन मार्कल की गर्भावस्था को लेकर उत्साहित है और उन्हें उम्मीद है कि डचेस ऑफ ससेक्स के जीवन का यह नया चरण बेहतरीन होगा। चोपड़ा ने शुक्रवार को जेबीएल फेस्ट में पीपुल्स मैगजीन को बताया, मैं एक दोस्त की तरह यह कहना चाहती हूं कि मैं उन्हें लेकर काफी उत्सुक हूं।
यह हर महिला के जीवन का नया चरण होता है और मुझे उम्मीद है कि उनका यह नया चरण बेहतरीन होगा, उतना ही जितना वह चाहती हैं। प्रियंका मई में प्रिंस हैरी और मेगन की शादी में भी पहुंची थीं।
मुंबई। अभिनेता सुनील शेट्टी ने आदमखोर शेरनी एवनी को न मारे जाने के लिए चलाए जा रहे लेट अवनी लिव नामक अभियान का समर्थन किया है। फिल्म हेरा फेरी में काम कर चुके सुनील शेट्टी ने ट्वीट किया, एक मां का पीछा करके उसकी हत्या करने का मतलब उसके दो युवा बच्चों की जिंदगी को भी खतरे में डालना, खासकर तब जब वह अपने घर से बाहर नहीं आ रही हो और अपने घर जंगल में ही रह रही हो।
सुनील ने कहा, हमें उसका और जंगल का सम्मान करना चाहिए और उसे शांति से रहने देना चाहिए। पांच वर्षीय शेरनी की पिछले दो महीनों से तलाश की जा रही है क्योंकि उसने पिछले साल उत्तरी महाराष्ट्र के यवतमाल जिले के पंधारकावाडा जंगल में कथित तौर पर मानवों को मार डाला था। बंबई उच्च न्यायालय के नागपुर बेंच ने मंगलवार को जनहित याचिका स्वीकार की। याचिका में अवनी को जिंदा पकडऩे के बजाय उसे मारने की योजना पर रोक लगाने की मांग की गई।
कोरबा। इस बार विधानसभा चुनाव में बिजलीविहीन मतदान केंद्रों में बैटरी से ईवीएम का संचालन नहीं किया जाएगा। निर्वाचन विभाग ने इसके लिए विद्युत कनेक्शन दिए जाने कहा है। सभी मतदान केंद्रों में विद्युत व्यवस्था दुरूस्त की जा रही। पांच केंद्र में अभी तक बिजली नहीं पहुंच सकी है। तीन दिन के भीतर इन केंद्रों को विद्युतीकरण करना है। चुनाव अधिकारी ने दो दिन के भीतर रिपोर्ट जमा करने कहा है, इस पर विभाग का मैदानी अमला लगातार कार्य में जुटा हुआ है।
सभी अटकलों पर विराम लगाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ओ पी रावत ने लोकसभा और विधानसभाओं के चुनाव एक साथ कराने की सभी संभावनाएं खारिज कर दीं। उन्होंने कहा कि जब तक इसका कोई कानूनी ढांचा तैयार नहीं हो जाता, यह मुमकिन नहीं है।
पत्रकारों से बात करते हुए रावत ने कहा कि मौजूदा ढांचे में इसकी कोई संभावना नहीं है। मालूम हो कि आम चुनाव अगले साल अप्रैल-मई में संभावित है, वहीं मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान और मिजोरम विधानसभा के चुनाव भी इस साल के अंत में होने हैं।
गौरतलब है कि केंद्र की मोदी सरकार एक साथ लोकसभा और विधानसभा चुनाव करवाने के पक्ष में है। केंद्र ने इसके पीछे तर्क दिया है कि एक साथ होने से सरकार के खर्च में कमी आएगी और राजस्व की बचत होगी।
एक अनुमान के अनुसार, 16वीं लोकसभा के चुनाव पर कोई 3,800 करोड़ रुपये खर्च हुए। यदि विधानसभा चुनावों पर होने वाले खर्चों को जोड़ा जाए, तो यह राशि बहुत बड़ी रकम हो जाएगी। एक साथ चुनाव होने से राजनीतिक दलों के चुनाव पर होने वाले खर्च में भारी कमी आएगी, जिसके अपने लाभ हैं।
हालांकि लोकसभा और विधानसभाओं का चुनाव एक साथ कराने का सुझाव कोई नया नहीं है। न्यायमूर्ति जीवन रेड्डी ने चुनाव सुधार संबंधी विधि आयोग के प्रतिवेदन में 1999 में इसकी अनुशंसा की थी।भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता श्री लालकृष्ण आडवाणी ने 2009 में इसका प्रतिपादन किया था। पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी और संसद के कार्मिक विभाग संबंधी समिति ने भी इसका समर्थन किया।
उल्लेखनीय है कि पहली लोकसभा से लेकर चौथी लोकसभा तक (1952, 1957, 1962 और 1967) लोकसभा और विधानसभा के चुनाव एक साथ ही होते रहे। यह संस्थापित परंपरा 1969 में टूटी, जब लोकसभा समय से पहले भंग कर दी गई थी।
वैसे तो दशहरे पर रावण का पुतला दहन करने की परंपरा रही है लेकिन महाराष्ट्र के औरंगाबाद में कुछ परेशान पतियों ने सूर्पणखा का पुतला जलाकर इस पर्व को कुछ अलग अंदाज में मनाया। पत्नियों के सताए पतियों की संस्था ‘पत्नी पीड़ित पुरुष संगठन’ के सदस्यों ने औरंगाबाद के पास करोली गांव में लंका नरेश रावण की बहन सूर्पणखा का पुतला जलाया जो रामायण के प्रमुख पात्रों में से एक थी।
संस्था के संस्थापक भारत फुलारे ने कहा कि भारत में सभी कानून पुरुषों के खिलाफ और महिलाओं के पक्ष में हैं। महिलाएं छिटपुट विवादों पर भी अपने पति एवं ससुराल वालों को परेशान करने के लिए इन कानूनों का दुरुपयोग करती हैं।
हम पुरुषों के खिलाफ उत्पीड़न की निंदा करते हैं। एक सांकेतिक कदम के तौर पर ही हमारे संगठन ने बृहस्पतिवार शाम को दशहरा के मौके पर सूर्पणखा का पुतला जलाया।
भारत फुलारे ने कहा कि वर्ष 2015 के आंकड़ों पर नजर दौड़ाएं तो देश में आत्महत्या करने वाले विवाहितों में 74 फीसदी पुरुष ही थे। इसके साथ ही संस्था के कुछ सदस्यों ने देश में चल रहे ‘मीटू’ अभियान पर भी सवाल उठाए।
मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में इस बार भाजपा मुश्किलों में घिरी हुई है और हालिया कुछ रिपोर्ट और सर्वे ने उसकी नींद उड़ा दी है। लगातार चौथी बार सत्ता पर काबिज होने के लिए भाजपा कुछ कड़े फैसले ले सकती है। बताया जा रहा है कि भाजपा के मौजूदा 70-80 विधायकों के टिकट काटे जा सकते हैं जिनमें कुछ मंत्री भी शामिल हैं।
एक पार्टी नेता का कहना है कि सत्ता विरोधी रुझान को देखते हुए ऐसा फैसला लिया जा सकता है। राज्य में 28 नवंबर को मतदान होना और मतगणना 11 दिसंबर को होगी।
कई विधायकों के खिलाफ नाराजगी
राज्य के एक भाजपा नेता ने पीटीआई से कहा कि पार्टी 70-80 मौजूदा विधायकों को टिकट नहीं देने पर गंभीरता से विचार कर रही है। उन्होंने कहा कि कई विधायकों के खिलाफ शिकायतों को देखते हुए इस तरह का फैसला लिया जा सकता है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, अपनी जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को कई विधायकों के खिलाफ शिकायतें मिली हैं।
हाल ही में कुछ ओपिनियन पोल में बताया गया था कि कांग्रेस 15 साल बाद सत्ता में वापसी कर सकती है। कुछ सर्वे में यहां कांग्रेस-भाजपा के बीच कांटे की टक्कर का अनुमान जताया है। इन सर्वे ने भाजपा को अपनी रणनीति नए सिरे से बनाने पर मजबूर कर दिया है।
भारतीय जनता युवा मोर्चा के एक पदाधिकारी का कहना है कि राज्य में भाजपा विधायकों के खिलाफ तो गुस्सा है लेकिन सीएम शिवराज सिंह चौहान के खिलाफ नहीं। भाजपा के पास एक बार फिर सत्ता में वापसी का मौका है।
उन्होंने कहा कि हम पुराने चेहरों को बदलकर नए चेहरों को विधानसभा चुनाव में मौका देते हैं तो इस बार भी चुनाव जीतकर प्रदेश में सरकार बनाने का भाजपा के पास बेहतर अवसर है। उन्होंने कहा कि यह पहला मौका नहीं है जब प्रदेश भाजपा ने बेहतर प्रदर्शन नहीं करने वाले विधायकों या मंत्रियों का टिकट काटा हो। इससे पहले साल 2013 के विधानसभा चुनावों में हमने 25 प्रतिशत नए चेहरों को चुनाव मैदान में उतारा था और इनमें से 75 उम्मीदवारों ने विजय हासिल भी की थी।
पिछली दफा विधानसभा चुनावों में भाजपा के कुल 165 सीटें, कांग्रेस ने 58, बसपा ने 4 और निर्दलीय उम्मीदवारों ने तीन सीटों पर जीत हासिल की थी। मध्यप्रदेश में विधानसभा की कुल 230 सीटें हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पुलिस स्मारक दिवस 2018 के मौके पर आजादी के बाद से पुलिस कर्मियों द्वारा किए गए सर्वोच्च बलिदान की याद में राष्ट्रीय पुलिस स्मारक देश को समर्पित किया। प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रीय पुलिस स्मारक (एनपीएम) बनने में 70 वर्ष लगने के लिये पूर्व की सरकारों की इच्छाशक्ति पर सवाल उठाया और कहा कि पहले की सरकारों ने दिल से प्रयास किया होता तब यह स्मारक कई वर्ष पहले बन गया होता।
21 अक्तूबर 1959 में चीनी सैनिकों द्वारा लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स में मारे गए पुलिसकर्मियों की याद में इस दिन को पुलिस स्मारक दिवस के रूप में मनाया जाता है। पीएम मोदी ने पुलिस स्मारक दिवस के मौके पर शहीद पुलिस जवानों को श्रद्धांजलि दी और परेड में शामिल हुए।
वरिष्ठ भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी, गृह मंत्री राजनाथ सिंह, गृह राज्य मंत्री किरेन रिजजू भी इस अवसर पर मौजूद हैं। राष्ट्रीय पुलिस स्मारक दिल्ली के चाणक्यपुरी इलाके में बनाया गया है।
राष्ट्रीय पुलिस स्मारक को राष्ट्र को समर्पित करते हुए प्रधानमंत्री ने रविवार को कहा, "आज मुझे राष्ट्रीय पुलिस स्मारक पर गर्व है, लेकिन कुछ सवाल भी हैं। आखिर इस स्मारक को अस्तित्व में आने में आजादी के बाद 70 वर्ष क्यों लग गए।"
उन्होंने कहा, "मैं मानता हूं कि कानूनी वजहों से कुछ वर्ष काम रुका, लेकिन पहले की सरकारों की इच्छाशक्ति होती, उन्होंने दिल से प्रयास किया होता, तो ये स्मारक कई वर्ष पहले ही बन गया होता। लेकिन पहले की सरकारों ने आडवाणी जी द्वारा स्थापित पत्थर पर धूल जमने दी।" मोदी ने कहा कि 2014 में जब दोबारा राजग की सरकार बनी तो बजट आवंटन किया और आज ये भव्य स्मारक देश को समर्पित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि यह उनकी सरकार के काम करने का तरीका है। आज समय पर लक्ष्यों को प्राप्त करने की कार्यसंस्कृति विकसित की गई है।
प्रधानमंत्री ने देश की सुरक्षा में समर्पित प्रत्येक व्यक्ति एवं उपस्थित शहीदों के परिवारों को पुलिस स्मृति दिवस पर नमन किया।
प्रधानमंत्री मोदी अपने संबोधन में पुलिस जवानों के कार्य, शहादत और उनके त्याग को याद करते हुए भावुक हो गए। प्रधानमंत्री ने कहा कि बहुतों को तो ये तक पता नहीं होता कि कोई इमारत गिरने पर, नाव हादसा होने पर, आग लगने पर, रेल हादसा होने पर, राहत के काम की कमान संभालने वाले ये लोग कौन हैं।
आगे उन्होंने कहा कि देश के हर राज्य में, हर पुलिस स्टेशन, हर पुलिस चौकी में तैनात, राष्ट्र की हर संपदा की सुरक्षा में जुटे साथियों को, राहत के काम में जुटे साथियों को, आप सभी को भी मैं बधाई देता हूं।
पीएम मोदी ने कहा कि आज का यह दिन देश में आपदा प्रबंधन, किसी प्राकृतिक संकट के समय या हादसे के वक्त राहत कार्यों में जुटने वाले उन जवानों को भी याद करने का है, जिनकी सेवा की बहुत चर्चा नहीं होती।
उन्होंने कहा कि यह उनका सौभाग्य है कि उन्हें राष्ट्र सेवा और समर्पण की अमर गाथा के प्रतीक, इस राष्ट्रीय पुलिस स्मारक को देश को समर्पित करने का अवसर मिला है ।
प्रधानमंत्री ने कहा कि पुलिस जवानों के कर्तव्य को देखकर खुशी का भाव पैदा होता है। देश में अनेकता और अशांति फैलाने की साजिशों को नाकाम करने का काम आप सभी ने किया है।
उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर में डटे साथियों का शौर्य और बलिदान भी अब शांति के रूप में दिखने लगा है। शांति और समृद्धि का प्रतीक बन रहे पूर्वोत्तर के विकास में उनका भी योगदान है ।
छत्तीसगढ़, राजस्थान, मध्य प्रदेश और तेलंगाना में विधानसभा चुनाव के लिए बसपा अध्यक्ष मायावती का चुनाव प्रचार अभियान अगले सप्ताह 25 अक्तूबर से शुरू होगा। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि छत्तीसगढ़, राजस्थान और मध्य प्रदेश में मायावती की 26 रैलियां होंगी। तेलंगाना में अभी बसपा प्रमुख के प्रचार अभियान को अंतिम रूप दिया जा रहा है। बसपा प्रमुख ने पार्टी के राज्यसभा सदस्य अशोक सिद्धार्थ को राजस्थान और छत्तीसगढ़ और वीर सिंह को तेलंगाना में चुनाव अभियान का प्रभारी बनाया है।
इसके अलावा मध्य प्रदेश में मायावती की 12 जनसभाएं होंगी। इनकी शुरुआत दो नवंबर से होगी। रैलियों के स्थान और तारीख को अभी अंतिम रूप दिया जा रहा है। मध्य प्रदेश में कांग्रेस और सपा के साथ तालमेल नहीं हो पाने के कारण बसपा ने फिलहाल राज्य की सभी 230 सीटों पर चुनाव लड़ने का फैसला किया है।
बता दें कि विधानसभा चुनावों की रणनीति को अंतिम रूप देने के लिए पिछले एक सप्ताह से दिल्ली में मौजूद मायावती ने तीन राज्यों के लिए अपने प्रचार कार्यक्रम को मंजूरी दे दी है।
छत्तीसगढ़ में मायावती की छह रैलियां होंगी। मायावती की पहली रैली चार नंवबर को होने के बाद वह 16 और 17 नवंबर को तीन जनसभाएं संबोधित करेंगी। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस से अलग हुए पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी की अगुवाई वाली जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जेसीसी) और भाकपा के साथ गठबंधन कर बसपा राज्य की 33 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। दो सीट पर भाकपा और 55 सीट पर जेसीसी लड़ेगी।