newscreation

newscreation

समिति तीन दिनों में प्रमुख अभियंता को देगी रिपोर्ट

रायपुर. 3 अक्टूबर 2026. लोक निर्माण विभाग ने राजनांदगांव-खैरागढ़ मुख्य मार्ग के नवीनीकरण एवं उन्नयन कार्य तथा राजनांदगांव-मोहला-मानपुर सड़क परियोजनाओं में कथित गुणवत्ताहीन निर्माण और भ्रष्टाचार की शिकायत की जांच के लिए चार वरिष्ठ अधिकारियों की समिति बनाई है। समिति निर्माण कार्यों के विभिन्न पहलुओं और शिकायत की जांच कर तीन दिनों में प्रमुख अभियंता को रिपोर्ट सौंपेगी। जांच समिति में मुख्य अभियंता श्री व्ही.एस. कोरम, अधीक्षण अभियंता श्री राजीव नशीने तथा कार्यपालन अभियंता श्री प्रभात सक्सेना और श्री सी.एस. ओगरे शामिल हैं।

इन बिंदुओं पर जांच करेगी समिति

लोक निर्माण विभाग द्वारा गठित जांच समिति राजनांदगांव-खैरागढ़ सड़क एवं राजनांदगांव-मोहला-मानपुर सड़क परियोजनाओं की किसी स्वतंत्र संस्था से उच्च स्तरीय जाँच कराने, जीएसबी (GSB), डब्लूएमएम (WMM) सब-ग्रेड, डामरीकरण, बिटुमिन की मात्रा, सड़क की मोटाई, घनत्व, ग्रेडेशन, लेवल एवं अंडुलेशन सहित सभी तकनीकी मानकों की प्रयोगशाला से जांच जैसी बिंदुओं पर जांच करेगी।

समिति निर्माण कार्य की गुणवत्ता के लिए उत्तरदायी अधिकारियों एवं कार्यपालन एजेंसी की भूमिका, जांच पूर्ण होने तक संबंधित कार्यों के भुगतान पर रोक लगाने पर विचार करने, गुणवत्ता से समझौता, वित्तीय अनियमितता या भ्रष्टाचार सिद्ध होने पर संबधितों के विरूद्ध कार्यवाही तथा डोंगरगांव-कुमरदा सहित जिन स्थानों पर सड़क उखाड़कर छोड़ी गई है, वहां तत्काल सुरक्षित आवागमन हेतु मरम्मत, चेतावनी संकेत एवं वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित कराने के संबंध में अपनी रिपोर्ट देगी।

 

गांधी जयंती पर बेटियों को मिली स्वच्छता, स्वास्थ्य और सम्मान से जुड़ी नई सुविधा

प्रदेश के 6,671 ग्रामीण शासकीय विद्यालयों में बालिका शौचालय निर्माण का लक्ष्य

रायपुर,  अक्टूबर 2026/ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर स्वच्छता और बेटियों के सम्मान का संदेश देते हुए धमतरी जिले के कुरूद विकासखंड की ग्राम पंचायत धूमा में ‘मेरी बेटी–मेरा अभिमान’ अभियान के अंतर्गत प्रथम बालिका शौचालय का उद्घाटन किया गया। विकसित भारत–रोजगार और आजीविका गारंटी मिशन (ग्रामीण) वीबी-जी राम जी योजना के अंतर्गत निर्मित यह शौचालय राज्य में चल रहे ‘मेरी बेटी–मेरा अभिमान’ अभियान को जमीनी स्तर पर साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

गुलाबी रंग से सजे नव-निर्मित बालिका शौचालय के उद्घाटन के दौरान छोटी बच्चियों ने भी हाथों में इसी संदेश वाली तख्तियां लेकर स्वच्छता, सुरक्षा और बेटियों के सम्मान का संदेश दिया। ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और बच्चों की भागीदारी ने गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को विशेष बना दिया।

6 अगस्त को शुरू हुआ था ‘मेरी बेटी–मेरा अभिमान’ अभियान
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने 6 अगस्त 2026 को वीबी-जी राम जी के अंतर्गत राज्यव्यापी ‘मेरी बेटी–मेरा अभिमान’ अभियान का शुभारंभ किया था। अभियान 15 अगस्त 2026 से 26 जनवरी 2027 तक संचालित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों के 6,671 शासकीय विद्यालयों में लगभग 286.85 करोड़ रुपए की लागत से बालिका शौचालयों के निर्माण का लक्ष्य रखा गया है। अभियान का उद्देश्य ग्रामीण विद्यालयों में पढ़ने वाली बालिकाओं को सुरक्षित और स्वच्छ शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ उनके स्वास्थ्य, स्वच्छता और गरिमा के अनुकूल वातावरण तैयार करना है।

निर्माण से उद्घाटन तक, धूमा में लगातार हुई निगरानी
धूमा का यह बालिका शौचालय एक दिन में तैयार हुई पहल नहीं है। विकसित भारत-जी राम जी के आयुक्त एवं प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के संचालक श्री तारन प्रकाश सिन्हा ने भी अपने कुरूद विकासखंड के भ्रमण के दौरान ग्राम पंचायत धूमा पहुंचकर बालिका शौचालय के निर्माण कार्य का मैदानी निरीक्षण किया था। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति देखने के साथ कार्य में लगे श्रमिकों से मजदूरी भुगतान की जानकारी भी ली थी और अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए थे। करीब एक महीने बाद गांधी जयंती के अवसर पर इसका उद्घाटन अभियान के उद्देश्य को धरातल पर उतरते हुए दिखाता है।

‘मेरी बेटी–मेरा अभिमान’ अभियान के तहत शासन का मिशन है कि 26 जनवरी 2027 तक राज्य के हर स्कूल में बालिकाओं के लिए शौंचालय सुनिश्चित हो।

 

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में अवैध खनिज गतिविधियों पर सतत निगरानी और कार्रवाई

रायपुर,  अक्टूबर 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य शासन द्वारा खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी रोक लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. के निर्देश पर खनिज विभाग के उड़नदस्ता दल द्वारा सतत जांच अभियान चलाया जा रहा है। विभागीय दल ने आज विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए रेत एवं पत्थर का अवैध परिवहन करते कुल 6 ट्रैक्टर वाहनों को जब्त किया।

खनिज विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार बस्ती-बगरा क्षेत्र में रेत से भरे 4 ट्रैक्टर वाहनों को जब्त कर सुरक्षार्थ कोडगार चौकी में रखा गया है। इसी तरह सारबहरा क्षेत्र में पत्थर से भरे एक ट्रैक्टर वाहन तथा अंडी क्षेत्र में रेत से भरे एक ट्रैक्टर वाहन को जब्त कर सुरक्षार्थ अमरपुर पुलिस लाइन में रखा गया है।

विभाग द्वारा सभी संबंधित वाहन मालिकों के विरुद्ध खान और खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम के प्रावधानों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। प्रकरणों में निर्धारित अर्थदंड अथवा समझौता राशि खनिज मद में जमा कराए जाने के बाद नियमानुसार वाहनों को मुक्त करने की कार्रवाई की जाएगी।

कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. ने खनिज विभाग को जिले में अवैध खनिज गतिविधियों पर सतत निगरानी रखते हुए नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने विभागीय अमले को क्षेत्र में नियमित जांच करने तथा अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के मामलों में तत्परता से कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है।

कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त शिकायतों को भी गंभीरता से लेते हुए उनकी गुणवत्तापूर्ण जांच और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।


श्रम मंत्री श्री लखनलाल देवांगन ने पौधे रोपकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
रायपुर,  अक्टूबर 2026/
गांधी एवं शास्त्री जयंती के अवसर पर जिला उद्योग संघ द्वारा आज औद्योगिक क्षेत्र कोरबा में वृहद पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वाणिज्य एवं उद्योग, श्रम तथा आबकारी मंत्री श्री लखनलाल देवांगन ने फलदार पौधे लगाए। इस अवसर पर औद्योगिक क्षेत्र में लगभग 100 पौधे लगाए गए।
मंत्री श्री देवांगन ने उपस्थित लोगों को ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पौधा लगाने और उसकी नियमित देखभाल कर उसे संरक्षित रखने के लिए प्रेरित किया।

मंत्री श्री देवांगन ने कोरबा में गांधी- शास्त्री की प्रतिमाओं पर किया माल्यार्पण
उद्योग एवं वाणिज्य, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री श्री देवांगन ने आज महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लालबहादुर शास्त्री की जयंती पर आयोजित कार्यक्रमों में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। उन्होंने कोरबा के बुधवारी बाजार स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा और कोसाबाड़ी चौक स्थित लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
मंत्री श्री देवांगन ने इस अवसर पर महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा के विचारों तथा लाल बहादुर शास्त्री के ‘जय जवान-जय किसान’ संदेश का स्मरण किया।

 

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में किसानों को उन्नत खेती के लिए मिल रहा प्रोत्साहन और तकनीकी मार्गदर्शन

आधुनिक कृषि तकनीक और बेहतर फसल प्रबंधन से बढ़ी आमदनी

रायपुर, अक्टूबर 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा किसानों को आधुनिक और उन्नत कृषि तकनीकों से जोड़कर खेती को अधिक लाभकारी बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। किसानों को विभागीय योजनाओं की जानकारी और तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराकर उद्यानिकी फसलों एवं व्यावसायिक खेती के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसी कड़ी में गौरेला- पेंड्रा- मरवाही जिले के गौरेला विकासखंड के ग्राम पंचायत सारबहरा के कृषक श्री शाहिद जमा खान ने उन्नत तकनीकों को अपनाकर टमाटर की खेती से बेहतर आर्थिक लाभ अर्जित किया है।

श्री शाहिद जमा खान ने लगभग 2 एकड़ क्षेत्र में टमाटर की खेती की है, जिससे उन्हें अब तक करीब 1 लाख 20 हजार रुपये का लाभ प्राप्त हुआ है। उन्होंने टमाटर की खेती में आधुनिक एवं उन्नत कृषि तकनीकों को अपनाने के साथ फसल प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया। समय पर आवश्यक कृषि कार्य, फसल की नियमित देखभाल और वैज्ञानिक तकनीकों के समुचित उपयोग से उनकी फसल बेहतर हुई। अच्छी पैदावार और उचित प्रबंधन के परिणामस्वरूप टमाटर की खेती उनके लिए आय का बेहतर माध्यम बनकर उभरी है।

श्री शाहिद खान पूर्व में भी उद्यानिकी विभाग की विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त कर चुके हैं। विभाग द्वारा उन्हें समय-समय पर योजनाओं की जानकारी देने के साथ उन्नत कृषि तकनीक, फसल प्रबंधन तथा आवश्यक कृषि कार्यों के संबंध में तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान किया जा रहा है। विभागीय मार्गदर्शन और स्वयं की मेहनत से उन्होंने उद्यानिकी फसलों को आय बढ़ाने के प्रभावी माध्यम के रूप में अपनाया है।

छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा किसानों को परंपरागत खेती के साथ उद्यानिकी एवं आधुनिक कृषि पद्धतियों से जोड़ने के प्रयासों के बीच शाहिद जमा खान जैसे किसान उन्नत तकनीकों को अपनाकर अपनी आय बढ़ाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। उनकी सफलता बताती है कि वैज्ञानिक कृषि तकनीक, बेहतर फसल प्रबंधन और समय पर मिलने वाले तकनीकी मार्गदर्शन का समुचित उपयोग खेती को अधिक लाभकारी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

टमाटर की उन्नत खेती से मिली सफलता ने श्री शाहिद जमा खान को उद्यानिकी फसलों के माध्यम से अपनी आय को और बेहतर करने के लिए प्रोत्साहित किया है। उनकी यह पहल क्षेत्र के अन्य किसानों के लिए भी आधुनिक एवं व्यावसायिक खेती की संभावनाओं को सामने रखती है।

'सेवा संकल्प अभियान'

 

वरिष्ठजनों का अनुभव और संस्कार समाज की अमूल्य धरोहर - मंत्री श्री टंक राम वर्मा

​रायपुर,

 अक्टूबर 2026/

छत्तीसगढ़ शासन द्वारा 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत ‘नमो सेवा गाथा’ के तहत गांधी जयंती व अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर धमतरी के मेनोनाइट हायर सेकेंडरी इंग्लिश मीडियम स्कूल में गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने जिले के लगभग 500 महिला एवं पुरुष वृद्धजनों से आत्मीय भेंट कर उन्हें शॉल एवं श्रीफल प्रदान कर सम्मानित किया।
​इस दौरान मंत्री श्री वर्मा ने विभिन्न हितग्राहीमूलक गतिविधियों के तहत 40 लोगों को स्वामित्व प्रमाण पत्र सौंपे। साथ ही दिव्यांगजनों और बुजुर्गों को व्हीलचेयर व आवश्यक सहायक उपकरण वितरित किए गए तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया।

​गोद भराई, पोषण किट वितरण और स्वास्थ्य जांच

राष्ट्रीय पोषण माह के तहत आयोजित ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम में मंत्री श्री वर्मा ने पांच गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म पूरी कर उन्हें पोषण किट भेंट की। उन्होंने परिसर में लगाए गए विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ली और स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल पर स्वयं ब्लड प्रेशर की जांच भी कराई।

​बुजुर्गों का अनुभव नई पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक

समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक परिवार, समाज और राष्ट्र की अमूल्य धरोहर हैं। उनका जीवन संघर्ष और अनुभव नई पीढ़ी को सही दिशा दिखाता है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठजनों का सम्मान किसी एक आयोजन तक सीमित न रहकर हमारी दिनचर्या का हिस्सा होना चाहिए।
​उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में यह अभियान संचालित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 'अंत्योदय' भावना के अनुरूप केंद्र व राज्य सरकारें स्वास्थ्य, शिक्षा, आवास, बिजली और पेयजल जैसी सुविधाएं दे रही हैं। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य में किसानों के हित में धान खरीदी, महिलाओं के लिए 'महतारी वंदन' योजना और 'एक पेड़ मां के नाम' जैसे अभियानों को प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है।

​देहदान-अंगदान की सराहना और नशामुक्ति का आह्वान

प्रभारी मंत्री ने देहदान और अंगदान करने वाले नागरिकों के योगदान को मानवता की सर्वोच्च सेवा बताया। इसके साथ ही उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत है। जब युवाओं की ऊर्जा राष्ट्र निर्माण, शिक्षा और सेवा में लगेगी, तभी एक सशक्त भारत का निर्माण होगा।
​इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री अरुण सार्वा ने बुजुर्गों के मार्गदर्शन को समाज की सबसे बड़ी पूंजी बताया, वहीं जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष श्री निरंजन सिन्हा ने कहा कि वरिष्ठजनों का सम्मान हमारी सामाजिक जिम्मेदारी है।कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने स्वागत भाषण में कहा कि जिला प्रशासन वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, सुरक्षा और गरिमापूर्ण जीवन के लिए निरंतर प्रयासरत है।
​कार्यक्रम में नगर निगम सभापति, जिला पंचायत सभापति, जनपद अध्यक्ष, डीएफओ सहित अनेक जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ नागरिक व अधिकारी उपस्थित थे।

विकासखंड स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मकता

विकसित भारत-2047 की कल्पना को बच्चों ने रंगों में उकेरा, विजेता विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए शिक्षकों की विशेष कार्यशाला, विद्यार्थियों को बेहतर मार्गदर्शन देने पर जोर

रायपुर,  अक्टूबर 2026/ सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत रायगढ़ जिले के पुसौर विकासखंड स्थित शासकीय हाई स्कूल पंचपारा में विकासखंड स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता सह-प्रदर्शनी तथा शिक्षकों के लिए एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी. चौधरी कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा तैयार चित्रों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया और बच्चों से संवाद कर उनकी प्रतिभा, रुचियों और भविष्य के लक्ष्यों के बारे में जाना। उन्होंने विद्यार्थियों की रचनात्मकता की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर मेहनत करने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया।

वित्त मंत्री श्री चौधरी ने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सामने आगे बढ़ने के अनेक अवसर उपलब्ध हैं। सही समय पर सही मार्गदर्शन और मेहनत के माध्यम से वे अपने लक्ष्य को हासिल कर सकते हैं।

रायगढ़ में शिक्षा के नए अवसरों का विद्यार्थी उठाएं लाभ : वित्त मंत्री श्री चौधरी

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने छत्तीसगढ़ में शिक्षा और उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने रायगढ़ में नर्सिंग कॉलेज, संगीत महाविद्यालय और नालंदा परिसर जैसी सुविधाओं का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों से इनका अधिक से अधिक लाभ लेने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ना चाहिए।

विकसित भारत-2047 की परिकल्पना को बच्चों ने दिया रंग और विचारों का स्वर

प्रतियोगिता में विकासखंड के प्राथमिक, माध्यमिक, हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्तर के संकुलों से चयनित विद्यार्थियों ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने ‘विकसित भारत-2047’ की अपनी कल्पना को चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया। विभिन्न विषयों पर बच्चों ने अपनी रचनात्मक सोच और कल्पनाशीलता को रंगों में उकेरा। भाषण प्रतियोगिता में भी विद्यार्थियों ने आत्मविश्वास के साथ अपने विचार रखे।

प्राथमिक स्तर की चित्रकला प्रतियोगिता में संजना प्रजापती ने प्रथम, रोशनी चौहान ने द्वितीय और परिधी चौहान ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। भाषण प्रतियोगिता में फातिमा महंत प्रथम, कुमकुम श्रीवास द्वितीय और पूजा चौहान तृतीय रहीं।

माध्यमिक स्तर की चित्रकला प्रतियोगिता में प्राची मेहर ने प्रथम, मिथिला पटेल ने द्वितीय और भूमिका निषाद ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। भाषण प्रतियोगिता में मीनाक्षी साहू प्रथम, शिबिका कुमारी द्वितीय और महिमा गुप्ता तृतीय रहीं।

हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्तर की चित्रकला प्रतियोगिता में गरिमा पटेल प्रथम, नियति प्रधान द्वितीय और योगेश संजय तृतीय रहे। भाषण प्रतियोगिता में तुषार चौहान प्रथम, प्रिन्सी पटेल द्वितीय और रूची चौधरी तृतीय रहीं। सभी विजेता प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।

प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए बच्चों को तैयार करने में शिक्षकों की होगी महत्वपूर्ण भूमिका

कार्यक्रम के दौरान कक्षा 5वीं एवं 8वीं में अध्यापन कराने वाले शिक्षकों के लिए विशेष कार्यशाला आयोजित की गई। कक्षा 5वीं के विद्यार्थियों को नवोदय, एकलव्य, जवाहर उत्कर्ष एवं सैनिक स्कूल तथा कक्षा 8वीं के विद्यार्थियों को प्रयास, राष्ट्रीय साधन-सह-प्रावीण्य परीक्षा और श्रेष्ठा जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने के संबंध में शिक्षकों को मार्गदर्शन दिया गया।

विशेषज्ञ शिक्षकों ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, अध्ययन की रणनीति और विद्यार्थियों को व्यवस्थित तरीके से तैयार करने के संबंध में जानकारी दी। कार्यशाला का उद्देश्य शिक्षकों के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रारंभिक स्तर से ही प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए बेहतर मार्गदर्शन उपलब्ध कराना और उन्हें उपलब्ध शैक्षणिक अवसरों से जोड़ना रहा।

कार्यक्रम में पूर्व विधायक श्री विजय अग्रवाल, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती भाग्यवती डोल नारायण, कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी सहित सभी संकुलों के सीएसी, हाई स्कूल पंचपारा के प्राचार्य एवं शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

 

3165 जरूरतमंदों को निःशुल्क चश्मे और 800 लोगों को दवाइयां वितरित

वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने शिविर का किया अवलोकन, हितग्राहियों को पहनाए चश्मे और चिकित्सकों का किया सम्मान

सेवा को केवल उत्सव तक सीमित नहीं, जरूरतमंदों तक पहुंचाने का माध्यम बनाया : वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी

रायपुर,  अक्टूबर 2026/ ‘सेवा मेरा योगदान’ पहल के तहत रायगढ़ जिले के पुसौर स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शुक्रवार को विशाल निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जिले के विभिन्न गांवों से पहुंचे 3493 लोगों की नेत्र जांच की गई। जांच के बाद 3165 जरूरतमंदों को निःशुल्क चश्मे तथा करीब 800 लोगों को निःशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई गईं।

शिविर में लोगों की सुविधा के लिए 14 पंजीयन काउंटर बनाए गए थे। महिला एवं पुरुषों के लिए पृथक पंजीयन की व्यवस्था की गई। 10 से अधिक नेत्र विशेषज्ञों के साथ 38 नेत्र सहायकों ने जांच में सहयोग किया। स्वास्थ्य विभाग की टीम सुबह 9 बजे से लगातार सेवाओं में जुटी रही। एनएसएस और स्काउट-गाइड के विद्यार्थियों ने वालंटियर के रूप में पंजीयन से लेकर जांच और चश्मा वितरण तक लोगों की सहायता की। शिविर में आने वाले लोगों के लिए छाया, पेयजल, भोजन एवं स्वल्पाहार की भी व्यवस्था की गई थी।

समय-समय पर स्वास्थ्य जांच की आदत विकसित करना जरूरी : वित्त मंत्री श्री चौधरी

वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी. चौधरी ने शिविर का अवलोकन कर नेत्र जांच, चश्मा वितरण एवं अन्य स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और मां सरस्वती के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि आंखों की समय पर जांच बेहद जरूरी है। विशेषकर बच्चों में दृष्टि संबंधी समस्या कई बार समय पर सामने नहीं आती और इसका असर उनकी पढ़ाई पर पड़ सकता है। उन्होंने अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्हें भी 12वीं कक्षा तक अपनी आंखों की कमजोरी का पता नहीं चला था। बाद में जांच कराने पर चश्मे की जरूरत सामने आई। उन्होंने कहा कि बीमारी के लक्षण सामने आने का इंतजार करने के बजाय समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने की आदत विकसित करनी चाहिए। आंखों और दांतों की जांच के साथ शरीर के अन्य स्वास्थ्य परीक्षणों को लेकर भी जागरूकता जरूरी है।

श्री चौधरी ने कहा कि गांवों में ऐसे शिविरों की आवश्यकता है, जहां लोगों को जांच, चिकित्सकीय परामर्श और आवश्यक सुविधाएं एक ही स्थान पर मिल सकें। ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत आयोजन को केवल उत्सव तक सीमित रखने के बजाय सेवा के माध्यम से जरूरतमंदों तक पहुंचने का प्रयास किया गया है।

वित्त मंत्री श्री चौधरी ने शिविर को सफल बनाने में योगदान देने वाले चिकित्सकों, नेत्र सहायकों, स्वास्थ्य विभाग, एनएसएस, स्काउट-गाइड के विद्यार्थियों और प्रशासनिक अमले की सराहना की। उन्होंने हितग्राहियों को अपने हाथों से चश्मे पहनाए तथा पांच हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए। उन्होंने सुबह से सेवा में जुटे चिकित्सकों को प्रशस्ति पत्र और शाल भेंटकर सम्मानित किया। इस अवसर पर वन विभाग की ओर से पीपल के पौधे भी वितरित किए गए।

सात दिनों तक गांवों में चला प्रचार, 550 से अधिक पंचायतों से लोगों को शिविर तक लाने की व्यवस्था

कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने बताया कि शिविर को लेकर पिछले सात दिनों से ग्राम पंचायतों में व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया। जिले की 550 से अधिक ग्राम पंचायतों से लोगों को शिविर तक लाने के लिए वाहनों की व्यवस्था की गई। निजी चिकित्सकों को भी शिविर से जोड़ा गया, जिन्होंने सुबह से लगातार अपनी सेवाएं दीं।

कलेक्टर ने बताया कि जिले के शासकीय स्कूलों में अध्ययनरत करीब 45 हजार बच्चों की नेत्र जांच भी की जा रही है। कई बार बच्चे की आंख कमजोर होने के बावजूद उसे स्वयं इसका पता नहीं होता। ऐसे में समय पर जांच कर समस्या की पहचान करना जरूरी है। उन्होंने पालकों से बच्चों के साथ प्रतिदिन कुछ समय उनकी पढ़ाई और स्कूल में आने वाली परेशानियों के संबंध में बातचीत करने की अपील की।

 

प्रदेशवासियों को बेहतर, तेज और सुरक्षित आवागमन की मिलेगी सुविधा : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय

ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की कनेक्टिविटी होगी मजबूत, आर्थिक गतिविधियों को भी मिलेगी गति : उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव

नई सड़कें और पुल बनने के साथ सड़कों का होगा उन्नयन, चौड़ीकरण और मजबूतीकरण

निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश

रायपुर  अक्टूबर 2026/बरसात के बाद प्रदेश में सड़क और पुल निर्माण के कार्य तेजी से धरातल पर उतरेंगे। राज्य शासन ने इसके लिए तैयारियां पूरी करते हुए 672 करोड़ 22 लाख 30 हजार रुपए के 24 महत्वपूर्ण कार्यों की निविदाओं को मंजूरी दे दी है। इनमें नई सड़कों और पुलों के निर्माण के साथ मौजूदा सड़कों के उन्नयन, चौड़ीकरण, मजबूतीकरण, विद्युतीकरण और सौंदर्यीकरण के कार्य शामिल हैं। लोक निर्माण विभाग ने संबंधित अधिकारियों को चयनित ठेकेदारों एवं निर्माण एजेंसियों को यथाशीघ्र कार्यादेश जारी कर निर्माण कार्य प्रारंभ कराने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रदेश में मजबूत सड़क एवं पुल अधोसंरचना का निर्माण राज्य सरकार की विकास प्राथमिकताओं में शामिल है। बेहतर सड़कें गांवों और शहरों के बीच कनेक्टिविटी मजबूत करने के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार और अन्य आवश्यक सेवाओं तक लोगों की पहुंच को सुगम बनाती हैं। इन परियोजनाओं के पूरा होने से आवागमन बेहतर होगा और व्यापार, पर्यटन सहित स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री श्री साय ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि स्वीकृत परियोजनाओं का लाभ लोगों तक जल्द पहुंचे, इसके लिए कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाए और निर्माण की गुणवत्ता की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।

उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में सड़क और पुल अधोसंरचना के विस्तार के लिए योजनाबद्ध ढंग से काम कर रही है। लोक निर्माण विभाग द्वारा प्रदेशभर में 24 महत्वपूर्ण कार्यों की निविदाओं को मंजूरी दी गई है। अधिकारियों को कार्यादेश जारी कर बरसात के बाद निर्माण कार्यों को तत्काल गति देने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाएगा, जिससे प्रदेशवासियों को बेहतर, तेज और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी।

लोक निर्माण विभाग द्वारा मंजूर 24 कार्यों में नई सड़कों के सात कार्य, पुल एवं पहुंच मार्गों के दो कार्य, सड़कों के उन्नयन के तीन कार्य तथा चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण के 12 कार्य शामिल हैं।

दुर्ग, धमतरी, राजनांदगांव सहित विभिन्न जिलों में बनेंगी नई सड़कें

लोक निर्माण विभाग ने दुर्ग जिले में पुलगांव पुल मुख्य मार्ग से अंजोरा-रसमड़ा राज्य मार्ग में पुल-पुलिया सहित 5.28 किलोमीटर फोरलेन सड़क के निर्माण के लिए 28 करोड़ 2 लाख 70 हजार रुपए की निविदा को मंजूरी दी है। धमतरी जिले में राजनांदगांव-गुंडरदेही-धमतरी-नगरी सिहावा-बोराई राज्य मार्ग के आमदी नगर पंचायत में 3.50 किलोमीटर फोरलेन गौरव पथ के निर्माण एवं सौंदर्यीकरण के लिए 19 करोड़ 26 लाख 10 हजार रुपए की निविदा स्वीकृत की गई है।

राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ में पुल-पुलियों सहित आठ किलोमीटर फोरलेन परिक्रमा पथ के लिए 46 करोड़ 22 लाख 8 हजार रुपए, बिलासपुर जिले में 17.61 किलोमीटर झाल से नगपुरा मार्ग के लिए 29 करोड़ 91 लाख 92 हजार रुपए, महासमुंद जिले में पुल-पुलियों सहित 6.50 किलोमीटर सल्डीह-बहादुरपुर मुख्य जिला मार्ग के लिए 11 करोड़ 27 लाख 98 हजार रुपए, बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में 7.60 किलोमीटर सिविलदाग-नीलकंठपुर सड़क के लिए 14 करोड़ 13 हजार रुपए तथा रायगढ़ जिले में 3.40 किलोमीटर उर्दना-कृष्णापुर-खैरपुर मार्ग के लिए 13 करोड़ 74 लाख 29 हजार रुपए की निविदा को मंजूरी दी गई है।

 

बाइक राइडर टीम के साथ रामगढ़ पहुंचे मंत्री श्री अग्रवाल, श्रीराम मंदिर में दर्शन-पूजन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना

सेवा का संकल्प, संस्कारों का सम्मान और समाज के प्रति समर्पण हमारी संस्कृति की पहचान : मंत्री श्री राजेश अग्रवाल

रायपुर,  अक्टूबर 2026/ सेवा, संस्कार और समाज के प्रति समर्पण का संदेश लेकर गुजरात से निकली बाइक रैली के उदयपुर आगमन पर पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने बाइक राइडर टीम का भव्य स्वागत एवं आत्मीय अभिनंदन किया। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस अवसर पर रैली के माध्यम से सेवा भावना, सामाजिक सरोकार, सांस्कृतिक मूल्यों और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश दिया गया।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि गुजरात से सेवा और संकल्प का संदेश लेकर निकली बाइक रैली के प्रतिभागियों का उदयपुर में स्वागत करना सुखद अवसर रहा। उन्होंने कहा कि यह बाइक रैली केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि सेवा, संस्कार, एकता और सामाजिक दायित्व के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रेरक प्रयास है। युवाओं की ऊर्जा जब सेवा और समाजहित के संकल्प से जुड़ती है, तो वह सकारात्मक परिवर्तन की मजबूत शक्ति बन जाती है।

मंत्री श्री अग्रवाल ने कहा कि सेवा भारतीय संस्कृति का मूल संस्कार है। हमारी संस्कृति हमें स्वयं से पहले समाज और राष्ट्र के हित के बारे में सोचने की प्रेरणा देती है। सेवा का संकल्प, संस्कारों का सम्मान और समाज के प्रति समर्पण हमारी पहचान और हमारी शक्ति है। सेवा संकल्प अभियान इसी भावना को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का माध्यम बन रहा है।

बाइक रैली के स्वागत के पश्चात पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल बाइक राइडर टीम के सदस्यों के साथ रामगढ़ स्थित श्रीराम मंदिर पहुंचे। यहां मंत्री श्री अग्रवाल और बाइक राइडर्स ने प्रभु श्रीराम के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की तथा क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और मंगलमय जीवन की कामना की। इस अवसर पर आस्था, संस्कृति और सेवा का सुंदर संगम देखने को मिला।

मंत्री श्री अग्रवाल ने कहा कि प्रभु श्रीराम का जीवन हमें मर्यादा, कर्तव्य, त्याग और लोककल्याण की प्रेरणा देता है। आज बाइक राइडर साथियों के साथ रामगढ़ की पावन धरा पर प्रभु श्रीराम के दर्शन का सौभाग्य मिला। सेवा का संदेश लेकर निकले इन युवाओं का हमारी आस्था और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ना इस यात्रा को और भी सार्थक बनाता है।

उन्होंने कहा कि रामगढ़ हमारी समृद्ध ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है। हमारी धरोहरें केवल अतीत की स्मृतियां नहीं हैं, बल्कि नई पीढ़ी को अपने इतिहास, संस्कृति और संस्कारों से जोड़ने वाली अमूल्य विरासत हैं। इनके संरक्षण और संवर्धन के साथ इनके गौरव को नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

मंत्री श्री अग्रवाल ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान समाज में सेवा और जनकल्याण की भावना को और मजबूत कर रहा है। सेवा किसी विशेष अवसर तक सीमित न रहकर हमारे जीवन और आचरण का स्थायी संस्कार बने, यही इस अभियान का मूल संदेश है।

Page 1 of 6569

Ads

R.O.NO. 1399/63 Advertisement Carousel

MP info RSS Feed

फेसबुक