ईश्वर दुबे
संपादक - न्यूज़ क्रिएशन
+91 98278-13148
newscreation2017@gmail.com
Shop No f188 first floor akash ganga press complex
Bhilai
रायपुर. छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) कांग्रेस (Congress) कमेटी ने नगरीय निकाय चुनाव (Urban Body Election) के लिए घोषणा पत्र कमेटी का ऐलान कर दिया. नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया (Shiv Dehriya) के नेतृत्व में बनाई गई कमेटी में कुल 21 सदस्य शामिल हैं, जो प्रदेश के अलग-अलग निकायों की जरूरतों के अनुसार मुद्दों को शामिल कर घोषणा पत्र (Declaration Letter) तैयार करेंगे. कमेटी में एक चौकाने वाली बात ये है कि मंत्री टीएस सिंहदेव (TS Singhdeo) को केवल एक सदस्य के तौर पर शामिल किया गया है. मालूम हो कि ये वहीं टीएस सिंहदेव हैं जिन्हें विधानसभा चुनाव (Assembly Election) के दौरान घोषणा पत्र कमेटी का संयोजक (Convener) बनाया गया था और इसी घोषणा पत्र के दम पर कांग्रेस ने सूबे में बंपर जीत हासिल की थी.
निकाय चुनाव के लिए कांग्रेस का प्लान
मालूम हो कि छत्तीसगढ़ में 21 दिसंबर को होने वाले नगरीय निकाय चुनाव के लिए कांग्रेस पूरी तरह से रणनीति बनाने में लग गई है. रणनीति तय करने के लिए कांग्रेस ने शनिवार को दिनभर मैराथन बैठक किया. बैठक में चुनावी मुद्दों और दावे-वादे के लिए नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. शिव कुमार डहरिया की अध्यक्षता में 21 सदस्यी घोषणा पत्र कमेटी का गठन किया गया. साथ ही कुल 2840 वार्डों के लिए प्रत्याशी चयन का फॉर्मूला समन्यव को बनाया गया. दरअसल, सत्ताधारी दल कांग्रेस को दावेदारों की बढ़ती भीड़ के कारण प्रत्याशी चयन में बगावत का भय सता रहा है. यहीं वजह है कि पार्टी ने समन्वय के आधार पर ही प्रत्याशी चयन का निर्णय लिया है.
जल्द होगा नामों का ऐलान
जानकारी के मुताबिक कांग्रेस ने प्रदेश चुनाव समिति को दवाब से बचाने के लिए सभी जिला-शहर अध्यक्षों को सिंगल नामों की सूची देने के निर्देश दिए हैं. समन्यव के आधार पर सिंगल नाम तय करने के लिए जिला चयन समिति की बैठक करने को भी कहा गया है. फैसले की जानकारी देते हुए पीसीसी चीफ मोहन मरकाम और पीसीसी प्रभारी पीएल पुनिया ने कहा कि जिला चयन समिति के निर्णय पर प्रदेश चुनाव कमेटी 3 तारीख को मुहर लगाएगी. अगर कहीं विवाद की स्थिति नहीं बनती है तो 4 तारीख तक नामों का ऐलान कर दिया जाएगा. बता दें कि निकाय चुनाव में नामांकन की अंतिम तारीख 6 दिसंबर तय है.
रायपुर. राज्यसभा सांसद (Rajya Sabha MP) और कांग्रेस (Congress) के नेता दिग्विजय सिंह (Digvijay Singh) ने बीजेपी सांसद साध्वी प्रज्ञा (Sadhvi Pragya) के नाथूराम गोडसे को देशभक्त कहने और बाद में माफी मांगने पर निशाना साधा है. शुक्रवार को रायपुर पहुंचे दिग्विजय सिंह ने कहा कि ऐसा पहली बार नहीं हुआ है जब प्रज्ञा ठाकुर ने इस तरह का बयान दिया हो. उन्होंने पहले भी ऐसा कहा है और कई बार अपने बयान पर माफी मांगी है. दिग्विजय सिंह ने कहा कि नाथूराम गोडसे (Nathuram Godse) बीजेपी (BJP) के मिजाज में उतरे हुए है. वो कितना भी कह दें कि माफी मांग लिया, लेकिन ये कई बार हुआ है. उन्होंने कहा कि जो नाथूराम गोडसे को महिमामंडित करते हैं, उन्हें तत्काल पार्टी से बाहर करना चाहिए.
गिरती GDP पर केंद्र सरकार को घेरा
छत्तीसगढ़ दौरे पर पहुंचे दिग्वजय सिंह ने देश की गिरती जीडीपी (GDP) को लेकर केंद्र सरकार पर भी हमला बोला. उन्होंने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था (Indian Economy) बिगड़ गई है लेकिन केंद्र के पास उसे सुधारने की कोई रणनीति नहीं है. सरकार की ओर से केवल एक ही बात दोहराया जा रहा है कि घबराने की कोई बात नहीं है.
दिग्विजय सिंह ने बेरोजगारी मुद्दे पर केंद्र को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि देश में बेरोजगारी (Unemployment) की समस्या बढ़ी है, इन्वेस्टमेंट नहीं आ रहा है. बिजली की खपत कम हो रही है लेकिन इन सभी मसलों पर केंद्र का कोई सरोकार नहीं है. उन्होंने कहा कि जीएसटी और नोटबंदी की वजह से आज देश आर्थिक मंदी के दौर से गुजर रहा है. वहीं छत्तीसगढ़ में धान खरीदी के मुद्दे को लेकर कहा कि धान पर समर्थन मूल्य किसानों का हक है, उन्हें मिलना चाहिए. केंद्र सरकार बहुत गलत व्यवहार कर रही है, जो केंद्र सरकार का रेट है, वो तो मिलना ही चाहिए.
महाराष्ट्र मुद्दे पर दिग्विजय ने ये कहा
महाराष्ट्र चुनाव में बीजेपी ने अपने संकल्प पत्र में विनायक दामोदर सावरकर (Vinayak Damodar Savarkar) को भारत रत्न (Bharat Ratna) दिलाने का वादा किया था, जिसका शिवसेना (Shiv Sena) ने समर्थन किया था. लेकिन अब शिवसेना के साथ कांग्रेस और एनसीपी (NCP) गठबंधन की सरकार बनने पर सावरकर को भारत रत्न देने के मामले में राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह का कहना है कि वो सावरकर का सम्मान करते हैं, पहले उन्होंने देश की आजादी के लिए काफी योगदान दिया है. लेकिन बाद में जब काला पानी की सजा दी गई तो उन्होंने अंग्रेजों से माफी मांगी.
विपक्ष पर लगाया गुमराह करने का आरोप
बता दें कि 28 नवंबर को न्यूज़ 18 से एक्सक्लूसिव बातचीत के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने विपक्ष पर इलेक्ट्रोरल बॉन्ड पर देश को गुमराह करने का आरोप लगाया था. इस पर अब दिग्विजय सिंह का बयान सामने आया है. उन्होंने कहा है कि विपक्ष अगर गुमराह कर रहा है तो राज्यसभा में चर्चा क्यों नहीं करने दे रही है सरकार. चर्चा कराएं, हम बताएंगे देश की जनता को पीएम नरेंद्र मोदी और अमित शाह ने कितना झूठ बोला है.
Success Story: आज की सक्सेस स्टोरी में मिलिए 2018 में यूपीएससी सिविल सर्विस परीक्षा में 13वीं रैंक हासिल कर IAS बने वर्णित नेगी से. आईएएस की तैयारी करने से पहले भी वर्णित पॉवर ग्रिड कार्पोरेशन में बतौर इंजीनियर कार्यरत थे. वर्णित ने अच्छी खासी नौकरी छोड़कर आईएएस की तैयारी शुरू की.
वर्णित छत्तीसगढ़ के जशपुर से हैं. वहीं से प्राइमरी एजुकेशन ली. इसके बाद बिलासपुर में डीएवी पब्लिक स्कूल से 10वीं तक की पढ़ाई की. 11वीं और 12वीं कोटा राजस्थान से की. इसके बाद एनआईटी से सिविल इंजीनियरिंग कर पॉवर ग्रिड कार्पोरेशन में इंजीनियर की नौकरी हासिल की. नौकरी भी कर रहे थे और आईएएस बनने का ख्वाब भी मन ही मन पल रहा था. फिर हिम्मत कर मार्च 2016 में नौकरी से इस्तीफा देकर तैयारी शुरू की.
पहले अटेंप्ट में वर्णित का मेन एग्जाम क्लीयर नहीं हुआ. दूसरी बार में 504वीं रैंक आई. इस रैंक के मुताबिक उन्हें असिस्टेंट सिक्योरिटी कमिश्नर रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स का पद दिया गया. लेकिन वे पद से संतुष्ट नहीं हुए. फिर से तैयारी की और तीसरे अटेंप्ट में 13वीं रैंक हासिल हुई. कामयाबी पा चुके वर्णित ने अपना तजुर्बे से ऐसी बहुत सी बातें बताईं जिन्हें तैयारी करने वाले कैंडीडेट्स टिप्स के तौर पर ले सकते हैं. जानें क्या हैं वे ज़रूरी बातें.
- यूपीएससी की तैयारी के लिए हमें सोशल मीडिया से बाहर आना होता है.
-तैयारी के दौरान लोगों से कटकर रहते हैं. फेमिली का मानसिक रूप से सहयोग सबसे ज्यादा जरूरी है.
-यूपीएससी की तैयारी में सिर्फ हार्डवर्क नहीं स्मार्ट हार्डवर्क चाहिए.
-स्मार्टली तैयारी के साथ धैर्य और निरंतरता भी जरूरी है.
-तैयारी के दौरान मन के हिसाब से चलें. पढ़ाई का मन हो तो बहुत कुछ पढ़ा जा सकता है.
-कैंडिडेट्स याद रखें ये बहुत टफ कम्पटीशन है इसमें आईआईटी, मेडिकल और सीए के टॉपर्स आते हैं.
प्री और मेन्स की तैयारी में कुछ समानताएं तो कुछ विभिन्नताएं हैं. प्री में ऑप्शन होते हैं, परीक्षा के दौरान टॉपिक देखकर रीकॉल कर सकते हैं. जबकि मेन्स में सारे टॉपिक खुद रीकॉल करने पड़ते हैं. तैयारी साथ में हो सकती है लेकिन हमें स्मार्टली याद रखें किन टॉपिक्स को कैसे तैयार करना है.
रायपुर, 30 नवम्बर 2019
मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के मुख्य आतिथ्य और प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री लालजीत सिंह राठिया की अध्यक्षता में आज यहां मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में मध्यक्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की प्रथम बैठक आयोजित की गई। मुख्यमंत्री ने बैठक में कहा कि पहले प्रदेश में आदिवासी क्षेत्रों के विकास के लिए केवल दो बस्तर और सरगुजा विकास प्राधिकरण थे। बस्तर तथा सरगुजा विकास प्राधिकरण के सम्मिलित जिलों के अतिरिक्त शेष आदिवासी उपयोजना क्षेत्र के विकास की अल्पकालिक तथा दीर्घकालिक योजनाओं के निर्माण, क्रियान्वयन की समीक्षा के लिए मध्यक्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण का गठन किया गया है। मध्यक्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण के अंतर्गत सम्पूर्ण राजस्व जिला कोरबा के अतिरिक्त गरियाबंद, धमतरी, महासमुंद, बलौदाबाजार-भाटापारा, बालोद, राजनांदगांव, कबीरधाम, मुंगेली, बिलासपुर, रायगढ़ तथा जांजगीर-चांपा के आदिवासी उपयोजना क्षेत्र में सम्मिलित क्षेत्र शामिल है। इस प्राधिकरण के गठन से आदिवासी क्षेत्रों के विकास में तेजी आएगी।
बैठक में बताया गया कि मध्यक्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण में शामिल समस्त 12 जिलों में वित्तीय वर्ष 2018-19 में लगभग 20 करोड़ रूपए की स्वीकृत राशि से 419 विकास तथा निर्माण कार्य संचालित है। इनमें से वर्तमान में 14 करोड़ रूपए की राशि के 286 कार्यों को पूर्ण कर लिया गया है। इस दौरान चर्चा करते हुए मध्यक्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण के जिले के अतंर्गत चिन्हाकित ग्रामों की सूची संबंधित सांसदो तथा विधायकों को उपलब्ध कराने के लिए निर्देशित किया गया। बैठक में प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री लालजीत सिंह राठिया और उपाध्यक्ष डॉ. लक्ष्मी धु्रवे तथा श्री पुरूषोत्तम कंवर ने भी संबोधित किया। जिसमें उन्होंने बताया कि इसके गठन से आदिवासी उपयोजना क्षेत्रों में विकास को और गति मिलेगी। इससे प्राधिकरण के अंतर्गत आदिवासी क्षेत्र तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था के लिए अति आवश्यक कार्य तथा आदिवासियों की संस्कृति के परिरक्षण के लिए आवश्यक सभी कार्य लिए जा सकेंगे।
बैठक में प्राधिकरण के अंतर्गत संचालित कार्यों की प्रगति, वित्तीय वर्ष 2019-20 के लिए प्राधिकरण मद से प्राप्त बजट प्रावधान तथा नवीन प्रस्तावों की स्वीकृति आदि विषयों पर चर्चा की गई। चर्चा में आदिवासी क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल व्यवस्था, जल संरक्षण, पशु सेवाएं और कौशल उन्नयन विकास पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में जानकारी दी गई कि प्राधिकरण क्षेत्र में निवासरत अनुसूचित जनजातियों की सामाजिक, सांस्कृतिक व आर्थिक हितों के संरक्षण जैसे कार्यों को प्राथमिकता से लिया जाना है। जनजाति विकास से संबंधित नीतियों तथा प्राथमिकताओं के अनुसार क्षेत्रीय विकास के लिए उपाय और जन आकांक्षाओं के अनुरूप विकास तथा निर्माण कार्यों को शीघ्रता से स्वीकृत कर पूर्ण कराया जाना है।
इस अवसर पर पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री टी.एस. सिंहदेव, स्कूल शिक्षा तथा आदिमजाति कल्याण मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम, खाद्य मंत्री श्री अमरजीत भगत, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अनिला भेंड़िया, राजस्व मंत्री श्री जयसिंह अग्रवाल, उच्च शिक्षा मंत्री श्री उमेश पटेल, राज्यसभा सांसद श्रीमती छाया वर्मा सहित प्राधिकरण के सदस्य और मुख्य सचिव श्री आर.पी. मण्डल, अपर मुख्य सचिव श्री अमिताभ जैन, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री गौरव द्विवेदी, प्रमुख सचिव पंचायत एवं ग्रामीण विकास श्री सुब्रत साहू, सचिव आदिम जाति विकास श्री डी.डी. सिंह तथा संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
रायपुर, 30 नवम्बर 2019
मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ के नवनिर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भागीदारी होनी चाहिए। युवाओं के बदौलत बदलाव, क्रांति और परिवर्तन होता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के नवनिर्माण में युवाओं को बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। हमारे प्रदेश के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। अपनी प्रतिभा के बदौलत समाज में उच्च स्थान प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए युवाओं को अपनी प्रतिभा को परिष्कृत करते रहना चाहिए। श्री भूपेश बघेल ने प्रदेश के युवाओं को आश्वस्त करते हुए कहा कि राज्य की नौकरियों और रोजगार में ज्यादा से ज्यादा भागीदारी छत्तीसगढ़ के युवाओं की रहेगी। श्री बघेल ने उक्त बातें आज श्री बलवीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित ‘यूथ कार्निवाल को सम्बोधित करते हुए कही। कार्यक्रम में खाद्य और संस्कृति मंत्री श्री अमरजीत भगत उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेशभर के छात्र-छात्राएं यूथ कार्निवाल में उपस्थित हुए हैं। इनमें से बहुत से छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं के सम्मान, उनके उज्ज्वल भविष्य और कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए बधाई और शुभकामनाएं दी। श्री बघेल ने कहा कि आगामी जनवरी माह में स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर तीन दिवसीय यूथ महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम युवाओं के नाम पर होगा। उन्होंने प्रदेश के युवाओं को इस कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने प्रदेश के शहरों और गांवों के विकास के लिए युवाओं को सामने आने को कहा, ताकि प्रदेश के कोने-कोने का सुव्यवस्थित विकास हो सके। उन्होंने इस मौके पर प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने छात्र-छात्राओं द्वारा आयोजित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की जीवनी पर आधारित नाटिका की प्रशंसा की। कार्यक्रम में श्री गिरीश दुबे, श्री कन्हैया अग्रवाल, श्री आकाश शर्मा सहित प्रदेशभर के छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
रायपुर, 30 नवम्बर 2019 मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल से आज यहां उनके निवास कार्यालय में छत्तीसगढ़ी अग्रवाल समाज रायपुर के प्रतिनिधि मंडल ने सौजन्य मुलाकात की। श्री बघेल ने इस अवसर पर छत्तीसगढ़ी अग्रवाल समाज के मुख पत्र संगठन युग का वार्षिकांक ‘मंगल माधुरी’ वैवाहिक पत्रिका का विमोचन किया। प्रतिनिधि मंडल में छत्तीसगढ़ी अग्रवाल समाज केन्द्रीय समिति के केन्द्रीय अध्यक्ष श्री अजय दानी, सचिव श्री जयप्रकाश अग्रवाल, कोषाध्यक्ष श्री प्रकाशानंद अग्रवाल, श्री व्ही.के. अग्रवाल, श्री उमेश अग्रवाल तथा श्री धरम अग्रवाल उपस्थित थे।
बिलासपुर. छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में चोरी के एक मामले का खुलासा पुलिस ने कर दिया है. मोटी रकम की लालच में रिटायर्ड टीआई के घर चोरी की साजिश रचने वाले वकील समेत 3 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. पकड़े गए आरोपियों से नगदी सहित लगभग डेढ़ लाख रुपए की ज्वेलरी और मोबाइल भी जब्त किया है. वारदात को अंजाम देने के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की. इसी फुटेज से पुलिस आरोप तक पहुंची. पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म भी कबूल कर लिया. फिलहाल मामले में शामिल एक और आरोपी अभी फरार है. पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है.
रिटायर्ड थाना प्रभारी के घर की थी चोरी
दरअसल बीते दिनों थाना सकरी अंतर्गत आसमां कॉलोनी में रहने वाले रिटायर्ड टीआई एससी शुक्ला के घर अज्ञात चोरों द्वारा मकान का ताला तोड़कर घर में रखे सोने-चांदी के जेवर समेत नगदी पार कर दिया था. घटना के बाद से लगातार पुलिस द्वारा सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही थी. सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस ने टिकरापारा निवासी राजेश को पकड़कर पूछताछ किया. पूछताछ में राजेश ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना बताया.
एक अभी भी फरार
हैरानी तो इस बात की है कि एक वकील ने ही पूर्व पुलिस अधिकारी के घर चोरी की कहानी लिखी, और इसमें कई शातिर चोरों को अपना साथी बनाया. घटना 21 नवंबर की है जहां आसमा सिटी में रहने वाले रिटायर्ड थाना प्रभारी एससी शुक्ला अपने पारिवारिक कार्य से दिल्ली गए हुए थे. घर सूना पाकर आसमा सिटी में ही रहने वाले पेशे से अधिवक्ता सतीश सिंह ठाकुर ने चोरी की वारदात को अंजाम देने योजना बनाई. रिटायर्ड पुलिस अधिकारी के घर मोटा माल होने की उम्मीद में उसने कुछ शातिर चोरों को अपने साथ मिलाया और एससी शुक्ला के घर की घटना को अंजाम दिया. चोरों ने रिटायर्ड अधिकारी करीब साढ़े तीन लाख रुपए की चोरी की थी. इस मामले में पुलिस ने मास्टरमाइंड वकील सतीश सिंह के साथ राजेश पासी और केशव यादव को गिरफ्तार कर लिया है. लेकिन इस मामले का एक और आरोपी दयालबंद निवासी संजय खरे अभी भी फरार है.
जशपुर. छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) के जशपुर (Jashpur) जिले में अपनी आबरू बचाने एक महिला को जान की बाजी लगानी पड़ गई है. महिला के साथ चलती बाइक में एक शख्स छेड़छाड़ (Molestation) कर रहा था. खुद को बचाने महिला तेज तफ्तार बाइक से कूद पड़ी. इस हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई हैं. फिलहाल उनका इलाज किया जा रहा है. घटना में शामिल आरोपी फरार बताया जा रहा है. फिलहाल पुलिस (Police) ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है. कुनकुरी थाने के सामने की ये पूरी घटना है.
लिफ्ट के बहाने छेड़छाड़
मिली जानकारी के मुताबित महिला को कांसाबेल इलाके से कुनकुरी जाना था. रास्ते में उसने एक शख्स से कुनकुरी तक जाने के लिए लिफ्ट मांगा. उसके महिला को अपनी बाइक में लिफ्ट दी और कुनकुरी के लिए दोनों निकल गए. बताया जा रहा है कि रास्ते भर बाइक चालक ने महिला के साथ छेड़छाड़ की. कुनकुरी पहुंचने पर महिला ने आरोपी को बाइक रोकने को कहा. लेकिन आरोपी ने बाइक रोकी नहीं और स्पीड से आगे ले जाने की कोशिश करने लगा. इसी बीच महिला ने खुद को बचाने के लिए बाइक से छलांग लगा दी.
महिला की हालत गंभीर
बताया जा रहा है कि ये पूरी घटना कुनकुरी थाने के सामने हुई. महिला थाने के पास ही गिरी. महिला के गिरते ही भीड़ इकट्ठा हो गई. घायल महिला को तुरंत कुनकुरी हॉलीक्रॉस अस्पताल में भर्ती किया गया, बताया जा रहा है कि इस हादसे में महिला को काफी चोट आई है. महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है. वहीं वारदात के बाद आरोपी बाइक चालक मौके से फरार हो गया है. महिला अभी कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं है. फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है.
रायपुर, 30 नवम्बर 2019

नक्सल प्रभावित सुदूर दक्षिण बस्तर दन्तेवाड़ा जिले की स्व-सहायता समूहों की महिलाएं अब स्वावलंबन का पर्याय बन चुकी हैं। ई-रिक्शा चलाती,वनोपज से सामान तैयार करती इन महिलाओं की तारीफ स्वयं प्रधानमंत्री कर चुके हैं। तेजी से तरक्की की राह पर बढ़ती इन महिलाओं के लिए भी महीने के खास दिनों में स्वस्थ रहते हुए पूरी ऊर्जा से अपने कार्य पर डटे रहना एक चुनौती थी, क्योंकि स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता इनमें पूरी तरह नहीं थी। सरकार ने इस समस्या को देखते हुए वनांचल क्षेत्र की महिलाओं में स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूकता लाने के लिए ‘मेहरार चो मान‘ यानी ‘महिलाओं का सम्मान‘ अभियान के जरिए बेहतरीन प्रयास शुरू किया है।
‘मेहरार चो मान‘ का उद्देश्य केवल किशोरियों और महिलाओं को सेनेटरी पैड उपलब्ध कराना न होकर उन्हें मासिक धर्म के बारे में विभिन्न भ्रांतियों के प्रति जागरूक कर गम्भीर बीमारियों से निजात दिलाना भी है। ‘मेहरार चो मान‘ अभियान से जुड़कर समूह की महिलाएं न केवल सेनिटरी पैड निर्माण से आय अर्जित कर अपने परिवार को संबल प्रदान कर रहीं हैं बल्कि किशोरियों और ग्रामीण महिलाओं को निःशुल्क सेनिटरी पैड वितरण कर जागरूक भी कर रहीं है। इस छोटी सी पहल का इतना असर हुआ है कि कभी आपस में मासिक धर्म के बारे में बात न करने वाली ग्रामीण महिलाएं अब बेबाक होकर अपनी समस्या बता लेती हैं। पूरे गांव और आसपास के इलाके में घरों में इसे गंभीरता से लिया जा रहा है। महिलाएं कपड़े का इस्तेमाल न कर अब पैड्स का इस्तेमाल कर रही हैं।
जिला प्रशासन और एनएमडीसी के सहयोग से बनाए गए पांच केन्द्रों में लगभग 45 महिलाएं सेनेटरी पैड निर्माण का कार्य करती हैं। सेनेटरी पेड बनाने के कार्य में लगी महिलाओं को इससे लगभग 3 से 4 हजार रुपए की मासिक आमदनी भी हो रही है। इनके द्वारा बनाए गए सेनेटरी पैड को आश्रम और छात्रावास,स्कूल और पोटा केबिन में अध्ययनरत बालिकाओं को निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है। इस कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों के साथ स्व सहायता समूह की लगभग 4 हजार महिलाएं जुड़ी हैं। इन पांच केन्द्रों में हर माह लगभग 11 हजार सेनेटरी पेड का निर्माण होता है। कार्यक्रम की सफलता को देखते हुए अब केन्द्रों को विस्तारित करने की कार्यवाही की जा रही है।
मां दंतेश्वरी स्व सहायता समूह की सदस्य श्रीमती अनिता ठाकुर ने बताया कि जिले के ग्राम संगठन के माध्यम से हम सेनिटरी पैड का निर्माण करते हैं। ग्राम संगठन में जुड़ी 8 समूहों की 10 महिलाएं सेनिटरी पैड बनाने का काम करती हैं। ये महिलाएं दो पंचायतों बालूद और चितालूर में सेनिटरी पैड उपलब्ध कराती हैं,जिसे ग्रामीण महिलाओं को निःशुल्क उपलब्ध कराया जाता है। श्रीमती ठाकुर ने बताया कि सेनेटरी पैड निर्माण से महिलाएं हर माह 4-5 हजार रूपए की कमाई कर लेती हैं।
नई दिशा महिला स्व-सहायता समूह की अध्यक्ष निकिता मरकाम ने बताया कि कुल 12 महिलाओं ने सेनेटरी पैड निर्माण की ट्रेनिंग ली थी उनमें से 10 निर्माण में लगी हुई हैं। उन्होंने बताया कि गांव की महिलाओं में सेनेटरी पैड के उपयोग को लेकर जागरूकता की कमी थी, इसलिए उन्हें इसके फायदे और नुकसान के बारे में घर-घर जा कर और समूहों की मीटिंग में बताना पड़ा। महिलाओं को जब पता चला कि गंदा कपड़ा इस्तेमाल करने से संक्रमण और बीमारियां हो सकती हैं तो उन्होंने पैड का इस्तेमाल करना शुरू कर दिया। 12 वीं तक पढ़ी निकिता ने बताया कि उसके समूह की 3-4 महिलाएं ही 8 वीं से 12 वीं तक पढ़ी लिखी हैं। सेनेटरी पैड के निर्माण में लगी कई बेरोजगार महिलाएं अब खुश हैं कि उन्हें आय का साधन मिल गया है।
रायपुर, 30 नवम्बर 2019 पुलिस महानिदेशक श्री डी.एम. अवस्थी की अध्यक्षता में आज पुलिस मुख्यालय नवा रायपुर में महाधिवक्ता कार्यालय के अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। महाधिवक्ता श्री सतीशचंद वर्मा के साथ आयोजित बैठक में माननीय उच्च न्यायालय से संबंधित निर्देशों एवं कार्याें का समय-सीमा में बेहतर ढंग से निराकरण किए जाने पर चर्चा की गई। माननीय उच्च न्यायालय द्वारा जारी किए जाने वाले संमंस, वारंट की तामिली या वांछित प्रकरणों की डायरी अथवा दस्तावेज समय पर निरंतर उपलब्ध हो सके, इस दिशा में भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक श्री अशोक जुनेजा और श्री हिमांशु गुप्ता, पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज श्री विवेकानंद सिन्हा, पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज श्री आनंद छाबड़ा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग श्री अजय यादव, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायपुर श्री आरिफ शेख, महाधिवक्ता कार्यालय से अतिरिक्त महाधिवक्ता श्री विवेकरंजन तिवारी, श्री आलोक बक्शी, सुश्री फौजिया मिर्जा, उप महाधिवक्ता श्री मतीन सिद्धिकी, श्री जीतेन्द्र पाली, श्री हरप्रीत अहलुवालिया, श्री देवेन्द्र सिंह, श्री रजनेश बघेल, श्री सुदीप अग्रवाल, श्री घनश्याम पटेल, श्री आदिल मिनाज प्रमुख रूप से उपस्थित थे।
अधूरे कार्यो को शीघ्र पूरा करने के निर्देश
नाला बंधान कार्यो में स्थानीय ग्रामीणों के सुझाव लिए जाएंगे
जनप्रतिनिधि अपने क्षेत्रों के गौठानों का करें निरीक्षण
दोनों प्राधिकरणों के सदस्यों से नये कार्यो के प्रस्ताव आमंत्रित
आचार संहिता के चलते शहरी क्षेत्रों की नहीं की गई समीक्षा
रायपुर, 30 नवम्बर 2019 मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल की अध्यक्षता में आज यहां उनके निवास कार्यालय में छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण तथा अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण की समीक्षा बैठक। बैठक में दोनों प्राधिकरणों से स्वीकृत किए गए कार्यो की प्रगति की समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने अधूरे निर्माण कार्यो को गुणवत्ता के साथ जल्द से जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए। नगरीय निकायों के निर्वाचन की आचार संहिता को देखते हुए इन दोनों प्राधिकरणों में आने वाले शहरी क्षेत्रों की समीक्षा नही की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी सुराजी ग्राम योजना के अंतर्गत गांवों में आदर्श और दर्शनीय गौठानों का निर्माण सुनिश्चित किया जाए। वहां मापदंडों के अनुसार सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों से भी अपने-अपने क्षेत्रों में बन रहे गौठानों का सतत रूप से निरीक्षण करने का आग्रह किया। बैठक में यह प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया कि केन्द्र सरकार से सीएसआर के नियमों में संशोधन करने का आग्रह किया जाए। बैठक में प्राधिकरणों के सदस्यों ने कहा कि सीएसआर के कामों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों को इस मद से स्वीकृत किए जाने वाले कार्यो को मंजूरी देने वाली समिति में शामिल किया जाए। जिससे सीएसआर मद से स्थानीय आवश्यकता वाले कार्यो को स्वीकृति दी जा सके। मुख्यमंत्री ने दोनों प्राधिकरणों के सदस्यों से अगले दस दिन में नये प्रस्ताव देने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री ने बैठक में कहा कि गांवों में ग्राम पटेलों की नियुक्ति की जाए और उन्हें नरवा, गरवा, घुरूवा और बाड़ी योजना से जोड़ा जाए। बैठक में मिनी माता स्वावलंबन योजना और कृषकों के असाध्य सिंचाई पंपों के विद्युतीकरण के कार्य की प्रगति की समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने नरवा योजना के अंतर्गत भूमिगत जल रिचार्ज करने और सतही जल को रोकने के लिए नाला बंधान और छोटे डेम के कार्यो को प्राथमिकता से करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस कार्य में इसरो की मदद से तैयार किए गए सेटेलाइट नक्शों का उपयोग किया जाए और बंधान कार्य में स्थानीय ग्रामीणों के सुझाव भी लिए जाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 30 हजार नाले हैं। वर्तमान में 1028 नालों का डीपीआर तैयार कर लिया गया है।
बैठक में गृह मंत्री श्री ताम्रध्वज साहू, कृषि मंत्री श्री रविन्द्र चौबे, पंचायत मंत्री श्री टी.एस. सिंहदेव, आदिम जाति कल्याण मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह, नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. शिव कुमार डहरिया, उद्योग मंत्री श्री कवासी लखमा, राजस्व मंत्री श्री जयसिंह अग्रवाल, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अनिला भेंड़िया, उच्च शिक्षा मंत्री श्री उमेश पटेल, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री श्री अमरजीत भगत, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्री गुरू रूद्र कुमार, सांसद श्रीमती ज्योत्सना महंत, सांसद श्रीमती छाया वर्मा, श्री गुहाराम अजगले और श्री संतोष पाण्डेय सहित दोनों प्राधिकरणों के सदस्य, मुख्य सचिव श्री आर.पी. मंडल, अपर मुख्य सचिव श्री अमिताभ जैन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के प्रमुख सचिव श्री सुब्रत साहू, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री गौरव द्विवेदी, सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
रायपुर, 30 नवम्बर 2019 मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ को समृद्ध बनाने में सभी वर्गों का योगदान महत्वपूर्ण है। श्री बघेल आज यहां रायपुर में ऑल इंडिया क्षत्रिय फेडरेशन के एक बिजनेस मीट कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हम सभी के साथ मिलकर राज्य को समृद्ध और सम्पन्न बनाने की ओर अग्रसर है। राज्य के सभी व्यवसायी और उद्यमी यहां की समृद्धि और सम्पन्नता के लिए योगदान दे रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार व्यापार और उद्योग के लिए सभी जरूरी सुविधाएं मुहैया कराने का प्रयास कर रही है। सम्मेलन में मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्री दिग्विजय सिंह विशेष रूप से उपस्थित थे। इस अवसर पर अखिल भारतीय क्षत्रिय फेडरेशन के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद थे।
जांजगीर-चांपा। अजाक थाने में कन्या स्कूल चांपा की एक शिक्षिका के खिलाफ की शिकायत में जांच शुरू हो गई है। स्कूल की भृत्य श्रीमती बूंदकुंवर कंवर ने बीते 15 मार्च को मामले में शिकायत की थी। शिकायत में श्रीमती बूंदकुंवर कंवर ने कहा है कि स्कूल की शिक्षिका श्रीमती संजू महंत द्वारा उसे जातिगत गाली गलौज की गई। इस दौरान श्रीमती पाठक व जगमोहन सिंह पैकरा मौजूद थे। उसने मामले में कार्रवाई की मांग की थी। अजाक उप पुलिस अधीक्षक श्री चौधरी का कहना है कि मामले में शिकायत मिली है। शीघ्र दोनों पक्षों का बयान लिया जाएगा। इसके बाद मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी। उल्लेखनीय है कि इसके पूर्व स्कूल के प्रधानपाठक जगमोहन सिंह पैकरा ने इसी शिक्षिका पर विद्यालय संचालन व कार्यालय कार्य में हस्तक्षेप करने का आरोप लगाते हुए चांपा थाने में शिकायत की थी। तो वहीं श्रीमती बूंदकुंवर कंवर, श्रीमती प्रभा देवांगन कई शिकायत कर चुकी है। इसके अलावा कक्षा सातवीं की छात्रा कु. फैजिया बेगम के साथ मारपीट करने का आरोप लगाते हुए उसके पिता मिर्जा एहसान बेग ने शिकायत की थी। कुछ मामले में जिला शिक्षा अधिकारी ने जांच के निर्देश दिए, लेकिन अब तक समस्या जस की तस है।