घुटनों के बल चलने वाली सुकमा की बेटी दीपिका ने भरी सपनों की उड़ान

बोन टीबी को मात देकर बनी नवोदय विद्यालय की छात्रा

रायपुर, 14 नवंबर 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के कुशल नेतृत्व और संवेदनशील पहल ने सुकमा जिले की एक होनहार बेटी के जीवन में नया उजाला भर दिया है। कभी गंभीर बीमारी के कारण घुटनों के बल चलने को मजबूर रहीं दीपिका नाग ने अपनी मेहनत और शासन की बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के दम पर हड्डी की टीबी (बोन टीबी) जैसी गंभीर बीमारी को मात दे दी है। आज वह जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा 11वीं की मेधावी छात्रा के रूप में अपने सुनहरे भविष्य का निर्माण कर रही हैं।

संघर्ष से सफलता तक की कहानी

सुकमा जिले के छिंदगढ़ विकासखंड के ग्राम बकुला घाट निवासी स्व. तुलसीराम नाग की पुत्री दीपिका को वर्ष 2020 में गंभीर शारीरिक तकलीफ के चलते जिला अस्पताल लाया गया था। स्थिति यह थी कि वह अपने पैरों पर खड़े होने में भी असमर्थ थीं और घुटनों के बल चलने को मजबूर थीं। जिला अस्पताल के हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. राजेश कुशवाहा ने गहन जांच के बाद पाया कि दीपिका को “बोन टीबी“ है। स्वास्थ्य अमले ने बच्ची को बाहर रेफर करने के बजाय जिले में ही सर्वाेत्तम चिकित्सा देने का निर्णय लिया। एक महीने तक अस्पताल में भर्ती रखकर उनकी सघन निगरानी की गई।

निःशुल्क उपचार और पोषण सहायता बनी संजीवनी

जिला प्रशासन सुकमा के मार्गदर्शन और स्वास्थ्य विभाग की प्रतिबद्धता के चलते लगभग दो वर्षों तक दीपिका का निरंतर और पूरी तरह निःशुल्क उपचार चला। इसके साथ ही, “राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम“ के तहत उन्हें नियमित जांच और पोषण आहार के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की गई। इस दौरान दीपिका का वजन 15 किलोग्राम बढ़ा।

पूरी तरह रोगमुक्त होकर फिर से अपने पैरों पर खड़ी होकर किया दौड़ना शुरू

बीमारी को हराने के बाद दीपिका ने अपने दृढ़ संकल्प के बल पर प्रतिष्ठित जवाहर नवोदय विद्यालय, सुकमा की प्रवेश परीक्षा पास की और आज वह अपनी पढ़ाई पूरी लगन के साथ कर रही हैं। प्रशासन की ओर से लगातार स्वास्थ्य मॉनिटरिंग का सिलसिला आज भी जारी है। हाल ही में दिवाली की छुट्टियों के दौरान जिला टीबी समन्वयक श्री जयनारायण सिंह ने दीपिका के घर पहुंचकर उनके स्वास्थ्य का फॉलोअप लिया। इस दौरान उन्हें वर्ष 2020 की वह पुरानी तस्वीर दिखाई गई जब वह अस्पताल में भर्ती थीं। अपनी उस तस्वीर को देखकर दीपिका भावविभोर हो उठीं और उनके चेहरे पर एक संतुष्टि भरी मुस्कान बिखर गई।।

प्रशासन की संवेनशीलता के प्रति आभार

दीपिका और उनके परिवार ने नया जीवन और बेहतर भविष्य देने के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय, जिला प्रशासन तथा स्वास्थ्य विभाग के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया है। सुकमा की यह बेटी आज क्षेत्र के अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन चुकी है।

 

आठ स्नातक और तीन डिप्लोमा पाठ्यक्रम शामिल

फिजिशियन एसोसिएट, रेडियोलॉजी, डायलिसिस और चिकित्सा प्रयोगशाला सहित कई क्षेत्रों में पढ़ाई का अवसर

रायपुर, 16 नवम्बर 2026/ छत्तीसगढ़ के शासकीय चिकित्सा महाविद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए सहायक एवं स्वास्थ्य देखभाल सेवाओं से जुड़े 11 पाठ्यक्रमों की प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इनमें आठ स्नातक और तीन डिप्लोमा पाठ्यक्रम हैं। इन पाठ्यक्रमों में विद्यार्थियों को रोगों की जाँच, उपचार में चिकित्सकीय सहयोग, नेत्र परीक्षण और स्वास्थ्य सूचनाओं के प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में प्रशिक्षण मिलेगा। पाठ्यक्रम राष्ट्रीय संबद्ध एवं स्वास्थ्य सेवा व्यवसाय आयोग (एनसीएएचपी) (National Commission for Allied and Healthcare Professions) के मानकों के अनुरूप हैं।

स्नातक स्तर पर चिकित्सक सहायक (फिजिशियन एसोसिएट), स्वास्थ्य सूचना प्रबंधन, चिकित्सा रेडियोलॉजी एवं इमेजिंग तकनीक, एनेस्थीसिया एवं ऑपरेशन थिएटर प्रौद्योगिकी, रेडिएशन थेरेपी तकनीक, डायलिसिस थेरेपी तकनीक, ऑप्टोमेट्री और चिकित्सीय प्रयोगशाला विज्ञान के पाठ्यक्रम उपलब्ध हैं। डिप्लोमा स्तर पर एनेस्थीसिया एवं ऑपरेशन थिएटर तकनीक, डायलिसिस तकनीक और चिकित्सीय प्रयोगशाला तकनीक के पाठ्यक्रम शामिल हैं।

संचालक चिकित्सा शिक्षा विभाग ने अभ्यर्थियों से अनुरोध किया है कि पाठ्यक्रमवार पात्रता, अध्ययन की अवधि और अन्य विवरण के लिए चिकित्सा शिक्षा विभाग की आधिकारिक वेबसाइट www.cgdme.in⁠ पर जाएँ। प्रवेश से संबंधित प्रामाणिक जानकारी के लिए केवल आधिकारिक शासकीय अधिसूचना का ही संदर्भ लें।

 

26वीं छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय जूनियर बालिका कबड्डी प्रतियोगिता का शानदार समापन, रोमांचक फाइनल में बिलासपुर को हराकर राजनांदगांव बना विजेता

मेजबान गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले ने तीसरा और रायपुर ने चौथा स्थान हासिल कर बढ़ाया गौरव

रायपुर, 16 नवंबर 2026/ छत्तीसगढ़ की बेटियों ने कबड्डी के मैदान में अपनी प्रतिभा, साहस, फुर्ती और अद्भुत खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन कर यह साबित कर दिया कि खेल के क्षेत्र में भी प्रदेश की बालिकाएं निरंतर नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर हैं। गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले के फिजिकल कॉलेज मैदान, पेण्ड्रा में आयोजित तीन दिवसीय 26वीं छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय जूनियर बालिका कबड्डी चैंपियनशिप 2026 का रविवार को उत्साह, उमंग और खेल भावना के साथ भव्य समापन हुआ। प्रतियोगिता के रोमांचक फाइनल मुकाबले में राजनांदगांव की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बिलासपुर को पराजित कर राज्य स्तरीय चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया। बिलासपुर की टीम उपविजेता रही, जबकि मेजबान गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले ने तीसरा तथा रायपुर जिले ने चौथा स्थान प्राप्त किया।

13 से 15 नवंबर तक आयोजित इस प्रतिष्ठित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के 26 जिलों की टीमों के कुल 364 बालिका खिलाड़ियों ने भाग लिया। तीन दिनों तक चले मुकाबलों में खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा, शारीरिक क्षमता, रणनीतिक कौशल और सामूहिक समन्वय का उत्कृष्ट परिचय दिया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के जोश और उत्साह ने दर्शकों को रोमांचित किया। विशेष रूप से अंतिम दिन खेले गए फाइनल मुकाबले में दोनों टीमों के बीच जबरदस्त प्रतिस्पर्धा देखने को मिली।

रोमांचक फाइनल मुकाबले में राजनांदगांव ने मारी बाजी

प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला राजनांदगांव और बिलासपुर की टीमों के बीच खेला गया। दोनों टीमों ने खिताब हासिल करने के लिए पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मुकाबले के दौरान खिलाड़ियों की फुर्ती, मजबूत रक्षात्मक रणनीति, आक्रामक खेल और आपसी तालमेल ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।

राजनांदगांव की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बिलासपुर को पराजित कर विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया। बिलासपुर की टीम ने भी उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए उपविजेता का स्थान हासिल किया। वहीं मेजबान गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले की टीम ने तीसरा स्थान प्राप्त कर जिले का गौरव बढ़ाया। रायपुर जिले की टीम चौथे स्थान पर रही।

प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आई बालिका खिलाड़ियों ने साबित किया कि निरंतर अभ्यास, अनुशासन और आत्मविश्वास के बल पर खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं।

समापन समारोह को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. ने कहा कि गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले को राज्य स्तरीय जूनियर बालिका कबड्डी प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर मिलना अत्यंत गौरव की बात है। इस आयोजन से जिले की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलने के साथ ही प्रदेश के विभिन्न जिलों की खिलाड़ियों को एक-दूसरे से सीखने और अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर मिला है।

कलेक्टर ने कहा कि खेल केवल जीत और हार तक सीमित नहीं होते, बल्कि ये जीवन में अनुशासन, धैर्य, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, आपसी सहयोग और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं। खेल के मैदान में मिली सीख जीवन की चुनौतियों का सामना करने की शक्ति प्रदान करती है।

उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाली प्रत्येक खिलाड़ी बधाई की पात्र है। जीतने वाली टीमों के लिए यह उपलब्धि आगे बढ़ने की प्रेरणा है, वहीं अन्य टीमों को भी अपने अनुभवों से सीख लेकर भविष्य में बेहतर प्रदर्शन करने का प्रयास करना चाहिए।

कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. ने विजेता राजनांदगांव, उपविजेता बिलासपुर तथा तीसरा और चौथा स्थान प्राप्त करने वाली टीमों सहित सभी प्रतिभागियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए निरंतर अभ्यास और मेहनत के साथ खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने प्रतियोगिता के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए जिला कबड्डी संघ, आयोजन समिति तथा सहयोगी अधिकारियों-कर्मचारियों की सराहना की।

हार से निराश नहीं, सीख लेकर आगे बढ़ें खिलाड़ी : श्री राकेश जालान

 

दो श्रेणियों में 180 विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा, विजेता प्रतिभागियों को मिला सम्मान

रायपुर, 16 नवंबर 2026/ धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा जी की जन्म जयंती के अवसर पर आयोजित जनजातीय गौरव सप्ताह-2026 के अंतर्गत राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। आदिम जाति विकास विभाग आदिमजाति अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति, परंपराओं एवं महापुरुषों के योगदान के प्रति विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाना है।

प्रतियोगिता का आयोजन विभागीय मंत्री श्री रामविचार नेताम के निर्देशन, विभागीय सचिव श्री भुवनेश यादव के मार्गदर्शन तथा आयुक्त श्री डी. राहुल वेंकट एवं संचालक श्रीमती हिना अनिमेष नेताम के नेतृत्व में किया गया।

प्रदेश के सभी जिलों में 5 नवंबर 2026 को जिला स्तरीय जनजातीय गौरव ज्ञान प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें जिला स्तर पर चयनित विद्यार्थियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए नामांकित किया गया। प्रतियोगिता दो श्रेणियों में आयोजित की गई। श्रेणी-1 में एकलव्य, प्रयास एवं प्री-मैट्रिक छात्रावासों में निवासरत कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों तथा श्रेणी-2 में महाविद्यालय एवं पोस्ट मैट्रिक छात्रावासों में निवासरत विद्यार्थियों को शामिल किया गया। दोनों श्रेणियों से 90-90 प्रतिभागियों का चयन किया गया।

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी अंतरराष्ट्रीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान, नवा रायपुर में कंप्यूटर आधारित परीक्षा के माध्यम से दो पालियों में आयोजित की गई। प्रतियोगिता की श्रेणी-1 में प्रयास बालक आवासीय विद्यालय, जिला राजनांदगांव के श्री देवनारायण वर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। पो. मै. आदिवासी कन्या छात्रावास, लैलूंगा, जिला रायगढ़ की कु. परमिला चौहान ने द्वितीय तथा प्रयास आवासीय विद्यालय, जिला रायगढ़ की कु. रूचि प्रधान ने तृतीय स्थान हासिल किया। इसी प्रकार श्रेणी-2 में पो. मै. आदिवासी बालक छात्रावास, जिला बिलासपुर के श्री अखिलेश कुमार ने प्रथम, जिला सक्ती की कु. भगवती ने द्वितीय तथा पो. मै. आदिवासी बालक छात्रावास, जिला रायगढ़ के श्री समीर साय ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। दोनों श्रेणियों में पांच-पांच प्रतिभागियों का चयन सांत्वना पुरस्कार के लिए भी किया गया।

दोनों श्रेणियों में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 15 नवंबर 2026 को धरमजयगढ़, जिला रायगढ़ में आयोजित राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह-2026 में विशिष्ट अतिथियों की गरिमामय उपस्थिति में प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस आयोजन से विद्यार्थियों को जनजातीय विरासत, गौरवशाली इतिहास एवं सांस्कृतिक परंपराओं को जानने और समझने का अवसर मिला।

 

कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने किसान कल्याण की योजनाओं और निर्णयों की दी जानकारी

रायपुर, 16 नवंबर 2026/ किसानों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य दिलाने, कृषि को लाभकारी बनाने और खेती के क्षेत्र में आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। अब किसानों को निर्धारित अधिकतम 21 क्विंटल प्रति एकड़ से कम धान बेचने पर भी प्रति एकड़ 13 हजार 839 रुपए की एक समान आदान सहायता राशि मिलेगी। वहीं गन्ना उत्पादक किसानों के लिए उपार्जन दर में 70 रुपए की वृद्धि करते हुए इसे 425 रुपए प्रति क्विंटल किया गया है। इन फैसलों के साथ दलहन, तिलहन एवं श्री अन्न की खेती को भी विशेष प्रोत्साहन दिया जा रहा है। कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम ने आज अंबिकापुर जिला मुख्यालय में पत्रकारों को संबोधित करते हायर किसान हितैषी निर्णयों की जानकारी दी।

किसान कल्याण से जुड़े इन महत्वपूर्ण निर्णयों के संबंध में आज कलेक्टर कार्यालय अंबिकापुर के सभाकक्ष में प्रेसवार्ता आयोजित की गई, इसमें सरगुजा जिले के पत्रकार शामिल हुए। कलेक्टर श्री अजीत वसंत एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। प्रेसवार्ता में कृषक उन्नति योजना, गन्ना प्रोत्साहन राशि, प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान तथा मिलेट्स उपार्जन सहित कृषि क्षेत्र में संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी साझा की गई।

कम धान बेचने पर भी किसानों को मिलेगा पूरा लाभ

कृषक उन्नति योजना में किए गए महत्वपूर्ण बदलाव के तहत अब किसानों को प्रति एकड़ 13 हजार 839 रुपए की एक समान आदान सहायता राशि प्रदान की जाएगी। पहले किसानों को प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान उपार्जन के आधार पर 3100 रुपए प्रति क्विंटल के मान से न्यूनतम समर्थन मूल्य और निर्धारित राशि के अंतर का भुगतान किया जाता था। अब नए प्रावधान से किसान निर्धारित मात्रा से कम धान बेचने पर भी प्रति एकड़ के मान से सहायता राशि प्राप्त कर सकेंगे, इससे कम उत्पादन वाले क्षेत्रों, लघु एवं सीमांत किसानों तथा जनजातीय अंचलों के किसानों को विशेष राहत मिलेगी। किसान अपनी आवश्यकता और सुविधा के अनुसार धान विक्रय कर सकेंगे।

धान के साथ दूसरी फसलों की खेती पर भी मिलेगा प्रोत्साहन

राज्य सरकार किसानों को धान के अलावा अन्य लाभकारी फसलों की खेती के लिए भी प्रोत्साहित कर रही है। धान के स्थान पर अन्य फसल लेने वाले किसानों को दी जाने वाली सहायता राशि 11 हजार रुपए से बढ़ाकर 15 हजार रुपए प्रति एकड़ की गई है। वहीं दलहन, तिलहन, मक्का, कोदो, कुटकी, रागी एवं कपास की खेती करने वाले किसानों को प्रति एकड़ 10 हजार रुपए दिए जाने का प्रावधान है। कृषक उन्नति योजना के तहत खरीफ 2023 से खरीफ 2025 तक प्रदेश के 25 लाख से अधिक किसानों को कुल 35 हजार 904 करोड़ 90 लाख रुपए का भुगतान किया जा चुका है।

गन्ने की उपार्जन दर में 70 रुपए की वृद्धि, किसानों को मिलेगा बेहतर मूल्य

गन्ना उत्पादक किसानों के लिए भी राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। पिछले आठ वर्षों से 355 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित गन्ने की उपार्जन दर को बढ़ाकर 425 रुपए प्रति क्विंटल किया गया है। भारत सरकार द्वारा निर्धारित उचित एवं लाभकारी मूल्य (एफआरपी) और राज्य शासन की घोषित उपार्जन दर के अंतर की राशि किसानों को गन्ना प्रोत्साहन राशि के रूप में दी जाती है। इस बढ़ी हुई दर का लाभ पेराई सत्र 2025-26 में खरीदे गए गन्ने पर भी दिया जा रहा है।

प्रदेश के चार शक्कर कारखानों से संबद्ध किसानों को रिकवरी प्रतिशत के आधार पर अलग- अलग दरों से भुगतान किया जा रहा है। कवर्धा में 488.67 रुपए, पण्डरिया में 455.10 रुपए, बालोद में 432.62 रुपए तथा सूरजपुर में 425 रुपए प्रति क्विंटल की दर से भुगतान किया जा रहा है। इस प्रकार छत्तीसगढ़ के गन्ना किसानों को देश के अन्य प्रमुख गन्ना उत्पादक राज्यों की तुलना में बेहतर उपार्जन मूल्य मिल रहा है।

 

जनजातीय नायकों का साहस, संघर्ष और बलिदान हमारी राष्ट्रीय चेतना और गौरवशाली इतिहास का अमूल्य हिस्सा : मुख्यमंत्री

गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय संगोष्ठी में शामिल हुए मुख्यमंत्री, भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का किया अनावरण

जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपराओं और अधिकारों के संरक्षण के साथ सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है राज्य सरकार

मुख्यमंत्री ने कहा - नई पीढ़ी को जनजातीय वीर नायकों के गौरवशाली इतिहास और योगदान से परिचित कराना आवश्यक

रायपुर, 16 नवंबर 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि देश की स्वतंत्रता के लिए जनजातीय वीर नायकों का संघर्ष और बलिदान हमारी गौरवशाली विरासत का अमूल्य हिस्सा है। इन महानायकों ने न केवल मातृभूमि की आजादी के लिए संघर्ष किया, बल्कि अपनी संस्कृति, परंपराओं, स्वाभिमान और अधिकारों की रक्षा के लिए भी अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उनका जीवन हमें साहस, एकता और राष्ट्र के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है। मुख्यमंत्री श्री साय आज बिलासपुर स्थित गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय में जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर 'स्वतंत्रता संघर्ष में जनजातीय नायकों का योगदान' विषय पर आयोजित राष्ट्रीय संगोष्ठी को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि विकास के साथ अपनी गौरवशाली विरासत को सहेजना और नई पीढ़ी तक पहुँचाना भी हमारी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर में स्थापित धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण किया। उन्होंने जनजातीय वीथिका का अवलोकन कर जनजातीय वीर नायकों के जीवन, संघर्ष और बलिदान पर आधारित प्रदर्शनी की सराहना की। कार्यक्रम में राष्ट्रीय संगोष्ठी की स्मारिका का विमोचन भी किया गया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने भगवान बिरसा मुंडा को नमन करते हुए कहा कि उन्होंने मात्र 25 वर्ष के जीवन में अंग्रेजी शासन के अन्याय और शोषण के विरुद्ध ऐतिहासिक संघर्ष किया। जल, जंगल और जमीन के अधिकारों की रक्षा के लिए उन्होंने जनजातीय समाज को संगठित किया और उलगुलान आंदोलन के माध्यम से अंग्रेजी हुकूमत को चुनौती दी। उनका साहस, स्वाभिमान और बलिदान आज भी हम सभी के लिए प्रेरणा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती जनजातीय वीरों के साहस और बलिदान की साक्षी रही है। शहीद वीर नारायण सिंह ने अकाल के समय भूखी जनता की सहायता के लिए संघर्ष किया और अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाई। इसी प्रकार अनेक जनजातीय नायकों ने देश की स्वतंत्रता और समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। इन महानायकों की गौरवगाथाओं को नई पीढ़ी तक पहुँचाना आवश्यक है, ताकि हमारे युवा अपने इतिहास और संस्कृति पर गर्व कर सकें।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम में उसके योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की पहल इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उनकी 151वीं जयंती के अवसर पर प्रदेशभर में जनजातीय गौरव सप्ताह के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। स्कूलों, महाविद्यालयों और विकासखंड स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को जनजातीय नायकों के जीवन और योगदान से परिचित कराया जा रहा है।

जनजातीय समाज की संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण के साथ विकास को प्राथमिकता

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि जनजातीय समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपराएँ और जीवन मूल्य छत्तीसगढ़ की पहचान हैं। हमारी सरकार इन्हें सहेजने के साथ ही जनजातीय परिवारों के जीवन में खुशहाली लाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आजीविका के बेहतर अवसर उपलब्ध कराकर समाज के हर वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना हमारा संकल्प है।

कवर्धा में छत्तीसगढ़ वरिष्ठ नागरिक कॉन्फेडरेशन के सातवें प्रादेशिक सम्मेलन का हुआ आयोजन

उप मुख्यमंत्री ने 'अनुभूति' पत्रिका का किया विमोचन

कवर्धा में 30 लाख रूपए की लागत से तैयार हो रहा सियान सदन, वरिष्ठजनों को मिलेगी विशेष सुविधा

रायपुर, 16 नवंबर 2026/ उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक श्री विजय शर्मा ने कहा कि वरिष्ठजन समाज की अनमोल धरोहर हैं। उनका अनुभव, मार्गदर्शन, आशीर्वाद और जीवनभर का अर्जित ज्ञान पूरे समाज को दिशा देने का काम करता है। आज तेजी से बदलते सामाजिक परिवेश में वरिष्ठजनों की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो गई है। उनके अनुभव और संस्कार समाज को संबल प्रदान करते हैं। उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा आज कबीरधाम जिले के पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम में आयोजित छत्तीसगढ़ वरिष्ठ नागरिक कॉन्फेडरेशन के सातवें प्रादेशिक सम्मेलन-2026 को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने 'अनुभूति' पत्रिका का विमोचन भी किया।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि अनेक कार्यक्रमों में शामिल होने का अवसर मिलता है, लेकिन यह ऐसा आयोजन है, जहां वे कुछ देने नहीं, बल्कि वरिष्ठजनों से आशीर्वाद, प्रेरणा और मार्गदर्शन लेने आए हैं। उन्होंने कहा कि जीवन के लंबे अनुभव के बाद वरिष्ठजन परिवार और समाज के लिए उस ब्याज के समान हैं, जो मूल से भी अधिक प्रिय हो जाता है। उन्होंने कहा कि पहले लोग एक साथ बैठकर समय बिताते थे, लेकिन आज मोबाइल और सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव से सामाजिक मेलजोल कम हुआ है। तेजी से बदलते इस दौर में वरिष्ठजनों का अनुभव और संस्कार समाज को संबल प्रदान कर सकते हैं।

30 लाख रुपए की लागत से तैयार हो रहा सियान सदन
उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि कवर्धा के वरिष्ठजनों की प्रेरणा और सुझाव पर शहर में सियान सदन का निर्माण प्रारंभ कराया गया है। इसके लिए लगभग 30 लाख रुपए का प्रावधान किया गया है। उन्होंने बताया कि सियान सदन का निर्माण उसी स्थान पर कराया जा रहा है, जिसे वरिष्ठजनों ने स्वयं इसके लिए उपयुक्त बताया था। उन्होंने कहा कि सियान सदन वरिष्ठ नागरिकों के लिए समय बिताने, आपस में मिलने-जुलने और विभिन्न गतिविधियों में भाग लेने का बेहतर केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि सियान सदन में वरिष्ठजन कैरम, शतरंज, अध्ययन और अन्य गतिविधियों के माध्यम से समय बिता सकेंगे। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा के लिए भविष्य में बैटरी चलित छोटे वाहन की व्यवस्था करने की योजना भी साझा की। इसके माध्यम से वरिष्ठजन फोन कर वाहन बुला सकेंगे और घर से सियान सदन आने-जाने की सुविधा प्राप्त कर सकेंगे।

वरिष्ठजनों की यादों में हमेशा जीवित रहता है बचपन

उप मुख्यमंत्री ने परिवार के भावनात्मक रिश्तों का उल्लेख करते हुए कहा कि मां के लिए बेटा उम्र में कितना भी बड़ा हो जाए, वह हमेशा उसका छोटा बच्चा ही रहता है। उन्होंने वरिष्ठजनों से आग्रह किया कि बचपन की प्यारी यादों को संजोकर रखें, क्योंकि यही यादें जीवन में प्रसन्नता और आत्मिक सुकून देती हैं।
उन्होंने सम्मेलन के कवर्धा में आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए आयोजकों को बधाई दी और वरिष्ठजनों को सियान सदन के निर्माण के बाद वहां भी इसी तरह सम्मेलन आयोजित करने के लिए आमंत्रित किया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत कबीरधाम के अध्यक्ष श्री ईश्वरी साहू, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्री चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री कैलाश चंद्रवंशी, कॉन्फेडरेशन के प्रांतीय अध्यक्ष श्री चंद्रप्रकाश देवरस, प्रांतीय महासचिव श्री धनेश सोलंकी, डॉ. अतुल जैन, श्री शुभंकर विश्वास और श्री लालचंद जैन, श्री आदित्य श्रीवास्तव सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए वरिष्ठ नागरिक एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।

भगवान बिरसा मुंडा का साहस, संघर्ष और बलिदान सदैव प्रेरणा देता रहेगा : मुख्यमंत्री श्री साय

मुख्यमंत्री ने जनजातीय वीथिका का किया अवलोकन, जनजातीय वीर नायकों की गौरवगाथाओं से हुए रूबरू

जनजातीय समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और गौरवशाली विरासत का संरक्षण हमारी प्राथमिकता : मुख्यमंत्री

रायपुर 16 नवंबर 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज बिलासपुर प्रवास के दौरान गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय परिसर में जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में स्थापित धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण किया। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा को नमन करते हुए देश की स्वतंत्रता, जनजातीय समाज के अधिकारों और स्वाभिमान की रक्षा के लिए उनके महान संघर्ष एवं बलिदान का स्मरण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय परिसर में स्थापित जनजातीय वीथिका का भी अवलोकन किया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा जनजातीय गौरव, स्वाभिमान और स्वतंत्रता संग्राम के महानायक थे। उन्होंने अल्पायु में ही अंग्रेजी शासन के अन्याय और शोषण के विरुद्ध जनजातीय समाज को संगठित कर ऐतिहासिक उलगुलान आंदोलन का नेतृत्व किया। जल, जंगल और जमीन के अधिकारों की रक्षा के लिए उनका संघर्ष देश के इतिहास का गौरवशाली अध्याय है। उनका जीवन हमें अपनी संस्कृति, परंपराओं और अधिकारों की रक्षा के साथ समाज एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय में स्थापित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा विद्यार्थियों और युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का केंद्र बनेगी। यह प्रतिमा हमें जनजातीय नायकों के साहस, संघर्ष और बलिदान की याद दिलाती रहेगी। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज का देश की आजादी और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। हमारी आने वाली पीढ़ियों को इस गौरवशाली इतिहास से परिचित कराना आवश्यक है।

जनजातीय वीथिका में दिखी वीर नायकों के संघर्ष और बलिदान की गौरवगाथा

मुख्यमंत्री श्री साय ने विश्वविद्यालय परिसर में स्थापित जनजातीय वीथिका का अवलोकन किया। उन्होंने यहाँ प्रदर्शित जनजातीय महापुरुषों के जीवन, उनके संघर्ष, वीरता और स्वतंत्रता संग्राम में योगदान से जुड़ी जानकारियों को देखा तथा इसकी सराहना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय वीर नायकों का साहस और बलिदान हमारी गौरवशाली विरासत का अमूल्य हिस्सा है। जनजातीय वीथिका के माध्यम से विद्यार्थियों और युवाओं को अपने महान नायकों के इतिहास, संस्कृति और योगदान को जानने का अवसर मिलेगा। ऐसे प्रयास हमारी समृद्ध विरासत को सहेजने और नई पीढ़ी तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपराओं और ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आजीविका के बेहतर अवसर उपलब्ध कराकर जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। हमारा संकल्प है कि जनजातीय समाज का हर परिवार विकास की मुख्यधारा से जुड़े और खुशहाली एवं समृद्धि की दिशा में आगे बढ़े।

इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव, विधायक श्री धरमलाल कौशिक, श्री अमर अग्रवाल एवं श्री सुशांत शुक्ला, विश्वविद्यालय के कुलपति श्री आलोक चक्रवाल, क्रेडा के अध्यक्ष श्री भूपेंद्र सवन्नी, पाठ्यपुस्तक निगम के अध्यक्ष श्री राजा पांडे, महापौर श्रीमती पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजेश सूर्यवंशी, सहकारी बैंक के अध्यक्ष श्री रजनीश सिंह, संभागायुक्त श्री सुनील जैन, पुलिस महानिरीक्षक श्री रामगोपाल गर्ग, कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह सहित विश्वविद्यालय के प्राध्यापक, विद्वान, विद्यार्थी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

 

घुटकेल में ड्राइवर के घर छिपाकर रखे गए 147 बोरा और उमरगांव के गोदाम से 310 कट्टा धान जब्त

वास्तविक किसानों के हक की सुरक्षा के लिए प्रशासन सतर्क, अवैध भंडारण और धान खपाने की कोशिशों पर कड़ी निगरानी

रायपुर,16 नवंबर 2026/समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की शुरुआत के साथ ही धमतरी जिले में अवैध धान के भंडारण और उपार्जन केंद्रों में अनधिकृत धान खपाने की आशंका वाले मामलों पर प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। किसानों की मेहनत का उचित मूल्य सुनिश्चित करने और धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा संदिग्ध भंडारण स्थलों की लगातार जांच की जा रही है। इसी कड़ी में राजस्व एवं खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम घुटकेल और उमरगांव में कार्रवाई करते हुए कुल 457 बोरा-कट्टा धान जब्त किया है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की मंशानुरूप वास्तविक किसानों को समर्थन मूल्य पर धान विक्रय की सुविधा उपलब्ध कराने और खरीदी प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता रोकने के लिए जिला प्रशासन सतर्कता बरत रहा है। कलेक्टर के निर्देश पर राजस्व, खाद्य एवं संबंधित विभागों की टीमें संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रख रही हैं।

ड्राइवर के घर में रखा मिला 147 बोरा धान, दस्तावेज नहीं मिलने पर जब्ती

संयुक्त टीम ने ग्राम घुटकेल में जांच के दौरान एक मकान में संग्रहित धान का पता लगाया। जांच में सामने आया कि संतोष खंडेलवाल द्वारा अपने ड्राइवर के घर में 147 बोरा धान रखवाया गया था। प्रारंभिक जांच में इस धान को आगामी खरीदी के दौरान उपार्जन केंद्र में खपाने के उद्देश्य से संग्रहित किए जाने की आशंका व्यक्त की गई। मौके पर धान के भंडारण से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर टीम ने सभी 147 बोरा धान जब्त कर मंडी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया। इसी प्रकार ग्राम उमरगांव में तोषण कुमार साहू के गोदाम की जांच के दौरान धान भंडारण से संबंधित दस्तावेजों का परीक्षण किया गया। जांच के उपरांत संयुक्त टीम ने गोदाम में रखे 310 कट्टा धान को जब्त किया। दोनों स्थानों पर हुई कार्रवाई से प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिया है कि धान खरीदी व्यवस्था में अनियमितता की आशंका वाले मामलों की गंभीरता से जांच की जाएगी।

उपार्जन केंद्रों से लेकर गोदामों तक निगरानी, किसानों के हितों से समझौता नहीं

जिला प्रशासन द्वारा धान खरीदी को सुचारू और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए उपार्जन केंद्रों के साथ-साथ गोदामों, सीमावर्ती क्षेत्रों तथा संदिग्ध भंडारण स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। राजस्व, खाद्य, सहकारिता और मंडी विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए अवैध परिवहन एवं भंडारण की शिकायतों पर तत्काल जांच करने के निर्देश दिए गए हैं।प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि शासन की समर्थन मूल्य धान खरीदी व्यवस्था का लाभ केवल पात्र एवं वास्तविक किसानों को मिले। किसी भी स्तर पर अनधिकृत धान को किसानों के नाम पर उपार्जन केंद्रों में बेचने की कोशिश पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने किसानों और आम नागरिकों से भी अपील की है कि धान के संदिग्ध भंडारण, अवैध परिवहन अथवा खरीदी प्रक्रिया में किसी प्रकार की अनियमितता की जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचित करें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसानों के अधिकारों की सुरक्षा और पारदर्शी धान खरीदी व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। वास्तविक किसानों के हितों को प्रभावित करने वाली किसी भी अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

कोतरी उपार्जन केंद्र में पूजा-अर्चना के साथ धान खरीदी का शुभारंभ, किसानों को पुष्पमाला पहनाकर किया गया अभिनंदन

किसानों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता, खरीदी केंद्रों में पारदर्शी व्यवस्था और बिचौलियों पर सख्त निगरानी के निर्देश

रायपुर, 16 नवंबर 2026/ खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का शुभारंभ उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। जिले के धान उपार्जन केंद्रों में किसानों की उपज की खरीदी शुरू होने के साथ ही खेती-किसानी की मेहनत को उचित मूल्य दिलाने की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। धान खरीदी के पहले दिन किसानों के सम्मान और उनकी सुविधाओं को विशेष महत्व दिया गया।
जिले के सेवा सहकारी समिति मर्यादित कोतरी स्थित धान उपार्जन केंद्र में कलेक्टर ने कांटा-बांट और धान की ढेरी की विधिवत पूजा-अर्चना कर खरीदी कार्य का शुभारंभ किया। इस अवसर पर धान विक्रय के लिए पहुंचे किसानों का पुष्पमाला पहनाकर एवं तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत किया गया। कलेक्टर ने किसानों को नवीन खरीफ विपणन वर्ष में धान खरीदी प्रारंभ होने की शुभकामनाएं देते हुए भरोसा दिलाया कि उपार्जन केंद्रों में उनकी सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाएगा।
कलेक्टर ने उपार्जन केंद्र का निरीक्षण कर धान खरीदी से संबंधित व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों और समिति प्रबंधकों को निर्देशित किया कि किसानों को धान विक्रय के दौरान अनावश्यक प्रतीक्षा, तकनीकी परेशानी अथवा अन्य किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने बारदानों की पर्याप्त उपलब्धता, तौल मशीनों की सटीकता, नमी मापक यंत्रों की कार्यशीलता तथा किसानों के लिए पेयजल और छाया जैसी मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि वास्तविक किसानों, विशेषकर छोटे किसानों को धान खरीदी व्यवस्था का समुचित लाभ दिलाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। खरीदी प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और व्यवस्थित होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को धान के अवैध भंडारण, बिचौलियों की गतिविधियों तथा खरीदी प्रक्रिया में संभावित अनियमितताओं पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। किसी भी स्तर पर गड़बड़ी अथवा बिचौलियों की संलिप्तता पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि धान उपार्जन केंद्रों में किसानों के साथ संवेदनशील और सहयोगात्मक व्यवहार सुनिश्चित किया जाए। खरीदी कार्य से जुड़े सभी अधिकारी-कर्मचारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो और संपूर्ण प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हो सके।

Page 7 of 4767

Ads

R.O.NO. 14150/89

MP info RSS Feed

फेसबुक