सक्ती : दीपावली पर्व को देखते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा विशेष सघन खाद्य सुरक्षा अभियान संचालित
मिठाई, मावा, पनीर एवं अन्य खाद्य पदार्थों के लिए गए नमूने, विभिन्न प्रतिष्ठानों का किया गया निरीक्षण

खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमों का पालन नहीं करने वाले प्रतिष्ठानों को जारी किया गया कारण बताओ नोटिस

सक्ती, नवम्बर 2026 जिले में आम नागरिकों को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण एवं मानक खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने तथा आगामी दीपावली पर्व को दृष्टिगत रखते हुए कलेक्टर के आदेश एवं उप संचालक खाद्य एवं औषधि प्रशासन के निर्देशानुसार दीपावली के त्योहार को ध्यान में रखते हुए विशेष सघन खाद्य सुरक्षा प्रवर्तन एवं जन जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के दौरान मितल ट्रेडर्स सक्ती से सोनपापड़ी एवं सूजी, पिहू होटल फगुराम से मिल्क केक, होटल देवराज से मलाई पेड़ा, सकर्रा के मामा-भांजा होटल एंड स्वीट्स से क्रीम रोल (स्वीट्स), अन्नपूर्णा होटल बाराद्वार से रसगुल्ला, मधुर स्वीट्स जैजैपुर से चमचम, सूर्या होटल एंड स्वीट्स हसौद से बूंदी लड्डू और कलाकंद, ननकीदाऊ मिष्ठान भंडार हसौद से पेड़ा तथा महाराजा होटल चंद्रपुर से बूंदी का नमूना लिया गया एवं जांच हेतु राज्य प्रयोगशाला भेजा गया। परीक्षण के पश्चात खाद्य पदार्थ अमानक स्तर के पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के अंतर्गत न्यायालयीन कार्यवाही की जाएगी।
जिला सक्ती में स्थित अन्नपूर्णा स्वीट्स चंद्रपुर, यादव होटल चंद्रपुर, बीकानेर स्वीट्स जैजैपुर, शिव शक्ति जोधपुर होटल, नटराज स्वीट्स, बनारसी होटल एवं छेदी होटल का भी निरीक्षण किया गया। साथ ही रैपिड टेस्ट किट की सहायता से मौके पर ही मिठाइयों और खोया का परीक्षण किया गया। जिन फर्मों में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के नियमों और शर्तों के अधीन कार्य संचालन नहीं पाया गया, उन फर्मों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है एवं संतुष्टिजनक जवाब नहीं मिलने पर आगे की वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। संयुक्त जांच दल में तहसीलदार सक्ती श्री लीलाधर चंद्रा के साथ राजस्व विभाग से नायब तहसीलदार जागृति आनंद एवं श्री पद्म लोचन पटेल, अभिहित अधिकारी श्री अहसान तिग्गा, खाद्य सुरक्षा अधिकारी निखिलेश साहू, शांतनु भट्टाचार्य एवं सरिता मरावी शामिल रहे।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा खाद्य कारोबारियों से नियमों का पालन करने, साफ-सफाई रखने, मिठाइयों को खुले में नहीं रखने, अखाद्य रंग का प्रयोग नहीं करने तथा बिना मिलावट के समान बनाने की अपील की गई है। साथ ही उपभोक्ताओं से सुरक्षित एवं मानक खाद्य पदार्थ खरीदने तथा सभी खाद्य पदार्थों के लेबल पढ़कर सामान खरीदने की अपील की गई है।

सक्ती :डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र अभियान 5.0 के तहत पेंशनधारियों को घर बैठे जीवन प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करने की सुविधा
फेस ऑथेंटिकेशन तकनीक के माध्यम से मोबाइल एवं कंप्यूटर से आसानी से जमा कर सकेंगे डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र

सक्ती,  नवम्बर 2026 पेंशनधारियों के जीवन प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करने की प्रक्रिया को और अधिक सरल, पारदर्शी एवं डिजिटल बनाने के उद्देश्य से डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र अभियान 5.0 का क्रियान्वयन किया जा रहा है। इस अभियान के तहत फेस ऑथेंटिकेशन तकनीक आधारित सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जिसके माध्यम से पेंशनधारी बिना किसी परेशानी के अपने मोबाइल फोन अथवा कंप्यूटर के माध्यम से घर बैठे ही डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र प्रस्तुत कर सकते हैं।
डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र अभियान 5.0 के दिशा-निर्देशों के तहत जिले में अभियान के क्रियान्वयन हेतु सब-नोडल अधिकारी (Sub-Nodal Officer) के रूप में नामांकित किया गया है। अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी बैंक शाखाओं तथा अधिकृत पेंशनर संघों के साथ समन्वय स्थापित कर यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि अधिक से अधिक पेंशनधारी इस सुविधा का लाभ उठाएं तथा डिजिटल माध्यम से अपना जीवन प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करें। साथ ही डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र अभियान 5.0 के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन द्वारा जिले के सभी पेंशनरों से इस डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र की सुविधा का ज्यादा से ज्यादा लाभ लेने की अपील की गई है।

सूरजपुर :  मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की ‘विष्णु के पाती’ ने बसंती राजवाड़े के संघर्ष को दिया संबल, भावुक हुईं स्व-सहायता समूह की महिला
मुख्यमंत्री के आत्मीय पत्र से बढ़ा हौसला, बेटियों को शिक्षित कर आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प हुआ और मजबूत

सूरजपुर/ मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की पहल ‘विष्णु के पाती’ के माध्यम से आम नागरिकों तक पहुंच रही आत्मीयता और संवेदनशीलता का एक भावुक उदाहरण सूरजपुर जिले के रामानुजनगर विकासखंड अंतर्गत ग्राम कृष्णपुर की स्व-सहायता समूह से जुड़ी महिला बसंती राजवाड़े के जीवन में देखने को मिला। मुख्यमंत्री द्वारा उनके संघर्ष, स्वरोजगार और परिवार के प्रति जिम्मेदारियों को आत्मीयता से उल्लेखित करते हुए पत्र लिखे जाने पर बसंती भावुक हो उठीं। उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पत्र पाकर उन्हें बेहद खुशी हुई और कठिन समय में आगे बढ़ने का नया हौसला मिला है।

बसंती राजवाड़े ने सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बीच अपने परिवार की जिम्मेदारी संभालते हुए स्वरोजगार की राह चुनी। तीन बेटियों और माता-पिता की देखभाल की जिम्मेदारी निभाते हुए उन्होंने बिहान योजना के स्व-सहायता समूह से जुड़कर प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के अंतर्गत ऋण प्राप्त किया और सरसों तेल निकालने का व्यवसाय शुरू किया। आज यही व्यवसाय उनके परिवार की आजीविका का महत्वपूर्ण आधार बन गया है।

मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में बसंती के संघर्ष, साहस और बेटियों के भविष्य के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की सराहना की। उन्होंने उनकी बेटियों आस्था, अंकिता और समीक्षा की शिक्षा का उल्लेख करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही माता-पिता की देखभाल और परिवार के प्रति उनके समर्पण को भी सराहा।

मुख्यमंत्री के पत्र से अभिभूत बसंती राजवाड़े ने कहा कि वे चाहती हैं कि उनकी बेटियां खूब पढ़-लिखकर आत्मनिर्भर बनें और जीवन में अपने फैसले स्वयं ले सकें। उन्होंने कहा कि जिस संघर्ष से उन्हें गुजरना पड़ा, उनकी बेटियों को वैसी परिस्थितियों का सामना न करना पड़े। मुख्यमंत्री द्वारा बेटियों की शिक्षा और माता-पिता के प्रति उनके दायित्वों को याद किए जाने से उन्हें विशेष खुशी हुई।

भावुक स्वर में बसंती ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय को धन्यवाद देते हुए कहा कि उनके पत्र और आशीर्वाद से उन्हें आगे बढ़ने की नई प्रेरणा मिली है। उन्होंने संकल्प व्यक्त किया कि वे अपने व्यवसाय को और आगे बढ़ाएंगी तथा यह साबित करेंगी कि एक महिला अपने साहस, मेहनत और आत्मविश्वास से अकेले भी अपने परिवार को मजबूत आधार दे सकती है।
श्विष्णु के पातीश् के माध्यम से मुख्यमंत्री का यह आत्मीय संवाद केवल एक पत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि यह उन महिलाओं के संघर्ष, स्वाभिमान और आत्मनिर्भरता को सम्मान देने का प्रयास भी है, जो विपरीत परिस्थितियों में भी अपने परिवार और बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए निरंतर मेहनत कर रही हैं।

गौरेला पेंड्रा मरवाही :मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का दिव्या पुरी को स्नेहभरा पत्र, छात्रा ने बताया गर्व का क्षण
गौरेला पेंड्रा मरवाही, नवंबर 2026 छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर छात्रा दिव्या पुरी को पत्र लिखकर उन्हें राज्य स्थापना दिवस की उनको और उनके परिवार को शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री का यह स्नेहभरा पत्र मिलने पर दिव्या पुरी ने इसे अपने जीवन का गर्व का क्षण बताते हुए मुख्यमंत्री श्री साय के प्रति आभार व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में दिव्या को संबोधित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने पढ़ाई में मन लगाने, अपनी पसंद की राह चुनने और आत्मविश्वास के साथ जीवन में आगे बढ़ने का संदेश दिया। साथ ही उन्होंने दिव्या के पिता द्वारा शिक्षा में सहयोग किए जाने और श्रम विभाग की नोनी सशक्तिकरण योजना से प्राप्त राशि का उपयोग पढ़ाई में होने पर प्रसन्नता जाहिर की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बेटियों को शिक्षित और आत्मनिर्भर बनाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' के संकल्प के अनुरूप बेटियों की शिक्षा को विशेष महत्व दिया जा रहा है। विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में बेटियों की शिक्षा एवं आत्मनिर्भरता की अहम भूमिका है। उन्होंने दिव्या को जीवन में खूब सीखने, अपनी रुचियों को पहचानने और मेहनत के बल पर अपने सपनों को साकार करने की प्रेरणा दी। साथ ही उनके माता-पिता को भी शुभकामनाएं प्रेषित कीं। मुख्यमंत्री का व्यक्तिगत स्नेह और प्रोत्साहन भरा पत्र पाकर दिव्या पुरी अभिभूत हैं। उन्होंने इसे अपने लिए बेहद सम्मान और गर्व का क्षण बताते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का हृदय से धन्यवाद किया।

जगदलपुर :  जनजातीय गौरव ज्ञान प्रतियोगिता संपन्न, मेधावी छात्र-छात्राओं ने लहराया परचम
जगदलपुर,  नवम्बर 2026 जनजातीय गौरव सप्ताह के उपलक्ष्य में आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग के निर्देशानुसार बस्तर जिले में जनजातीय गौरव ज्ञान प्रतियोगिता परीक्षा का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। प्रयास आवासीय विद्यालय, जगदलपुर में आयोजित इस ज्ञान महाकुंभ में स्कूली और महाविद्यालयीन स्तर के होनहार विद्यार्थियों ने अपनी बौद्धिक क्षमता और उत्कृष्ट प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
दो अलग-अलग श्रेणियों में आयोजित इस प्रतियोगिता के स्कूली वर्ग (कक्षा 9 वीं से 12 वीं) में प्रयास आवासीय विद्यालय जगदलपुर की छात्राओं का दबदबा रहा। विद्यालय की होनहार छात्रा कु. उत्पला ने 94 अंक प्राप्त कर सर्वोच्च स्थान हासिल किया, जबकि इसी संस्था की कु. निहारिका 68 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहीं। वहीं दरभा विकासखंड स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय छिन्दवाड़ा के छात्र संदीप नाग ने 66 अंक अर्जित कर तीसरा स्थान सुनिश्चित किया।
वहीं दूसरी ओर महाविद्यालयीन तथा पोस्ट मैट्रिक छात्रावासों में निवासरत छात्र-छात्राओं के सीनियर वर्ग में धरमपुरा स्थित पोस्ट मैट्रिक कन्या छात्रावास की छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई। इस वर्ग में एम.ए. प्रथम सेमेस्टर की छात्रा रिंकी नेताम ने 297 अंक प्राप्त कर शीर्ष स्थान पाया, जबकि बीए छठे सेमेस्टर की तुलसी देवी नेताम ने 284 अंक और पीजीडीसीए प्रथम सेमेस्टर की फुलेश्वरी बघेल ने 224 अंक हासिल कर मेरिट सूची में अपनी जगह बनाई। इस सफल आयोजन ने न केवल अंचल के विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का एक सशक्त मंच प्रदान किया, बल्कि जनजातीय संस्कृति, इतिहास और सामान्य ज्ञान के प्रति उनकी जागरूकता को भी नई दिशा दी। इस दौरान सहायक आयुक्त आदिवासी विकास श्री जीआर सोरी द्वारा प्रतियोगिता के समापन पर सभी मेधावी प्रतिभागियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं।

दीपावली का पर्व हर घर में सुख-समृद्धि, खुशहाली और नई उम्मीदों का प्रकाश लेकर आए : मुख्यमंत्री श्री साय

रायपुर 7 नवम्बर 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने प्रकाश और उल्लास के महापर्व दीपावली पर समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं। उन्होंने माँ लक्ष्मी और भगवान श्री गणेश से प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और मंगलमय जीवन की कामना की है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि दीपावली केवल दीपों का पर्व नहीं, बल्कि आशा, विश्वास, प्रेम और सद्भाव का उत्सव है। यह पर्व हमें अंधकार से प्रकाश की ओर बढ़ने तथा आपसी भाईचारे और एकता के साथ जीवन में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करने की प्रेरणा देता है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कामना की कि दीपावली का यह पावन पर्व छत्तीसगढ़ के हर घर में सुख, शांति और समृद्धि लेकर आए तथा हमारा प्रदेश विकास, खुशहाली और उन्नति के नए कीर्तिमान स्थापित करता रहे।

 

स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में प्रदेश के तीन शहरों का राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए चयन, 11 नवंबर को नई दिल्ली में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु करेंगी सम्मानित

सफाई मित्रों की मेहनत, नगरीय निकायों के सतत प्रयास और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से छत्तीसगढ़ ने राष्ट्रीय स्तर पर बनाई पहचान

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने दी बधाई, कहा - यह उपलब्धि स्वच्छ, सुंदर और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम

स्वच्छता को जनआंदोलन बनाकर प्रदेश के प्रत्येक शहर को स्वच्छ और सुविधाजनक बनाने के लिए प्रतिबद्ध है हमारी सरकार : मुख्यमंत्री श्री साय

उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कहा - तीन शहरों को मिलने वाला राष्ट्रीय सम्मान अन्य नगरीय निकायों के लिए बनेगा प्रेरणा

रायपुर 7 नवंबर 2026/ स्वच्छता के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के अंतर्गत प्रदेश के तीन शहरों रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा का राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए चयन किया गया है। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु आगामी 11 नवंबर को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित राष्ट्रीय सम्मान समारोह में इन तीनों शहरों को पुरस्कृत करेंगी। यह उपलब्धि प्रदेश में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों, सफाई मित्रों के समर्पण और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी का परिणाम है।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा के नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, नगरीय निकायों के अधिकारियों-कर्मचारियों तथा सफाई मित्रों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर आसीन राष्ट्रपति के हाथों छत्तीसगढ़ के तीन शहरों का सम्मानित होना पूरे प्रदेश के लिए गौरव और प्रसन्नता का विषय है। यह सम्मान उन हजारों सफाई मित्रों के परिश्रम का सम्मान है, जो प्रतिदिन हमारे शहरों को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए अथक मेहनत करते हैं। साथ ही यह उन जागरूक नागरिकों की सहभागिता का भी सम्मान है, जिन्होंने स्वच्छता को अपनी जिम्मेदारी समझकर इस अभियान को सफल बनाने में योगदान दिया है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में स्वच्छ भारत अभियान ने देश में स्वच्छता के प्रति एक नई चेतना जागृत की है। आज स्वच्छता केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी से संचालित एक व्यापक जनआंदोलन का रूप ले चुकी है। छत्तीसगढ़ भी इसी संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। हमारी सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के सभी शहरों में स्वच्छता की बेहतर व्यवस्था हो, नागरिकों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण मिले तथा स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी की भावना और मजबूत हो।

केंद्रीय मंत्रालय ने पत्र भेजकर दी राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए चयन की जानकारी

केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय ने राज्य सरकार को पत्र भेजकर रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा के राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए चयन की औपचारिक जानकारी दी है। मंत्रालय के सचिव श्री सतेंद्र सिंह ने राज्य में संचालित स्वच्छता गतिविधियों और नागरिक सहभागिता की सराहना करते हुए इन शहरों के प्रयासों को महत्वपूर्ण बताया है।

मंत्रालय द्वारा भेजे गए पत्र में उल्लेख किया गया है कि स्वच्छ भारत के लक्ष्यों को प्राप्त करने की दिशा में नागरिकों की सहभागिता और नगरीय निकायों के प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका है। छत्तीसगढ़ के तीन शहरों का राष्ट्रीय स्तर पर चयन यह दर्शाता है कि स्वच्छता के क्षेत्र में निरंतर प्रयास और सामूहिक भागीदारी से उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं।

स्वच्छ सर्वेक्षण के दसवें संस्करण में इन तीन शहरों को मिलने वाली राष्ट्रीय पहचान प्रदेश के अन्य नगरीय निकायों को भी स्वच्छता के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करेगी। यह उपलब्धि छोटे और बड़े सभी शहरों के लिए प्रेरणादायक है कि दृढ़ इच्छाशक्ति, बेहतर प्रबंधन और जनसहयोग से स्वच्छता के क्षेत्र में राष्ट्रीय पहचान बनाई जा सकती है।

 

3 किलोवाट का सोलर प्लांट लगाकर बिजली खर्च में बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण में दे रहे योगदान

रायपुर , 07 नवम्बर 2026/ घर की छत पर लगा सोलर प्लांट अब श्री रोहित गुप्ता के परिवार को बिजली की जरूरतें पूरी करने में मदद कर रहा है। बलरामपुर के वार्ड क्रमांक 15 निवासी श्री गुप्ता ने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत अपने घर पर 3 किलोवाट क्षमता का सोलर प्लांट स्थापित कराया है। उनके इस निर्णय की मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने सराहना की है।

छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री ने ‘विष्णु की पाती’ के माध्यम से श्री गुप्ता और उनके परिवार को शुभकामनाएँ भेजीं। पत्र में उन्होंने लिखा कि परिवार की जरूरतों और खर्चों को ध्यान में रखकर लिया गया फैसला जब राहत देने लगे, तो उसका संतोष खास होता है। बिजली खर्च में बचत से परिवार की अन्य जरूरतों के लिए भी गुंजाइश बनती है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की पहल पर शुरू हुई सूर्य घर योजना घरों तक सौर ऊर्जा पहुँचाने का प्रभावी माध्यम बन रही है। इससे परिवार अपनी बिजली की जरूरतें पूरी करने के साथ स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग और पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान दे रहे हैं।

मुख्यमंत्री श्री साय ने श्री गुप्ता के अनुभव को दूसरों के लिए प्रेरणादायी बताया। सोलर प्लांट से मिल रहा लाभ उन परिचितों और पड़ोसियों के लिए उपयोगी जानकारी बन सकता है, जो अपने घरों में सौर ऊर्जा अपनाने पर विचार कर रहे हैं। किसी परिवार का सकारात्मक अनुभव लोगों का भरोसा बढ़ाता है और नई पहल के लिए प्रेरित करता है।

श्री रोहित गुप्ता का यह कदम दिखाता है कि स्वच्छ ऊर्जा की ओर बढ़ने की शुरुआत अपने घर से की जा सकती है। छत पर लगा सोलर प्लांट अब उनके परिवार के लिए सुविधा और बचत का माध्यम है, साथ ही मोहल्ले और जिले में सौर ऊर्जा अपनाने का संदेश भी दे रहा है।

 

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर दर्ज शिकायत से दूर हुई बुजुर्ग की परेशानी

रायपुर, 07 नवम्बर 2026/ मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर दर्ज एक शिकायत ने बलरामपुर जिले के ग्राम जरहाडीह निवासी बुजुर्ग श्री धुरन प्रजापति की परेशानी दूर करने में मदद की। उनकी सामाजिक सहायता पेंशन की राशि लंबित थी। इस समस्या को शासन तक पहुँचाने के लिए उनके पुत्र श्री अंकज कुमार प्रजापति ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत पर कार्रवाई के बाद श्री प्रजापति को उनकी लंबित पेंशन राशि मिल गई।

राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने श्री धुरन प्रजापति और उनके परिवार को ‘विष्णु की पाती’ भेजकर शुभकामनाएँ दीं। अपने संदेश में मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि पेंशन से मिलने वाली सहायता बुजुर्गों की रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने में संबल देती है। ऐसे में लंबित राशि मिलने से श्री प्रजापति को राहत मिली है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने अपने पिता की समस्या के समाधान के लिए पहल करने पर श्री अंकज कुमार प्रजापति की सराहना की। उन्होंने कहा कि परिवार में एक-दूसरे की जरूरतों का ध्यान रखना और कठिन समय में साथ देना जीवन का बड़ा संबल है। मुख्यमंत्री ने श्री अंकज तक अपना स्नेह पहुँचाने की बात भी कही।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि शासन का प्रयास है कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक सहजता से पहुँचे और हर नागरिक की समस्या को संवेदनशीलता से सुना जाए। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 इसी उद्देश्य से नागरिकों को अपनी समस्याएँ शासन तक पहुँचाने का माध्यम उपलब्ध करा रही है।

रायपुर 7 नवंबर 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने आज लोकभवन में राज्यपाल श्री रमेन डेका से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें दीपावली के पावन पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।

Ads

R.O.NO. 14150/89

MP info RSS Feed

फेसबुक