ईश्वर दुबे
संपादक - न्यूज़ क्रिएशन
+91 98278-13148
newscreation2017@gmail.com
Shop No f188 first floor akash ganga press complex
Bhilai
निर्धारित गुणवत्ता और मानकों के अनुरूप समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के दिए निर्देश
रायपुर. 3 नवम्बर 2026. लोक निर्माण विभाग के सचिव श्री मुकेश कुमार बंसल ने खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में प्रगतिरत कार्यों का निरीक्षण कर विभागीय अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने खैरागढ़ में लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्माणाधीण संयुक्त जिला कार्यालय भवन, सर्किट हाउस, खैरागढ़ बायपास मार्ग, आमनेर नदी पर उच्च स्तरीय पुल तथा सड़क चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य का जायजा लेकर उनकी प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने इस दौरान विभागीय अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसियों को निर्धारित गुणवत्ता और तकनीकी मानकों के अनुरूप सभी कार्य समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
18.75 करोड़ की लागत से बन रहा संयुक्त जिला कार्यालय भवन
लोक निर्माण विभाग के सचिव ने खैरागढ़ में 18 करोड़ 75 लाख रुपए की लागत से निर्माणाधीन संयुक्त जिला कार्यालय भवन का निरीक्षण कर इसके विभिन्न हिस्सों में चल रहे कार्यों की जानकारी ली। कार्यपालन अभियंता श्री एल.एन.एस. राठौर ने बताया कि भवन के भूतल में स्तंभ निर्माण का कार्य पूर्ण हो चुका है। प्रथम तल के ब्लॉक ‘ए’ में स्लैब एवं शटरिंग का कार्य प्रगति पर है, जबकि ब्लॉक ‘बी’ एवं ‘सी’ में कॉलम स्तर तक कार्य पूर्ण कर लिया गया है। संयुक्त जिला कार्यालय भवन का निर्माण जून-2027 तक पूर्ण किया जाना है।
सर्किट हाउस का निर्माण मार्च-2027 तक पूरा करने का लक्ष्य
श्री बंसल ने खैरागढ़ में 3 करोड़ 4 लाख रुपए की लागत से निर्माणाधीन सर्किट हाउस का भी निरीक्षण किया। यहां भवन के ऊपरी ढांचे का निर्माण कार्य प्रगति पर है। मार्च-2027 तक इसे पूर्ण करने का लक्ष्य है।
आमनेर नदी पर निर्माणाधीन उच्च स्तरीय पुल का काम देखा
सचिव श्री बंसल ने खैरागढ़ बायपास मार्ग पर आमनेर नदी में निर्माणाधीन उच्च स्तरीय पुल का भी निरीक्षण किया। पुल के दोनों एबटमेंट का कार्य पूर्ण हो चुका है। वहीं सभी पांच पियर और छह में से तीन स्पैन की ढलाई का कार्य प्रगति पर है। पुल निर्माण का कार्य फरवरी-2027 तक पूर्ण किया जाना है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी को निर्धारित समयावधि में काम पूरा करने के निर्देश दिए।
सड़क चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य में बाधाएं शीघ्र दूर करने के दिए निर्देश
लोक निर्माण विभाग के सचिव ने राज्य मार्ग क्रमांक-5 पर 10.40 किलोमीटर में चल रहे सड़क चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य का भी जायजा लिया। उन्होंने मार्ग में 10 किलोमीटर डीबीएम कार्य, 400 मीटर क्षेत्र में वृक्ष कटाई तथा पाइपलाइन एवं विद्युत पोल स्थानांतरण से संबंधित बाधाओं को शीघ्र दूर करने के निर्देश दिए, ताकि निर्माण कार्यों को आगे बढ़ाया जा सके।
लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता श्री वी.के. भतपहरी, दुर्ग परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता श्री एन.के. जयंत, अधीक्षण अभियंता श्रीमती अर्पणा चौरपगार, सेतु संभाग दुर्ग के कार्यपालन अभियंता श्री चंद्रकिशोर पाण्डेय और विद्युत एवं यांत्रिकी संभाग दुर्ग के कार्यपालन अभियंता श्री अब्दुल कादिर सहित सभी अनुविभागीय अधिकारी, उप अभियंता तथा ठेकेदार भी श्री बंसल के निरीक्षण के दौरान मौजूद थे।
मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े के मुख्य आतिथ्य में सूरजपुर में जिला स्तरीय समारोह का शुभारंभ
“राज्य स्थापना दिवस छत्तीसगढ़ महतारी की अस्मिता, संस्कृति और स्वाभिमान का पर्व” — मंत्री श्रीमती राजवाड़े
सशक्त नारी, युवा उड़ान की थीम पर आयोजित समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारी और प्रतियोगिताओं के विजेता सम्मानित
रायपुर, 3 नवंबर 2026/ छत्तीसगढ़ राज्य के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर सूरजपुर के अग्रसेन स्टेडियम ग्राउंड में जिला स्तरीय राज्योत्सव का आयोजन किया गया। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े के मुख्य आतिथ्य में आयोजित समारोह का शुभारंभ मां सरस्वती और छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्यगीत का गायन भी किया गया। इस वर्ष राज्योत्सव “सशक्त नारी, युवा उड़ान” की थीम पर मनाया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने जिलेवासियों को राज्य स्थापना दिवस की बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राज्य स्थापना दिवस छत्तीसगढ़ महतारी की अस्मिता, समृद्ध संस्कृति और स्वाभिमान का पर्व है। प्रदेश अपनी स्थापना के 26 वर्ष पूरे कर 27वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी के प्रयासों से छत्तीसगढ़ को पृथक राज्य का गौरव मिला। मंत्री ने राज्य निर्माण में योगदान देने वाले पुरखों को नमन करते हुए कहा कि गठन के समय अनेक चुनौतियां थीं, लेकिन आज प्रदेश विकास के विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है।
उन्होंने कहा कि लोककला, लोकसंस्कृति और जनजातीय परंपराओं से विशिष्ट पहचान रखने वाला छत्तीसगढ़ विकास और प्रगति की दिशा में आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” की भावना के अनुरूप जनकल्याण और समावेशी विकास के लिए प्रतिबद्ध है। महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ दूरस्थ अंचलों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है। आदिवासी एवं अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरणों के माध्यम से जनजातीय और वंचित वर्गों के उत्थान के प्रयास भी किए जा रहे हैं।
मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि सूरजपुर जिले में जनजातीय संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण के साथ विकास कार्यों को गति दी जा रही है। उन्होंने सभी से जिले को समृद्ध और विकसित बनाने के संकल्प के साथ सामूहिक सहभागिता से आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सूरजपुर के विकास से विकसित छत्तीसगढ़ का संकल्प और मजबूत होगा।
प्रेमनगर विधायक श्री भूलन सिंह मरावी ने भी राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्योत्सव की “सशक्त नारी, युवा उड़ान” थीम महिला सशक्तिकरण और युवाओं की प्रगति के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित सूरजपुर के निर्माण में सभी से सक्रिय सहभागिता की अपील की। कलेक्टर श्रीमती रेना जमील ने राज्य और जिले के गठन के बाद हुए विकास, उपलब्धियों तथा नवाचारों की जानकारी साझा की।
उत्कृष्ट कार्य करने वालों और प्रतियोगिता विजेताओं का सम्मान
समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों और पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। पाक कला प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली बबली को 3,100 रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली श्रीमती रानी गुप्ता को 2,100 रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली श्रीमती कमला गुप्ता को 1,100 रुपये की नकद पुरस्कार राशि और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
विभागीय प्रदर्शनी में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए जिला पंचायत को प्रथम, स्वास्थ्य विभाग को द्वितीय तथा शिक्षा एवं राजस्व विभाग को संयुक्त रूप से तृतीय स्थान मिला। अतिथियों ने विजेता विभागों को सम्मानित किया। विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को लाभ भी प्रदान किया गया। कुर्सी दौड़, रस्साकशी सहित खेल प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। छात्राओं और अन्य प्रतिभागियों के उत्साहपूर्ण प्रदर्शन पर दर्शकों ने तालियों के साथ उनका उत्साह बढ़ाया।
शिल्पग्राम साज-सज्जा जनमानस को कर रही मुग्ध
पीएम के संदेश को सीएम साय कर रहे साकार
शिल्पग्राम में वोकल फार लोकल और लोकल टू ग्लोबल की अनुगूंज
रायपुर, नवंबर 2026/ नवा रायपुर में आयोजित छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 में शिल्पग्राम की साज-सज्जा अनायास ही जनमानस को मुग्ध कर रही है। शिल्पग्राम की खूबसूरत सजावट फिर चाहे धातुओं से बनी बेहतरीन कलाकृतियां हों, मिट्टी और लकड़ियों में की गई कारीगरी, सिल्क हो या कपड़े, चारों ओर है कारीगरी की बेजोड़ दुनिया। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि यह स्थान प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के संदेश वोकल फार लोकल के संदेश को आत्मसात करता दिखाई दे रहा है। शिल्पग्राम में स्थानीय उत्पादों को जिस तरह प्रस्तुत किया गया है जिससे यह अभिव्यक्त हो रहा है कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय पीएम के संदेश को साकार कर रहे हैं।
शिल्पग्राम में हथकघरा के उत्पादों में लोगों की खासी दिलचस्पी है। साड़ियां, शर्ट और अन्य उत्पादों से लेकर घर के लिए सजावटी सामानों की विविधता से शिल्पग्राम लोगों को अपनी तरफ आकर्षित कर रहा है। कोशल फैब का स्टाल बरबस ही सबका ध्यान अपनी तरफ खींचता है। कोशल फैब ब्रांड की जानकारी देते हुए रीतेश कुमार सिंह ने बताया कि अगस्त महीने में ही मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ के प्रीमियम हैंडलूम ब्रांड कोशल फैब की लांचिंग की थी। इस दौरान इन्वेंट्री मैनेजमेंट साफ्टवेयर का भी शुभारंभ किया गया था जिससे नवाचारों के लिए लोकल टू ग्लोबल का सफर आसान बनाया जा सके। 'लूम टू लग्जरी' की अवधारणा पर आधारित यह प्रीमियम ब्रांड छत्तीसगढ़ के कोसा एवं पारंपरिक हथकरघा उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार में नई पहचान दिलाने तथा उन्हें वैश्विक स्तर तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
शिल्पग्राम में बस्तर की विशिष्ट कलाकृतियां भी लोगों के कौतूहल का केंद्र बनी हुई हैं। विभिन्न अंचलों की लोककलाओं, परंपराओं को कलाकृतियों में जिस तरह से उकेरा गया है उसका सौंदर्य देखते ही बनता है। झारा आर्ट, वैक्स तकनीकि को लेकर आंगतुक खासी जिज्ञासा दिखा रहे हैं। शिल्पग्राम में स्थानीय उत्पादों से तो आंगतुक रूबरू हो रहे हैं। यहां सेल्फी प्वाइंट भी बनाया गया है, जहां सेल्फी लेते लोगों का हुजूम देखा जा सकता है। राज्योत्सव मुख्य मंच के ठीक सामने शिल्पग्राम में भी स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियां के लिए एक मंच जिला प्रशासन ने दिया है। यहां स्थानीय कलाकारों की मोहक प्रस्तुतियों से लोगों के चेहरों में आनंद, उत्साह और उल्लास है।
गृह मंत्री श्री अमित शाह के आतिथ्य में कल राज्योत्सव में जारी होगी महतारी वंदन योजना की 33वीं किस्त
रायपुर, नवंबर 2026/ छत्तीसगढ़ शासन द्वारा महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और उनकी आत्मनिर्भरता को सुनिश्चित करने की दिशा में चलाई जा रही महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की माताओं-बहनों को एक और बड़ी सौगात मिलने जा रही है। आगामी दीपावली के पावन पर्व से ठीक पहले योजना की नवंबर माह की 33वीं किस्त का अंतरण कल यानी 3 नवंबर 2026 को राज्योत्सव समारोह के दौरान किया जाएगा।
गृह मंत्री श्री अमित शाह करेंगे राशि का अंतरण
राज्योत्सव समारोह के मुख्य मंच से भारत सरकार के गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह के मुख्य आतिथ्य तथा मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में यह कार्यक्रम आयोजित होगा। इस दौरान प्रदेश की 67 लाख 40 हजार 410 पात्र महिलाओं के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (क्ठज्) के माध्यम से कुल 632 करोड़ 63 लाख 67 हजार 750 रुपये की राशि सीधे अंतरित की जाएगी। त्योहार से पहले खाते में राशि आने से महिलाओं और उनके परिवारों में भारी उत्साह और उमंग का माहौल है।
इन महिलाओं के खातों में पहुंचेगी राशि
ई-केवाईसी पूर्ण करा चुकीं प्रदेशभर की 67 लाख 33 हजार 502 महिला हितग्राही लाभान्वित होंगी। नियद नेल्ला नार कैंप क्षेत्र की 6,908 महिलाओं को उनकी 13वीं किस्त की राशि प्रदान की जाएगी। इस प्रकार कुल 67 लाख 40 हजार 410 महिलाओं को इस चरण में लाभ मिलेगा।
योजना के सफर पर एक नजर
छत्तीसगढ़ में 1 मार्च 2024 से लागू इस योजना के तहत पहली किश्त 10 मार्च 2024 को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के करकमलों से प्रदान की गई थी। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में अब तक 32 किस्तों के माध्यम से महिलाओं को कुल 20 हजार 717.87 करोड़ रुपये की सहायता दी जा चुकी है। 33वीं किस्त के जुड़ने के बाद यह कुल आंकड़ा बढ़कर 21 हजार 350.50 करोड़ रुपये हो जाएगा।
छत्तीसगढ़ शासन की इस निरंतर वित्तीय सहायता से प्रदेश की महिलाएं अपनी छोटी-छोटी जरूरतों को पूरा करने के साथ-साथ परिवार की आर्थिक गतिविधियों में भी सक्रिय योगदान दे रही हैं। हितग्राही महिलाएं भुगतान की स्थिति व अन्य जानकारी आधिकारिक पोर्टल mahtarivandan.cgstate.gov.in तथा प्ले स्टोर पर उपलब्ध मोबाइल ऐप के माध्यम से प्राप्त कर सकती हैं।
उप मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन प्रवेश द्वार, स्विमिंग पूल, नालंदा परिसर और नगर पालिका भवन के कार्यों का किया निरीक्षण
अधिकारियों से प्रगति की ली जानकारी, गुणवत्ता सुनिश्चित करने और निर्माण कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश
रायपुर. नवम्बर 2026. उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री श्री अरुण साव ने आज मुंगेली नगर पालिका क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। उन्होंने निर्माणाधीन प्रवेश द्वार, स्विमिंग पूल, नालंदा परिसर और नगर पालिका भवन का निरीक्षण कर अधिकारियों से कार्यों की प्रगति और वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। श्री साव ने निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश देते हुए अधिकारियों से कहा कि गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाए। सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे हों और निर्माण में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाए। श्री साव के साथ विधायक श्री धरमलाल कौशिक भी निरीक्षण के दौरान मौजूद थे।
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने सबसे पहले साइंस कॉलेज के पास नवागढ़ रोड पर निर्माणाधीन प्रवेश द्वार का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से निर्माण की प्रगति की जानकारी ली और कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने स्विमिंग पूल और नालंदा परिसर के निर्माण कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने दोनों निर्माणाधीन परिसरों की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को गुणवत्ता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने को कहा।
श्री साव ने नगर पालिका भवन के निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करते हुए इन्हें निर्धारित समय में पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में अनावश्यक विलंब और लापरवाही नहीं होनी चाहिए। अधिकारी कार्यों की प्रगति पर विशेष ध्यान दें और इन्हें समय पर पूरा कराएं।
निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री श्री साव कर्मा माता मंदिर भी पहुंचे। उन्होंने मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर छत्तीसगढ़वासियों के सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने प्रदेश की निरंतर उन्नति और प्रगति के लिए भी प्रार्थना की।
राज्योत्सव 2026 में जेल विभाग की प्रदर्शनी बनी आकर्षण का केंद्र, बंदियों की रचनात्मक प्रतिभा और सुधारात्मक पहल की दिखी अनूठी झलक
हस्तनिर्मित कलाकृतियों, जूट उत्पादों, खाद्य सामग्री और हाथकरघा के चलित मॉडल ने खींचा दर्शकों का ध्यान
स्मार्ट क्लास, डिजिटल शिक्षा और निश्चय कार्यक्रम से बंदियों के पुनर्वास एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में सार्थक प्रयास
रायपुर, नवंबर 2026/ जेल की चारदीवारी के भीतर भी प्रतिभा पनप सकती है, हुनर निखर सकता है और शिक्षा के माध्यम से जीवन को नई दिशा दी जा सकती है। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 में जेल एवं सुधारात्मक सेवाएँ विभाग की प्रदर्शनी इसी सकारात्मक बदलाव की प्रेरक तस्वीर प्रस्तुत कर रही है। यहां बंदियों की कलात्मक प्रतिभा, कौशल विकास, शिक्षा और पुनर्वास से जुड़ी गतिविधियां दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। प्रदर्शनी यह संदेश दे रही है कि जेलें केवल दंड के लिए नहीं, बल्कि सुधार, पुनर्वास और समाज की मुख्यधारा में सम्मानजनक वापसी का अवसर प्रदान करने वाली संस्थाएं भी हैं।
राज्योत्सव में जेल एवं सुधारात्मक सेवाएँ विभाग द्वारा लगाए गए स्टॉल में प्रदेश की विभिन्न जेलों में संचालित सुधारात्मक गतिविधियों को आकर्षक फोटो प्रदर्शनी एवं बंदियों द्वारा तैयार उत्पादों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है। यहां बंदियों के हुनर, रचनात्मकता और आत्मनिर्भर बनने के प्रयासों की झलक देखने को मिल रही है।
बंदियों के हुनर को नई पहचान दे रहा निश्चय कार्यक्रम
प्रदर्शनी में युवा बंदियों को स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता से जोड़ने के उद्देश्य से संचालित श्निश्चय कार्यक्रमश् की गतिविधियों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है। इस कार्यक्रम के अंतर्गत बंदियों को फास्ट फूड निर्माण, खाद्य सामग्री तैयार करने तथा अन्य रोजगारोन्मुखी गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। महिला बंदियों द्वारा अचार निर्माण तथा बंदियों द्वारा भगवान श्री गणेश एवं माँ दुर्गा की आकर्षक प्रतिमाओं का निर्माण उनके कौशल और रचनात्मकता को दर्शाता है। इन गतिविधियों का उद्देश्य बंदियों को ऐसे व्यावसायिक कौशल से जोड़ना है, जो जेल से रिहाई के बाद उन्हें आजीविका और सम्मानजनक जीवन की नई शुरुआत करने में सहायक बन सकें।
बंदियों के हाथों से बने उत्पादों ने बिखेरी रचनात्मकता की छटा
जेल विभाग के स्टॉल में बंदियों द्वारा बनाई गई चित्रकलाएं, जूट उत्पाद, अचार, सरसों तेल, नमकीन और एलईडी उत्पाद प्रदर्शन के लिए रखे गए हैं। ये उत्पाद बंदियों की मेहनत, लगन और प्रशिक्षण के माध्यम से विकसित कौशल को प्रदर्शित कर रहे हैं। प्रदर्शनी में मैनपाट महोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय द्वारा बंदियों के हस्तनिर्मित कलात्मक उत्पादों के अवलोकन की तस्वीर भी लगाई गई है। यह तस्वीर बंदियों की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहन देने और उनके पुनर्वास के प्रयासों को दर्शाती है।
स्मार्ट क्लास और डिजिटल शिक्षा से बंदियों के जीवन में ज्ञान का उजियारा
प्रदेश की जेलों में बंदियों को शिक्षा से जोड़ने के लिए संचालित स्मार्ट क्लास, डिजिटल शिक्षा और विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के माध्यम से उपलब्ध अध्ययन सुविधाओं को भी प्रदर्शनी में विशेष स्थान दिया गया है। जेलों में शिक्षा के इन प्रयासों का उद्देश्य बंदियों को ज्ञान और कौशल से सशक्त बनाना तथा उनके व्यक्तित्व विकास को प्रोत्साहित करना है। शिक्षा के माध्यम से बंदियों को सकारात्मक सोच विकसित करने और भविष्य में बेहतर जीवन की संभावनाओं से जोड़ने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।
युवा बंदी वासुदेव चौहान की अनूठी उपलब्धि बनी प्रेरणा
प्रदर्शनी में केंद्रीय जेल रायपुर के युवा बंदी श्री वासुदेव चौहान की उल्लेखनीय उपलब्धि को भी विशेष रूप से प्रस्तुत किया गया है। उन्होंने श्रीमद्भगवद्गीता के सभी 18 अध्यायों के 700 श्लोक कंठस्थ किए हैं। उनकी यह उपलब्धि एकाग्रता, अनुशासन, अध्ययन और आत्मविकास की प्रेरक मिसाल है। यह दर्शाती है कि सकारात्मक वातावरण और सीखने के अवसर मिलने पर व्यक्ति कठिन परिस्थितियों में भी अपनी क्षमताओं को विकसित कर सकता है।
विश्वविद्यालयों के स्टॉलों पर उमड़ी युवाओं की भीड़, आधुनिक शिक्षा, डिजिटल सुविधाओं और रोजगार के नए अवसरों की मिली जानकारी
पीएम-उषा, सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, एकेडमिक बैंक ऑफ क्रेडिट और डिजिलॉकर जैसी पहलों को युवाओं ने सराहा
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में युवाओं को गुणवत्तापूर्ण, आधुनिक और रोजगारोन्मुखी उच्च शिक्षा उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता -उच्च शिक्षा मंत्री श्री टंक राम वर्मा
रायपुर, नवंबर 2026/ नवा रायपुर में आयोजित छत्तीसगढ़ राज्योत्सव में उच्च शिक्षा विभाग की प्रदर्शनी युवाओं, विद्यार्थियों और अभिभावकों के लिए आकर्षण के साथ ज्ञान और मार्गदर्शन का महत्वपूर्ण केंद्र बन गई है। प्रदेश के विभिन्न विश्वविद्यालयों द्वारा लगाए गए स्टॉलों में आधुनिक शिक्षा, डिजिटल तकनीक, नवाचार, अनुसंधान, कौशल विकास और रोजगार की संभावनाओं की झलक देखने को मिल रही है। राज्योत्सव में पहुंचे युवा उत्साहपूर्वक प्रदर्शनी का अवलोकन कर उच्च शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे बदलावों और अपने उज्ज्वल भविष्य से जुड़ी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर रहे हैं।
प्रदर्शनी की विशेषता यह है कि यहां विद्यार्थियों को एक ही परिसर में विभिन्न विश्वविद्यालयों के पाठ्यक्रमों, शैक्षणिक गतिविधियों, अनुसंधान, तकनीकी सुविधाओं और करियर के अवसरों की जानकारी मिल रही है। इससे विशेष रूप से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के युवाओं को उच्च शिक्षा के बेहतर विकल्पों को समझने का अवसर प्राप्त हो रहा है।
एक ही स्थान पर मिली उच्च शिक्षा और भविष्य संवारने की महत्वपूर्ण जानकारी
प्रदर्शनी का अवलोकन करने पहुंचे युवा अभिषेक कुमार साहू और डॉ. एस.आर. कमलेश ने उच्च शिक्षा विभाग की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि राज्योत्सव में विश्वविद्यालयों की गतिविधियों और शासन की शैक्षणिक योजनाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध होना विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी है। डिजिटल सुविधाओं के विस्तार से विशेष रूप से ग्रामीण अंचलों के विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा और उच्च शिक्षा प्राप्त करना अधिक सुविधाजनक होगा। इसी प्रकार प्रदर्शनी देखने पहुंचे विनोद कुमार, तुषार, आराध्या, नीरज कुमार, रिया, महेंद्र, विशाल, शिवम, हर्ष, पवित्र, उमाकांत, सुमन अग्रवाल, कुणाल, संजय और राजकुमार सहित बड़ी संख्या में युवाओं ने विश्वविद्यालयों के स्टॉलों में रुचि दिखाई। इसी तरह विशाल, हर्ष, पवित्र, उमाकांत, सुमन अग्रवाल, कुणाल, संजय और राजकुमार ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ तकनीकी ज्ञान और व्यावहारिक कौशल अत्यंत आवश्यक है। उच्च शिक्षा विभाग की यह प्रदर्शनी विद्यार्थियों को अपनी रुचि और योग्यता के अनुरूप आगे बढ़ने की प्रेरणा दे रही है।
डिजिटल शिक्षा और नवाचार से बदल रही उच्च शिक्षा की तस्वीर
उच्च शिक्षा विभाग की प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री उच्चतर शिक्षा अभियान (पीएम-उषा), सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, एकेडमिक बैंक ऑफ क्रेडिट (एबीसी), डिजिलॉकर और अन्य डिजिटल शैक्षणिक सुविधाओं की जानकारी विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। पीएम-उषा के माध्यम से उच्च शिक्षा संस्थानों में अधोसंरचना और शैक्षणिक गुणवत्ता को सुदृढ़ करने के प्रयास किए जा रहे हैं। सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के जरिए महाविद्यालयों में आधुनिक शिक्षण, अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा दिया जा रहा है। वहीं एकेडमिक बैंक ऑफ क्रेडिट से विद्यार्थियों के शैक्षणिक क्रेडिट का डिजिटल प्रबंधन और डिजिलॉकर के माध्यम से शैक्षणिक दस्तावेजों को सुरक्षित रखने एवं आवश्यकता अनुसार प्राप्त करने की सुविधा उपलब्ध हो रही है। इन पहलों के प्रति युवाओं की रुचि यह दर्शाती है कि नई पीढ़ी आधुनिक तकनीक आधारित शिक्षा और रोजगारोन्मुखी अवसरों को लेकर जागरूक है।
पौधरोपण, बांस शिल्प, वनोपज और हर्बल उत्पादों के जरिए दिखी वन संरक्षण और रोजगार की तस्वीर
रायपुर, नवंबर 2026/ छत्तीसगढ़ के 26वें स्थापना दिवस पर नवा रायपुर स्थित राज्योत्सव स्थल में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। यहां जंगल और वन्यजीवों के संरक्षण के साथ आदिवासी संस्कृति, ग्रामीण आजीविका और आत्मनिर्भरता की पहल एक साथ देखने को मिल रही हैं।
प्रदर्शनी का मुख्य द्वार इंद्रावती टाइगर रिजर्व, बीजापुर के प्रसिद्ध चेंदरू द्वार की तर्ज पर बनाया गया है। इसमें बस्तर के आदिवासी युवक चेंदरू और बाघ की मित्रता को दर्शाया गया है, जो मानव और वन्यजीव के सह-अस्तित्व का प्रतीक है।
‘संवरता छत्तीसगढ़’ थीम के अंतर्गत ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की उपलब्धियां प्रदर्शित की गई हैं। विभाग के अनुसार वर्ष 2024 में लक्ष्य से 140 प्रतिशत अधिक 3.50 करोड़ और वर्ष 2025 में लक्ष्य से 215 प्रतिशत अधिक 3.55 करोड़ पौधे रोपे गए। किसान वृक्ष मित्र योजना के तहत 36,896 किसानों ने अपनी 62,441 एकड़ निजी भूमि पर 3.67 करोड़ पौधे लगाए हैं। इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ किसानों की आय बढ़ाने के अवसर भी बने हैं।
‘बदलता बस्तर’ पैनल में क्षेत्र में आए बदलाव और आजीविका संवर्धन के प्रयासों को दर्शाया गया है। इसके तहत 572 देवगुड़ियों का निर्माण एवं जीर्णोद्धार किया गया है। मनरेगा के माध्यम से 21.67 लाख मानव दिवस का रोजगार सृजित हुआ है। वनोपज संग्रहण से ग्रामीणों को सीधा लाभ मिल रहा है। कांकेर क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 35 जिप्सियों का संचालन किया जा रहा है, जिससे लगभग 200 स्थानीय युवाओं को रोजगार मिला है।
संयुक्त वन प्रबंधन एवं रोजगार स्टॉल पर बांस से बने घर, नाव, मछली, लालटेन, मंदिर, फूलदान और सजावटी उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं। ये उत्पाद ग्रामीण कारीगरों की कला और कौशल को सामने लाते हैं। वन धन केंद्रों में तैयार शहद, आंवला और अन्य उत्पाद भी बिक्री के लिए उपलब्ध हैं।
औषधीय पादप बोर्ड की ‘घर की बाड़ी में औषधीय पौधों का रोपण’ योजना के जरिए ग्रामीण महिलाओं को आय के अवसरों से जोड़ने की जानकारी दी जा रही है। बोर्ड के अनुसार बाड़ी में सिंगी और सतावर जैसे पौधे लगाकर महिलाएं सालाना 20 से 30 हजार रुपये तक की आय अर्जित कर सकती हैं और इसका लाभ 20 वर्षों तक मिल सकता है। धमतरी जिले के 27 गांवों में पायलट परियोजना के तहत 1.21 लाख पौधे लगाए गए हैं।
छत्तीसगढ़ हर्बल्स स्टॉल पर सफेद मूसली चूर्ण, त्रिफला चूर्ण, आंवलकी चूर्ण, एलोवेरा शैम्पू, महाभृंगराज तेल और एलोवेरा साबुन जैसे उत्पाद प्रदर्शित हैं। कांगेर घाटी, तीरथगढ़ जलप्रपात और ग्रामीण तालाब के मॉडल भी दर्शकों का ध्यान खींच रहे हैं और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दे रहे हैं।
प्रदर्शनी देखने पहुंचे ग्राम मरोद के श्री त्रिवेंद्र साहू और श्री रवि निर्मलकर ने कहा कि वन विभाग की प्रदर्शनी देखकर लगा, जैसे पूरे छत्तीसगढ़ का जंगल एक ही जगह सिमट आया हो। बांस की कलाकृतियां, औषधीय पौधों की जानकारी और हर्बल उत्पाद बहुत उपयोगी हैं। उन्होंने जंगलों के संरक्षण के साथ ग्रामीणों को रोजगार से जोड़ने की पहल को सराहनीय बताया।
राज्योत्सव पर मोहकता एवं वैभव लिए अभिव्यक्त हो रही भारतीय बहुमूल्य हथकरघा परम्परा
अपने हुनर से कारीगरों ने बुने हैं खुबसूरत वस्त्र...
उम्दा रंग संयोजन, गुणवत्ता के नागरिक हुए कायल
सुंदर वस्त्रों में बिखरी इंद्रधनुषी छटा
लोकप्रिय माहेश्वरी, चंदेरी, मधुबनी, मूगा सिल्क वर्क की खुबसूरत साड़ियां लोगों की बनी पसंद
रायपुर, नवंबर 2026/ भारतीय हथकरघा की बहुमूल्य धरोहर मोहकता एवं वैभव लिए हुए अभिव्यक्त हो रही है। जिसकी एक बानगी राज्योत्सव मैदान नवा रायपुर में आयोजित राज्योत्सव में दिखाई दे रही है। अपने हुनर से कारीगरों ने बुने हैं खूबसूरत वस्त्र, जिनके उम्दा रंग संयोजन, गुणवत्ता के नागरिक कायल हो रहे हैं। कपड़ों की बुनाई की निपुणता एवं विविधता देखते ही बन रही है। यहाँ वस्त्रों का स्टॉल जनमानस के आकर्षण का केन्द्र है। राज्योत्सव में इन कारीगरों को अपने हुनर और कौशल के लिए एक बेहतरीन अवसर मिला है। यहाँ असम, मध्यप्रदेश, बिहार, उत्तर प्रदेश एवं अन्य राज्यों से कारीगर अपने बुने वस्त्र लेकर पहुँचे है।
राज्योत्सव के वस्त्रों के स्टॉल में देश के विभिन्न प्रान्तों की लोकप्रिय साड़ियां बिक्री के लिए उपलब्ध है। जिनमें माहेश्वरी, चंदेरी तो वहीं मूगा कॉटन, काथा वर्क, मूगा सिल्क, मसलिन प्योर कॉटन की खूबसूरत साड़ियां उपलब्ध हैं। मधुबनी प्रिंट से सुसज्जित साड़ियों का सौंदर्य देखते ही बन रहा है। इसके साथ ही बनारसी, पोचमपल्ली, कोसा, प्रिंट सिल्क, बटिक सिल्क, भागलपुरी एवं विविध प्रकार की साड़ियां उपलब्ध हैं। सुंदर वस्त्रों में इंद्रधनुषी छटा बिखरी दिखाई दे रही है। फैबरिक्स में साड़ी, दुपट्टा, स्कार्फ जैसे वस्त्र किफायती कीमतों पर यहाँ बिक्री के लिए उपलब्ध हैं।
मध्यप्रदेश, खंडवा से आए श्री तेज बहादुर सिंह ने बताया कि वे प्रतिवर्ष राज्योत्सव आते हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ आने पर बहुत अच्छा लगता है। उनके उत्पादों को यहाँ अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। उनके स्टॉल में माहेश्वरी, चंदेरी, मधुबनी प्रिंट की साड़ियां उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि शासन हथकरघा कारीगरों को प्रोत्साहित कर रही है। कुछ दिनों पहले वे मार्बल प्रिंट का प्रशिक्षण लेने पांडिचेरी गए थे। मधुबनी प्रिंट सीखने के लिए वे नेपाल गए थे। डोली, शहनाई से सजी धजी मधुबनी, मिथला आर्ट से बनी बेहतरीन साड़ियों का संग्रहण उनके स्टाल में है। वहीं खूबसूरत दुपट्टे भी उपलब्ध हैं।
पश्चिम बंगाल, कलकत्ता, वर्धमान से आए हसीबुल ने बताया कि उनके उत्पादों की अच्छी बिक्री हो रही है। उनके स्टॉल में काथा वर्क, असम का मूगा सिल्क, मूगा कॉटन, लिनन कॉटन की साड़ियां उपलब्ध हैं। बिहार से आए मिथलेश कुमार ने बताया कि उनके यहाँ मधुबनी प्रिंट के साथ ही केला रेशम, कॉटन सिल्क वर्ली प्रिंट, बैम्बू सिल्क की साड़ियां वेरायटी में उपलब्ध हैं। पश्चिम बंगाल, कलकत्ता से आए शादिर अंसारी ने बताया कि यहाँ छत्तीसगढ़ में बहुत अच्छा लग रहा है। यहाँ काथा वर्क, जामदानी, पेंच वर्क, असम सिल्क, डांडिया जैसी साड़ियां उपलब्ध हैं।
बुनकरों के लिए बुनकारी आजीविका का साधन है। कुटीर उद्योग के तौर पर बुनकरों को शासन द्वारा प्रोत्साहित किया जा रहा है। परंपरागत कारीगरी के संरक्षण के साथ ही उनके लिए मार्केट उपलब्ध कराने के लिए कार्य किए जा रहे हैं।
‘मैं अयोध्या हूं’ के नाट्य मंचन में दिखी भारतीय संस्कृति, आस्था और गौरवशाली इतिहास की झलक
लोकप्रिय पार्श्व गायिका स्वास्ति मेहुल की भक्तिमय प्रस्तुतियों ने राज्योत्सव की शाम को भक्तिरस में डुबोया और कंचन जोशी ने छत्तीसगढ़ी गानों से सभी का मोहा मन
राज्यपाल श्री रमेन डेका ने किया कलाकारों का सम्मान
शिल्पग्राम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से बिखरी छत्तीसगढ़ी लोककला और शास्त्रीय नृत्यों की अनुपम छटा
रायपुर, नवंबर 2026/ छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 के दूसरे दिन नवा रायपुर स्थित राज्योत्सव मैदान में कला, संस्कृति, आस्था और संगीत का अद्भुत संगम देखने को मिला। मुख्य मंच पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों को भारतीय संस्कृति की गौरवशाली विरासत से परिचित कराया। वहीं छत्तीसगढ़ी लोकसंगीत, शास्त्रीय नृत्य और आधुनिक संगीत की प्रस्तुतियों ने राज्योत्सव की शाम को यादगार बना दिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्यपाल श्री रमेन डेका ने दूसरे दिन प्रस्तुति देने वाले कलाकारों को सम्मानित कर बधाई दी।
मुख्य मंच पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत विशेष नाट्य प्रस्तुति ‘मैं अयोध्या हूं’ से हुई। एक घंटे की इस नाट्य प्रस्तुति में अयोध्या की ऐतिहासिक, धार्मिक और आध्यात्मिक विरासत को प्रभावशाली अभिनय एवं कलात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। नाट्य मंचन में भारतीय संस्कृति, आस्था, परंपराओं और गौरवशाली इतिहास की झलक देखने को मिली। कलाकारों ने अपने सशक्त अभिनय से भारतीय सांस्कृतिक चेतना और आध्यात्मिक मूल्यों को जीवंत किया और राम मंदिर निर्माण के इतिहास, आस्था और संस्कृति के इस अनूठे संगम ने दर्शकों को देश की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं से परिचित कराया।
स्वास्ति मेहुल की सुरीली आवाज से सजी सांस्कृतिक संध्या
राज्योत्सव की सांस्कृतिक संध्या में राम आयेंगे फेम प्रसिद्ध पार्श्व गायिका सुश्री स्वास्ति मेहुल ने अपनी सुरीली आवाज और भक्ति प्रस्तुति से राज्योत्सव की शाम को भक्ति के रस में सराबोर कर दिया। उन्होंने अपनी प्रस्तुति से आम जन को भक्ति मय माहौल बना दिया। 'राम आएंगे.......' में जहां लोग झूमते नजर आए और 'कान्हा आन बसो वृंदावन...' ने लोगों को वृंदावन की कृष्ण भक्ति धारा में विभोर कर दिया।
कंचन जोशी ने छत्तीसगढ़ी गानों से सभी को नचाया
छत्तीसगढ़ी पार्श्व गायिका कंचन जोशी ने छत्तीसगढ़ी गानों से सभी का मन मोह लिया। मोला ले दे ना राजा सोन के नथनी....., मोर मन झूमे......और कर ले तै मया के चिन्हारी..... गानों को सुन कर श्रोता बरबस ही अपनी जगह पर ही झूमने लगे। कंचन जोशी ने छत्तीसगढ़ी गानों की मिठास से सभी को सम्मोहित कर लिया।
शिल्पग्राम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से जीवंत हुई छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति
राज्योत्सव के मुख्य मंच के साथ ही शिल्पग्राम में भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक छटा बिखरी। यहां आयोजित 11 सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में छत्तीसगढ़ी लोकसंगीत, पंडवानी, सुआ नृत्य, ओडिसी, कथक, सूफी संगीत, गजल और लोकमंच जैसी विविध कलाओं का आकर्षक संगम देखने को मिला।
शिल्पग्राम के मंच पर श्रीमती प्रसन्ना अवस्थी ने लोकसंगीत एवं नृत्य तथा सुश्री सुष्मिता दास ने ओडिसी नृत्य की प्रस्तुति दी। दुर्ग की सुश्री समप्रिया पूजा निषाद ने छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध पंडवानी गायन परंपरा को जीवंत किया। बिलासपुर के श्री अंकित निर्मलकर ने सूफी, गजल एवं सुगम गायन के माध्यम से संगीत के विविध रंग बिखेरे।
गरियाबंद की सुश्री मिलवंतीन बाई ने पारंपरिक सुआ नृत्य के माध्यम से छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति की मनमोहक झलक प्रस्तुत की। रायपुर की सुश्री मेघा बोस ताम्रकार ने लोकसंगीत की प्रस्तुति दी। वहीं सुश्री आंचल पाण्डेय और श्रीमती विनीता त्रिपाठी ने कथक नृत्य के माध्यम से भारतीय शास्त्रीय नृत्य परंपरा की सुंदर अभिव्यक्ति की। धमतरी की सुश्री रुखमनी दीवान और श्री तेजराम साहू ने लोकमंच के माध्यम से छत्तीसगढ़ी लोकजीवन, परंपराओं और सामाजिक संस्कृति को प्रस्तुत किया। श्री आदित्य मिश्रा बैंड की संगीतमय प्रस्तुति ने भी सांस्कृतिक आयोजन में विशेष रंग भरे।