ईश्वर दुबे
संपादक - न्यूज़ क्रिएशन
+91 98278-13148
newscreation2017@gmail.com
Shop No f188 first floor akash ganga press complex
Bhilai
Google Analytics —— Meta Pixel
एंटीगा । ऑस्ट्रेलिया ने वेस्टइंडीज को 71 रन से हराकर आईसीसी महिला विश्व टी20 के फाइनल में प्रवेश किया है। ऑस्ट्रेलियाई टीम की जीत में एलिसा हीली की 46 रनों की पारी की अहम भूमिका रही। इसके अलावा उसके गेंदबाजों ने भी शानदार प्रदर्शन किया। अब खिताबी मुकाबले में ऑस्ट्रेलियाई टीम का सामना प्रतिद्वंद्वी इंग्लैंड से होगा। इस मैच में आस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए हीली के 38 गेंदों पर 46 रन और कप्तान मेग लैनिंग के 39 गेंदों पर 31 और राचेल हेन्स के 15 गेंदों पर नाबाद 25 रनों की सहायता से पांच विकेट पर 145 रन बनाये। इसके बाद लक्ष्य का पीछा करते हुए मेजबान वेस्टइंडीज की टीम 17.3 ओवरों में ही 71 रन पर सिमट गयी। इंडीज की केवल एक बल्लेबाज कप्तान स्टेफनी टेलर ही 16 रन बनाकर दो अंकों तक पहुंच पायी। आस्ट्रेलिया की तरफ से एलिस पेरी ने दो रन देकर दो विकेट, एशलीग गार्डनर ने 15 रन देकर दो विकेट और डेलिसा किमिन्स ने 17 रन देकर दो विकेट लिए।
जम्मू-कश्मीर । कश्मीर घाटी के अनंतनाग जिले के बिजबिहाड़ा में मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने 6 आतंकी ढेर कर दिए है। इस इलाके में सेना का सर्च कार्रवाई जारी है। मारे गए आतंकियों से सुरक्षाबलों को हथियार और भारी मात्रा में हथियार बरामद हुए है। इससे पहले आतंकियों ने गुरुवार सुबह खुडवनी (कुलगाम) में सैन्य शिविर और देर शाम शोपियां में सुरक्षाबलों पर दो अलग-अलग हमले किए गए। इन हमलों में सुरक्षाबलों को कोई नुकसान नहीं हुआ। कुलगाम में युवती क्रॉस फायरिंग के दौरान गोली लगने से जख्मी हो गई। गुरुवार सुबह 8.20 बजे स्वचालित हथियारों से लैस आतंकियों के दल ने खुडवनी में स्थित सेना की 1 आरआर के शिविर पर हमला किया। आतंकियों न पहले अंडर बैरल ग्रेनेड लांचर (यूबीजीएल) से ग्रेनेड दागा और उसके बाद स्वचालित हथियारों से फायरिंग की। जवानों ने जवाबी फायर किया। करीब पांच से सात मिनट तक दोनों तरफ से गोलियां चली। जवानों को भारी पड़ते देख आतंकी भाग निकले।
संबंधित अधिकारियों ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान एक युवती मुस्कान जान गोली लगने से जख्मी हो गई। कुलगाम में हमले के बाद देर शाम तक आतंकी शांत रहे। सूर्यास्त के बाद करीब पौने सात बजे आतंकियों ने शोपियां के बाहरी छोर पर स्थित गागरन में स्थित सुरक्षाबलों के शिविर पर आतंकियों ने पहले ग्रेनेड फेंका और उसके बाद उन्होंने राइफलों से फायर किया। शिविर के बाहर स्थित बंकर में पुलिसकर्मियों ने तुरंत जवाबी फायर किया। आतंकी वहां से भाग निकले। गगरन में हमले के कुछ ही देर बाद आतंकियों ने शोपियां पुलिस स्टेशन पर ग्रेनेड से हमला किया। ग्रेनेड थाना परिसर के बाहरी हिस्से में गिरकर फटा। हमले के फौरन बाद आतंकी भाग निकले। संबंधित अधिकारियों ने बताया कि गगरन में जिस शिविर पर आतंकियों ने हमला किया था, उसी शिविर परिसर में एएसपी शोपियां का कार्यालय है। इन हमलों में किसी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ है।
मध्यप्रदेश पुलिस में कार्यरत एक लाख से ज्यादा कर्मचारियों के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने बड़ा एलान किया है। कमलनाथ ने ट्वीट कर कहा है कि पुलिस कर्मचारियों को सप्ताह में एक दिन का अवकाश दिया जाएगा।
कमलनाथ ने 50,000 पुलिसकर्मियों की भर्ती कर पुलिस बल की कमी को दूर करने की बात की है। साथ ही हरदिन के ड्यूटी समय को कम करने की भी बात की है। कमलनाथ ने पुलिस को काम करने के लिये तनावमुक्त वातावरण देने की घोषणा की है।
पुलिस महकमा बहुत तनाव में काम करता है। ऐसे में कमलनाथ का पुलिस कर्मचारियों के लिए किए गए कई एलान से पुलिसकर्मियों में उम्मीद जग सकती है। राज्य में कांग्रेस की सरकार बनने पर पुलिसकर्मियों को यह फायदे मिलेंगे।
अयोध्या में विहिप की 25 नवंबर को प्रस्तावित धर्मसभा को लेकर शासन एक्शन मोड में आ गया है। एक लाख से अधिक की भीड़ जुटने और कानून-व्यवस्था प्रभावित होने के अंदेशे के मद्देनजर अयोध्या में भारी तादाद में फोर्स व अफसरों की तैनाती कर दी गई है। फैजाबाद व समीपवर्ती जिलों की पुलिस के अलावा 48 कंपनी पीएसी तैनात किए जाने से अयोध्या छावनी में तब्दील हो गई है।
वहीं अमर उजाला से खास बातचीत में कथावाचक देवकीनंनद ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार अध्यादेश लाकर अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण कराए। अगर अभी ऐसा नहीं होगा तो फिर कभी नहीं हो सकता है। ठाकुर ने कहा, मैं मुरली मनोहर जोशी और लाल कृष्ण आडवाणी का आभारी हूं। उन्होंने धर्म को राजनीति से जोड़ा। आज मोदी और योगी को पहल करनी होगी। दो महीने के अंदर उन्हें अध्यादेश लाकर मंदिर बनाना होगा। इसके बाद तो चुनाव आ जाएंगे।


नयी दिल्ली। केन्द्रीय कृषि और किसान कल्याण मंत्री राधामोहन सिंह ने वृहस्पतिवार को कहा कि मत्स्यपालन के क्षेत्र के विकास के लिए स्थापित 7,522 करोड़ रुपये का बुनियादी ढांचा विकास कोष (एफआईडीएफ) से देश में मत्स्य पालन तथा संबंधित गतिविधियों में 9.40 लाख मछुआरों और उद्यमियों के रोजगार के अवसर पैदा होंगे। कृषि मंत्री सिंह पटना में ‘विश्व मात्स्यिकी दिवस’ पर आयोजित एक कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। यह विश्व मात्स्यिकी दिवस का पांचवा संस्करण है। इस बार ‘विश्व मात्स्यिकी दिवस’ समारोह की थीम - “नीली क्रांति मिशन - आधुनिक तकनीकियों के प्रयोग से व्यावसायिक मत्स्य उत्पादन की ओर” रखी गयी है।
कोलकाता। श्रीलंकाई टीम को विश्व कप का खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाले कोच डेव वाटमोर ने गुरूवार को यहां कहा कि स्टीव स्मिथ और डेविड वार्नर की गैरमौजूदगी में भारत के पास ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट श्रृंखला जीतने का अच्छा मौका होगा। वाटमोर यहां केरल के कोच के तौर पर बंगाल के खिलाफ रणजी मैच के लिए आये है।
विएनतियान। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने शुक्रवार को लाओस के अपने समकक्ष सालेमएक्से कोम्मासिथ से मुलाकात कर द्विपक्षीय बातचीत की। दोनों के बीच रक्षा, व्यापार, ऊर्जा और कृषि क्षेत्र में आपसी सहयोग बढ़ाने पर बातचीत हुई। स्वराज दो दिन की लाओस की यात्रा पर हैं। वह यहां कोम्मासिथ के साथ नौंवी ‘संयुक्त आयोग की बैठक’ में हिस्सा लेंगी। दोनों नेता संबंधों और साझेदारी को और मजबूत करने की रुपरेखा पर बातचीत करेंगे।
कराची। पाकिस्तान में कुछ अज्ञात बंदूकधारियों ने कराची स्थित चीनी वाणिज्य दूतावास के निकट गोलियां चलाईं, जिसमें दो पुलिसकर्मियों की मौत हो गई। डॉन समाचारपत्र की खबर के मुताबिक क्लिफटन इलाके में एक धमाके की भी आवाज सुनी गई, जिसकी प्रकृति के बारे में फिलहाल कोई जानकारी नहीं मिली है।
नयी दिल्ली। भाजपा की दिल्ली इकाई के प्रमुख एवं सांसद मनोज तिवारी ने शुक्रवार को कहा कि वह आप विधायक अमानतुल्ला खान के खिलाफ लोकसभा में विशेषाधिकार हनन का नोटिस लाएंगे। तिवारी का आरोप है कि इस महीने की शुरुआत में सिग्नेचर ब्रिज के उद्घाटन के दौरान खान ने कथित तौर पर उनके साथ मार-पीट की थी और उन्हें धमकाया था। चार नवंबर को कार्यक्रम के दौरान हुई घटना के बाद आप और भाजपा ने मार-पीट का आरोप लगाते हुए एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।