Google Analytics —— Meta Pixel
newscreation

newscreation

सरकार ने स्कूल के बच्चों के बैग के वजन को लेकर एक नई गाइडलाइन तैयार की है। कक्षा पहली से 10वीं तक के बच्चों के बैग के वजन कम कर दिए हैं। मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने सभी राज्यों में नए नियमों को भेज दिया है। आपको बता दें कि नई गाइडलाइन के मुताबिक चिल्ड्रन स्कूल बैग एक्ट, 2006 के अनुसार स्कूल बैग का वजन छात्रों के वजन के 10 फीसदी से ज्यादा नहीं होना चाहिए।
 
सभी कक्षा के छात्रों के लिए अलग-अलग गाइडलाइन तैयार की है। कक्षा पहली और दूसरी के छात्रों के लिए स्कूल बैग का वजन  1.5 किलो से अधिक नहीं होना चाहिए। अगर बात कक्षा तीसरी, चौथी और पांचवीं के छात्रों की करें तो स्कूल बैग का वजन 2 से 3 किलो के बीच का होना चाहिए, उससे ज्यादा नहीं होना चाहिए। जो छात्र कक्षा छठी और सांतवीं में पढ़ते हैं उनके स्कूल बैग का वजन 4 किलो निर्धारित किया गया है। वहीं कक्षा आठवीं और नवीं के छात्रों के लिए स्कूल बैग का वजन 4.5 किलो से अधिक नहीं होना चाहिए। अगर बात कक्षी वहीं दसवीं के छात्रों की करें तो वजन पांच किलों होना चाहिए।

हेल्थ डेस्क. उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में पान मसाले के दो नामी ब्रांड राजश्री और केसर के नमूनों की जांच में गैम्बियर मिलाने की पुष्टि हुई है। इसे कत्थे की जगह इस्तेमाल किया जा रहा है। गैम्बियर खतरनाक रसायन होता है। इसका इस्तेमाल चमड़े को रंगने में किया जाता है। इसके सेवन से गुर्दे-लिवर खराब होने के साथ-साथ कैंसर जैसी खतरनाक बीमारी होने का खतरा बढ़ जाता है। खाद्य सुरक्षा विभाग ने गैम्बियर केमिकल की बिक्री पर रोक लगा दी है। वहीं, अमेरिका के जॉन होप्किंस हॉस्पिटल ने भी गैम्बियर केमिकल को कैंसर का कारण बनने वाला पदार्थ बताया है।
व्हाइट कटेच्यू पौधे की पत्तियों से बनता है रंग देने वाला पाउडर
पान मसाले में कैंसर का कारण बनने वाले जिस गैम्बियर रसायन की बात सामने आई है, वह इंडोनेशिया और मलेशिया में पाए जाने वाले झाड़ीनुमा पेड़ (यूनकेरिया कटेच्यू) से तैयार किया जाता है। यह 19वीं शताब्दी में व्यापार का अहम हिस्सा बना। इसका इस्तेमाल डाई करने, चीजों को रंग देने और हर्बल दवाएं बनाने में किया जाता है। इस पेड़ को पेल कटेच्यू या व्हाइट कटेच्यू के नाम से भी जाना जाता है। रंग तैयार करने के लिए इस पौधे की पत्तियों को पानी में उबालते हैं, जिसके बाद पानी का रंग भूरा हो जाता है। इस पानी को छोटे-छोटे क्यूब में रखकर धूप में सुखाते हैं। गंधरहित गैम्बियर व्हाइट कटेच्यू पत्तियों की मदद से चीजों को पीले से लेकर भूरा रंग तक दिया जा सकता है।
कानपुर का जेके कैंसर हॉस्पिटल पान मसालों में मौजूद खतरनाक रसायन गैम्बियर की बढ़ती मात्रा को लेकर रिसर्च कर रहा है। हॉस्पिटल ने कुछ नामी ब्रांड के पान मसालों को अमेरिका के जॉन होप्किंस हॉस्पिटल जांच के लिए भेजा था। रिपोर्ट में सामने आया कि सभी सैंपल्स में कैंसर का कारण बनने वाला गैम्बियर खतरनाक मात्रा में पाया गया। इसे मलेशिया से आयात किया जा रहा है। हालांकि, कैंसर विशेषज्ञ कई बार सरकार से इस केमिकल पर बैन लगाने के लिए आग्रह कर चुके हैं।
समझें कत्था और गैम्बियर का फर्क
पान मसाला बनाने वाली कई कंपनियां कह रही हैं कि वे गैम्बियर के विकल्प के तौर पर खैर कत्था (भारतीय कत्था) का इस्तेमाल कर रही हैं। उनका दावा है कि खैर कत्था नुकसान नहीं पहुंचाता है, लेकिन कैंसर विशेषज्ञ उनकी इस बात से सहमत नहीं हैं। भारतीय कत्था खैर नाम के पौधे की लकड़ी से तैयार होता है, जिसकी पैदावार उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, गुजरात, हिमाचल प्रदेश और नेपाल के जंगलों में होती है। द इंडियन फॉरेस्टर जर्नल में फॉरेस्ट रिसर्च इंस्टिट्यूट, देहरादून के प्रोफेसर पीएल सोनी ने लिखा है कि गैम्बियर और कत्थे में काफी समानताएं हैं। गैम्बियर में कई तरह ही भारी धातुएं पाई जाती हैं।

श्रीनगर. जम्मू-कश्मीर के शोपियां में सुरक्षाबलों ने रविवार को मुठभेड़ में छह आतंकियों को मार गिराया। सेना के नायक नजीर अहमद शहीद हो गए। सुरक्षाबलों को हिपुरा बाटागुंड इलाके में आतंकियों के छिपे होने की सूचना मिली थी। इसके बाद सर्च ऑपरेशन चलाया गया। पुलिस के मुताबिक, मारे गए चार आतंकी हिजबुल मुजाहिदीन और दो लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े थे। इनमें दोनों आतंकी संगठन के डिस्ट्रिक्ट कमांडर शामिल हैं। एक आतंकी पाकिस्तान से है।
एसएसपी संदीप चौधरी ने बताया कि आतंकियों के कब्जे से भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद हुआ है। उनकी पहचान उमर मजीद गनी, मुश्ताक अहमद मीर, मोहम्मद अब्बास भट, मोहम्मद वसीम वगई, खालिद फारूक मली के रूप में हुई। उमर गनी बाटमालू एनकाउंटर के दौरान बच निकला था। पिछले दिनों उसकी तस्वीर वायरल हुई थी, जिसमें उमर लाल चौक के आसपास नजर आया था। बीते दो साल में वह कई जवानों और आम नागरिकों की हत्या में शामिल रहा था।
सुरक्षाबलों के काफिले पर हुआ पथराव
सुरक्षाबलों की कार्रवाई के मद्देनजर शोपियां में मोबाइल इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई। इसके बाद भी प्रदर्शनकारियों ने मुठभेड़ के बाद लौट रहे जवानों के काफिले पर पथराव किया। जवाबी कार्रवाई में कुछ पथरबाज जख्मी हुए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अनंतनाग में भी छह आतंकी मारे गए थे
इससे पहले शुक्रवार को अनंतनाग में सुरक्षाबलों ने छह आतंकियों को ढेर था। इस कार्रवाई में राइजिंग कश्मीर के संपादक शुजात बुखारी का हत्यारा भी मारा गया। बुखारी की हत्या 14 जून को श्रीनगर के लाल चौक के पास हुई थी। आतंकियों ने बुखारी पर फायरिंग कर दी थी, इसमें दो सुरक्षाकर्मियों की भी मौत हो गई थी। 20 नवंबर को भी शोपियां के नदीगाम में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में चार आतंकियों को मारा था। एक जवान शहीद और दो जख्मी हुए थे।

लंदन. ब्रिटिश जांच एजेंसी स्कॉटलैंड यार्ड ने हाल ही में सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो जारी किए हैं। इनमें पुलिस की गाड़ियां बाइकसवार चोर और लुटेरों को पीछे से टक्कर मारती नजर आ रही है। एजेंसी ने अपराधियों को पकड़ने की इस तरकीब को टैक्टिकल कॉन्टैक्ट नाम दिया है। लंदन के पुलिसकर्मी अब बढ़ते अपराध को इसी तरह काबू कर रहे हैं।
इस साल दर्ज हुए 12,419 केस
मेट्रोपोलिटन पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक, टैक्टिकल कॉन्टैक्ट के तरीके को अपनाने के बाद से अकेले लंदन में बाइक सवारों के अपराध में 36% की कमी आई है। फोन-बैग छीनने, एसिड फेंकने वालों में पुलिस के इस रवैये से डर फैल रहा है। जहां पिछले साल जनवरी से अक्टूबर के बीच बाइक सवारों से जुड़े अपराध के 19,455 मामले सामने आए थे। वहीं, इस साल 12,419 अपराध दर्ज किए गए।
पहले ऐसा करने से हिचकती थी पुलिस
लंदन में कुछ समय पहले तक अपराधियों को दौड़ाकर पकड़ने में पुलिस काफी एहतियात बरतती थी। तेज रफ्तार में पीछा करने के दौरान बाइकसवार चोर के जख्मी होने का खतरा रहता था। बाइक सवारों की जान गंवाने पर पुलिसकर्मी की नौकरी जाने का भी जोखिम रहता था। इसके चलते या तो अपराधी पुलिस से आगे निकल जाया करते थे या समय पाकर अपना हेलमेट उतार देते थे ताकि पुलिस उन्हें टक्कर ना मारे। हालांकि, अब सरकार ने पुलिस अधिकारियों को कानूनी सुरक्षा मुहैया करा दी है। नए नियमों के तहत अब पुलिसवाले अपनी गाड़ियों से अपराधियों को सीधी टक्कर मार सकते हैं, फिर चाहे वे कितनी भी तेज या गलत तरीके से गाड़ी चला रहे हों या उन्होंने हेलमेट भी न पहना हो।
पुलिस विभाग मुहैया करा रहा स्पेशल ट्रेनिंग
पिछले दो सालों में बाइक सवार अपराधों की संख्या में बढ़ोतरी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि एक समय लंदन में हर घंटे राहगीरों से फोन झपटने की घटना 30 तक पहुंच चुकी थी। लेकिन लंदन विभाग अब पुलिसकर्मियों को अपराधियों को पकड़ने के लिहाज से गाड़ी चलाने की ट्रेनिंग भी मुहैया करा रहा है। इसके तहत उन्हें दूसरे लोगों को बिना घायल किए भी पकड़ने में आसानी हो रही है।
गृहमंत्री भी हो चुके हैं बाइकसवार चोरों का शिकार
बाइकसवार चोरों ने जिन बड़ी हस्तियों को निशाना बनाया है, उनमें कॉमेडियन-एक्टर माइकल मैकिनटायर से लेकर गृह मंत्री साजिद जाविद तक शामिल हैं। हालांकि, जाविद के साथ चोरी की घटना उनके मंत्री बनने से पहले की थी।

जकार्ता. इंडोनेशिया के जकार्ता में पिछले महीने हुए विमान हादसे में जान गंवाने वाले भारतीय पायलट भव्य सुनेजा के शव की पहचान कर ली गई है। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा, “इंडोनेशियाई अधिकारियों ने कैप्टन भव्य सुनेजा के शव की पहचान होने की पुष्टि कर दी है। जकार्ता में भारतीय राजदूत की मौजूदगी में उनके परिवार को शव सौंप दिया जाएगा। परिवार के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं।”

हादसे में हुई थी 189 लोगों की मौत
29 अक्टूबर को इंडोनेशिया के जकार्ता से पांकल पिनांग शहर जा रहा लॉयन एयर का विमान उड़ान भरने के 13 मिनट बाद समुद्र में क्रैश हो गया था। इसमें सभी 189 लोगों मारे गए थे। इनमें तीन बच्चों समेत 181 यात्री, दो पायलट और छह अन्य क्रू मेंबर्स हैं। विमान संपर्क टूटने वाली जगह से करीब दो नॉटिकल मील (3.7 किलोमीटर) दूर कारावांग की खाड़ी में क्रैश हुआ था।

पत्नी के साथ जकार्ता में ही रहते थे भव्य
भव्य अपनी पत्नी के साथ जकार्ता में ही रह रहे थे, जबकि बाकी परिवार दिल्ली में ही रहता है। भव्य 2011 में लॉयन एयरलाइंस से जुड़े थे। इससे पहले उन्होंने अमीरात एयरलाइंस में बतौर ट्रेनी पायलट 3 महीने काम किया था। उन्हें 2009 में बेल एयर इंटरनेशनल से पायलट लाइसेंस मिला था। सुनेजा के पास विमान उड़ाने का 6000 घंटे का अनुभव था।

नई दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को रेडियो कार्यक्रम मन की बात में 50वीं बार देश को संबाेधित किया। उन्होंने कहा- इस कार्यक्रम में आवाज मेरी होती है, लेकिन वास्तव में उदाहरण, उत्साह और भाव देशवासियों के होते हैं। प्रधानमंत्री ने बताया कि उन्होंने मन की बात के लिए रेडियो का चयन इसलिए किया क्योंकि यह संचार का सबसे ताकतवर स्रोत है।
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘कभी-कभी मन की बात का मजाक भी उड़ता है। यह सरकारी बात नहीं है, बल्कि समाज की बात है। भारत का मूल प्राण, राजनीति और राजशक्ति नहीं बल्कि समाजनीति और समाजशक्ति है। राजनीति में कुछ भी हो जाए, लेकिन समाज के लिए यह ठीक नहीं है। राजनीति कभी-कभी इतनी हावी हो जाती है कि लोगों के पुरुषार्थ दब जाते हैं।’’
युवाओं के पास आइडिया की भरमार
मोदी ने कहा, ‘‘युवाओं के पास हमेशा आइडिया की भरमार रहती है। वे अत्याधिक एनर्जेटिक, इनोवेटिव और फोकस्ड होते हैं। मन की बात के माध्यम से मैं युवाओं के प्रयासों को, उनकी बातों को ज्यादा से ज्यादा साझा करने का प्रयास करता हूं। अक्सर शिकायत होती है कि युवा बहुत सवाल करते हैं, मैं कहता हूं कि यह अच्छा है कि वो खोजबीन करना चाहते हैं। कई लोग कहते हैं कि युवाओं के पास धैर्य नहीं है, मैं कहता हूं कि उनके पास बर्बाद करने के लिए समय नहीं है। कई लोग कहते हैं कि युवा पीढ़ी एक समय में कई चीजें करना चाहती है। मैं कहता हूं उनके पास मल्टीटास्किंग का कौशल है।’’
करतारपुर कॉरिडोर खुलने से होगी आसानी
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘सरकार ने करतारपुर कॉरिडोर को खोलने का बेहद महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। इससे हमारे देश के लोग अासानी से पाकिस्तान स्थित करतारपुर में गुरुनानक देव जी के पवित्र स्थल तक जा सकेंगे। गुरुनानक देव जी ने सदा ही पूरी मानवता के कल्याण के लिए सोचा। उन्होंने समाज को हमेशा सत्य, कर्म, सेवा, करुणा और सौहार्द का मार्ग दिखाया। देश अगले वर्ष गुरुनानक देव जी की 550वीं जयंती भव्य रूप से मनाएगा।’’
संविधान निर्माताओं को भी किया याद
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘कल संविधान दिवस है। उन महान विभूतियों को याद करने का दिन जिन्होंने हमारा संविधान बनाया। संविधान ड्राफ्ट करने के ऐतिहासिक कार्य को पूरा करने में संविधान सभा को 2 वर्ष, 11 महीने और 17 दिन लगे थे। उन्होंने जिस असाधारण गति से संविधान का निर्माण किया वो आज भी टाइम मैनेजमेंट और प्रोडक्टिविटी का उदाहरण है। संविधान सभा के बारे में बात करते हुए उस महापुरुष का योगदान कभी नहीं भुलाया जा सकता जो संविधान सभा के केंद्र में रहे। ये महापुरुष थे पूजनीय बाबासाहब अम्बेडकर। 6 दिसंबर को उनका महा-परिनिर्वाण दिवस है। मैं सभी देशवासियों की ओर से बाबा साहेब को नमन करता हूं, जिन्होंने करोड़ों भारतीयों को सम्मान से जीने का अधिकार दिया।’’
मैंने इसलिए रेडियो को चुना
मोदी ने कहा, ‘‘मुझसे लोगों ने पूछा कि आप लोगों से बात करने के लिए रेडियो का इस्तेमाल क्यों करते हैं। मैं आपको किस्सा सुनाना चाहूंगा। मैं हिमाचल में था। वहां पहाड़ियों में रात को ठंड हो जाती है। मैं ढाबे में रात में रुका। वो एक ठेला ही था। उसने अपने पास शीशे के बर्तन से लड्डू निकाला और मुझे दिया। कहा- लीजिए भाईसाहब लड्डू खाइए। उसने मुझसे कहा- भारत ने बम फोड़ दिया है। वो परमाणु परीक्षण का दिन था और प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने मीडिया के सामने इसकी घोषणा की थी। रेडियो से यह पूरे देश में फैल गई। उस दिन मेरे मन में यह बात घर कर गई कि रेडियो काफी ताकतवर स्रोत है। जब मैं प्रधानमंत्री बना तो मेरी इच्छा थी कि मैं इस सबसे ताकतवर संचार स्रोत का प्रयोग करूं। ’’
मन की बात पर हो रहा सर्वे
कुछ दिन पहले ही कार्यक्रम से जुड़े पहलुओं, लोगों की सहभागिता, विभिन्न विषयों और कार्यक्रमों के बारे में लोगों की राय जानने के लिए मन की बात सर्वे कराया गया। प्रधानमंत्री ने अपने ट्वीट में कहा था कि मन की बात के 50 एपिसोड पूरे हो रहे हैं। मैं आपसे आग्रह करता हूं कि इस कार्यक्रम के बारे में हो रहे सर्वेक्षण में हिस्सा लें। आपके विचार बहुत उपयोगी होंगे।
मन की बात में अब तक खास
2014 में कार्यक्रम के जरिए उन्होंने लोगों से खादी पहनने का आग्रह किया। महीने भर में खादी की बिक्री में 125% की बढ़ोतरी देखी गई।
2015 में भारत-पाकिस्तान युद्ध के 40 साल पूरा होने पर देश के वीर सैनिकों को शौर्यांजलि देने की उनकी अपील भी खासी लोकप्रिय हुई थी।
सेल्फी विद डॉटर : बेटी बचाओ आंदोलन के तहत पीएम मोदी ने 'सेल्फी विद डॉटर' अभियान चलाने का आह्वान किया, जो वायरल हुआ था।
एलपीजी सब्सिडी छोड़ें : मोदी की एलपीजी सब्सिडी छोड़ने की अपील भी कारगर रही।
एग्जाम वॉरियर : परीक्षा से पहले तनाव कम करने का मोदी का फॉर्मूला बच्चों और पैरेंट्स के बीच बहुत सराहा गया। बाद में मोदी ने इसी पर आधारित किताब 'एग्जाम वॉरियर' भी लिखी।
बराक ओबामा और सचिन तेंदुलकर के साथ भी मोदी ने संयुक्त रूप से मन की बात में लोगों को संबोधित किया।

अयोध्या. अयोध्या में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) की धर्म सभा जारी है। इसमें मंच का संचालन कर रहे विहिप उपाध्यक्ष चंपत राय ने कहा कि जब अर्जुन नहीं समझ रहे थे तो कृष्ण ने मुंह खोला था। आज वही काम विहिप कर रही है। अयोध्या में केवल राम मंदिर चाहिए। मस्जिद का कोई स्थान नहीं है। हमें पूरी जमीन चाहिए। जमीन का बंटवारा नहीं होगा।
चंपत राय ने कहा- हिंदुओं के सब्र की परीक्षा न ली जाए। आज सिर्फ 48 जिलों से रामभक्त आए हैं। आगे यहां और भीड़ आएगी। सभा में दो लाख भक्तों के जुटने का दावा किया गया। विहिप इस सभा के जरिए सरकार से आगामी शीतकालीन सत्र में राम मंदिर के लिए अध्यादेश लाने की मांग करेगी।
प्रगतिशील मोर्चा के प्रमुख शिवपाल यादव ने कहा कि यह मामला सुप्रीम कोर्ट में है। ऐसे में हमें या तो फैसले का इंतजार करना चाहिए या आम सहमति बनानी चाहिए। सरकार के पास पर्याप्त जगह है, राम मंदिर सरयू नदी के किनारे कहीं भी बनाया जा सकता है। विवादित भूमि पर मंदिर की कोई बात नहीं होनी चाहिए।
कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा- सभी लोग अयोध्या में चुनाव के चलते जा रहे हैं। उद्धव ठाकरे को चार सालों तक अयोेध्या जाने से किसने रोका था? एक तरफ वे भाजपा के दोस्त हैं और दूसरी ओर लोगों को बता रहे हैं कि वे राम मंदिर निर्माण चाहते हैं।
एडीजी आनंद कुमार ने बताया- अयोध्या को विभिन्न जोनों में बांटा गया है। इनमें से रेड जोन और येलो जोन दो प्रमुख हैं। भारी संख्या में सीएपीएफ, पीएसी, एटीएस जवानों को तैनात किया गया। ड्रोन कैमरा से नजर रखी जा रही है। अयोध्या में अलग-अलग जगहों से करीब 2000 बसें आई हैं।
भाजपा पर संतों में फूट डालने का आरोप
राम मंदिर निर्माण के लिए आमरण अनशन कर चुके तपस्वी छावनी के महंत स्वामी परमहंस दास ने कहा- भाजपा आज विश्व हिंदू परिषद को आगे करके धर्माचार्य को तोड़ने-फोड़ने का काम कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर 6 दिसंबर से पहले राम मंदिर निर्माण शुरू नहीं हुआ तो वह आत्मदाह कर लेंगे।
मुस्लिम युवक ने राम भक्तिों पर बरसाए फूल
धर्म सभा में महंत नृत्य गोपाल दास को मंच पर सबसे आगे बिठाया गया। मंच पर हरिद्वार, अयोध्या और अन्य प्रदेशों से संतों को भी स्थान मिला। धर्म सभा को किन्नर अखाड़े ने भी समर्थन दिया। महामंडलेश्वर भवानी नाथ वाल्मीकि की अगुआई में तमाम किन्नर धर्मसभा में पहुंचे। इससे पहले धर्म सभा मार्ग से गुजरने वाले रामभक्तों पर बबलू नाम के मुस्लिम युवक की अगुवाई में लोगों ने पुष्प वर्षा की।
मंदिर के लिए एक करोड़ रुपए का दान
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रतापगढ़ के पूर्व सह संघ चालक सियाराम उमरवैश्य ने मंदिर निर्माण के लिए एक करोड़ रुपए दान दिए। यह ऐलान उन्होंने हाल ही में किया था। रविवार को धर्म सभा में उन्होंने विहिप के मंच पर मणिराम छावनी के महंत नृत्यगोपाल दास को चेक सौंपा। सियाराम, रियल स्टेट कारोबारी हैं। उन्होंने अपनी जमीन बेचकर यह राशि जुटाई।
उद्धव ने किए रामलला के दर्शन
शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे रविवार को पत्नी रश्मि व बेटे आदित्य के साथ राम जन्मभूमि में रामलला के दर्शन किए। ठाकरे शनिवार को अयोध्या पहुंचे थे। यहां उन्होंने कहा था कि मैं चार साल से सो रहे कुंभकरण को जगाने के लिए यहां आया हूं। अगर सरकार मंदिर के लिए कानून लाती है तो हम समर्थन करेंगे।
यह आखिरी बैठक, अब सीधे मंदिर बनेगा- विहिप
धर्म सभा से पहले विश्व हिंदू परिषद ने कहा है कि यह हमारी अाखिरी बैठक है। इसके बाद और सभाएं या प्रदर्शन नहीं होंगे। न ही किसी को समझाया जाएगा। सीधे मंदिर निर्माण होगा। विहिप के संगठन सचिव भोलेंद्र ने कहा, ‘‘हमने पहले 1950 से 1985 तक 35 साल अदालती फैसले का इंतजार किया। इसके बाद 1985 से 2010 तक का समय हाईकोर्ट को फैसला देने में लग गया। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने त्वरित सुनवाई की अर्जी दो मिनट में ठुकरा दी। दुर्भाग्य है कि 33 साल से रामलला टेंट में हैं। अब और इंतजार नहीं होगा।’’
स्‍कूल-कॉलेज बंद, 100 कंपनी पीएससी तैनात
अयोध्‍या में धर्म सभा को देखते हुए सभी स्‍कूल-कॉलेज भी बंद रखे गए। बाबरी मस्जिद के पक्षकार इकबाल अंसारी के घर पर अतिरिक्त सुरक्षा बढ़ाई गई है। एडीजी स्तर के पुलिस अफसर को सुरक्षा का जिम्मा दिया गया। यहां तीन एसएसपी, 10 एएसपी, 21 डीएसपी, 160 इंस्पेक्टर, 700 कांस्टेबल, पीएससी 100 कंपनी, आरएएफ की 5 कंपनी और एटीएस कमांडो समेत 70 हजार जवानों को तैनात किया गया। उधर, अयोध्या विवाद में पक्षकार इकबाल अंसारी ने सुरक्षा व्यवस्था पर संतुष्टि जताई और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने कहा कि अगर 1992 में इस तरह की सुरक्षा होती तो बाबरी का विध्वंस न होता।

संतो को सरकार से अध्यादेश की उम्मीद
अयोध्या में धर्म सभा में हिस्सा लेने आए संत धर्माचार्यों को उम्मीद है कि केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार संसद के शीतकालीन सत्र में विवादित राम जन्मभूमि पर राम मंदिर निर्माण के लिए अध्यादेश या कानून ला सकती है। संतों का मानना है कि सरकार अगर ऐसा करती है तो भाजपा के लिए 2019 की राहें आसान हो जाएंगी।

कोटा. केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर शनिवार को यहां एयरपोर्ट पर उतरने के बाद सीधे दशहरा मैदान पहुंचे। वहां भूमि पूजन के लिए पहले से पंडितजी बैठे हुए थे। जैसे ही पंडित ने मंत्रोच्चार शुरू किया तो जावड़ेकर को लगा कि इसमें बहुत वक्त लगेगा। तब उन्होंने पास बैठे सांसद ओम बिरला को इशारा किया।सांसद ने महापौर महेश विजय से कहा और महापौर ने पंडितजी से कहा कि थोड़ा जल्दी करवाइए। इसके बाद भी पंडितजी फिर से मंत्रोच्चार करने लगे तो जावड़ेकर उठ गए और बोले कि बाबा चुनाव का टाइम है, जल्दी करो। हाथ की सामग्री हवन में डालते हुए वे खड़े हो गए, इसके बाद कुछ कार्यकर्ताओं ने वहां पूजा पूरी कराई।

अलवर. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अलवर के विजय नगर मैदान से राज्य में चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत की। मोदी ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट का कोई जज जब अयोध्या जैसे गंभीर मुद्दे पर न्याय दिलाने की दिशा में आगे बढ़ता है तो कांग्रेस जजों के खिलाफ महाभियोग लाकर उन्हें डराती-धमकाती है।
मोदी ने कहा कि जब अयोध्या मामले पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई चल रही थी। कांग्रेस के नेता और राज्यसभा के सदस्य ने कहा कि 2019 तक केस मत चलाओ क्योंकि 2019 में चुनाव हैं। देश के न्यायतंत्र को इस प्रकार राजनीति में घसीटना उचित है क्या? यह भी कहा कि कांग्रेस के पास चुनाव में मुद्दा नहीं है। उनके नेता कभी मेरी मां को गाली देते हैं, कभी मेरी जाति को लेकर सवाल पूछते हैं। पूरा देश यह जान गया है कि ये सब नामदार (राहुल गांधी) के कहने पर हो रहा है।
'नफरत का भाव कांग्रेस की रगों में'
मोदी ने यह भी कहा, "कांग्रेस जातिवाद का जहर फैलाने से बाज नहीं आ रही। दलितों और पिछड़ों के प्रति नफरत का भाव कांग्रेस की रगों में भरा पड़ा है। अलवर की धरती गौरव और अहंकार को चूर करने वाली है। यहां के लोग नामदारों के अहंकार को चकनाचूर कर देंगे। कांग्रेस में हिम्मत हो तो वसुंधरा जी ने जो काम किया है, उसे चुनौती दें। लेकिन उनकी सरकार के कार्यकाल का हिसाब इतना बुरा है कि उसे याद करने की भी हिम्मत नहीं है।
'जो लोग बम दागते थे, हमने उन्हें कटोरा थमा दिया'
"कांग्रेस की जातिवादी मानसिकता का ही परिणाम है कि जहां-जहां कांग्रेस को सरकार चलाने का मौका मिला वहां दलितों के नरसंहार हुए। कांग्रेस ने देश को तोड़ने का काम किया।"
"जो लोग कल तक भारत पर बम दागने की धमकी देते थे, आज हमारी रणनीति ने उनके हाथ में कटोरा थमा दिया।"
"कांग्रेस पार्टी इतनी नीचे गिरती जा रही है कि उन्होंने राजनीति के संस्कार छोड़ दिए। वे शिष्टाचार भूल गए हैं।"
"बाबा साहब को भारत रत्न मिलना चाहिए था। लेकिन इन्होंने एक ही परिवार के चार रत्नों को भारत रत्न दे दिए। बाबा साहब की याद तक नही आई।"
"कांग्रेस के लोग सुप्रीम कोर्ट में जाकर बोल रहें है कि राम मंदिर केस की सुनवाई 2019 से पहले नहीं होनी चाहिए। क्योंकि देश में कई चुनाव हैं।"
"राजस्थान में कांग्रेस के नेता भारत माता की जय बोलने की बजाय सोनिया गांधी की जय बोलने के लिए कह रहे हैं। कांग्रेस के लिए भारत माता से बड़ी भी कोई और माता है।"
"कबीर के गुरु रामानंद ने कहा था- जो हरि को भजे, वो हरि का कोई। हमने भी यही संस्कार पाए है। गरीब, वंचित, अनपढ़, पढ़ा लिखा यानी हर व्यक्ति हरि का रूप है। इसलिए मैं यही कहूंगा कि जो गरीब को भजे, वो गरीब का होई। जो जनता, युवा, भारत को भजे, वो इनका होई।''
राहुल ने जोशी के बयान पर किया था ट़्वीट
बुधवार को डॉ. सीपी जोशी ने नाथद्वारा के सेमा गांव में चुनावी सभा की थी। इस दौरान उन्होंने कहा था, "ऋतंभरा और मोदी की जाति क्या है, ये हिंदू धर्म के बारे में कैसे बात करते हैं? इस देश में अगर धर्म के बारे में कोई जानता है तो पंडित जानता है। अजीब देश हो गया है। उमा भारती लोधी समाज की हैं और वो हिंदू धर्म की बात कर रही हैं।" हालांकि, बाद में जोशी की इस जातिगत टिप्पणी पर राहुल गांधी ने ऐतराज जताया। राहुल ने ट्वीट किया, "सीपी जोशी जी का बयान कांग्रेस के आदर्शों के विपरीत है।"
5 साल पहले मुख्यमंत्री के रूप में अलवर आए थे मोदी
गुजरात के मुख्यमंत्री रहते हुए नरेन्द्र मोदी 2013 के विधानसभा चुनाव में 5 साल पहले 19 नवंबर को अलवर आए थे। उस समय मोदी प्रधानमंत्री पद के भाजपा के घोषित प्रत्याशी थे। उन्होंने इसी विजय नगर मैदान पर जनसभा में कहा था कि अब वह प्रधानमंत्री बनने के बाद अलवर आएंगे।

छतरपुर. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को छतरपुर में चुनावी सभा की। उन्होंने इस दौरान राज बब्बर के मां वाले और ज्योतिरादित्य सिंधिया के शकुनि मामा वाले बयान का जिक्र कर कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने कहा, "विपक्षियों के पास खासकर कांग्रेस के पास अब मुद्दे नहीं बचे तो उन्होंने मेरी मां को राजनीति में घसीट लिया। जिस मां को राजनीति का 'र' नहीं आता, जो मां अपने पूजा पाठ, घर में भगवान के स्मरण में अपना समय बिता रही है उस मां को राजनीति में ले आए।"
पिछले दिनों कांग्रेस नेता राज बब्बर ने इंदौर में कहा था कि रुपए की कीमत इतनी गिर गई है कि यह उनकी (नरेंद्र मोदी) मां की उम्र की ओर बढ़ रही है। मोदी की मां हीराबा की उम्र (97) साल है। इस पर मोदी के छोटे भाई प्रहलाद ने कहा कि मेरी मां की लंबी उम्र भगवान की कृपा से है और इसको लेकर कांग्रेस को संभवत: जलन है। असल बात तो यह है कि कांग्रेस पार्टी नरेंद्रभाई की वजह से परेशान है और उन्हें मेरी ही मां ने जन्म दिया है।
मोदी ने कहा, ‘‘पिछले 17-18 से आपको हरा रहा हूं और यहां तक पहुंचा हूं। मुझसे लड़ने-भिड़ने की बजाय अब आप मेरी मां को गाली देने लगे? क्या कांग्रेस को यह शोभा देता है?’’ कांग्रेस पार्टी अगर सोच रही है कि मोदी की मां को गाली देने से उनकी जमानत बच जायेगी तो वो समझ लें कि मध्यप्रदेश की जनता कांग्रेस पार्टी को मुंहतोड़ जवाब देगी।
मोदी भी पहले मनमोहन की उम्र से डॉलर की तुलना करते थे : राज बब्बर
राज बब्बर ने गुरुवार को इंदौर में एक चुनावी सभा में कहा था, "यूपीए सरकार के दौरान डॉलर के मुकाबले रुपए की कीमत गिरने पर नरेंद्र मोदी रुपए की तुलना मनमोहन सिंह की उम्र से करते थे। आज रुपए की कीमत इतनी गिर गई है कि यह उनकी मां की उम्र की ओर बढ़ रही है।" प्रधानमंत्री मोदी की मां हीराबा अपने चौथे और सबसे छोटे बेटे पंकज मोदी के साथ गांधीनगर के रायसण इलाके में रहती हैं।
मोदी ने कहा- कांग्रेसी अब जमानत बचाने की सोच रहे
"चुनाव के आखिरी दौर में हम प्रवेश कर रहे हैं, जैसे-जैसे आखिरी दौर निकट आ रहा है, भाजपा का उत्साह और कांग्रेस के खेमे में बैचेनी बढ़ रही है। अब वहां सरकार बनाने का सपना नहीं है। वहां कौन किसकी जमानत बचाएगा? ये चिंता का विषय है।"  "मध्यप्रदेश की जनता राज्य में आए बदलाव की साक्षी है और ये बदलाव न तो राजा लाए हैं, न ही महाराजा लाए हैं, ये बदलाव तो शिवराज लाए हैं।"
"झूठे और खोखले वादों पर विश्वास न करें, सरकार काम करने वाली ही चुनें। विकास का साथ दें, भाजपा को वोट दें। इसकी वजह कि हमने दिल्ली में सरकार बनने के बाद मध्यप्रदेश की 14 बड़ी सिंचाई योजनाएं निकालीं और अब लाखों हेक्टेयर में पानी पहुंच रहा है। हमने 10 योजनाओं को पूरा करके डेढ़ लाख हेक्टेयर पर पानी पहुंचाने का काम किया है।"

Ads

R.O.NO. 13784/149 Advertisement Carousel

MP info RSS Feed

फेसबुक