newscreation

newscreation

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रविवार को कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह के सांसद पुत्र अभिषेक सिंह के पनामा पेपर्स मामले सहित पूर्ववर्ती सरकार में हुए 'भ्रष्टाचार के सभी मामलों' की जांच कराई जाएगी और इस संदर्भ में बहुत जल्द आधिकारिक निर्णय लिया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि बस्तर क्षेत्र से सुरक्षाबलों की वापसी अभी नहीं होगी। सभी से बातचीत के बाद इसपर फैसला लिया जाएगा।

 बघेल ने कहा, " जब पनामा पेपर्स में नाम होने की वजह से पाकिस्तान में नवाज शरीफ की कुर्सी जा सकती है तो फिर अभिषेक सिंह की जांच क्यों नहीं होगी?' यह पूछे जाने पर कि अभिषेक सिंह के मामले जांच के लिए किसी समिति या जांच दल का गठन किया जाएगा तो मुख्यमंत्री ने कहा, 'इस बारे में जल्द निर्णय होगा और आप लोगों (मीडिया) को सूचित किया जाएगा।" उल्लेखनीय है कि पिछले साल बहुचर्चित “पनामा पेपर्स” में अभिषेक सिंह का नाम आया था। अपने खिलाफ लगे आरोपों को खारिज करते हुए अभिषेक ने उस वक्त कहा था कि उनके तथाकथित विदेशी अकाउंट से संबंधित जो विषय उठाए जा रहे हैं, वो पूरी तरह से असत्य एवं राजनीति से प्रेरित हैं। उनका कहना था कि उनके खिलाफ साजिश रची जा रही है।
 
 मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि 2013 के झीरम घाटी नक्सली हमले की जांच के लिए एसआईटी के गठन का मुख्य उद्देश्य ‘राजनीतिक षड्यंत्र’ का खुलासा करना है। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक रूप से दो बातें हैं, जब 23 मई और 24 मई को परिवर्तन यात्रा में शामिल नेताओं को सुरक्षा दी गई तब 25 तारीख को सुरक्षा क्यों हटा ली गई। इसके लिए कौन जिम्मेदार हैं। दूसरा यह कि नक्सली, घटना को अंजाम देने के बाद तुरंत निकल जाते हैं। यह पहली घटना है जिसमें पूछा गया कि नंद कुमार पटेल कौन है, दिनेश पटेल कौन है, महेंद्र कर्मा कौन है। जैसे ही वह लोग मिले उन्होंने गोलीबारी बंद कर दी। इसलिए उनका उद्देश्य केवल इन नेताओं को मारना था। इसका मतलब यह है कि यह षड़यंत्र था। 

इंदौर। बजरंग बली की जाति-धर्म को लेकर भाजपा नेताओं द्वारा की जा रही बयानबाजी पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने रविवार को निशाना साधा। उन्होंने कहा कि "हिन्दू देवता पर कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और अन्य भाजपा नेताओं के साथ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ तथा अखाड़ा परिषद जैसे संगठनों को कोई भी संबंध नहीं रखना चाहिये और इन नेताओं का सार्वजनिक रूप से तिरस्कार किया जाना चाहिये।" उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, "हनुमानजी को लेकर अनर्गल बहस की शुरूआत उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बजरंग बली को दलित कहकर की थी। इसके बाद अन्य भाजपा नेताओं ने बजरंग बली को मुसलमान और जाट भी बता दिया।" 

 

 71 वर्षीय राज्यसभा सांसद ने कहा, "हम हनुमानजी को भगवान शंकर का अवतार मानते हैं। लेकिन भाजपा नेता हनुमानजी को भी जाति-धर्म के मामले में घसीट रहे हैं। आखिर ये नेता किस धर्म का पालन कर रहे हैं?" उन्होंने मांग की योगी और अन्य भाजपा नेताओं को भगवान हनुमान पर अपने आपत्तिजनक बयानों के लिये माफी मांगनी चाहिये। इसके साथ ही, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, विश्व हिंदू परिषद और अखाड़ा परिषद जैसे संगठनों को इन नेताओं का सार्वजनिक रूप से बहिष्कार व तिरस्कार करना चाहिये।  दिग्विजय ने मध्यप्रदेश के हालिया विधानसभा चुनावों में भाजपा की हार के बाद पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के बहुचर्चित बयान "टाइगर जिंदा है" पर तंज कसा।  उन्होंने कहा, "टाइगर (शिवराज) के नाखून और दांत तो निकल चुके हैं। वैसे भी संकटग्रस्त प्रजाति के टाइगर के संरक्षण की जवाबदारी अब हमारी (नवगठित कांग्रेस सरकार) है।" 
 
प्रदेश की नवगठित कांग्रेस सरकार की कर्जमाफी योजना के दायरे में कथित रूप से नहीं आने के कारण खंडवा जिले में आदिवासी तबके के 45 वर्षीय किसान ने हाल ही में आत्महत्या कर ली है। इस बारे में पूछे जाने पर पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, "मुझे इस मामले की हालांकि जानकारी नहीं है। लेकिन हमने सूबे में किसानों का कर्ज माफ करने की घोषणा जून 2018 में की थी। उस अवधि (जून 2018 तक) में जितने भी किसान कर्जदार थे, उनके कर्ज माफ होंगे।" दिग्विजय ने एक सवाल पर आरोप लगाया कि व्यापमं घोटाले की जांच कर रही सीबीआई इस मामले को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा, "इन हालात में व्यापमं मामले को लेकर उठाये जाने वाले कदमों पर हम अध्ययन कर रहे हैं।" उन्होंने कहा कि "आगामी लोकसभा चुनाव तय करेंगे कि देश महात्मा गांधी के दिखाये रास्ते पर चलेगा या राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के द्वितीय सरसंघचालक (प्रमुख) माधव सदाशिव गोलवलकर के प्रदर्शित पथ पर आगे बढ़ेगा।" 

 

पुणे (महाराष्ट्र)। तीन हिंदी भाषी राज्यों में हाल में भाजपा की हार के बाद केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने शनिवार को कहा कि ‘‘नेतृत्व’’ को ‘‘हार और विफलताओं’’ की भी जिम्मेदारी लेनी चाहिए। साफगोई के लिये चर्चित भाजपा नेता ने कहा कि सफलता की तरह कोई विफलता की जिम्मेदारी नहीं लेना चाहता।  

गडकरी ने कहा, ‘‘सफलता के कई दावेदार होते हैं लेकिन विफलता में कोई साथ नहीं होता। सफलता का श्रेय लेने के लिये लोगों में होड़ रहती है लेकिन विफलता को कोई स्वीकार नहीं करना चाहता, सब दूसरे की तरफ उंगली दिखाने लगते हैं।’’ 
 
वह यहां पुणे जिला शहरी सहकारी बैंक असोसिएशन लिमिटेड द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में बोल रहे थे। 

नयी दिल्ली : वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) परिषद ने शनिवार को आम लोगों को राहत देते हुए टीवी स्क्रीन, सिनेमा के टिकट और पावर बैंक सहित विभिन्न प्रकार की 23 वस्तुओं पर जीएसटी की दरों में कमी की घोषणा की. हालांकि, देश के उपभोक्ताओं को अभी पेट्रोल और सीमेंट की दरों पर से जीएसटी की कटौती के लिए इंतजार करना होगा. टैक्स की दरों में संशोधन का यह फैसला आगामी नये साल के पहले दिन यानी एक जनवरी से प्रभावी होगा. परिषद की 31वीं बैठक के बाद यहां वित्त मंत्री अरूण जेटली ने इन फैसलों की घोषणा की.

 

उन्होंने कहा कि विभिन्न प्रकार की वस्तुओं पर जीएसटी दरें कम करने से सालाना राजस्व में 5,500 करोड़ रुपये का असर पड़ेगा. परिषद ने जीएसटी की 28 फीसदी की सबसे ऊंची टैक्स के दायरे में आने वाली वस्तुओं में से सात को निम्न दर वाले स्लैब में डाल दिया है. इसके साथ ही, 28 फीसदी के स्लैब में अब केवल 28 वस्तुएं बची हैं.

जेटली ने कहा कि जीएसटी की दरों को तर्कसंगत बनाना एक सतत प्रक्रिया है. उन्होंने कहा कि 28 फीसदी की दर का धीरे-धीरे पटाक्षेप हो जायेगा. अगला लक्ष्य परिस्थिति अनुकूल होने के साथ सीमेंट पर जीएसटी में कमी करना है. अब 28 फीसदी की कर दर वाहनों के कल-पुर्जों और सीमेंट के अलावा केवल विलासिता के सामान और अहितकर वस्तुओं पर ही रह गया.

वित्त मंत्री ने बताया कि सिनेमा के 100 रुपये तक के टिकटों पर अब 18 फीसदी की बजाय 12 फीसदी की दर से और 100 रुपये से ऊपर के टिकट पर 28 फीसदी की बजाय 18 फीसदी की जीएसटी लगेगा. इसी तरह 32 इंच तक के मॉनिटर और टीवी स्क्रीन पर अब 28 फीसदी की बजाय 18 फीसदी की दर से जीएसटी लगेगा. वस्तुओं पर जीएसटी की संशोधित दरें एक जनवरी, 2019 से लागू होगी.

सूत्रों के मुताबिक, एसी, टीवी, वॉशिंग मशीन आदि से टैक्स कटौती के जरिये मध्य वर्ग को नये साल का तोहफा दिया जा रहा है. वहीं, सीमेंट पर टैक्स कटौती से निर्माण क्षेत्र को प्रोत्साहन देने की तैयारी है. जीएसटी के पांच टैक्स स्लैब 0, 8, 12, 18 और 28 फीसदी हैं. टैक्स अनुपालन को आसान बनाने और व्यापारियों को राहत देने संबंधी उपायों पर भी विचार हो रहा है.

सूत्रों के मुताबिक, शीतल पेय, सिगरेट, बीड़ी, तंबाकू उत्पाद, पान मसाला, धूम्रपान पाइप, वाहन, विमान, याट, रिवाल्वर और पिस्तौल और गैंबलिंग लॉटरी पर 28 फीसदी टैक्स लगता रहेगा.

नयी दिल्ली : सरकार 5जी नेटवर्क की व्यावसायिक शुरुआत करते समय हुआवेई जैसी चीन की दूरसंचार उपकरण बनाने वाली कंपनियों से राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरे से संबंधित आशंकाओं पर गौर करेगी. हालांकि, जहां तक 5जी सेवाओं के परीक्षण में इन कंपनियों के भाग लेने की बात है, सरकार को फिलहाल इससे कोई दिक्कत नहीं है.

दूरसंचार विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि सरकार सुरक्षा संबंधी आशंकाओं को लेकर वैश्विक परिस्थिति पर नजर रख रही है. 5जी सेवाओं के परीक्षण में चीन की दूरसंचार उपकरण कंपनियों की भागीदारी से फिलहाल कोई दिक्कत नहीं है. इन आशंकाओं पर 5जी सेवाओं की व्यावसायिक शुरुआत के समय मंत्रालयों के एक समूह द्वारा गौर किया जायेगा. 

हुआवेई ने वोडाफोन आइडिया लिमिटेड के साथ मिलकर देश में 5जी परीक्षण का प्रस्ताव दिया है. दोनों कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारी इस संबंध में दूरसंचार सचिव अरुणा सुंदरराजन से मुलाकात कर चुके हैं. दूरसंचार निर्यात संवर्धन परिषद ने हाल ही में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल से अनुरोध किया था कि हुआवेई, जेडटीई और फाइबरहोम जैसी चीन की दूरसंचार उपकरण बनाने वाली कंपनियों से सरकारी सेवाओं के लिए उपकरण खरीदने पर रोक लगा दी जाये. परिषद ने इन कंपनियों से राष्ट्रीय सुरक्षा को गंभीर खतरा होने की आशंका व्यक्त की थी.

नयी दिल्ली : भारत सरकार इन दिनों देश में पोर्न वेबसाइट्स को लेकर काफी सख्त रवैया अपना रही है. सरकार ने कुछ दिनों पहले ही भारत में पोर्न साइट्स पर बैन लगा दिया था.

 मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फेसबुक, गूगल, माइक्रोसॉफ्ट और याहू जैसी जानी-मानी कंपनियों ने भी अपनी वेबसाइट से चाइल्ड पोर्नोग्राफी से संबंधित 100 से ज्यादा कीवर्ड्स को ब्लॉक करना शुरू कर दिया है.

खबरों के अनुसार, कुछ महीने पहले सुप्रीम कोर्ट ने कई टेक कंपनियों पर 1 लाख रुपये का जुर्माना लगाया था. इसकी वजह यह है कि ये कंपनियां चाइल्ड पोर्न कंट्रोल करने को लेकर अपने प्लान की जानकारी कोर्ट को नहीं दे रही थीं.

...तो इंटरनेट पर ढूंढते रह जाओगे पोर्न वेबसाइट, एक भी नहीं मिलेगी

रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस कदम पर काफी समय से काम चल रहा था. मामले को गंभीरता से लेते हुए मिनिस्ट्री ऑफ इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इंफॉर्मेंशन टेक्नोलॉजी ने कीवर्ड्स को ब्लॉक करने का सुझाव पेश किया. जिससे इन वेबसाइट्स पर पोर्न या चाइल्ड पोर्न से संबंधित चीजें पेश नहीं की जायेंगी.

आपको बताते चलें कि ऐसे कीवर्ड्स को सर्च करने पर यूजर्स को चेतावनी दी जाएगी, जिसमें लिखा होगा कि यह कंटेंट कानून और प्लेटफॉर्म की पॉलिसी के खिलाफ है.

यहां यह जानना गौरतलब है कि मिनिस्ट्री ऑफ होम अफेयर्स ने तीन महीने पहले ही साइबरक्राइम पोर्टल लॉन्च किया है. इस नये पोर्टल में बाल अपराधों को रोकने के लिए कई फीचर दिये गये हैं. इसमें ऑनलाइन सेक्सुअल एब्यूज, रेप, गैंग रेप, चाइल्ड एब्यूज और ऐसी ही किसी भी बाल अपराध की घटनाओं को रिपोर्ट किया जा सकता है.

अबु धाबी : क्लब विश्व कप का खिताब एक बार फिर रीयाल मैड्रिड के नाम दर्ज हो गया है. लुका मोड्रिच के शानदार प्रदर्शन की बदौलत रीयाल मैड्रिड ने शनिवार को मेजबान अल ऐन को 4-1 से हराया और यह खिताब अपने नाम किया. यूरोपीय चैंपियन मैड्रिड ने रिकार्ड सातवीं बार क्लब विश्व कप खिताब जीता. बेलोन डियोर पुरस्कार विजेता मोड्रिच ने 14वें मिनट में गोल दागकर रीयाल मैड्रिड को 1-0 से आगे किया जिसके बाद मार्कोस लारेंटे ने टीम की बढ़त को दोगुना कर दिया.

मोड्रिच ने 79वें मिनट में शानदार कार्नर किक पर सर्जियो रामोस के गोल में मदद की जिससे रीयाल मैड्रिड ने 3-0 की बढ़त बनाई. सुकासा शियोतानी ने अल ऐन की ओर से गोल दागा लेकिन उनके साथी याहिया नादेर ने इंजरी टाइम में आत्मघाती गोल दागकर रीयाल मैड्रिड की 4-1 से जीत सुनिश्चित की.

मेलबर्न : ऑस्ट्रेलिया दौरे से पहले ही रविंद्र जडेजा के कंधे में जकड़न थी. इस बात का खुलासा भारतीय कोच रवि शास्त्री ने रविवार को किया. उन्होंने कहा कि सीनियर स्पिनर रविंद्र जडेजा के कंधे में उस समय से जकड़न थी जब वह रणजी ट्राफी खेल रहे थे और आस्ट्रेलिया पहुंचने के चार दिन बाद उन्हें इंजेक्शन दिए गए थे. जडेजा की फिटनेस का मुद्दा हैरान करने वाला है क्योंकि पर्थ में दूसरे टेस्ट की 13 सदस्यीय टीम में उन्हें शामिल किया गया था.

ऑस्ट्रेलिया की दोनों पारियों में वह अधिकांश समय क्षेत्ररक्षण करते हुए भी दिखे जिससे भारतीय टीम के चोट प्रबंधन कार्यक्रम पर सवाल उठ रहे हैं। शास्त्री ने प्रेस कांफ्रेंस के दौरान कहा, ‘‘जडेजा के साथ समस्या यह थी कि कंधे में जकड़ने के कारण आस्ट्रेलिया आने के चार दिन बाद उन्होंने इंजेक्शन लिया था.'' उन्होंने कहा, ‘‘इसका असर होने में कुछ समय लगा. जब वह भारत में था तब भी उसके कंधे में जकड़न थी लेकिन इसके बाद वह घरेलू क्रिकेट खेला. यहां आस्ट्रेलिया आने के बाद उसने एक बार फिर यही परेशानी महसूस की और उसे इंजेक्शन दिया गया.''

शास्त्री ने इस बयान में से सवाल उठने लगे हैं कि क्या शत प्रतिशत फिट नहीं होने के बावजूद खिलाड़ी को आस्ट्रेलिया दौरे पर लाया गया. कोच ने स्वीकार किया कि जडेजा के उबरने में उम्मीद से अधिक समय लगा. उन्होंने कहा, ‘‘इसमें (जडेजा के उबरने में) उम्मीद से अधिक समय लगा और हम सतर्कता बरतना चाहते थे. आप यह नहीं चाहते कि पांच या 10 ओवर फेंकने के बाद कोई गेंदबाजी बाहर हो जाए.''

शास्त्री ने कहा, ‘‘इसलिए अगर पर्थ की बात करें तो हमें लगता है कि वह 70 से 80 प्रतिशत फिट था और हम दूसरे टेस्ट में उसे लेकर जोखिम नहीं उठाना चाहते थे. अगर वह यहां (मेलबर्न में) 80 प्रतिशत फिट हुआ तो वह खेलेगा.'' शास्त्री ने कहा कि फिटनेस चिंता की बात है. रोहित शर्मा पीठ की चोट से उबर गए हैं और नेट अभ्यास शुरू कर दिया है जबकि अगले 48 घंटे में अश्विन पर नजर रखी जाएगी.

उन्होंने कहा, ‘‘फिटनेस (सबसे बड़ी चिंता है)। हमें अगले 24 घंटे में फिटनेस का आकलन करना होगा, एक समय में एक कदम उठाना होगा और हालात पर ध्यान देना होगा। हम अगले 48 घंटे में अश्विन पर नजर रखेंगे.'' मुख्य कोच ने कहा, ‘‘रोहित शर्मा काफी अच्छा लग रहा है और उसने काफी सुधार किया है लेकिन हम देखेंगे कि वह कल कैसा करता है। आज वह अच्छा लग रहा है। हार्दिक पंड्या फिट है.''

शास्त्री हालांकि यह खुलासा नहीं करना चाहते कि पंड्या अंतिम एकादश में जगह बनाएंगे या नहीं क्योंकि उन्होंने चोट से वापसी के बाद सिर्फ एक प्रथम श्रेणी मैच खेला है. उन्होंने कहा, ‘‘पंड्या के यहां आने से आपको विकल्प मिला है (पांच गेंदबाजों के साथ उतरने का)। लेकिन वह काफी प्रथम श्रेणी क्रिकेट नहीं खेला है. चोट के बाद वह सिर्फ एक मैच खेला है इसलिए उसके खेलने पर फैसला करने से पहले हमें काफी सतर्कता बरतनी होगी.''

 

मेलबॉर्न : भारतीय क्रिकेट टीम इन दिनों आस्ट्रेलिया दौरे पर है और 26 तारीख को टीम आस्ट्रेलिया के साथ तीसरा टेस्ट मैच खेलने वाली है. इससे पहले कल कप्तान विराट कोहली यहां अपनी पत्नी की नयी रिलीज फिल्म ‘जीरो’ देखने पहुंचे. फिल्म शुक्रवार 21 तारीख को रिलीज हुई है. इस फिल्म में अनुष्का शर्मा ने शाहरुख खान के अपोजिट एक साइंटिस्ट का किरदार निभाया है. 

विराट कोहली अपनी पत्नी अनुष्का की एक्टिंग के बहुत बड़े प्रशंसक हैं और जब भी अनुष्का की कोई फिल्म आती है, वे उसे देखने सिनेमा हॉल तक जाते हैं. हालांकि अभी वे हिंदुस्तान में नहीं हैं लेकिन उन्होंने मेलबॉर्न में ‘जीरो’ मूवी देखी. 

अनुष्का शर्मा और विराट कोहली ने काफी दिनों तक डेट करने के बाद शादी की और हमेशा एक दूसरे का साथ देते दिखते हैं. अनुष्का जहां ग्राउंड में आकर विराट का हौसला बढ़ाती हैं, वहीं विराट उनकी मूवी देखकर फीडबैक देते हैं.

लाहौर : पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने शनिवार को कहा कि वह नरेंद्र मोदी सरकार को दिखायेंगे कि अल्पसंख्यकों से कैसे व्यवहार करते हैं? पाकिस्तानी प्रधानमंत्री खान का यह बयान बॉलीवुड अभिनेता नसीरुद्दीन शाह की भारत में भीड़ द्वारा की जाने हिंसा को लेकर टिप्पणी को लेकर जारी विवाद के बीच आया है. नसीरुद्दीन शाह भारत में भीड़ द्वारा पीट-पीटकर मार डालने के मामलों को लेकर अपनी टिप्पणी के कारण विवादों में आ गये हैं. 

 पंजाब सरकार की 100 दिन की उपलब्धियों को रेखांकित करने के लिए लाहौर में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए इस बात पर जोर दिया कि उनकी सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए कदम उठा रही है कि पाकिस्तान में धार्मिक अल्पसंख्यकों को उनके उचित अधिकार मिले. उन्होंने कहा कि यह देश के संस्थापक मोहम्मद अली जिन्ना का भी दृष्टिकोण था. खान ने कहा कि उनकी सरकार यह सुनिश्वित करेगी कि अल्पसंख्यक सुरक्षित, संरक्षित महसूस करें और उन्हें नये पाकिस्तान में समान अधिकार हों. उन्होंने शाह के बयान की ओर इशारा करते हुए कहा कि हम मोदी सरकार को दिखायेंगे कि अल्पसंख्यकों के साथ कैसे व्यवहार करते हैं. भारत में लोग कह रहे हैं कि अल्पसंख्यकों के साथ समान नागरिकों की तरह व्यवहार नहीं हो रहा है.

पाकिस्तानी प्रधानमंत्री ने कहा कि यदि कमजोर को न्याय नहीं दिया गया, तो इससे विद्रोह ही उत्पन्न होगा. उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि पूर्वी पाकिस्तान के लोगों को उनके अधिकार नहीं दिये गये, जो बांग्लादेश निर्माण के पीछे मुख्य कारण था.

Ads

R.O.NO. 14907/58 Advertisement Carousel

MP info RSS Feed

फेसबुक