ईश्वर दुबे
संपादक - न्यूज़ क्रिएशन
+91 98278-13148
newscreation2017@gmail.com
Shop No f188 first floor akash ganga press complex
Bhilai
रायपुर. धान खरीदी (Paddy Purchase) को लेकर छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) में सियासत गरमा गई है. कांग्रेस (Congress) जहां केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करने की तैयारी में है, तो वहीं किसान भी राज्य सरकार के खिलाफ एकजुट हो गए हैं. मालूम हो कि गरियाबंद (Gariyabandh) जिले से निकली किसानों की रैली (Farmer Rally) मंगलवरा सुबह राजधानी रायपुर (Raipur) पहुंची. किसान रबी फसल धान के भुगतान और 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू करने की कर रहे मांग हैं. रायपुर पहुंचे किसानों का प्रतिनिधि मंडल राज्यपाल अनुसुइया उइके (Governor Anusuiya Uikey ) से मुलाकात भी करेगा. किसान गवर्नर से अपनी मांगों को पूरा करने की गुहार लगाएंगे. बता दें कि सोमवार को राजिम मंडी से किसानों की रैली निकली थी. रास्ते में पड़ने वाले गांवों के किसानों ने पदयात्रियों का तिलक लगाकर स्वागत भी किया. अखिल भारतीय क्रांतिकारी किसान सभा भी किसानों का समर्थन कर रही है.
चार महीने से भटक रहे किसान
बता दें कि तकरीबन चार महीने से भुगतान की मांग को लेकर राजिम, कुरूद और आस-पास के इलाके के किसान भटक रहे हैं. रबी फसल धान के भुगतान, 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर खरीदी की मांग को लेकर कर रहे किसान पैदल मार्च के लिए निकले. यात्रा पर निकलने के लिए सभी किसान राजिम कृषि मंडी परिसर में एकत्रित हुए. जैसे ही प्रदर्शनकारी किसान पदयात्रा के लिए निकले लगे, वैसे ही उन्हें पुलिस ने रोक दिया. पुलिस की कार्रवाई से किसान नाराज हो गए और नारेबाजी करने लगे. विवाद बढ़ता देख प्रशासन ने किसानों को पदयात्रा के लिए जाने की अनुमति दे दी. फिर किसान राजिम से रायपुर के लिए निकले.
सहस्त्रबाहु जयंती पर कल्चुरी भवन में स्नेह सम्मेलन का हुआ आयोजन
चांपा। जायसवाल व कलार समाज के आराध्य देव कल्चुरी वंशज के राजा भगवान सहस्त्रबाहु की जयंती के अवसर पर शोभायात्रा राम-जानकी मंदिर से निकाली गई। समाज के सैंकड़ों महिलाओं व पुरूषों के अलावा युवक-युवतियों ने बड़ी संख्या में भागीदारी निभाई। मुख्य मार्ग होते हुए शोभायात्रा मिशन रोड स्थित जायसवाल कल्चुरी भवन पहुंची जहां पर स्नेह मिलन समारोह का आयोजन किया गया।
जायसवाल युवा सभा द्वारा भगवान सहस्त्रबाहु की जयंती अवसर पर पुराना बस स्टैण्ड कोरबा स्थित श्री राम-जानकी मंदिर से शोभायात्रा प्रारंभ की गई। विधि-विधान से भगवान की पूजा-अर्चना के बाद पारंपरिक करमा नृत्य व आकर्षक वेशभूषा में सजे स्वजातीय बंधुओं ने ध्वज थामे भगवान का अभिवादन करते हुए शोभायात्रा में भागीदारी निभाई। भगवान सहस्त्रबाहु की आराधना में लीन जायसवाल कलार समाज के लोग गगनभेदी नारों के साथ शोभायात्रा में शामिल होकर मुख्य मार्ग से होते हुए मिशन रोड स्थित कल्चुरी जायसवाल भवन पहुंचे। भवन पहुंचने पर समाज की महिलाओं ने शोभायात्रा की आरती उतारकर अगुवानी की। इसके बाद स्नेह मिलन समारोह का आयोजन किया गया। समारोह को संबोधित करते हुए समाज के जिलाध्यक्ष रामगोपाल डिक्सेना, महामंत्री आनंद प्रसाद जायसवाल, अशोक जायसवाल, विनोद जायसवाल, सुरेन्द्र प्रताप जायसवाल, श्रीमती सीमा, सुशीला, पल्लवी जायसवाल ने समाज की प्रगति और रचनात्मक कार्यों में बढ़-चढकर भागीदारी निभाने का आह्वान किया। पदाधिकारियों ने कल्चुरी वंशज के गौरवशाली इतिहास से समाज के युवाओं और बच्चों को अवगत कराया व जुडने की सीख देते हुए सदैव सकारात्मक कार्य करने प्रोत्साहित किया। सामाजिक भवन में और भी अधिक सुविधा के विस्तार पर बल दिया गया। इस अवसर पर भगवान सहस्त्रबाहु की महाआरती का भी आयोजन किया गया। जिला स्तरीय आयोजन में कोरबा सहित पाली, कटघोरा, दीपका, कोरबा ग्रामीण क्षेत्रों के स्वजातीय बंधु बड़ी संख्या में शामिल हुए। इनमें प्रमुख रूप से नंदलाल जायसवाल, श्रीमती शकुंतला देवी, मनीष, चंद्रप्रकाश, नीरज, महेन्द्र, नितिन, सोनू, आशीष, प्रेमप्रताप, अमर, प्रदीप, अनुज, सुभाष डडसेना, संतोष, जीवन लाल, अनिल डनसेना, सोनू, आशीष, संजय, गजेन्द्र, राजू, रौशन, रवि, रघुनंदन, राहुल, प्रशांत महतो, सुरेश जायसवाल आदि उपस्थित थे।
चांपा। हिंदू धर्म शास्त्रो-पुराणों में कार्तिक मास को श्रेष्ठ, उत्तम और पवित्र माना गया है। इस पूरे माह व्रत, दान-पुण्य, पवित्र-नदियों का स्नान, रामकथा, भागवत कथा, लक्ष्मीनारायण महायज्ञ और कथा-पुराणों का श्रवण भी अति-उत्तम माना गया है।
यह सुखद संयोग है कि श्रीमद जगद्गुरु शंकराचार्य ज्योर्तिंमठ शाखा काशीपीठ मौनी महराज शाश्वत आनंद आश्रम, हनुमान धारा, चांपा में श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ विष्णु महायज्ञ और श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन 04 से 12 नवंबर कार्तिक पूणिमा तक किया जा रहा है। आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस महायज्ञ में देश के विभिन्न स्थानों से साधु संतों का आगमन शुरू हो गया है। कलश भारतीय संस्कृति का सर्वोंय तथा सम्मान का प्रतीक माना जाता हैं। देवपूजा के पूर्व सबसे पहले कलश में पवित्र नदी का जल-भरा जाता हैं। उसके पश्चात् कलश पूजन का शुभारंभ होता हैं। इसी उद्देश्य को लेकर डोगाघाट मंदिर, चांपा से पूजन उपरांत विधिवत कलश यात्रा प्रारंभ हुई। आज चांपा में भव्य कलश-यात्रा निकाली गई। इसके साथ श्रीलक्ष्मी नारायण महायज्ञ शुरू हो गया। कलशयात्रा में काशी पीठाधीश्वर जगदगुरु शंकराचार्य स्वामी शास्वतानंद सरस्वती महराज बद्रीकाश्रम उत्तराखंड के सानिध्य में रवाना हुआ। यह कलश यात्रा सदर बाजार, सम्लेश्वरी मंदिर, कदम-चौक, बड़े मठ, राजापारा होते हुए हनुमान धारा पहुंची।
---------
जांजगीर-चांपा। कलेक्टर कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनचौपाल कार्यक्रम में आज दिव्यांग व्हीलचेयर क्रिकेट टीम के खिलाडि़यों ने कलेक्टर जेपी पाठक से मुलाकात की। कलेक्टर ने खिलाडि़यों से प्रशिक्षण के बारे जानकारी ली एवं आगामी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी।
उन्होंने समाज कल्याण विभाग के अधिकारी को जर्सी की व्यवस्था करने के लिए निर्देशित किया। उल्लेखनीय है कि संभाग स्तरीय प्रशिक्षण के लिए जिले के 15 खिलाडि़यों का चयन हुआ है। आगामी 10 व 11 नवंबर को बालोद जिले में आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में जिले के दिव्यांग खिलाड़ी हिस्सा लेगे। आज जन चौपाल में कलेक्टर श्री पाठक से जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए 134 लोगो ने मुलाकात की। उन्होंने प्राप्त पत्रों पर नियमानुसार कार्रवाई के लिए संबंधितों को निर्देशित किया है। दर्रीपारा नैला की मंदाकनी सूर्यवंशी, अवरीद की जागबली और डोंगा कोहरौद की रमला बाई ने समाजिक सहायता कार्यक्रम के तहत पेंशन दिलाने का आग्रह किया। वहीं कोसमपाली के लहरी राम ने झालरौंदा से कोसमपाली तक सड़क निर्माण कराने का आग्रह किया। अवरीद के गोवर्धन कश्यप ने मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के तहत मशरूम उत्पादन के प्रशिक्षण के लिए आवेदन दिया। ग्राम तलवा जैजैपुर के चौतराम ने आधारकार्ड में जन्म तिथि सुधरवाने के लिए आवेदन दिया।
राम नाम का जाप करने सैकड़ों की संख्या में पहुंच रहे श्रद्धालु
जांजगीर-चांपा। जिला मुख्यालय के भगत चौक पुरानी बस्ती में अखण्ड राम नाम सप्ताह यज्ञ पूरे शबाब पर हैं, जहां रोज दर्जनों गांवो की कीर्तन मण्डली राम नाम का गायन करने पहुंच रही है। वही राम नाम जाप का रसपान करने सैकड़ों की संख्या में लोग भी पहुंच रहे है।
जिला मुख्यालय स्थित पुरानी बस्ती भगत चौक वार्ड क्रमांक 11 में अखण्ड राम नाम सप्ताह यज्ञ का आयोजन लगातार 57 वर्ष से किया जा रहा है। प्रतिवर्ष वर्ष की भांति इस वर्ष भी 100 साल से अधिक विशाल वट वृक्ष के नीचे चबूतरे में 58वें वर्ष में राम नाम सप्ताह यज्ञ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। राम नाम का जाप पूरे सात दिन और सात रात तक लगातार किया जा रहा है। इसमें जिले व अन्य जिलों के सैकड़ो गांवो की कीर्तन मण्डली भी राम नाम सप्ताह यज्ञ में शामिल हो रही है। राम नाम सप्ताह यज्ञ के पांचवे दिवस जय बजरंग चौक कीर्तन मंडली देवरानी, मां दुर्गा कीर्तन मण्डली दुरूमगढ़, जय महामाया कीर्तन मण्डली खपरीडीह, मानस कीर्तन मण्डली तागा, जय बजरंग कीर्तन मण्डली नवागढ़ द्वारा रामनाम का गायन के लिए पहुंची थी। वहीं छठवे दिवस शिवशंकर कीर्तन मण्डली जांजगीर, मां महामाया कीर्तन मण्डली लगरा, जय मां दुर्गा कीर्तन मण्डली बोरदा, बाल समाज कीर्तन मण्डली बिर्रा द्वारा मनमोहक श्रीकृष्ण राधा, हनुमान, श्रीराम-सीता, राजा दशरथ, श्रवण की झांकी के साथ राम नाम का गायन प्रस्तुत किया गया।
आज निकलेगी भव्य नगर यात्रा
अखण्ड राम नाम सप्ताह यज्ञ का समापन 5 नवम्बर को होगा। उसी शाम भव्य नगर यात्रा भी निकालेगी। श्री राधा कृष्ण को पालकी में उठाकर नगर भ्रमण कराया जाएगा। श्री राधा कृष्णा की प्रतिमा को पालकी में उठाकर पूरे मोहल्ले भर के घरों में ले जाया जाता है। जहां महिलाएं भगवान की विधि-विधान से पूजा-अर्चना करती है। भगवान श्रीकृष्ण के आगे-आगे विभिन्न गांवो से आई कीर्तन मंडली रामनाम का गायन करते झांकियों के साथ चलती है। 6 नवंबर को हवन, सहस्त्रधारा, ब्राह्मण भोज के साथ अखण्ड राम नाम यज्ञ का समापन होगा।
------
वारदात के बाद आरोपी ने खुद को किया पुलिस के हवाले
नवागढ़ के वार्ड नंबर दो का सनसनीखेज वारदात
जांजगीर चांपा। महिला की हत्या कर शव को पेट्रोल डालकर जलाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। वारदात के बाद आरोपी ने खुद को थाने में सरेंडर कर दिया। पूरा मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। यह घटना नवागढ़ के वार्ड नंबर दो का है।
पुलिस के अनुसार आरोपी युवक का नाम अनवर पिता शब्बीर खान बताया जा रहा है। उसने अपने छोटे भाई की प्रेमिका सुनीता कुशवाहा 35 वर्ष की सिर पर पत्थर से वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद उसके शव को पेट्रोल डालकर जला दिया। हत्या करने के बाद आरोपी ने थाना जाकर खुद को पुलिस के हवाले कर दिया। इस मामले मे पुलिस ने बताया कि मृतका सुरजपुर की रहने वाली थी। आरोपी अनवर खान के छोटे जमीर खान से उसका प्रेम प्रसंग था। दोनों बिलासपुर में जॉब करते थे। इसी दौरान दोनों में प्रेम संबंध स्थापित हो गया। बताया जा रहा है इस दौरान सुनीता गर्भवती भी हुई थी जिसके बाद सुनीता ने शादी का दबाव बनाया और मामला थाने तक भी पहुंचा था। शादी के वादे के बाद दोनो मे सुलह भी हो गया मगर फिर आरोपी का भाई जमीर खान जॉब छोड़कर अपने गांव नवागढ़ वापस आ गया। उसने युवती सुनीता कुशवाहा से दूरी बना ली। साथ ही उसने गांव आने के बाद शादी भी कर ली। इस बात को लेकर कई बार विवाद भी हुआ। पुलिस ने बताया कि सुनीता कुशवाहा रविवार को अपने प्रेमी के घर नवागढ़ आई हुई थी। इस दौरान उसका प्रेमी जमीर खान मौजूद नहीं था। मगर पुराने मामले को लेकर सुनीता कुशवाहा और प्रेमी के परिजनो ंके बीच विवाद होने लगा। वह रात तक उनके घर पर ही जमी रही और विवाद बढ़ता गया। इसी दौरान देर रात प्रेमी जमीर खान के बड़े भाई अनवर खान ने तैश मे आकर सुनीता कुशवाहा के सिर पर पत्थर पटक दिया जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ी। इससे भी अनवर खान का दिल नही भरा तो उसने जेरीकेन मे रखे पेट्रोल को सुनीता पर डालकर उस पर आग लगा दी। घटना को अंजाम देने के बाद अरोपी अनवर खान थाना पहुंचा और उसने घटना के संबंध मे पुलिस को जानकारी देते हुए आत्म समर्पण कर दिया।
------------
जिला पंचायत सामान्य प्रशासन समिति की बैठक आयोजित
जांजगीर-चांपा। जिला पंचायत सभाकक्ष में सोमवार को जिला पंचायत अध्यक्ष नंदकिशोर हरवंश की अध्यक्षता में सामान्य प्रशासन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायत सीईओ तीर्थराज अग्रवाल मौजूद रहे।
बैठक में पूर्व बैठक का पालन प्रतिवेदन पर चर्चा के उपरांत ग्रामीण यांत्रिकी विभाग, मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क योजना एवं सिंचाई विभाग के स्वीकृत कार्यो, प्रगतिरत एवं पूर्ण कार्यों की सिलसिलेवार समीक्षा की गई। जिपं सदस्यों ने कहा कि जहां पर आरईएस के माध्यम से निर्माण कार्य किए जा रहे हैं, उसकी गुणवत्ता पर ध्यान देते हुए उन्हें समय सीमा में पूर्ण किया जाए। मुख्यमंत्री सड़क की मरम्मत की जाए, ताकि ग्रामीणों को होने वाली समस्या से निजात मिल सके। गर्मी में पानी की समस्या को देखते हुए नहरों की मरम्मत की जाए, ताकि ग्रामीणों को खेती एवं दैनिक उपयोग के लिए पानी आसानी से मिल सके। सदस्यों ने कहा कि अगर निर्माण कार्यों में कोई ठेकेदार समय पर कार्य नहीं करता है तो संबंधित से राशि वापस ली जाए। महिला बाल विकास विभाग अधिकारी ने सदस्यों को विभिन्न पदों पर भर्ती की जानकारी सिलसिलेवार दी। इसके अलावा आंगनबाड़ी में जो पोषण आहार दिया जा रहा है, उसके भंडारण एवं सत्यापन पर भी सदस्यों ने चर्चा की। स्वच्छ भारत मिशन से वर्ष 2019-20 में कितने नवीन शौचालय का निर्माण किया गया, निर्माण कार्यों के लिए कितनी राशि का भुगतान किया गया एवं कितने शौचालय की राशि का भुगतान शेष है। इस पर सदस्यों ने चर्चा की। सदस्यों को बताया गया कि शौचालय निर्माण की शत-प्रतिशत राशि जिले से जारी की गई है। अगर किसी को शौचालय निर्माण की राशि नहीं मिली है तो उसकी जांच की जाएगी। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2019-20 में नवीन आवास निर्माण की स्वीकृति, आवास निर्माण के लिए हितग्राहियों को भुगतान की जानकारी जिपं सदस्यों को दी गई। वन विभाग के तहत वन प्रबंध समितियों की जानकारी सदस्यों को दी गई। पंचायत संवर्ग के शिक्षकों को पति-पत्नी, आपसी आधार पर अंतर्जिला स्थानांतरण के लिए अनापत्ति प्रमाण-पत्र जारी करने के प्रस्ताव पर चर्चा की गई। इसके अलावा श्रीमती ममता रात्रे व्याख्याता पंचायत को कार्यभार ग्रहण कराने, शिक्षक पंचायत संवर्ग का स्थानांतरण, शिक्षक पंचायत संवर्ग का नियमितीकरण, ममता रात्रे व्याख्याता पंचायत का पीएचडी अध्ययन उपरांत कार्यभार ग्रहण करने पर चर्चा की गई। वहीं जिला से जिला अंतर्गत पति-पत्नी के आधार पर स्थानांतरण पर चर्चा हुई। बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष अजीत साहू, श्रीमती कल्याणी साहू, सुशांत सिंह, श्रीमती तुलसी देवी साहू, पिताम्बर पटेल, सांसद प्रतिनिधि, डीएफओ जितेन्द्र कुमार उपाध्याय सहित विभागीय अधिकारी, कर्मचारी मौजूद रहे।
रायपुर. छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) की राजधानी रायपुर (Raipur) में महिला से रेप (Rape) का मामला सामने आया है. महिला की शिकायत पर रायपुर की राजेन्द्र नगर थाना पुलिस (Rajendra Nagar Police Station) ने अपराध दर्ज किया है. रायपुर के एक शॉपिंग मॉल में काम करने वाली महिला के साथ उसके ही दोस्त ने रेप किया और उसके बाद उसे ब्लैकमेल करता था. आरोपी कपड़े की दुकान में काम करता था. थाने में शिकायत के बाद से ही आरोपी फरार है. पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है.
रायपुर पुलिस (Raipur Police) से मिली जानकारी के मुताबिक, कपड़ा दुकान में काम करने वाले आरोपी निखिल शर्मा की करीब सालभर पहले शिकायतकर्ता महिला से दोस्ती हुई थी. इसके बाद उसने महिला को झांसे में लेकर उसके साथ रेप किया और उसका वीडियो बना लिया. इस वीडियो के आधार पर आरोपी निखिल महिला को ब्लैकमेल करने लगा और संबंध आगे बनाए रखने के लिए दबाव डाल रहा था. इससे परेशान होकर महिला ने राजेन्द्र नगर थाने में शिकायत की. इसके बाद पुलिस मामले की जांच कर आरोपी की तलाश में जुट गई है.
यहां अपहरण की कोशिश
राजधानी रायपुर में एक अन्य मामले में अपहरण की कोशिश का जुर्म दर्ज किया गया है. भनपुरी इलाके में एक महिला के घर में घुसकर लूट और अपहरण की कोशिश करने वाले एक दंपत्ति को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. भनपुरी में रेखा गौर के घर में घुसकर आरोपी टी सुंदर राव और उसकी पत्नी टी गायत्री राव ने चाकू की नोंक पर उसके बच्चे का अपहरण करते हुए 10 हजार रुपए की मांग करने लगे. रेखा गौर ने बहादूरी से अपने बच्चे को छुड़ाया. आरोपी पति पत्नी पीड़ित महिला का मंगलसूत्र और झुमके लूटकर फरार हो गए थे, जिन्हें खमतराई पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.
राज्य सरकार द्वारा आयोजित राज्योत्सव में लोगों में भारी उत्साह और उमंग है। जन भावनाओं के अनुरूप राज्यपाल सुश्री अनुसूइया उईके के आग्रह पर मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने राज्योत्सव की अवधि तीन दिन से बढ़ाकर पांच दिन कर दिया हैं, ताकि आम जनता इसका भरपूर लाभ उठा सकें। रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में एक नवम्बर से आयोजित राज्योत्सव में विभिन्न विभागों और निजी क्षेत्र के प्रतिष्ठानों द्वारा लगाए गए स्टॉलों में लोगों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी मिल रही है। राज्य सरकार के पर्यटन विभाग के स्टॉल में प्रदेश के महत्वपूर्ण ऐतिहासिक, पुरातात्विक एवं धार्मिक पर्यटन स्थलों की जानकारी को लोगों द्वारा सराहना की जा रही है और पर्यटन स्थलों के छायाचित्र के साथ सेल्फी भी ले रहे हैं।

पर्यटन मंत्री श्री ताम्रध्वज साहू के निर्देश पर प्रदेश में पर्यटन क्षेत्रों का विकास तेजी से हो रहा है। इसकी जानकारी के लिए बड़े पैमाने पर ब्रोशर एवं पाम्पलेट का वितरण भी किया जा रहा है। राज्योत्सव में पर्यटन विभाग के स्टॉल में मुख्य रूप से वैभव नगरी सिरपुर का लक्ष्मण मंदिर, जो कि ईटों से निर्मित भारत की सर्वाेत्तम प्राचीन मंदिरों मंे से एक है, प्रदर्शित किया गया है। इसके साथ ही बिलासपुर जिले के ताला गांव का रूद्र शिव प्रतिमा एवं दंतेवाड़ा जिले के बारसूर का प्राचीन गणेश प्रतिमाा, धार्मिक पर्यटन स्थल मां बम्लेश्वरी देवी डोंगरगढ़, नवा रायपुर मंे मानव निर्मित एवं क्षेत्रफल में एशिया का सबसे बड़ा जंगल सफारी, कबीरधाम जिले की सरोधा दादर एवं इसके निकट स्थित पर्यटन स्थल बैगा टुरिस्ट रिसॉर्ट, धमतरी के समीप स्थित पर्यटन स्थल जोहार लेक व्यू रिसॉर्ट गंगरेल, बिलासपुर के समीप स्थित पर्यटन स्थल जोहार ईको रिसॉर्ट कुरदर प्रदर्शित किया गया है। स्टॉल में मैनपाट, जैतखांम-गिरौधपुरी धाम, महाप्रभु वल्लभचार्य जी का प्राकट्य स्थल चंपारण्य, चित्रकोट जलप्रपात, बस्तर दशहरा एवं आदिवासी नृत्य का भी छायाचित्र प्रदर्शित किया गया है। राज्योत्सव में लोगों को एलईडी डिसप्ले के जरिये प्रदेश के महत्वपूर्ण पर्यटन स्थ्लों की जानकारी दी जा रही है।
रायपुर, 04 नवम्बर 2019 मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल से यहां उनके निवास कार्यालय में केरला समाजम् दुर्ग-भिलाई के प्रतिनिधि मंडल ने श्री जेम्स के नेतृत्व में मुलाकात की। श्री बघेल को केरला समाजम् द्वारा 11 से 15 दिसम्बर तक आयोजित किए जा रहे ऑल इंडिया डांस तथा पारम्परिक छत्तीसगढ़ी लोक नृत्य प्रतियोगिता के लिए आमंत्रण भी दिया गया। समाजम् द्वारा मुख्यमंत्री श्री बघेल को उनकी माता स्व.श्रीमती बिंदेश्वरी बघेल का पोट्रेट भी भेंट किया गया। प्रतिनिधि मंडल में श्री बी.के. बाबू, श्री एस.संजीव, श्री ई.टी. सतीशन, श्री के.सुधीर कुमार, सुश्री मीरा शर्मा, श्री बिनू जान, श्री अब्दूल सत्तार, श्री दिवाकरन तथा अनूप कुमार उपस्थित थे।
रायपुर, 04 नवम्बर 2019 प्रदेश में खेल प्रतिभाओं की बहुतायत है। प्रतिभावान खिलाड़ियों को मौका मिलने से राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करते हैं। खिलाड़ियों को प्रोत्साहन के रूप में ईनाम या पुरस्कार मिले तो खिलाड़ी और बेहतर प्रदर्शन करने को प्रेरित होते हैं। राज्य सरकार द्वारा राज्योत्सव 2019 में प्रदेश के प्रतिभावान खिलाड़ी श्री दिपेश कुमार सिन्हा को गुण्डाधूर खेल रत्न और श्री गिरिवर सिंह को महाराजा प्रवीणचन्द भंजदेव पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इस प्रकार के सम्मान से अन्य खिलाड़ियों को प्रोत्साहन मिलता है।
छत्तीसगढ़ पुलिस में कार्यरत श्री दिपेश कुमार सिन्हा प्रतिभावान वॉलीवाल खिलाड़ी है। वे वर्ष 2010 से अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी खेल की प्रतिभा दिखा रहे हैं। वर्ष 2012 में ईरान में आयोजित स्पर्धा में सर्वश्रेष्ठ एशियन वॉलीवाल खिलाड़ी का खिताब भी प्राप्त किया था।
तीरंदाजी खेल के लिए राज्यस्तरीय पुरस्कार महाराजा प्रवीरचंद भंजदेव सम्मान इस वर्ष बिलासपुर जिले के शिवतराई निवासी श्री गिरिवर सिंह को दिया गया। राज्य के पैरा तीरंदाजी खेल के खिलाड़ी श्री गिरिवर ने रोहतक हरियाणा में आयोजित राष्ट्रीय पैरा तीरंदाजी प्रतियोगिता में इंडियन राउण्ड ओपन कैटेगरी में प्रथम स्थान किया था। अब तक गिरिवर तीन नेशनल और तीन स्टेट लेवल टूर्नामेंट में पदक जीत चुके हैैं।
रायगढ़। अमृत मिशन योजना के तहत छातामुड़ा सहदेवपाली में बन रही पानी टंकी को लेकर चल रहा विवाद अब थम गया है। बीते तीन दिनों से निगम प्रशासन और स्थानीय कब्जाधारियों के मध्य टंकी निर्माण को लेकर आमने-सामने हो गए थे।
जिसमे शनिवार छुट्टी के दिन निगमायुक्त और स्थानीय लोगो का विवाद ज्ञापन व मिलने को लेकर हो गया था। उक्त निर्माणधीन टंकी के लिए निगम प्रशासन टंकी के इर्द-गिर्द के कब्जाधारियों को वहां से हटाकर,सावित्री नगर में विस्थापित करना चाह रहा था ताकि टंकी निर्माण में कोई बाधा न आये, दूसरी तरफ वहां के बाशिंदों का कहना था कि वे बरसों से उस जगह में काबिज हैं इसलिए वे दूसरी जगह नही जाएंगे। इसी मसले को लेकर निगम और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम सहदेवपाली पहुंची थी। दोनो ही पक्षों में एक बार फिर जमकर तू तू मैं मैं हुई थी, लेकिन बाद में दोनो ही पक्षों में आपसी सुलह हो गई जो जानकारी मिल रही है उसके मुताबिक निगम टंकी निर्माण के उपरांत 7 मीटर की बाउंड्रीवाल बनाएगा और टंकी तक जाने के लिए सीढ़ी का निर्माण इस बाउंड्रीवाल के भीतर ही होगा। बाउंड्री वाल के बाहर तीन फीट जमीन छोड़ दी जाएगी। इसी तीन फीट के बाद गरीबों के आशियाने बने हैं जो फिल हाल वर्तमान मकान टूटने से बच गए है।
अतिक्रमणकारियो पर नजर रखने बनी टीम
शहर में भू माफिया एवं कब्जाधारी लोग कब्जा को बढ़ाते हुए सरकारी जमीन को खत्म कर रहे है। पानी टंकी निर्माण में जमीन कम पड़ने के चक्कर मे निगमायुक्त ने भवन अधिकारी प्रतुल श्रीवास्तव को अतिक्रमण प्रभारी बनाया है एवं उनके नेतृत्व में 24 सदस्यों वाली टीम का गठन किया गया है। इस टीम में सफाई निरीक्षक दरोगा सहित निगम के सफाई कामगर सुपरवाइजर शामिल है।
कोरबा। सबसे अलग, हैरतंगेज और वंडरफुल सेल्फी अगर एफबी या किसी अन्य सोशल मीडिया में पोस्ट कर दी जाए, तो लाइक्स की झड़ी लग जाती है। बस यही क्रेज और लाइक्स का रोमांच पाने आज की युवा पीढ़ी सेल्फी के लिए खुद की जिंदगी तक खतरे में डालने तैयार हो जाते हैं। बस यही चूक एक बार फिर दोहराई गई और सेल्फी के रोमांच ने एक मासूम छात्र की जिंदगी छीन ली।
खुद को खतरे में डालकर सेल्फी लेते दुर्घटना का शिकार हुए छात्र की यह घटना बाल्को पुलिस थाना क्षेत्र की है। बाल्कोनगर से सतरेंगा मार्ग पर जिले का पसंदीदा पिकनिक स्पॉट परसाखोला स्थित है। रविवार की छुट्टी का आनंद लेते हुए यहां स्कूल में पढ़ने वाले करीब आधा दर्जन छात्र-छात्राएं पिकनिक मनाने पहुंचे थे। इसी दौरान उनमें से एक छात्र सुभाष ब्लॉक निवासी अमन रोमांचक सेल्फी लेने की फिराक में वहां मौजूद नाले के करीब चला गया। जलस्त्रोत से लगे होने के कारण इस जगह पर फिसलन थी, जिसमें अमन के पैर लड़खड़ा गए। इससे पहले कि वह संभलने की कोशिश करता, फिसल गया और गहरे पानी में जा गिरा। देखते ही देखते सबके सामने वह गहरे पानी में डूब गया और फिर बाहर न निकला। वहां मौजूद रहे आसपास के ग्रामीणों का भी यही कहना था कि यह दुखद घटना सेल्फी के चक्कर में हुई।
तैरना नहीं जानते थे, बेबस देखते रहे दोस्त
जिस ग्रुप के साथ अमन पिकनिक मनाने परसाखोला गया था, उनमें से कोई तैरना नहीं जानता था। परिणामस्वरूप उसके दोस्त भी बेबस होकर उसे डूबते देखते रहे। अपने सामने ही यह माजरा देखने को मजबूर दोस्त पानी की गहराई ज्यादा होने के कारण उसे बचाने की हिम्मत नहीं जुटा पाए और डूबने से उसकी मौत हो गई। अमन कोरबा का ही रहने वाला है और अपने दोस्तों के साथ सुबह-सुबह ही परसाखोला पहुंचा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोपहर दो बजे के आसपास अमन नाले के पास मौजूद एक फिसलन भरे पत्थर में खड़ा होकर सेल्फी ले रहा था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया। खतरनाक जगह पर खड़े होकर सेल्फी लेना अमन को काफी महंगा पड़ गया।
पानी के नीचे पत्थरों के बीच जा फंसा
मौके पर मौजूद रहे लोगों ने इस घटना की सूचना पहले 112 का, फिर बाल्को पुलिस को दी गई। पुलिस ने कुछ ग्रामीणों की मदद से अमन के शव को तीन घंटे कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला और फिर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। संभावना जताई जा रही कि अमन जैसे ही गहरे पानी के नीचे गया, वह पत्थरों के बीच फंस गया होगा। यही वजह है कि उसके शव को ढूंढ़ने और फिर बाहर लाने में उन्हें तीन घंटे से ज्यादा लग गए। अमन के शव में कई जगह चोट के निशान भी मिले हैं, इसलिए यह संभावना भी व्यक्त की जा रही कि पत्थरों में फंसने की वजह से चोट लगी होगी। पुलिस ने पंचनामा तैयार कर मर्ग कायम कर लिया है। अमन के दोस्तों से भी हादसे के बारे में पूछताछ की जा रही।
भिलाई टाउनशिप में सेक्टर-7 तालाब की तर्ज पर सेक्टर-2 छठ तालाब का भी सौंदर्यीकरण किया जाएगा। वहीं सेक्टर-7 तालाब में जो कार्य शेष रह गए हैं उन्हें भी जल्द पूरा किया जाएगा। विधायक निधि से यह दोनों काम होंगे। रविवार को छठ पर्व पर भिलाई विधायक देवेंद्र यादव ने इसकी घोषणा की।
सेक्टर-2 व सेक्टर-7 स्थित तालाब टाउनशिप का सबसे बड़ा तालाब है। यहां हर साल हजारों की संख्या में छठ पर्वधारी छठ त्योहार मनाते हैं। सेक्टर-7 तालाब के सौंदर्यीकरण का काम पूर्व के महापौर के कार्यकाल में जरुर हुआ, पर यह पूरा नहीं हो पाया। छठ व्रतधारियों को शुभकामना देने पहुंचे भिलाई विधायक देवेंद्र यादव ने अपनी निधी से इस तालाब को मॉडल तालाब बनाने व सौंदर्यीकरण का आश्वासन दिया।
उल्लेखनीय है कि छठ पर्व के पूर्व सेक्टर-2 तालाब का निरीक्षण करने पहुंचे भिलाई निगम आयुक्त रितुतराज रघुवंशी से भी स्थानीय पार्षदों व लोगों ने तालाब को विसर्जन कुंड के रुप में विकसित करने मांग की थी। इस पर आयुक्त ने आश्वासन दिया था। इसके दूसरे दिन ही छठ घाट पर पहुंचे भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव ने शासन मद व अपनी निधि से तालाब का सौंदर्यीकरण करने की घोषणा कर दी। उन्होंने इस तालाब को और बेहतर बनाने का संकल्प दोहराया।