ईश्वर दुबे
संपादक - न्यूज़ क्रिएशन
+91 98278-13148
newscreation2017@gmail.com
Shop No f188 first floor akash ganga press complex
Bhilai
Google Analytics —— Meta Pixel
जगदलपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि वह शहरी माओवादियों का समर्थन करती है जिन्होंने गरीब आदिवासी युवाओं का जीवन बर्बाद कर दिया है। इस महीने के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए अपनी पहली रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने यह भी कहा कि वह तब तक चैन से नहीं बैठेंगे जब तक वह समृद्ध छत्तीसगढ़ के लिए दिवंगत अटल बिहारी वाजपेयी के सपनों को पूरा नहीं कर देते।
मोदी ने माओवाद का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस नीत सरकार ने नक्सल प्रभावति बस्तर के विकास के लिए पर्याप्त काम नहीं किया। उन्होंने कहा, ‘‘जो शहरी माओवादी हैं, वे शहरों में वातानुकूलित घरों में रहते हैं, वे साफ सुथरे रहते हैं और उनके बच्चे विदेशों में पढ़ते हैं, वे नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में रिमोट कंट्रोल से आदिवासी बच्चों का जीवन तबाह कर रहे हैं।’’
मोदी ने कहा, ‘‘मैं कांग्रेस से पूछना चाहता हूं कि जब सरकार कार्रवाई करती है तो वह शहरी नक्सलियों का समर्थन क्यों करती है।’’ प्रधानमंत्री ने नक्सलवाद को ‘‘राक्षसी मनोवृत्ति’’ करार दिया और कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने बस्तर क्षेत्र के विकास के लिए पर्याप्त काम नहीं किया। उन्होंने कहा, ‘‘क्या आप ऐसे लोगों को माफ करेंगे? ये लोग छत्तीसगढ़ नहीं जीत पाएंगे। मैं आपसे यह सुनिश्चित करने की अपील करता हूं कि बस्तर में भाजपा सभी सीटों पर विजयी हो। यदि कोई और जीतता है तो यह बस्तर के सपनों पर एक धब्बा होगा।’’
घरेलू रसोई गैस और महंगी हो गई है। सरकार के एलपीजी डीलरों के कमीशन बढ़ाये जाने के बाद भारतीय घरों में पहुंचने वाली एलपीजी गैस सिलेंडर की दरों में यह बढ़ोतरी हो गई है। एलपीजी कीमत में दो रुपये प्रति सिलेंडर की कीमत की बढ़ोतरी की गयी है।
सार्वजनिक क्षेत्र की खुदरा ईंधन कंपनियों की कीमत अधिसूचना के अनुसार 14.2 किलो के सब्सिडी वाले एलपीजी सिलेंडर की दिल्ली में कीमत 507.42 रुपये होगी जो पहले 505.34 रुपये थी।
इससे पहले, पेट्रोलियम मंत्रालय ने डीलर कमीशन बढ़ाने का आदेश दिया था। आदेश में मंत्रालय ने कहा कि 14.2 किलो और 5 किलो के सिलेंडर पर घरेलू एलपीजी वितरकों का कमीशन पिछली बार सितंबर 2017 में क्रमश: 48.89 रुपये तथा 24.20 रुपये नियत किया गया था।
आदेश के अनुसार एलपीजी वितरकों के कमीशन की नये सिरे से समीक्षा के लिये अध्ययन के लंबित होने के बीच परिवहन लागत, वेतन आदि में वृद्धि को देखते हुए अंतरिम उपाय के रूप में वितरकों का कमीशन 14.2 किलो के सिलेंडर के लिये बढ़ाकर 50.58 रुपये प्रति सिलेंडर तथा 5 किलो के सिलेंडर के मामले में 25.29 रुपये करने का फैसला किया गया है।
इस महीने यह दूसरा मौका है जब एलपीजी सिलेंडर के दाम बढ़ाये गये हैं। इससे पहले, एक नवंबर को मूल कीमत पर कर के कारण प्रति सिलेंडर 2.84 रुपये की वृद्धि की गयी थी। जून से एलपीजी सिलेंडर के दाम हर महीने बढ़े हैं। इसका कारण उच्च मल कीमत पर जीएसटी भुगतान है और कुल मिलाकर कीमत 16.21 रुपये बढ़ा है।
मुंबई में 14.2 किलो के एलपीजी सिलेंडर की लागत अब 505.05 रुपये जबकि कोलकाता में 510.70 रुपये तथा चेन्नई में 495.39 रुपये होगी। विभिन्न राज्यों में स्थानीय करों तथा परिवहन लागत के कारण दाम अलग-अलग हैं।
छत्तीगसढ़ विधानसभा चुनाव 2018 के पहले चरण के लिए राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने राफेल विमान सौदा, नोटबंदी जैसे मुद्दों पर केंद्र सरकार और चिटफंट मुद्दे पर रमन सिंह सरकार को घेरा है।
राहुल गांधी ने दौरे के पहले दिन शुक्रवार को कांकेर जिले के पखांजुर में चुनावी सभा को संबोधित किया। राहुल गांधी ने कहा कि छत्तीसगढ़ में पैसों की कमी नहीं है। प्रदेश में सालों से भाजपा की सरकार है। यहां चिटफंड कंपनियां लोगों का पैसा लेकर भाग गई।
राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने कुछ उद्योगपति मित्रों का 3 लाख करोड़ से ज्यादा का कर्ज माफ कर दिया। लेकिन किसानों के लिए कुछ नहीं किया। उन्होंने कहा कि नीरव मोदी, विजय माल्या, मेहुल चोकसी देश का पैसा लेकर भाग गए। विजय माल्या देश छोड़ने से पहले वित्त मंत्री अरुण जेटली से मिलकर गया था।
राहुल ने नोटबंदी के दो साल पूरे होने पर कहा कि यह पूरी तरह से फेल योजना साबित हुई। सरकार ने लोगों को लाइन में लगा दिया। राहुल ने कहा कि हर गरीब व्यक्ति, आदिवासी, महिलाएं बैंक के बाहर लाइन में लगी थी। इससे क्या हासिल हुआ।
नोटबंदी से सिर्फ चौकीदार के दोस्तों का भला हुआ और किसी का भला नहीं हुआ। राहुल गांधी ने कहा कि नोटबंदी की गई और कालाधन वापस लाने के नाम पर लोगों का बेवकूफ बनाया गया।
राहुल ने राफेल सौदे पर भी प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधा और इसमें भ्रष्टाचार होने के आरोप को दोहराया। राहुल गांधी ने कहा कि मोदी सरकार ने हिंदुस्तान एयरोनॉटिल लिमिटेड (एचएएल) से कॉन्ट्रैक्ट छीनकर अनिल अंबानी की कंपनी को दे दिया। मोदी सरकार ने 526 करोड़ का हवाई जहाज, 1600 करोड़ रुपये में खरीदा। अनिल अंबानी ने पूरी जिंदगी में हवाई जहाज नहीं बनाया और एचएएल 70 सालों से जहाल ही बना रही है।
छत्तीगसढ़ विधानसभा चुनाव 2018 के पहले चरण के लिए राज्य के सभी राजनीतिक दलों ने अपनी ताकत झोंक दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को नक्सल प्रभावित क्षेत्र बस्तर में चुनाव प्रचार करने पहुंचे हैं। प्रधानमंत्री ने जगदलपुर में चुनावी शंखनाद करते हुए विपक्ष पर निशाना साधा।
जगदलपुर में सभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि इस देश में जितने प्रधानमंत्री हुए हैं वे जितनी बार बस्तर आए होंगे, मैं उससे ज्यादा बार अकेला बस्तर आया हूं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि बस्तर मेरे दिल के सबसे करीब है। मैं यहां जब भी आया हूं कभी खाली हाथ नहीं आया। हर बार विकास की नई योजना के लेकर आया हूं। सरकारें तो पहले भी होती थी, लेकिन विकास कहीं होता था।
पीएम मोदी ने कहा कि पहले जो सरकारें रहीं उनकी सोच रहती थी मेरा-तेरा, मेरी जात वाला मेरी बिरादरी वाला, मेरा रिश्तेदार और मेरा परिवार। हमनें इन स्थितियों को बदला है हमारा मंत्र है सबका साथ - सबका विकास। मेरे तेरे का खेल अब कोई बर्दाश्त करने वाला नहीं है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के विकास के लिए केंद्र की सरकार और राज्य की रमन सिंह सरकार लगातार कार्य कर रही है।
पीएम मोदी ने कहा कि जिन बच्चों के हाथ में कलम होनी चाहिए, राक्षसी मनोवृत्ति के लोग उनके हाथ में बन्दूक पकड़ा देते हैं। अर्बन माओवादी लोग खुद ऐश की जिन्दगी जीते हैं और आदिवासी बच्चों की जिन्दगी तबाह करते हैं और कांग्रेस के लोग ऐसे अर्बन माओवादी लोगों को बचाने के लिए मैदान में उतर आते हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि अटल जी ने छत्तीसगढ़ के लिए जो सपने देखें थे उनको पूरा करने के लिए मैं बार-बार छत्तीसगढ़ आया हूं। जब तक मैं अटल जी के सपने पूरे नहीं कर देता तब तक चैन से बैठने वाला नहीं हूं।
पीएम मोदी ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भाजपा के नेतृत्व में जो विकास यात्रा चली है उसको रुकने नहीं देना है। वो समय अब दूर नहीं है जब छत्तीसगढ़ देश के उत्तम राज्यों में से एक होगा।
उन्होंने कहा कि 10 साल तक केंद्र में जो कांग्रेस की सरकार थी उसने छत्तीसगढ़ में हो रहे विकास कार्यों को अटकाने और लटकाने के भरसक प्रयास किए, इसके बाबजूद रमन सिंह जी ने छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा को रुकने नहीं दिया।
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी दलितों, पीड़ितों, शोषितों, वंचितों और गरीबों को सिर्फ और सिर्फ अपना वोट बैंक मानती है, कांग्रेस पार्टी इन्हें इंसान के रूप में देखने को तैयार नहीं है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश में कांग्रेस की कई सरकारें चली लेकिन कभी आदिवासियों के विकास की चिंता नहीं की। अटल जी देश के पहले प्रधानमंत्री थे जिन्होंने आदिवासियों के विकास के लिए एक अलग मंत्रालय बनाया और देश में आदिवासियों के विकास के लिए वैज्ञानिक तरीके से आगे बढ़ने का सिलसिला शुरू हुआ किया।
पीएम मोदी ने कहा कि वो दिन भी दूर नहीं जब छत्तीसगढ़ का भविष्य बस्तर की आर्थिक समृद्धि से जुड़ने वाला है।
मतदाताओं को लुभाने के लिए सत्ताधारी पार्टी शनिवार को घोषणा पत्र जारी करेगी। पार्टी ने इसे संकल्प पत्र का नाम दिया है। संकल्प पत्र में किसानों और युवाओं पर फोकस रह सकता है। प्रदेश के कृषि मंत्री बृजमोहन अग्रवाल के मुताबिक यह गेम चेंजर साबित होगा।
पार्टी ने इसे तैयार करने के लिए राज्य के सभी इलाकों में जाकर लोगों के सुझाव लिए हैं। इस वजह से इसे बनाने में समय लगा है। अग्रवाल के मुताबिक संकल्प पत्र में नए छत्तीसगढ़ के निर्माण का विजन है। 2025 तक छत्तीसगढ़ देश के विकसित राज्यों में शामिल होगा।
शनिवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह पार्टी घोषणा पत्र को जारी करेंगे। घोषणा पत्र की बारीकियां बताने से बचते हुए कृषि मंत्री अग्रवाल ने बताया कि संकल्प पत्र के केंद्र में किसान और युवा होंगे। पार्टी ने पिछले 15 साल में न्याय और विकास के मुद्दे पर काम किया है और आगे भी पार्टी इसी एजेंडे पर काम करेगी।
शनिवार को पहले चरण के चुनाव प्रचार का आखिरी दिन है, सोमवार को 18 सीटों पर मतदान होंगे। दूसरे चरण की 72 सीटों के लिए 20 नवंबर को मतदान होगा।
छत्तीसगढ़ चुनाव के लिए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने आज डोंगरगढ़ में घोषणापत्र जारी कर दिया जिसे 'जन घोषणा पत्र' नाम दिया गया है।
घोषणापत्र में किसानों और बेरोजगारों पर जोर साफ दिखाई दिया। प्रदेश के लिए पार्टी ने कई बड़े वादे किए हैं:
1. सरकार गठन के 10 दिन के भीतर किसानों के लिए तत्काल ऋण छूट
2. 60 वर्ष से अधिक उम्र के किसानों के लिए पेंशन का प्रावधान.
3. स्वामीनाथन कमीशन की रिपोर्ट के मुताबिक न्यूनतम समर्थन मूल्य यानी एमएसपी को लागू करना। चावल के लिए 2500 प्रति क्विंटल और मक्का के लिए 1700 रुपये प्रति क्विंटल एमएसपी।
4.घरेलू उपभोग के लिए इस्तेमाल की जाने वाली बिजली की दरें आधा करना। शहरी क्षेत्रों में रह रहे लोगों के लिए घर और ग्रामीण क्षेत्रों में रह रहे लोगों के लिए जमीन का वादा।
5. हर परिवार को हर महीने एक रुपये प्रति किलो की दर पर 35 किलो चावल का वादा
6. घर घर रोजगार, हर घर रोजगार के तहत रोजगार पर झुकाव, वित्तीय सहायता के लिए 'राजीव मित्र योजना' के तहत 10 लाख बेरोजगार युवाओं को मासिक अनुदान का प्रावधान
7. महिला सुरक्षा के लिए विशेष महिला थाने, हर थाने में महिला सेल,
8. अल्पसंख्यक समुदायों और उनके हितों के लिए उनकी सुरक्षा, नौकरी के अवसरों और व्यापार करने में आसानी के लिए विशेष सहायता के प्रस्ताव
9. 70-85 वन फसलों पर एमएसपी में वृद्धि और तेंदू पत्ता श्रमिकों के लिए 4000 रुपये प्रति बैग। दैनिक मजदूरी मजदूरों के लिए एक सम्मानजनक आय,
पार्टी ने दावा किया है कि घोषणापत्र को छत्तीसगढ़ के 24 जिलों के दौरे के बाद किसानों, महिला प्रतिनिधियों, श्रमिक संगठनों, छात्रों, शिक्षकों, खदान श्रमिकों, तेंदू पत्ता श्रमिकों, आदिवासियों, व्यापारियों, डॉक्टरों समेत विभिन्न संगठनों और प्रतिनिधियों से बड़े पैमाने पर इनपुट शामिल किया गया है।
भाजपा शनिवार को अपना घोषणापत्र जारी करेगी।