newscreation

newscreation

न्यूयॉर्क. संयुक्त राष्ट्र में अमेरिकी राजदूत के पद से इस्तीफा देने के बाद निक्की हेली अमेरिका से जुड़े मुद्दों पर निष्पक्ष राय दे रही हैं। गुरुवार को न्यूयॉर्क में एनुअल डिनर के दौरान उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प को संयुक्त राष्ट्र में उनके आखिरी भाषण और विवादित इमिग्रेशन पॉलिसी के लिए घेरा। ट्रम्प के लिए उन्होंने यह भी कहा कि वे हर विरोधी को दुश्मन न समझें।
फोन करके सुझाव देते हैं लोग
भाषण में निक्की ने कहा, ‘‘लोग अक्सर फोन करके सलाह देते हैं कि मुझे क्या करना चाहिए। एक व्यक्ति ने सुझाव दिया कि किसी भी स्थिति में राष्ट्रपति ट्रम्प का मजाक मत उड़ाना।’’ निक्की ने हंसते हुए कहा कि राष्ट्रपति ने सुबह मुझे बुलाया और कुछ अच्छी सलाह दी। अगर मैं हंसना चाहती हूं तो ट्रम्प की बताई उपलब्धियों को याद कर लेती हूं।
राष्ट्रपति के यूएन वाले भाषण पर हुई थी बहस
निक्की ने कहा, ‘देश में इस पर भी बहस हो चुकी है कि लोग संयुक्त राष्ट्र में राष्ट्रपति के साथ हंसे थे या उन पर हंसे थे।’ संयुक्त राष्ट्र में राष्ट्रपति ट्रम्प ने कहा था कि अमेरिकी इतिहास में उनका प्रशासन सबसे ज्यादा सफल रहा। यह सुनते ही संयुक्त राष्ट्र में मौजूद सभी सदस्य देशों के प्रतिनिधि हंसने लगे थे।
निक्की के मुताबिक, ‘‘जब राष्ट्रपति को मेरे भारतीय होने का पता लगा तो उन्होंने मुझसे पूछा कि क्या मेरे ताल्लुक एलिजाबेथ वॉरेन की जनजाति से भी हैं।’’ वॉरेन डेमोक्रेट की सांसद हैं। दावा है कि वॉरेन स्थायी अमेरिकीवंशी हैं। इस संबंध में हाल ही में एक डीएनए रिपोर्ट भी जारी हुई थी।
घरवालों को ‘गुप्त ठिकानों’ पर रखती हूं
हेली ने कानूनी-गैरकानूनी इमिग्रेशन, परिवारों को जबरन अलग और डिपोर्ट करने को लेकर भी ट्रम्प को फटकारा। निक्की ने कहा कि मैं भारतीय मूल की हूं। मेरे माता-पिता भारत से आकर यहां बसे। वे कानूनन प्रवासी हैं। इसके बावजूद मुझे उनकी सुरक्षा को लेकर डर लगता है। इस वजह से मैं अपने अभिभावकों को ‘गुप्त ठिकानों’ पर रखती हूं।
राजनीतिक माहौल पर निक्की ने कहा, ‘‘मैंने दोनों दलों के कुछ लोगों को सुना है। वे अपने विरोधियों को दुश्मन या शैतान की तरह देखते हैं। अमेरिका में हमारे राजनीतिक विरोधी हमारे दुश्मन नहीं हैं। दक्षिणी सूडान में रेप को जंग में हथियार की तरह इस्तेमाल किया जाता है। यह शैतानी हरकत है।’’
भारतीय मूल की निक्की ने कहा कि सीरिया में मासूम बच्चों को मारने के लिए केमिकल हथियार इस्तेमाल होते हैं। यह शैतानी हरकत है। उत्तरी कोरिया में अमेरिकी छात्र ओट्‌टो वार्मबिर को मौत होने तक प्रताड़ित किया गया। यह शैतानी हरकत है।

कराची. पाकिस्तान की सॉफ्टवेयर कंपनी क्रिएटिव किओस में काम करने वाली महिला को वर्कप्लेस पर हिजाब पहनने से रोका गया। कंपनी का कहना था कि वह ऐसा नहीं कर सकती तो नौकरी छोड़ दे। किसी मुस्लिम बहुल देश में हिजाब को लेकर आपत्ति का यह पहला मामला है। सोशल मीडिया पर मुद्दा उठने के बाद कंपनी के सीईओ ने माफी मांगी और अपने पद से इस्तीफा दे दिया।
इस्लामिक बैंकों ने की नौकरी की पेशकश
पीड़ित महिला ने बताया, ‘‘एक मैनेजर ने मुझसे कहा कि अगर मैं नौकरी करना चाहती हूं तो मुझे हिजाब उतारना होगा। हिजाब पहनने से कंपनी की इमेज खराब हो रही है।’’ महिला का कहना है कि दो इस्लामिक बैंकों ने उसे नौकरी देने की पेशकश की है।
पाकिस्तान में सोशल मीडिया पर यह मामला गरमाया हुआ है। लोगों का कहना है कि क्रिएटिव किओस कंपनी के सीईओ जव्वाद कादिर को इस्तीफा देना चाहिए। हालांकि, कादिर ने इस घटना पर माफी मांग ली है।
कादिर ने कहा, ‘‘हमारे स्टाफ के एक वरिष्ठ अधिकारी ने एक साथी से अनैतिक व्यवहार करते हुए इस्तीफा मांगा। मैं इस मामले की पूरी जिम्मेदारी लेता हूं। साथी कर्मचारी को हुए मानसिक तनाव के कारण मैं शर्मिंदा हूं।’’
कादिर ने बताया कि पीड़ित महिला को अपना इस्तीफा वापस लेने और नौकरी जारी रखने के लिए कहा गया है। इसके अलावा संबंधित मैनेजर पर भी कार्रवाई की जा रही है।
कादिर ने कंपनी को ईमेल लिखा कि इस मामले में सिर्फ माफी मांगना बहुत कम है। वे सॉफ्टवेयर कंपनी के सीईओ के पद से इस्तीफा दे रहे हैं। इस ईमेल की कॉपी कादिर ने फेसबुक पर भी पोस्ट की है।

खेल. भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ गुवाहाटी में रविवार को होने वाले पहले वनडे के लिए 12 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। इसमें ऋषभ पंत का भी नाम है। इससे संकेत मिलते हैं कि वे वनडे में डेब्यू कर सकते हैं। पंत अगर मुकाबले में खेलते हैं तो उन्हें सिर्फ बल्लेबाज के तौर खेलना होगा। विकेटकीपिंग महेंद्र सिंह धोनी ही करेंगे। पंत के साथ-साथ खलील अहमद को भी अंतिम 12 में शामिल किया गया है। पंत अब तक पांच टेस्ट और चार टी-20 खेल चुके हैं। : ऋषभ पंत का डेब्यू तय माना जा रहा है। आखिरी 12 में छह बल्लेबाज, पांच गेंदबाज और रविंद्र जडेजा के तौर पर एक ऑलराउंडर को शामिल किया है। ऐसे में छह बल्लेबाज के साथ एक ऑलराउंडर और चार गेंदबाजों को अंतिम एकादश में जगह दी जा सकती है।
पंत ने पहले ही कर दिया था ट्वीट: पंत ने टीम की घोषणा से पहले ही ट्वीट कर दिया था कि वे मैच खेल सकते हैं। उन्होंने लिखा था, "मैं अपना शत-प्रतिशत देने के लिए हमेशा तैयार रहता हूं। रविवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ पहला वनडे खेलने का बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं।"

  • छत्तीसगढ़ में नहीं है एक भी एविएशन कंपनी
  • नेता हेलिकॉप्टर के लिए दौड़ रहे दिल्ली-मुंबई 

रायपुर. आचार संहिता लागू होने के बाद एविएशन कंपनियों ने हेलिकॉप्टर का किराया दोगुना कर दिया है। सामान्य दिनों में किसी समारोह, विवाह या धार्मिक कार्यक्रम के लिए 25 से 35 हजार रुपए प्रति घंटे किराए पर मिलने वाले सिंगल इंजन हेलिकॉप्टर के लिए एविएशन कंपनियां 50 से 60 हजार रुपए मांग रही है। डबल इंजन हेलिकॉप्टर के लिए डेढ़ लाख रुपए किराया तय किया गया है। सबसे ज्यादा किराया अगुस्ता कंपनी का है। राज्य में एक भी एविएशन कंपनी नहीं है। 

हेलीकॉप्टर के लिए जाना होगा दिल्ली और मुंबई

  1.  

    चुनाव प्रचार के लिए हेलीकॉप्टर चाहिए तो दिल्ली और मुंबई जाना होगा। दिल्ली में पांच और मुंबई में सात कंपनियां हैं, जो देशभर में चुनाव प्रचार के लिए हेलिकॉप्टर किराये पर देती है। हेलिकॉप्टर की मांग को देखते हुए एविएशन कंपनियों ने किराया भी बढ़ा दिया है। सिंगल इंजन वाले हेलीकॉप्टर के लिए 50 हजार और डबल इंजन वाले हेलिकॉप्टर के लिए डेढ़ लाख रुपए प्रति घंटे किराया लिया जा रहा है। 

     

  2.  

    एयरपोर्ट से सभा के लिए निकलने और सभा के दौरान जितनी देर तक हेलिकॉप्टर खड़ा रहेगा, उसका भी किराया लिया जा रहा है। इस वजह से ज्यादा किराया महंगा हो गया है। फिलहाल भाजपा ने दो, कांग्रेस और जोगी कांग्रेस ने एक-एक हेलिकॉप्टर किराये पर लिया है, जबकि दूसरे चरण के चुनाव के लिए भाजपा, कांग्रेस तथा जोगी कांग्रेस एक-एक हेलिकॉप्टर और किराये पर लेगी। इसके लिए कंपनियों से संपर्क कर लिया गया है। 

     

  3. पांच सीटर की मांग ज्यादा, चाॅपर सवा लाख तक के

     

    सुरक्षा कारणों एवं 4-5 सीटर होने से डबल इंजन वाले हेलिकॉप्टर की डिमांड सबसे ज्यादा है। किसी भी पार्टी ने अभी तक चॉपर किराये पर नहीं लिया है। 6 सीटर वाले चॉपर की एक घंटे की उड़ान के लिए एक से सवा लाख रु. तक का किराया लिया जा रहा है। अगुस्ता वेस्टलैंड हेलिकॉप्टर के लिए साढ़े तीन लाख रु. प्रति घंटे उड़ान के लिए चार्ज किया जा रहा है। अगुस्ता को तकनीकी सुरक्षा के लिए सबसे बेहतर माना जाता है। 

     

  4. पार्किंग के लिए 250 रुपए, फ्लाइंग चार्ज ढाई हजार

     

    पार्टिंयों ने जितने हेलिकॉप्टर किराये पर लिए हैं, उनके लिए माना एयरपोर्ट के अंदर जहां बांग्लादेशी विमान खड़ा है, ठीक उसी के पास हैंगर बनाया गया है। यहां एक साथ छह हेलिकॉप्टर खड़े किए जा सकते हैं। प्राइवेट कंपनियों के हेलीकॉप्टर खड़े करने के लिए एयरपोर्ट अथॉरिटी 250 रुपए प्रति घंटे पार्किंग शुल्क और प्रति उड़ान यानी फ्लाइंग चार्ज 2500 रुपए वसूल करती है। हेलिकॉप्टर जितनी बार उड़ेगा उतनी बार फ्लाइंग चार्ज देना होगा। 

     

  5. एक घंटे उड़ान के लिए इतना किराया

     

    • सिंगल इंजन हेलीकॉप्टर (बेल 407, बेल 206) के लिए 50 हजार रुपए 
    • डबल इंजन हेलीकॉप्टर सरकोजी के लिए डेढ़ लाख रुपए 
    • डबल इंजन हेलीकॉप्टर (बेल 430 डीएस) के लिए 2 लाख रुपए 
    • अगुस्ता वेस्टलैंड डबल इंजन हेलीकॉप्टर के लिए साढ़े तीन लाख रुपए 
  • जोगी के चुनाव न लड़ने के फैसले के बाद बदला प्रोग्राम
  • 4 नवंबर को प्रदेश दौरे पर आएंगी बसपा राष्ट्रीय अध्यक्ष
  • बसपा में प्रत्याशियों की तीसरी सूची 26 अक्टूबर से पहले 

रायपुर. मायावती अब सीएम के राजनांदगांव से नहीं, बल्कि सरगुजा के सामरी से पार्टी के चुनाव प्रचार का आगाज करेंगी। वह 4 नवंबर को प्रदेश दौरे पर आएंगी। सामरी में सुबह दस बजे और 12 बजे भिलाई नगर में जनसभा को संबोधित करेंगी। पहले बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष की डोंगरगढ़ में इसी दिन रैली होने वाली थी। लेकिन, शुक्रवार को अजीत जोगी के चुनाव नहीं लड़ने के ऐलान के बाद इस तरह का बदलाव हुआ है।

बसपा ने इस बार मायावती के धुआंधार प्रचार की योजना बनाई है। जिसके तहत उनकी प्रदेश में 6 रैलियां होंगी। इसमें से दो रैलियां पहले चरण की वोटिंग से पहले और बाकी चार रैलियां दूसरे चरण की वोटिंग से पहले होना तय किया गया है। इससे पहले चुनाव आचार संहिता लगने के बाद मायावती ने बिलासपुर में रैली की थी। लखनऊ में जोगी कांग्रेस के साथ गठबंधन के बाद हुई इस रैली के बाद ही उनके व्यापक प्रचार कार्यक्रम की योजना बनाई गई है।

 बसपा में अब दूसरे चरण के प्रत्याशियों की तीसरी लिस्ट को अंतिम रूप देने की कवायद भी तेज हो गई है। जल्द ही पार्टी की ओर से उम्मीदवारों की तीसरी लिस्ट जारी हो सकती है। पार्टी ने शुक्रवार को 12 और उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया। पार्टी सूत्रों का कहना है कि जल्द ही कुछ और बड़े नाम पार्टी में शामिल हो सकते हैं।

 गठबंधन में सीपीआई के खाते में 2 सीटें जाने के बाद पार्टी के दूसरे चरण के लिए अब 27 प्रत्याशियों का चयन करना है। पहली सूची में पार्टी ने अपने हिस्से की पहले दौर की सभी 6 और दूसरे दौर की 12 सीटों पर नाम तय किए हैं। अब पार्टी को केवल 15 और नामों की घोषणा करनी है। दरअसल, 26 अक्टूबर से दूसरे दौर के लिए नामांकन की प्रक्रिया शुरू होने वाली है। लिहाजा पार्टी अब इस काम को जल्द अंजाम देना चाहती है।

  • दो बाइकों पर सवार तीन लोग कुछ दिनों से कर रहे परेशान
  • पुलिस को बाइकों के नंबर भी दिए, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई
  • एसपी से फोन पर शिकायत कर सुरक्षा दिलाने की मांग

बालोद. गुंडरदेही से आम आदमी पार्टी की घोषित प्रत्याशी नम्रता सोनी ने सियादेही मंदिर में दर्शन के दौरान छेड़खानी का आरोप लगाया है। सोनी ने बताया कि दो बाइक पर छह आरोपी थे। पुलिस को उन्होंने बाइक के नंबर भी दे दिए हैं, लेकिन अभी तक कोई जांच नहीं हुई। उन्होंने शुक्रवार को एसपी आईके एलिसेला से फोन पर चर्चा कर सुरक्षा दिलाने की मांग की।

नम्रता का कहना है कि कहीं न कहीं ये उन्हें विपक्ष के लोगों की चाल लग रही है, जो उन्हें डराने की कोशिश कर रहे हैं। लगभग एक हफ्ते से वह नोटिस कर रहीं हैं कि कुछ लोग उनकी कार का पीछा करते हैं। सियादेही दर्शन करने के लिए परिवार सहित सात सदस्य गए थे। वहां भी 3 किमी तक अज्ञात बाइक सवार उनका पीछा करते रहे।

 मंदिर में भी जब दर्शन करके निकले, तो बाइक सवार युवक अश्लील टिप्पणियां करते रहे। जब वहां से घर के लिए रवाना हुए तो एक बाइक सवार कभी आगे तो कभी पीछे जाकर उनकी कार रोकने की कोशिश भी करता रहा।

 

जब तक नामांकन नहीं होता, तब तक हम उन्हें सुरक्षा प्रदान नहीं कर सकते। - आईके एलिसेला, एसपी

रायपुर. अजीत जोगी 2013 की तरह इस बार भी कहीं से भी विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे, उन्होंने मुख्यमंत्री रमन के खिलाफ राजनांदगांव से लड़ने का ऐलान किया था। वहीं, भाजपा 20 से ज्यादा व कांग्रेस 2 और विधायकों के टिकट काटने जा रही है। जानिए इन 3 बड़े राजनीतिक दांव के बारे में... 

ऋचा अकलतरा से और अमित मनेंद्रगढ़ से लड़ेंगे

  1.  

    अजीत जोगी के चुनाव न लड़ने का फैसला शुक्रवार को गठबंधन बैठक में हुआ। मायावती बार-बार छत्तीसगढ़ नहीं आ सकतीं इसलिए जोगी स्टार प्रचारक के रूप में काम करेंगे। बैठक के बाद बसपा ने दूसरे चरण के 12 उम्मीदवारों की दूसरी सूची भी जारी कर दी। इसमें ऋचा अकलतरा से लड़ने की जानकारी है। वहीं, अमित जोगी मनेंद्रगढ़ से लड़ सकते हैं। रेणु कोटा से कांग्रेस के टिकट का इंतजार करने के मूड में हैं।  

     

  2.  

    उइके की तरह समझौता तो नहीं हो गया? बहू, बेटा अलग-अलग पार्टियों से लड़ रहे हैं, जोगी कांग्रेस औचित्यहीन हो गई। -भूपेश बघेल, पीसीसी चीफ 

    डाॅ. रमन सिंह के खिलाफ लड़ना बच्चों खेल नहीं। जोगी ने यही सोचकर फैसला किया होगा - श्रीचंद सुंदरानी, भाजपा प्रवक्ता 

     

  3. रमन ने शाह को सौंपी सूची, बस्तर की सीटों पर सिंगल नाम

     

    कांग्रेस के पहले चरण के नामों की घोषणा के बाद भाजपा ने रणनीति बदल दी है। मुख्यमंत्री रमन सिंह, सौदान सिंह, सरोज पांडे के साथ पवन साय की बैठक कर पैनल में आए नामों को एक बार फिर रिफाइन किया। उसके बाद शाम को रमन ने भाजपा अध्यक्ष अमित शाह से मिले और प्रत्याशियों के नाम पर रायशुमारी की। इस दौरान राष्ट्रीय सह-संगठन मंत्री सौदान सिंह और पांडेय भी मौजूद थीं। संकेत हैं कि भाजपा 20 से अधिक मौजूदा विधायकों का टिकट काट सकती है। अब शनिवार को चुनाव समिति बैठक में प्रत्याशियों के नामों को रख सिर्फ औपचारिकता पूरी होगी। बस्तर की सभी 12 सीटों पर पैनल में अब सिंगल नाम हैं। मंत्री महेश गागड़ा और केदार कश्यप को टिकट मिलना तय माना जा रहा है। शुक्रवार की बैठक में 60 से ज्यादा नामों पर चर्चा हुई। विधायकों के नाम के साथ भी 2 से 3 नामों का पैनल है। इस बार 20-22 नए उम्मीदवारों में युवा-महिलाएं होंगी। शनिवार को आने वाली पहली सूची में करीब 50 नामों का ऐलान हो सकता है।

     

  4. कांग्रेस ने बदली रणनीति, राजनांदगांव में 4 एमएलए में से 2 को ही मिलेगा मौका

     

    राजनांदगांव के लिए कांग्रेस ने रणनीति में बदली है। यहां 4 सिटिंग एमएलए में से 2 को ही मौका मिलेगा। पार्टी डोंगरगांव सीट से दलेश्वर साहू और खैरागढ़ से सीटिंग एमएलए गिरिवर जंघेल को रिपीट कर सकती है। मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने के लिए एनएसयूआई राष्ट्रीय महासचिव निखिल द्विवेदी को टिकट मिल सकता है। भोलाराम साहू के विरोध के कारण खुज्जी से कांग्रेस समर्थित जिला पंचायत सदस्य छन्नी साहू लड़ सकती हैं। यदि खुज्जी से महिला प्रत्याशी उतरीं तो मोहला-मानपुर सीट पर सेवानिवृत्त अफसर इंदर सिंह मंडावी काे टिकट मिलना तय माना जा रहा है। लेकिन मोहला-मानपुर में महिला उम्मीदवार को टिकट नहीं मिला तो यहां से निशु शाह को पार्टी मैदान में उतार सकती है। डोंगरगढ़ सीट से पार्टी भुनेश्वर बघेल और धनेशा पटिला में से किसी एक को टिकट दे सकती है। हालांकि, पटिला इस सीट से पहले तीन बार चुनाव हार चुके हैं। ऐसे में भुनेश्वर की संभावना प्रबल है।

     

कांग्रेस को फिर गठबंधन का झटका

  1. एक हुए गोंगपा-सपा

     

    इधर गंठबंधन के मामले में कांग्रेस को एक और झटका लगा है। करीब महीने भर के इंतजार के बाद गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने छत्तीसगढ़ में समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन किया है। गोंडवाना और सपा मिलकर चुनाव लड़ेंगे। इन दोनों पार्टियों को छत्तीसगढ़ मुक्ति मोर्चा ने भी समर्थन देने का ऐलान किया है। इस समझौते के  मुताबिक 70 सीटों पर गोंगपा चुनाव लड़ेगी, जबकि सपा 20 पर चुनाव लड़ेगी।

बॉलीवुड डेस्क. दशहरा के एक दिन पहले रिलीज हुई आयुष्मान खुराना और सान्या मल्होत्रा की फिल्म बधाई हो अच्छा कारोबार कर रही है। करीब 20 करोड़ रुपए की लागत से बनी फिल्म ने पहले दिन 7.29 करोड़ रुपए का कारोबार किया था। वहीं दूसरे दिन फिल्म की कमाई तेजी से बढ़ कर 11.67 करोड़ रुपए हो गई। इस तरह फिल्म ने रिलीज के पहले दो दिनों में ही करीब-करीब अपनी लागत निकाल ली है। ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने ट्वीट करके फिल्म की कमाई से जुड़े आकड़े शेयर किए हैं।

 

 फिल्म समीक्षकों ने दी है अच्छी रेटिंग : देश भर में करीब 2000 स्क्रीन्स पर रिलीज हुई इस फिल्म को समीक्षकों की तरफ से अच्छी रेटिंग दी गई है। फिल्म समीक्षकों की तरफ से मिली पॉजिटिव रेटिंग दर्शकों को सिनेमा घरों की तरफ खींच रही है। ऐसे में शनिवार और रविवार को फिल्म की कमाई के और ज्यादा तेजी से बढ़ने की उम्मीद है। दर्शक आयुष्मान खुराना और सान्या मल्होत्रा के साथ-साथ अन्य कलाकारों की एक्टिंग को भी काफी पसंद कर रहे हैं।

 बेटे की शादी उम्र में मां हो जाती है प्रेग्नेंट : फिल्म में दिखाया गया है कि आयुष्मान खुराना की ऑनस्क्रीन मां के प्रेग्नेंट होने से पूरे शहर में हंगामा मच जाता है। एक यूनीक स्टोरी पर बनी इस फिल्म के ट्रेलर ने रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया था। फिल्म में दिखाया गया है कि बेटे की शादी की उम्र में मां के प्रेग्नेंट होने से कैसे सभी के जीवन में उथल-पुथल मच जाती है। आयुष्मान की मां के रोल में नीना गुप्ता हैं, जबकि उनके पति के रोल में गजराज राव हैं। फिल्म के डायरेक्टर अमित शर्मा हैं।

  • ट्रेन से कटकर मौतें होने का देश का सबसे बड़ा हादसा अमृतसर में शुक्रवार शाम हुआ था, 70 की मौत
  • दशहरा कमेटी ने पत्र लिखकर पुलिस से सुरक्षा बंदोबस्त करने को कहा था
  • अमरिंदर ने कहा- जांच आयोग चार हफ्ते में रिपोर्ट सौंपेगा, फिर तय होगी हादसे की जिम्मेदारी
  • सिद्धू ने हादसे को कुदरत का कहर बताया था, सीएम ने कहा- बयानों का गलत अर्थ ना निकालें

अमृतसर/नई दिल्ली. अमृतसर में दशहरा समारोह के दौरान हुए हादसे के 16 घंटे बाद मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह अस्पताल में घायलों का हाल जानने पहुंचे। उन्होंने देरी से पहुचने पर सफाई दी। कहा- ''मैं इजरायल रवाना होने वाला था। हादसे के वक्त दिल्ली एयरपोर्ट पर था। वहां से लौटने में वक्त लग गया।'' मुख्यमंत्री ने जांच आयोग बनाने की घोषणा की। यह हादसे की जिम्मेदारी तय करने के लिए चार हफ्ते में रिपोर्ट सौंपेगा। इससे पहले रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा ने कहा, ‘‘हादसे में रेलवे की चूक नहीं है। रेलवे प्रशासन को इस तरह के आयोजन के बारे में कोई सूचना नहीं दी गई थी।’’

 यह हादसा शुक्रवार शाम अमृतसर के जोड़ा बाजार में हुआ था। रेलवे ट्रैक पर खड़े होकर रावण दहन देख रहे लोग दो ट्रेनों की चपेट में आ गए थे। हादसे में 70 लोगों की मौत हुई है। हादसे के अगले दिन अमरिंदर सिंह शहर के सिविल अस्पताल में घायलों से मिले।

 अमरिंदर ने मीडिया से कहा, ‘‘सारे पंजाब और हिंदुस्तान की सहानुभुति आज मरने वालों के परिवारों के साथ है। चंडीगढ़ फ्लैग आज आधा झुका रहेगा। इस मामले में जांच जरूरी है। इसलिए हम कमिश्नर के नेतृत्व में मजिस्ट्रेट इंक्वायरी बैठा रहे हैं। जांच रिपोर्ट चार हफ्ते में मांगी गई है। केंद्र सरकार और रेलवे के अलावा हमारी अपनी जांच भी जारी रहेगी।’’

 बयानों के मायने न निकालें, सब दुखी हैं : पंजाब सरकार में मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू ने अमृतसर हादसे को कुदरत का प्रकोप बताया था। सिद्धू के बयान को जब पत्रकारों ने आपत्तिजनक बताया तो अमरिंदर ने कहा, ‘‘इस घटना से सब दुखी हैं। उनका कहने का अर्थ कुछ और था। यह समय किसी पर आरोप लगाने का नहीं, सबको साथ आकर इससे निपटने की जरूरत है।’’ 

 हादसे की जगह पर मोड़ था, ड्राइवर की चूक नहीं : सिन्हा

रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा ने कहा, ‘‘यह हादसा टाला जा सकता था, क्योंकि रेलवे ट्रैक के करीब इस तरह के आयोजन नहीं होने चाहिए। रेलवे फाटक से कुछ ही दूरी पर यह आयोजन हो रहा था। ट्रैक ऊंचाई पर था, इसलिए लोग वहां चढ़कर रावण दहन देख रहे थे। रावण दहन होते ही पटाखों की आवाज आई। तभी भगदड़ मची और लोग ट्रेनों की आवाज नहीं सुन पाए। ड्राइवर को पहले से निर्देश होते हैं कि कहां हॉर्न बजाना है, कहां पर रफ्तार कम करनी है। हादसे के वक्त शाम का समय था। लगभग 7 बज चुके थे। जहां हादसा हुआ, वहां एक मोड़ है। ड्राइवर कैसे देख पाता कि आगे क्या हो रहा है?’’

 नवजोत कौर से जुड़े सवाल पर सिन्हा ने कहा- राजनीति नहीं करना चाहता

सिन्हा से रावण दहन के कार्यक्रम में कांग्रेस नेता नवजोत कौर की मौजूदगी और हादसे के तुरंत बाद उनके वहां से चले जाने के आरोपों के बारे में भी पूछा गया। उन्होंने कहा कि मैं इस तरह के संवेदनशील मसलों पर राजनीति से जुड़े प्रश्न नहीं खड़े करना चाहता। स्थानीय लोग जानते हैं कि तथ्य क्या है।

5 जिम्मेदार

      आयोजक : कांग्रेस पार्षद विजय मदान के बेटे सौरभ मदान ने कार्यक्रम करवाया था। समिति का दावा है कि उसने अनुमति ली थी, लेकिन लिखित में कोई दस्तावेज नहीं दिखा पाए।

  1. पुलिस : दशहरे को लेकर हाई अलर्ट था। यहां 4 हजार से ज्यादा की भीड़ पहुंचने वाली थी लेकिन पुलिस ने कोई सुरक्षा इंतजाम नहीं किए। चंद पुलिस कर्मियों के सहारे पूरा आयोजन छोड़ दिया।
  2. नवजोत कौर : यहां आयोजन हर साल होता है। शुक्रवार को दहन का समय शाम 5:55 पर था, लेकिन मुख्य अतिथि डॉ. सिद्धू एक घंटे देरी से पहुंचीं। क्योंकि इससे पहले उन्होंने भीड़ देखने पीए को भेजा था। फिर भाषण देने लग गईं। ट्रेन का समय 6:50 था। दोनों ट्रेनें पांच मिनट लेट थीं। यदि समय पर रावण दहन होता तो सबकी जान बच सकती थी। हकीकत यह है कि रावण दहन के 29 सेकंड बाद वहां ट्रेनें आ गईं, जबकि नवजोत कौर दावा करती रहीं कि वे रावण दहन शुरू होते ही घर चली गई थीं।
  3. रेलवे : रेलवे व प्रशासन को पूरी जानकारी थी कि हर साल ट्रैक के किनारे रावण दहन होता है। इसके बाद भी कोई काॅशन नहीं जारी किया था, इसलिए ट्रेनें स्पीड से आईं। ब्रेक लगाने का भी समय नहीं था। गेटमैन भी अलर्ट नहीं था।
  4. सरकार : सूबे के कई जिलों में रेलवे ट्रैक के किनारे बड़े दशहरे के मेले लगते हैं। लुधियाना, संगरूर, मानसा और मोगा में रेलवे लाइन के किनारे रावण दहन होता है। सरकार ने कभी इसका कोई डेटा तैयार नहीं किया और न ही इन आयोजनों के लिए कोई अलग ग्राउंड की व्यवस्था की।
  • भारत ने हाल ही में रूस से एस-400 मिसाइल डिफेंस सिस्टम खरीदा था
  • अब ट्रम्प प्रशासन चाहता है कि भारत अमेरिका से एफ-15 लड़ाकू विमान खरीदे
  • भारत के मुताबिक, एफ-15 ब्रह्मोस के लायक नहीं

वॉशिंगटन/नई दिल्ली. भारत ने इसी महीने रूस के साथ एस-400 मिसाइल डिफेंस सिस्टम खरीदने पर समझौता किया। इसके बाद से ही देश पर अमेरिका की तरफ से प्रतिबंधों की तलवार लटक रही है। अब इस परिस्थिति से निकालने के लिए खुद वॉशिंगटन ने नई दिल्ली को अनाधिकारिक सुझाव दिया है। अमेरिका ने कहा है कि अगर भारत उससे एफ-15 लड़ाकू विमान खरीदने पर हामी भर दे तो वह कानूनी प्रतिबंधों से बच सकता है। 

भारत नहीं खरीदना चाहता एफ-15 लड़ाकू विमान

  1.  

    इंडियन एक्सप्रेस अखबार की रिपोर्ट के मुताबिक, इस महीने की शुरुआत में ही अमेरिका ने भारत को प्रतिबंध से बचने के लिए एफ-15 खरीदने की सलाह दी थी। 

     

  2.  

    भारत ने अभी तक एफ-15 विमान खरीदने के लिए अमेरिका से हामी नहीं भरी है। दरअसल, एफ-15 पहले ही तीन दशकों से पाकिस्तानी एयरफोर्स में सेवाएं दे रहा है। ऐसे में भारत एफ-15 खरीदने पर दिलचस्पी नहीं दिखा रहा। 

     

  3.  

    दूसरी तरफ अमेरिका का कहना है कि भारत को जिन विमानों का प्रस्ताव दिया गया है वे पाकिस्तान के ब्लॉक-50/52 से एडवांस ब्लॉक-70 मॉडल हैं। इसके अलावा भारत का तर्क है कि एफ-15 लड़ाकू विमान स्वदेशी ब्रह्मोस मिसाइल के अनुकूल नहीं है। 

     

  4. ट्रम्प चाहते हैं- रूस से खरीदा तो हमसे भी खरीदो

     

    अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प भारत को दोनों तरफ संतुलन बनाने के लिए कह रहे हैं। वे चाहते हैं कि अगर भारत को प्रतिबंधों में छूट चाहिए तो उसे अमेरिका के साथ रूस से बेहतर समझौता करना होगा। 

     

  5. अमेरिका ने भारत को दिया एफ-15 और एफ-18 फाइटर का प्रस्ताव

     

    अमेरिका ने भारत को एफ-15 और एफ-18 दोनों विमानों का प्रस्ताव दिया है, लेकिन एफ-15 की तकनीक भारत को देना ट्रम्प प्रशासन के लिए आसान होगा। कुछ समय पहले ही भारत ने 114 लड़ाकू विमान खरीदने के लिए रिक्वेस्ट फॉर इन्फॉर्मेशन (आरएफआई) जारी की थी। एेसे में अमेरिका एफ-15 विमान खरीदने के लिए भारत पर दबाव बनाना चाहता है।

Ads

R.O.NO. 13895/62 Advertisement Carousel

MP info RSS Feed

फेसबुक